प्राकृतिक आपदा के बीच ऊर्जा विभाग की परीक्षा, मंत्री ए.के. शर्मा की मॉनिटरिंग से मिली राहत
* वैकल्पिक स्रोतों से जारी रही आपूर्ति
लखनऊ। प्रदेश में 25-26 मई की रात आए भीषण आंधी-तूफान से कई जनपदों की विद्युत अवसंरचना प्रभावित हुई, लेकिन ऊर्जा विभाग की त्वरित कार्रवाई और सतत मॉनिटरिंग के चलते अधिकांश क्षेत्रों में कुछ घंटों के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य के निर्देश दिए।
प्राकृतिक आपदा के चलते सीतापुर, उन्नाव, देवीपाटन, बदायूं, बरेली, बस्ती, कुशीनगर, वाराणसी और देवरिया समेत कई जिलों में हाईटेंशन विद्युत लाइनों एवं टावरों को भारी नुकसान पहुंचा। तेज हवाओं के कारण 400 केवी बरेली-उन्नाव लाइन, 220 केवी बदायूं-रोजा, बरेली-दोहना, पारीछा-दुनारा, साहूपुरी-राजा का तालाब तथा बस्ती-खलीलाबाद 132 केवी लाइन समेत कई प्रमुख लाइनें प्रभावित हुईं, जिससे अनेक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
हालांकि, ऊर्जा मंत्री के निर्देशन में पारेषण एवं वितरण विभाग की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाला। अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात फील्ड में डटे रहे और कठिन परिस्थितियों के बीच तेजी से मरम्मत कार्य करते हुए अधिकांश लाइनों को पुनर्स्थापित कर दिया।
विभाग के अनुसार, आंधी-तूफान से 33 केवी के 139 सबस्टेशन प्रभावित हुए थे तथा करीब 1500 बिजली पोल टूट गए या क्षतिग्रस्त हुए। लगातार अभियान चलाकर आज सुबह तक 133 सबस्टेशनों की आपूर्ति सामान्य कर दी गई, जबकि शेष 6 सबस्टेशनों में भी जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने की बात कही गई है।
ऊर्जा विभाग ने बड़े पैमाने पर हुए नुकसान के बावजूद वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति को यथासंभव सामान्य बनाए रखा, जिससे उपभोक्ताओं को न्यूनतम असुविधा हुई। अधिकांश इलाकों में कुछ घंटों के भीतर और अन्य स्थानों पर 24 घंटे के अंदर बिजली व्यवस्था दोबारा पटरी पर आ गई।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में प्रदेशवासियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए भ्रामक खबरों और दुष्प्रचार से सावधान रहने को कहा तथा भरोसा दिलाया कि ऊर्जा विभाग पूरी तत्परता के साथ लगातार काम कर रहा है।
May 29 2026, 18:02
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1