सिमडेगा के आम्रपाली आम पहुंचे लंदन, CM हेमन्त सोरेन की बिरसा हरित ग्राम योजना ने रचा इतिहास


रांची/सिमडेगा:

झारखण्ड के सुदूरवर्ती जिले सिमडेगा ने कृषि निर्यात के क्षेत्र में एक नया स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की दूरगामी सोच और विजन का नतीजा है कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उपजे उच्च गुणवत्ता वाले आम्रपाली आम की पहली व्यावसायिक निर्यात खेप यूनाइटेड किंगडम (लंदन) के लिए रवाना कर दी गई है।

कोरोना काल की आपदा को बदला अवसर में

यह ऐतिहासिक सफलता उस नीति की परिणति है, जिसकी नींव कोरोना महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में मुख्यमंत्री द्वारा रखी गई थी। जब गांवों में रोजगार का संकट था, तब ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए फलदार बागवानी से जोड़ने वाली बिरसा हरित ग्राम योजना (BHGY) की शुरुआत की गई थी। वर्ष 2019-20 से 2024-25 तक सिर्फ सिमडेगा जिले के 12,000 से अधिक किसानों ने लगभग 10,500 एकड़ भूमि पर मुख्य रूप से आम्रपाली, मल्लिका और लंगड़ा आम की बागवानी की। आज उसी सामूहिक मेहनत का मीठा फल वैश्विक बाजार के रूप में सामने आया है।

विगत वर्ष सिमडेगा में आम का बंपर उत्पादन हुआ था, लेकिन मार्केट लिंकेज की कमी के कारण किसान स्थानीय बाजार में औने-पौने दाम पर आम बेचने को मजबूर थे। इस वर्ष जिला प्रशासन ने लगातार 'बायर्स-सेलर्स मीट' आयोजित कर इस समस्या का स्थाई समाधान निकाला। कृषि और प्रसंस्करण खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के तकनीकी सहयोग से सिमडेगा के आमों को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया। निर्यात के लिए जरूरी 'फायटोसैनिटरी स्टैंडर्ड्स' को पूरा करने के लिए महिला किसानों को विशेष ट्रेनिंग भी दी गई।

महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल

सिमडेगा जिले में वर्तमान में 7,500 सखी मंडल सक्रिय हैं, जिनसे 93,000 महिलाएँ जुड़ी हुई हैं। आम बागवानी से जुड़ी इन महिलाओं को जिला प्रशासन ने व्यापार की नई दिशा दी है। प्रारंभिक तौर पर 6 FPOs के 300 किसान इस एक्सपोर्ट चेन से जुड़े हैं। इस पहली अंतर्राष्ट्रीय खेप (1.32 टन) के लिए सिमडेगा सदर प्रखंड की 'महिला जागृति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड' तथा बानो प्रखंड की 'बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड' ने मुख्य भूमिका निभाई।

81 टन का बड़ा लक्ष्य, अब यूरोप और रिलायंस मार्ट की बारी

अकेले सिमडेगा ने इस सीजन में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाज़ारों में कुल 81 टन आम विक्रय का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। इसी हफ्ते आम की एक और खेप यूके (UK) के लिए और दूसरी खेप यूरोप के लिए भेजी जाएगी। इसके साथ ही घरेलू कॉर्पोरेट बाजार को मजबूत करने के लिए 'रिलायंस मार्ट' के साथ भी सफल लिंकेज स्थापित किया गया है। आने वाले दिनों में जिले से रागी और इमली के निर्यात की भी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

2.15 लाख ग्रामीण परिवारों की बदली तकदीर

सिमडेगा की इस सफलता के पीछे बिरसा हरित ग्राम योजना का राज्यव्यापी नेटवर्क है, जिसने पूरे झारखण्ड के ग्रामीण परिदृश्य को बदल दिया है। इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत अब तक राज्य का 1.86 लाख एकड़ का एक बड़ा हिस्सा बागवानी वृक्षारोपण के दायरे में आ चुका है, जिससे 2.15 लाख ग्रामीण परिवारों को सीधे तौर पर स्थायी आजीविका और रोजगार मिला है। योजना की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 तक किए गए वृक्षारोपण में से 52,000 एकड़ क्षेत्र अब पूरी तरह फल हार्वेस्टिंग के लिए तैयार हो चुका है। प्रशासन का अनुमान है कि इस हार्वेस्ट-रेडी एरिया से इस बार 50,000 मीट्रिक टन का बंपर न्यूनतम फल उत्पादन होगा, जो आने वाले दिनों में झारखण्ड को फलों के निर्यात का एक बड़ा हब बनाने की राह तैयार कर रहा है।

बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने समाधि स्थल पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन

राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर कोकर, रांची स्थित उनके समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी, तत्पश्चात माननीय राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री ने बिरसा चौक, रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कोटि-कोटि नमन करते हुए भगवान बिरसा मुंडा जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।

माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि है। लगभग सवा सौ साल के लम्बे वक़्त में भी आज पूरे देश में आदिवासी समुदाय सहित हर वर्ग के बीच उनको याद किया जा रहा है। निश्चित रूप से ऐसे प्रेरणादायक व्यक्तित्व को सम्मान के साथ याद किया जाना बहुत ही महत्वपूर्ण बात है।

माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के संघर्ष, आदर्श एवं दिखाए रास्ते हमें सदैव प्रेरित करेंगे। उन्होंने जो इतिहास रचा है उसे लोग सदियों तक याद रखेंगे। आज भगवान बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि है, हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी हम सभी लोग उन्हें स्मरण कर उनकी समाधि स्थल पर शीश झुकाने आए हैं, आगे भी आते रहेंगे।

झारखंड के 17 जिलों में येलो अलर्ट। अगले 24-48 घंटे भारी बारिश, आंधी, वज्रपात की आशंका।

राँची। मौसम एक बार फिर अपना रुप बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, राँची और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान 200 मिमी तक बारिश दर्ज की जा सकती है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।

आईएमडी ने राँची, खूँटी, गुमला, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद और गिरिडीह समेत 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने राँची, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में वज्रपात की आशंका जताई है। बारिश के बावजूद पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी बनी रह सकती है। यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है।

राँची, दुमका, देवघर, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा में बादल और बारिश के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की उम्मीद है।

राज्यसभा चुनाव: झारखंड में बढ़ा सियासी पारा; झामुमो से बैद्यनाथ राम और कांग्रेस से प्रणव झा ने दाखिल किया नामांकन

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। नामांकन के अंतिम दिन आज यानी 8 जून को सत्ताधारी गठबंधन के उम्मीदवारों ने विधानसभा सचिव सह निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की ओर से पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम और कांग्रेस की ओर से प्रणव झा ने आधिकारिक तौर पर अपना-अपना नामांकन पत्र सौंपा।

इस महत्वपूर्ण राजनैतिक मौके पर एकजुटता दिखाने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद विधानसभा परिसर में मौजूद रहे। उनके साथ गठबंधन सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और विधायक भी उपस्थित थे, जिन्होंने दोनों प्रत्याशियों का हौसला बढ़ाया।

नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दोनों प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं और गठबंधन की जीत का भरोसा जताया। नामांकन का आज आखिरी दिन होने के कारण विधानसभा परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल देखा गया। इस चुनाव के साथ ही राज्य की खाली हो रही राज्यसभा सीटों पर नए जनप्रतिनिधियों के चयन का रास्ता साफ हो जाएगा।

पीवीयूएनएल द्वारा महिलाओं के लिए 15 दिवसीय फ्लाई ऐश आधारित सतत सामग्री निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) द्वारा महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं सतत आजीविका सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "फ्लाई ऐश के उपयोग से सतत सामग्री निर्माण" विषय पर 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज नेताजी सुभाष हॉल, पीवीयूएनएल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री ए.के. सहगल, (सीईओ), पीवीयूएनएल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सर्किल ऑफिसर, श्री मनोज कुमार चौरसिया भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में श्री सहगल ने कहा कि फ्लाई ऐश के उत्पादक उपयोग के माध्यम से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाकर अपने कौशल को विकसित करने तथा इसे आजीविका के साधन के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीवीयूएनएल के आसपास स्थित गांवों कोतो, किरिगड़ा, रसदा एवं बालकुंद्रा की कुल 24 महिलाएं भाग ले रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को फ्लाई ऐश आधारित उत्पादों के निर्माण संबंधी व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

यह 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 06 जून 2026 से प्रारंभ हुआ है तथा इसका संचालन मेसर्स अश्ट्रैक ईको प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फ्लाई ऐश एवं संबंधित रसायनों के सुरक्षित उपयोग, मिश्रण एवं मोल्डिंग तकनीकों, क्योरिंग एवं फिनिशिंग प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण तथा विभिन्न उत्पादों के निर्माण संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में तैयार उत्पादों का प्रदर्शन (शोकेस) भी आयोजित किया जाएगा।

इस पहल से महिलाओं के कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होने की अपेक्षा है। साथ ही, फ्लाई ऐश के उत्पादक उपयोग के माध्यम से "वेस्ट-टू-वेल्थ" की अवधारणा को बढ़ावा मिलेगा तथा सतत आजीविका सृजन के नए आयाम स्थापित होंगे। यह कार्यक्रम पीवीयूएनएल की सीएसआर एवं सामुदायिक विकास गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय की सहभागिता को भी सुदृढ़ करेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले एनडीए गठबंधन के सहयोगी दलों के प्रमुख नेता

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं ने प्रदेश कार्यालय में औपचारिक मुलाकात कर झारखंड आगमन पर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करने वालों में आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, जदयू विधायक सरयू राय, आजसू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान, विधायक जनार्दन पासवान शामिल थे।

नितिन नवीन का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि

भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के सांसदों एवं विधायकों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मंच पर प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह मौजूद थे। वहीं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी बैठक में उपस्थित रहे।

जबकि सांसदगण में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, मनीष जयसवाल, ढुल्लू महतो, बीडी राम, कालीचरण सिंह उपस्थित रहे।

वहीं विधायक गण में चंपाई सोरेन, सीपी सिंह, नवीन जयसवाल, नागेंद्र महतो, शशि भूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी, कुमार उज्जवल उपस्थित रहे।

ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया में 'विश्व पर्यावरण दिवस' पर ऑनलाइन सत्र: लॉन्च हुआ 'ग्रीन विजन 2027', जुटे IIT और पर्यावरण क्षेत्र के दिग्गज

ग्रीष्मावकाश होने के कारण 'ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया' द्वारा 'विश्व पर्यावरण दिवस 2026' पर एक विशेष ऑनलाइन सत्र का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम 'जलवायु परिवर्तन - धरती के संकेतों का जवाब' पर केंद्रित रही। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल परिसर में निदेशक डॉ. एस. खालिद, चेयरपर्सन डॉ. निखत परवीन एवं प्राचार्या श्रीमती चाँदनी त्रिगुणायत द्वारा वृक्षारोपण से किया गया।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

सत्र में शिक्षा और पर्यावरण क्षेत्र के जाने-माने विशेषज्ञ शामिल हुए:

- मुख्य अतिथि: प्रो. प्रमोद पाठक, IIT(ISM)

- विशिष्ट अतिथि: प्रो. (डॉ.) दिनकर कुमार दीक्षित, प्राचार्य, बी.एड. कॉलेज, पुरुलिया

- चेयरपर्सन: डॉ. निखत परवीन

- मैनेजर: डॉ. ममता सिन्हा

- डायरेक्टर: डॉ. एस. खालिद

- प्रिंसिपल: श्रीमती चांदनी त्रिगुणायत

कार्यक्रम की मुख्य झलकियां

उद्घाटन संबोधन

चेयरपर्सन डॉ. निखत परवीन ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब विकल्प नहीं, अनिवार्यता है। डायरेक्टर डॉ. एस. खालिद ने स्कूल की ग्रीन इनिशिएटिव्स की जानकारी दी। 'Clean Campus-Green Campus' के साथ ही उन्होंने बच्चों से 'Clean Home-Green Home' पर अमल करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि का वक्तव्य

प्रो. प्रमोद पाठक ने जलवायु परिवर्तन के खतरों पर प्रकाश डाला और युवाओं से 'क्लाइमेट एक्शन' में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि बच्चों को 'Change Agent' के रूप में तैयार किया जाए। उन्होंने Reduce, Reuse और Recycle का महत्वपूर्ण फॉर्मूला भी साझा किया।

विशेषज्ञ व्याख्यान

प्रो. (डॉ.) दिनकर कुमार दीक्षित ने पर्यावरण अध्ययन को पाठ्यक्रम से जोड़ते हुए कहा, "छात्र ही पर्यावरण के सबसे बड़े दूत बन सकते हैं। NSS के माध्यम से हमने हजारों छात्रों को पर्यावरण से जोड़ा है। हर स्कूल को अपना 'ईको-क्लब' बनाना चाहिए।" साथ ही उन्होंने Activity Based Teaching Method के द्वारा बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के टिप्स देने की सलाह दी।

प्रिंसिपल का संदेश

प्रिंसिपल चांदनी त्रिगुणायत ने स्कूल का 'ग्रीन विजन 2027' लॉन्च किया, जिसके तहत 500 पेड़ लगाना, सोलर एनर्जी को बढ़ावा देना और परिसर को जीरो वेस्ट बनाना शामिल है।

डायरेक्टर डॉ. एस. खालिद ने अपने वक्तव्य में कहा, "आज का यह सत्र सिर्फ कार्यक्रम नहीं, एक आंदोलन की शुरुआत है।"

कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय शिक्षक श्री अरविंद कुमार रजक, श्री राकेश अरोरा,ताहिर अंसारी तथा IT हेड इंजी. काशिफ खान की सराहनीय भूमिका रही।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कुच्चू तो नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गोंदा मंडल में किया वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा पूरे राज्य में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान कार्यक्रम चलाया गया। इस कार्यक्रम के तहत सभी मंडलों में वृक्षारोपण किया गया। इस अभियान में पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची पूर्वी जिला के ओरमांझी प्रखंड के कुच्चू मंडल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर कुल्ही में बूथ संख्या-22 पर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची महानगर के गोंदा मंडल अंतर्गत रॉक गार्डन परिसर में, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची महानगर के हरमू मंडल में बूथ संख्या 307 पर, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने खूंटी के कर्रा व रांची ग्रामीण पूर्वी के गेतलसूद, रघुवर दास ने रांची महानगर के जगन्नाथपुर, चंपई सोरेन ने सरायकेला खरसावां के गम्हरिया, मधु कोड़ा ने चाईबासा के जगन्नाथपुर, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने रांची महानगर के हटिया, संजय सेठ ने रांची महानगर के पंडरा, दीपक प्रकाश ने रांची महानगर के हरमू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद ने दुमका के बासुकीनाथ, रविंद्र राय ने रांची महानगर के हरमू एवं यदुनाथ पांडेय ने रांची महानगर के अपर बाजार मंडल अंतर्गत वृक्षारोपण किया। इसके अलावा पार्टी के सभी पदाधिकारी, सांसद एवं विधायक, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष आदि ने भी संबंधित मंडलों में वृक्षारोपण कर स्वच्छ और अच्छे हरियाली पर्यावरण का संदेश दिया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रकृति संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में सहभागिता कर हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण हेतु अपना योगदान देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं सतत जीवनशैली को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। इस अवसर पर हम सभी को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाकर धरती माँ को हराभरा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लेने की जरूरत है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और हरित भविष्य हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर है। पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का साझा दायित्व है। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़कर अपनी माँ के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दें। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील भी की।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान न केवल प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है, बल्कि माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी एक सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह अभियान आज एक एक जन आंदोलन बन चुका है।

विनोद पाण्डेय बोले- कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत, SIR अभियान को सफल बनाने का आह्वान


सिमडेगा जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति द्वारा एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन, बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों तथा सिमडेगा, कोलेबिरा एवं तोरपा विधानसभा क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम मे विशिष्ट अतिथि के रूप में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया उपस्थित रहे। सिमडेगा पहुंचने पर पार्टी महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय एवं तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया का झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना, जिला सचिव सफिक खान एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहे.. हेमंत सोरेन जिंदाबाद.. तीर धनुष जिंदाबाद.. झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए नजर आए।

कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना, जिला सचिव सफिक खान एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता श्री विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर और समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

विनोद कुमार पाण्डेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सकारात्मक योगदान दें तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने और त्रुटियों के निराकरण में सहयोग करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना ने किया। कार्यशाला के दौरान बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया,आवश्यक प्रपत्रों, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, संशोधन एवं विलोपन संबंधी प्रक्रियाओं तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने और नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के निर्देश दिए गए। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

मौके पर कार्यकता सम्मेलन में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष अनिल कांडुलना, जिला सचिव सफीक खान, जिला उपाध्यक्ष अनिल तिर्की, रितेश बड़ाइक, ओस्कर डांग, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, केंद्रीय समिति सदस्य फिरोज अली, बिरजो कंडुलना, नुवास केरकेट्टा, प्रफुल्लित डुंगडुंग, नुसरत खातून, सुनील खेस, जुसाफ लुगुन, संजू डांग, क्रीड़ा मोर्चा अध्यक्ष देवेंद्र साहू, सभी जिला समिति के पदाधिकारी, सभी वर्ग संगठन के अध्यक्ष सचिव एवं सभी पदाधिकारी, नगर समिति के अध्यक्ष सचिव एवं सभी पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड के अध्यक्ष सचिव, सभी पंचायत के अध्यक्ष सचिव, सभी BLA- 2 सभी बूथ समिति के सदस्य एवं पार्टी के सक्रिय साथी पार्टी के सभी विंग के नेता एवं हजारों की संख्या मे कार्यकर्ता उपस्थित रहे।