स्वदेशी जागरण मंच रामगढ़ कैंट शाखा द्वारा विचार गोष्ठी का आयोजन

रामगढ़ : स्वदेशी जागरण मंच, रामगढ़ कैंट शाखा द्वारा सत्र 2026-28 के अंतर्गत एक विचार गोष्ठी का आयोजन ज्ञान मंदिर विद्यालय, परसोतिया परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के संस्थापक ब्रह्मानंद पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक मृणाल राठौर ने की, जबकि मंच संचालन प्रोफेसर पिंकी कुमारी ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्र संयोजक अमरेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज सिंह, प्रांत सह-संयोजक आलोक सिंह, प्रांत पूर्णकालिक हिमांशु शेखर तथा रांची जिला संयोजक आंचल तिवारी सहित मंच के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

अपने उद्बोधन में प्रांत सह-संयोजक आलोक सिंह ने “कम में अधिक” के सिद्धांत पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र “वसुधैव कुटुम्बकम्” की चर्चा की। उन्होंने कहा कि संपूर्ण विश्व एक परिवार है और प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने त्यागपूर्वक उपभोग की भावना अपनाने तथा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल दिया।

राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज सिंह ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण, ऊर्जा बचत एवं हरित जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी आवश्यकता का लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है, इसलिए ईंधन की बचत राष्ट्रीय हित के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सौर एवं पवन ऊर्जा जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग को बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

मुख्य अतिथि अमरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच की जिला इकाई केवल कार्यक्रम आयोजित करने वाली इकाई नहीं, बल्कि स्वदेशी विचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाली कार्यशाला है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दायित्ववान यदि अपने दायित्व को साधना मानकर कार्य करे तो जिला संगठन सशक्त होगा और स्वदेशी का राष्ट्रव्यापी अभियान सफल होगा।

उन्होंने कहा, “संगठन की शक्ति कार्यकर्ता में है, कार्यकर्ता की शक्ति विचार में है और विचार की शक्ति दायित्वपूर्ण आचरण में है।” उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वदेशी विचार को जन-जन तक पहुंचाने तथा आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक दृष्टिकोण नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सांस्कृतिक स्वाभिमान, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समृद्धि से जुड़ा विषय है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दे तथा विदेशी वस्तुओं पर अनावश्यक निर्भरता कम करे, तो भारत आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकता है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, जल एवं ऊर्जा संरक्षण, वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरण फैलाने का संकल्प लिया। अध्यक्षीय संबोधन में मृणाल राठौर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रेम कुमार, बेनु गोपाल, प्रहलाद प्रसाद सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।

रामगढ़: लोजपा मिलन समारोह में दर्जनों महिला-युवा शामिल, पार्टी से जुड़े


रामगढ़: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा परसोतिया पानी टंकी रोड स्थित वार्ड संख्या-4 में पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोजपा जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने की, जबकि संचालन एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गणेश पासवान ने किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोजपा झारखंड प्रदेश सचिव केवल पासवान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व झारखंड प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनीता देवी एवं महिला नेत्री शालिनी सिन्हा उपस्थित रहीं।

मिलन समारोह के दौरान श्याम चंद्रवंशी एवं राखी देवी के नेतृत्व में दर्जनों महिलाओं और युवाओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री माननीय चिराग पासवान की नीतियों और विचारों में आस्था व्यक्त करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण की।

मौके पर प्रदेश सचिव केवल पासवान ने नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा एवं माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी एम+वाई (महिला + युवा) समीकरण के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं को संगठन से जोड़ने का व्यापक अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा महिलाओं और युवाओं को सम्मान और अवसर देने का कार्य करती रही है।

पूर्व प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनीता देवी एवं महिला नेत्री शालिनी सिन्हा ने भी नव शामिल महिलाओं का पार्टी में स्वागत किया। सुनीता देवी ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) महिलाओं के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ी रहती है।

जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि श्याम चंद्रवंशी और राखी देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों के पार्टी से जुड़ने से रामगढ़ जिले में संगठन और अधिक मजबूत होगा।

कार्यक्रम में रामदास पासवान, राजू सिंह, बिनु प्रसाद राय, पिंकी देवी, मधु देवी, रीता देवी, राधा देवी, चंदा देवी, कुंती देवी, सुलेखा देवी, दुलारी देवी, बसंती देवी, रेणु देवी, शिल्पा देवी, सरोता देवी, रानी देवी, रूपा देवी, सोनी देवी, रीना देवी, शंकुतला देवी, सविता देवी, रेखा देवी, तानिया कुमारी, शीतल कुमारी, दीपक कुमारी, शारदा कुमारी, धर्मेंद्र कुमार, करण कुमार, ऋषभ कुमार, बंटी कुमार, अमन कुमार, साहिल कुमार, सौरभ कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

कार्यक्रम का समापन लोजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत प्रसाद के धन्यवाद ज्ञापन एवं समापन भाषण के साथ हुआ।

संयुक्त राष्ट्र की चौखट पर पहुंचा पाकिस्तान, सिंधु जल समझौते के निलंबन UNSC के सामने लगाई गुहार

#pakistanwritesunscagainstindiaoninduswatertreaty

सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का दरवाजा खटखटाया है। पाकिस्तान ने भारत पर संधि के उल्लंघन का आरोप लगाया है। पाकिस्तान चाहता है कि UNSC इस मामले में दखल दे और भारत को रोके।

इशार डार ने सुरक्षा परिषद को लिखा पत्र

पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशार डार ने सुरक्षा परिषद को एक पत्र लिखा है। इसमें भारत से आने वाली नदियों के बहाव को बदलने की भारत की कोशिशों पर ध्यान देने की अपील की गई है। डार ने चिनाब नदी पर बन रही भारत की दो परियोजनाओं को जिक्र किया है और इसे पाकिस्तान की जल, खाद्य और आर्थिक सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।

भारत पर जल प्रवाह बदलने की कोशिश का आरोप

पाकिस्तान का आरोप है कि भारत चिनाब नदी प्रणाली से जुड़ी दो परियोजनाओं के जरिए पश्चिमी नदियों के जल प्रवाह और उपयोग के स्थापित ढांचे को बदलने की कोशिश कर रहा है। इस्लामाबाद का कहना है कि ऐसी गतिविधियां सिंधु जल संधि के प्रावधानों के अनुरूप नहीं हैं और इनसे क्षेत्रीय स्थिरता प्रभावित हो सकती है।

भारत को जवाबदेह ठहराने की अपील

पाकिस्तानी राजदूत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सुरक्षा परिषद से इस मामले का संज्ञान लेने और भारत को कथित उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराने की अपील की गई है। साथ ही उन्होंने दक्षिण एशिया की स्थिति और जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया।

बता दें कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तान के साथ 65 साल से चली आ रही सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था। इसके बाद से ही पाकिस्तान बौखलाया हुआ है।

राज्यसभा सांसद चुने जाने पर बैद्यनाथ राम को सीएम हेमन्त सोरेन ने दी बधाई

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद श्री बैद्यनाथ राम ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने श्री बैद्यनाथ राम को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पूर्ण विश्वास जताया कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में झारखंड की जन भावनाओं, जन अपेक्षाओं तथा जनहित एवं विकास से जुड़े मुद्दों को सशक्त रूप से रखने में श्री बैद्यनाथ राम अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद श्री बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

मौके पर मंत्री श्री हफीजुल हसन, मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्री मथुरा प्रसाद महतो एवं विधायक श्री उमाकांत रजक उपस्थित रहे।

परिमल नाथवानी की जीत पर झारखंड भाजपा उत्साहित, नेताओं ने दी शुभकामना

झारखंड राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी की प्रचंड जीत पर झारखंड भाजपा काफी उत्साहित है। भाजपा नेताओं ने पहले ही परिमल नाथवानी की जीत का दावा किया था जो आज सच साबित हुई। कांग्रेस की सारी रणनीति बेकार साबित हुई और एनडीए समर्थित प्रत्याशी ने जीत का परचम लहरा दिया। परिमल नाथवानी की शानदार जीत पर झारखंड विधानसभा में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित तमाम भाजपा नेताओं ने उन्हें जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। वहीं परिमल नाथवानी का भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी भव्य स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर परिमल नाथवानी ने संबोधित भी किया। 

यह तो जीत की शुरुआत, जीत का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा : आदित्य साहू

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह विजय एनडीए की एकजुटता, सशक्त संगठन और जनसेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। साथ ही यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास और जनकल्याण आधारित नीतियों पर मुहर भी है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता तो पहले ही नकार चुकी है, झारखंड ने भी आज कांग्रेस को पूरी तरह खारिज कर दिया। कांग्रेस को अब लोग तनिक भी पसंद नहीं करते हैं। एनडीए के सारे विधायकों ने एकजुट होकर मतदान किया जो कांग्रेस के उस दावे पर करारा तमाचा है जिसमें एनडीए विधायकों को लेकर ये लोग तरह तरह का अफवाह फैला रहे थे। जिस कांग्रेस को अपना स्थानीय पोलिंग एजेंट तक नहीं मिला, उस पार्टी के बारे में बात करना ही बेकार है। 

श्री साहू ने कहा कि झारखंड के कल्याण और भलाई को लेकर विधायकों ने मतदान किया है। उन्होंने कहा कि यह तो जीत की शुरुआत है। जीत का यह सिलसिला झारखंड में आगे भी जारी रहेगा।

साथ ही उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी दो बार पहले भी यहां से सांसद रह चुके हैं। उनका अनुभव एवं नेतृत्व झारखंड और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

परिणाम अप्रत्याशित नहीं, परिमल नाथवानी की जीत थी तय : बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्यसभा में परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी से ही एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत तय हो गई थी। वे 12 वर्षों तक झारखंड से कुशल नेतृत्व किए हैं, इस दौरान इन्होंने अपने कार्यों से अपनी एक अलग साख और विश्वास को बनाया है, इसलिए ये राज्य की राजनीति के लिए कोई अपरिचित चेहरा नहीं थे। निर्दलीय प्रत्याशी होने के कारण इनके लिए झारखंड के सभी 81 विधायक इनके लिए वोटर थे। विधायकों ने राज्यहित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को सर्वोपरि रखते हुए पूरे विवेक से अपने मत का सदुपयोग किया है। ये पहले भी अच्छे सांसद साबित हुए हैं और आगे भी अच्छे सांसद साबित होंगे।

श्री मरांडी ने कहा कि यह परिणाम कोई अप्रत्याशित नहीं है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार तो पहले से ही तय थी। जिस कांग्रेस को अपने विधायकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं/नेताओं पर भरोसा नहीं हो, वह चुनाव जीतने का सोच भी कैसे सकती है। 

श्री मरांडी ने एनडीए गठबंधन एवं राज्य के विकास के प्रति संकल्पित सभी विधायकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन सभी ने परिमल नथवानी के पक्ष में मतदान कर विकासोन्मुख राजनीति और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने का कार्य किया है।

साथ ही उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि परिमल नथवानी अपने अनुभव, दूरदृष्टि एवं कार्यक्षमता से राज्य के विकास, निवेश संवर्धन तथा जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यह जीत एनडीए की एकजुटता और मजबूत संगठन का परिणाम : कर्मवीर सिंह

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह जीत एनडीए की एकजुटता और मजबूत संगठन का परिणाम है। एकता और संगठन की शक्ति जब संकल्प के साथ आगे बढ़ती है, तो हर लक्ष्य आसान हो जाता है। एकजुट प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी पहचान है। 

उन्होंने कहा कि विश्वास है कि परिमल नाथवानी अपने अनुभव और जनसेवा के संकल्प के साथ झारखंड एवं देशहित में निरंतर कार्य करेंगे। 

झारखंड के विकास में योगदान देने के लिए अपनी 'कर्मभूमि' लौटा : परिमल नाथवानी

भाजपा प्रदेश कार्यालय में संबोधित करते हुए परिमल नाथवानी ने कहा कि 2008 और 2020 के बीच झारखंड से एक स्वतंत्र (निर्दलीय) सांसद के रूप में दो अत्यधिक प्रभावशाली और लगातार कार्यकाल उन्होंने पूरा किया है। झारखंड से उनका पुनः चुना जाना उस राज्य में एक ऐतिहासिक वापसी का प्रतीक है जिसे वे लंबे समय से संजोते रहे हैं। झारखंड के विकास में योगदान देने के लिए वे अपनी 'कर्मभूमि' वापस लौटे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, झारखण्ड विधानसभा में भाजपा के नेता बाबूलाल मरांडी, झारखण्ड विधानसभा में विरोधी दल के मुख्य सचेतक नवीन जयसवाल के साथ-साथ भाजपा और एनडीए (NDA) के सभी प्रमुख नेताओं के साथ सभी विधायकों के प्रति अपनी जीत सुनिश्चित करने में उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

श्री नथवाणी ने कहा कि यहाँ एक दशक से अधिक का समय बिताने के कारण, झारखंड मेरे लिए नया नहीं है। यह मेरी कर्मभूमि है। यहाँ के लोगों की एक बार फिर सेवा करने का अवसर मिलने के लिए दिल की गहराई से आभारी हूं। 

उन्होंने कहा कि मेरा प्राथमिक ध्यान मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। जहाँ हमारा लक्ष्य जमीनी स्तर पर ही स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करने के लिए मजबूत कौशल विकास कार्यक्रम चलाने और कुटीर उद्योग को पुनर्जीवित करना है। ग्रामीण बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) का विकास करना, स्वास्थ्य सुविधाएं और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा मेरे फोकस क्षेत्र (प्रमुख ध्यान देने योग्य क्षेत्र) होंगे।

इन नेताओं ने भी दी बधाई

वहीं एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक चंपाई सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, जदयू विधायक सरयू राय, लोजपा प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जयसवाल, नागेंद्र महतो, शशि भूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, 

अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी एवं कुमार उज्जवल, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान, आजसू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, भानू प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह,

प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, दिलीप वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सुनिता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव एवं शालिनी बैसखियार, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज गुप्ता चौरसिया, योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रतुल शाहदेव, अजय साह,

प्रदीप सिन्हा, सतीश सिन्हा, अशोक बड़ाइक, तारिक अनवर, नीरज सिंह, सूरज शाहदेव, राहुल अवस्थी, रमाकांत महतो, शशांक राज, आरती सिंह, पवन साहू, किशुन दास, अनवर हयात सहित अन्य नेताओं ने भी जीत की बधाई दी है।

झामुमो के बूथ स्तरीय कार्यकर्त्ता सम्मेलन में जुटे हजारों कार्यकर्त्ता

एसआइआर के नाम पर साजिश के तहत वोट जा रहे : बिनोद पांडेय खूंटी. झारखण्ड मुक्ति मोर्चा खूंटी जिला का बूथ स्तरीय कार्यकर्त्ता सम्मेलन बुधवार को नगर भवन खूंटी में जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित किया गया. सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह केंद्रीय प्रवक्ता बिनोद कुमार पांडेय उपस्थित थे.

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एसआइआर के नाम पर बेवजह मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से काटा जा रहा है. उन्होंने कहा कि अभी हाल ही इसी तरह का एसआइआर बिहार में हुआ. पश्चिम बंगाल में भी चुनाव के पूर्व एसआइआर के तहत लाखों मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया. इसका परिणाम सबके सामने है. इस मामले में केंद्र सरकार व चुनाव आयोग की नियत साफ नहीं है.उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने से लोग लोकतान्त्रिक और अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित हो

जायेंगे. इसके साथ हो लोगों को योजना का लाभ मिलना बंद हो जायेगा. उन्होंने कहा कि सभी बीएलए एसआइआर को गंभीरता से लें. बेवजह किसी मतदाता का नाम सूची से ना हटे यह सुनिश्चित करें. इसके पूर्व स्वागत भाषण करते हुए जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि झामुमो बड़े भाई बिनोद पांडेय जी के संवाद से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है. यह ऊर्जा संगठन को मजबूती प्रदान करेगा. विधायकों ने कहा : सम्मेलन में तमाड़ के विधायक विकास मुंडा, तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया एवं खूंटी के विधायक रामसूर्या मुंडा ने भी विचार व्यक्त किया. विधायक विकास मुंडा ने कहा कि एसआइआर को गंभीरता से लेने की जरूरत है.

कार्यकर्त्ता जिस प्रकार चुनाव में सक्रिय रहते हैँ उसी प्रकार एसआइआर को लेकर भी सक्रिय रहें. विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि एसआइआर के तहत मतदाता सूची से मतदाताओं का नाम हटाकर लोगों की नागरिकता छीनने की का प्रयास हो रहा है. मतदाता सूची से नाम हटने से लोग अपने अधिकारों से वंचित हो जायेंगे. रामसूर्या मुंडा ने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम सूची से ना कटे इसके कार्यकर्त्ता काम करें. इसके पूर्व केंद्रीय महासचिव बिनोद कुमार पांडेय का खूंटी पहुंचने के पूर्व कार्यकर्ताओं ने पारम्परिक ढंग से स्वागत किया. कार्यक्रम के पूर्व बिनोद पांडेय ने

जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, विधायक सुदीप गुड़िया एवं रामसूर्या मुंडा तथा झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ खूंटी कचहरी मैदान स्थित भगवान बिरसा मुंडा, तमाड़ रोड स्थित जयपाल सिंह मुंडा, सरदार भगत सिंह तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.सम्मेलन में एसआइआर को लेकर पार्टी की विशेषज्ञ टीम द्वारा ऑडियो विजुअल के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया. सम्मेलन का संचालन शंकर सिंह मुंडा ने

किया.सम्मेलन में जिला सचिव सुशील पाहन, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमृत हेमरोम, वीरेन कंडुलना, देवनाथ माघईया, तनवीर आलम, भोला नाथ लाल, विजय सांगा, मकसूद अंसारी,अमरनाथ मुण्डा स्नेहलता कण्डुलना,उषा धान ,सनिका बोदरा ,मनोज मंडल, तौकीर आलम, शेख फिरोज, प्रकाश मुण्डा,कमलेश महतो, रूबीन तोपनो, मोजीर अंसारी आदि उपस्थित थे.

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के विज़न से बदली तस्वीर: झारखण्ड का आम अब ग्लोबल मंच पर, 2.15 लाख परिवार आत्मनिर्भर

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का विज़न और ग्रामीण महिलाओं की मेहनत के अनूठे संगम ने प्रमाणित कर दिया कि यदि दूरदर्शी सोच और कड़ी मेहनत एक साथ मिल जाए, तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को वैश्विक ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है।

इसी सोच और कड़ी मेहनत से पलाश ब्रांड के तहत झारखण्ड मैंगो मार्केटिंग इनिशिएटिव ने ग्रामीण महिलाओं और किसानों की तकदीर बदल रही है। आज झारखण्ड का आम न केवल देश के बड़े रिटेल चेन बल्कि सात समंदर पार अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मिठास घोल रहा है। 

बड़े पैमाने पर फलदार पौधारोपण और स्थायी आजीविका

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बिरसा हरित ग्राम योजना की शुरुआत कोरोना संक्रमण काल में हुई थी। सखी मंडल की दीदियों के साथ साथ संक्रमण काल में अपने गांव लौटे प्रवासी श्रमिकों ने भी योजना को अपने आजीविका का साधन बनाया था। इसका असर आज साफ दिख रहा है। राज्य के करीब 1.86 लाख एकड़ क्षेत्र में आम के बगीचे लहलहा रहे हैं, जिससे लगभग 2.15 लाख ग्रामीण परिवारों को सीधे तौर पर स्थायी आजीविका और रोज़गार के अवसर मिले हैं। वर्तमान में लगभग 52,000 एकड़ के बागान पूरी तरह से तुड़ाई के लिए तैयार हैं, जिससे इस सीजन में करीब 50,000 मीट्रिक टन आम के उत्पादन का अनुमान है। 

ग्रामीण महिलाओं की मेहनत को मिला 'पलाश' का सम्मान

इस पूरी मुहिम के केंद्र में झारखण्ड की ग्रामीण सखी मंडल की दीदियाँ और महिला किसान हैं। ग्रामीण महिलाओं की श्रम शक्ति का सम्मान के नारे के साथ ये दीदियाँ आम के कलेक्शन, ग्रेडिंग और पैकेजिंग से लेकर उनकी बिक्री और मार्केटिंग की कमान खुद संभाल रही हैं। जेएसएलपीएस द्वारा किसानों को सक्रिय फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन्स (FPOs) से जोड़ा गया है, जिससे उन्हें संगठित बाजार और सही मूल्य मिल पा रहा है। 

दुबई और लंदन तक पहुँचा झारखण्ड का आम

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य ने निर्यात के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। सिमडेगा ज़िले से जेबी एक्सपोर्टर्स के माध्यम से 1,580 किलोग्राम प्रीमियम आम सीधे लंदन (यूके) भेजे गए हैं। वहीं, रामगढ़ क्लस्टर से 1,500 मीट्रिक टन से अधिक आम दुबई (यूएई) निर्यात किए गए हैं। इस वैश्विक निर्यात पहल में सिमडेगा, रामगढ़ और पूर्वी सिंहभूम जैसे ज़िले अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। आम की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मानकों को बनाए रखने के लिए ICAR-RCER, पलांडू द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन और क्वालिटी प्रोटोकॉल प्रदान किया जा रहा है। 

सुव्यवस्थित बाजार और रिटेल लिंकेज

आमों की गुणवत्ता के आधार पर बाजार को तीन श्रेणियों Grade A, B, C में विभाजित कर सुव्यवस्थित किया गया है ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके। ग्रेड-ए प्रीमियम क्वालिटी के इन आमों को APEDA प्रमाणित निर्यातकों के माध्यम से यूएई, सऊदी अरब और यूके जैसे देशों में निर्यात किया जा रहा है।

साथ ही, घरेलू बाजार में इन्हें पलाश मार्ट और अपना मार्ट के आउटलेट्स पर 60 रुपये प्रति किलो की दर से सह-ब्रांडेड पैकेट में बेचा जा रहा है। गुमला के FPOs ने अकेले अपना मार्ट को 2,000 किलो आम की आपूर्ति की है। ग्रेड-बी के तहत संगठित खुदरा बाजारों और पलाश के रिटेल चैनलों में बाजार दरों पर भेजा जा रहा है।  ग्रेड-सी के तहत आम जनता तक पहुँच बनाने के लिए इन्हें स्थानीय बाजारों, पलाश कैनोपी कियोस्क, बस स्टैंडों, जिला मुख्यालयों और साप्ताहिक हाट-बाजारों के माध्यम से बेचा जा रहा है। 

करोड़ों का कारोबार और भविष्य की योजनाएँ

राज्य में सक्रिय लगभग 115 FPOs को पलाश मैंगो कैनोपी काउंटर्स से जोड़ा गया है, जो जिला-वार संग्रह और बिक्री का काम देख रहे हैं। इन काउंटर्स के माध्यम से अब तक झारखण्ड में लगभग 2,24,200 किलोग्राम आमों की बिक्री की जा चुकी है, जिससे ₹60.51 लाख से अधिक का कारोबार हुआ है।

बाजार को और मजबूत करने के लिए ब्लॉक और जिला स्तर पर फार्मर्स मेला तथा बायर-सेलर मीट आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा, बाजार विस्तार के लिए ब्लिंकिट, रिलायंस फ्रेश और कशिश मॉल जैसे कॉर्पोरेट के साथ भी बातचीत अंतिम चरण में है। 

जीआई क्लब में झारखंड का धमाका: 11 नए उत्पादों को मिला भौगोलिक संकेतक टैग, अब कुल 12 हुई संख्या`

झारखंड सरकार राज्य की अनूठी कला, शिल्प, कृषि उत्पादों और पारंपरिक वस्तुओं को पहचान दिलाने, उन्हें सुरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए, जीआई रजिस्ट्री ने हाल ही में राज्य के 11 और महत्वपूर्ण उत्पादों को भौगोलिक संकेतक (GI) टैग प्रदान किया है। 

इन पहलों का मुख्य उद्देश्य झारखंड के पारंपरिक उत्पादों को कानूनी सुरक्षा प्रदान करना, बाजार में उनकी पहचान बढ़ाना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर स्थापित करना है। 

ये हैं जीआई क्लब में शामिल

झारखंड के ये उत्पाद हुए जीआई (GI) क्लब में शामिल

हाल ही में जिन उत्पादों को जीआई दर्जा दिया गया है, उनमें कुचाई सिल्क साड़ी और कपड़े, भगैया साड़ी और कपड़े, दुमका चादर बदोनी पुतुल (कठपुतली), झारखंड पंछी परहान पंछी साड़ी और कपड़े, झारखंड की टसर सिल्क साड़ियाँ और कपड़े, झारखंड डोकरा क्राफ्ट (धातु शिल्प)  झारखंड के आदिवासी आभूषण (Tribal Jewellery), झारखंड के बांस शिल्प (Bamboo Crafts), केसरिया कलाकंद, झारखंड बेनाम और झारखंड जादुपटुआ पेंटिंग् शामिल हैं।

इन सभी नए जीआई टैगों का आधिकारिक प्रकाशन अगले कुछ दिनों में कर दिया जाएगा। वर्ष 2019 तक झारखंड के पास केवल एक जीआई-टैग उत्पाद (सोहराई और खोवर पेंटिंग) था, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जो जीआई परिदृश्य में राज्य की बढ़ती ताकत को दर्शाता है।

झारक्राफ्ट की बड़ी उपलब्धि

उद्योग विभाग, झारखंड सरकार के तहत कार्यरत झारक्राफ्ट और मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड वर्ष 2019 से ही जीआई पंजीकरण गतिविधियों को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रहे हैं। इसी प्रयास के तहत एक उल्लेखनीय मील का पत्थर तब हासिल हुआ, जब झारक्राफ्ट ने एक साथ तीन उत्पादों झारखंड की टसर सिल्क साड़ियाँ और कपड़े, झारखंड के आदिवासी आभूषण और झारखंड के बांस शिल्प  के लिए जीआई पंजीकरण सुरक्षित किया है। ये पंजीकरण झारखंड के कारीगरों और पारंपरिक समुदायों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की दृश्यता, प्रामाणिकता और बाजार क्षमता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाएंगे। 

अन्य उत्पाद भी हैं कतार में

झारखंड की यह जीआई यात्रा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक ज्ञान की रक्षा के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर चुकी है। इसके अतिरिक्त, कई अन्य अनूठे उत्पादों के आवेदन भी जीआई रजिस्ट्री में जमा किए गए हैं, इनमें मांदर, प्यतकर पेंटिंग, निमुचा/करनी शॉल, लाह की चूड़ियाँ, देवघर पेड़ा, रागी, रुगड़ा, धुस्का, कुसुमी लाहा, साल के बीज, महुआ का फूल और करंज के बीज शामिल हैं। राज्य में अभी भी कई और स्वदेशी उत्पादों को जीआई ढांचे के तहत लाने और राष्ट्रीय व वैश्विक बाजारों में उन्हें सही पहचान दिलाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह राष्ट्रीय अम्बेडकर अवाॅर्ड से सम्मानित

झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को राष्ट्रीय अम्बेडकर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अम्बेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष, दर्जनों लिम्का बुक रिकॉर्ड होल्डर एवं अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सह बहुजन साहित्य अकादमी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अनिल बांसफोर के द्वारा भाजपा प्रदेश कार्यालय आकर यह अवॉर्ड संगठन महामंत्री को सुपुर्द किया गया।

इस बाबत सामाजिक कार्यकर्ता सह राँची में अम्बेडकर स्कूल ऑफ़ मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष अनिल बांसफोर ने बताया कि 15 मार्च, 2026 को जीएसकेआर भवन बैरागीपट्टेदा तिरुपति आंध्रप्रदेश में बहुजन साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित 18वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड प्रदेश के भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को राष्ट्रीय अम्बेडकर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। जिसे उन्होंने 16 जून 2026 को स्वयं राँची स्थित भाजपा कार्यालय पर आकर यह अवॉर्ड संगठन महामंत्री को प्रदान किया।

उन्होंने बताया कि यह अवाॅर्ड इसलिए प्रदान किया गया है क्योंकि संगठन महामंत्री झारखंड प्रदेश के दलित, गरीब, शोषित, पीड़ित, आदिवासी, खिलाड़ी एवं विशेषकर सफाई कर्मचारियों के परिवार को हरसंभव आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं। बताया कि यह अवॉर्ड दलित, गरीब, वंचित समाज के उत्थान हेतु काम करने वाले विशिष्ट जनों को प्रदान किया जाता है।

इधर इस मौके पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मतलब ही जनसेवा और राष्ट्रसेवा है। भाजपा के एक एक कार्यकर्ता का जीवन देश सेवा, समाज सेवा और जरूरतमंदो की सेवा में समर्पित है।

इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, विकास प्रीतम सिन्हा , सरोज सिंह आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन: अंगदान से कई लोगों को मिल सकती है जीवन की नई शुरूआत

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि Organ & Tissue Donation का विषय महत्वपूर्ण है। इसके लिए लोगों में जागरूकता की आवश्यकता है। इसके कानूनी पहलुओं को भी जानने होंगे। Organ & Tissue Donation के लिए राज्य सरकार भी पहल कर रही है।

अंगदान कई अन्य व्यक्तियों के जीवन की नई शुरूआत बन सकती है। लोगों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियाँ ला सकता है। अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सरकार, स्वास्थ्य संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा आम लोगों को मिलकर कार्य करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री आज बारियातू रोड स्थित एक होटल में मोहन फाउंडेशन की ओर से आयोजित 'Best Practices in Organ & Tissue Donation कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यशाला का आयोजन कर संस्थान ने एक अच्छी पहल की है। स्वस्थ समाज के निर्माण को लेकर राज्य सरकार भी गंभीरता से कार्य कर रही है। अस्पतालों में किसी व्यक्ति की मृत्यु उपरांत उनके परिवारवालों से बातचीत की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान मानवता, संवेदनशीलता, करुणा और सामाजिक उतरदायित्व का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक आधारित चिकित्सा प्रणाली है। चिकित्सा जगत में बड़े पैमाने पर तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है। रोबोटिक ऑपरेशन हो रहे हैं। लिवर, किडनी का प्रत्यारोपण हो रहा है। झारखंड सरकार भी स्वस्थ झारखंड निर्माण के दिशा में सकारात्मक कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह, मणिपाल ऑर्गन शेयरिंग के कंट्री हेड कर्नल अवनीश, मोहन फाउंडेशन के कंट्री हेड श्रीमती ललिता रघुराम, क्रिटिकल केयर मणिपाल के अध्यक्ष डॉ० विजय कुमार मिश्रा, कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल के संस्थापक निदेशक डॉ० बी० कश्यप सहित गणमान्य अतिथिगण उपस्थित थे।