मथुरा पहुंचे पीएसी महानिदेशक, श्रीकृष्ण जन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था का किया सघन निरीक्षण
लखनऊ । उत्तर प्रदेश पीएसी के महानिदेशक ने गुरुवार को मथुरा का दौरा कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस और सुरक्षा कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा ड्यूटी के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने परिसर में प्रवेश व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थल होने के कारण सुरक्षा मानकों का पूरी सख्ती के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए।
दौरे के दौरान उन्होंने रांची बांगर स्थित पीएसी कैंप का भी निरीक्षण किया। यहां बैरकों, शस्त्रागार और विशेष सुरक्षा बल (SSF) के आवासीय परिसर की स्थिति का अवलोकन किया गया। उन्होंने जवानों की सुविधाओं, भोजन व्यवस्था और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
महानिदेशक ने कहा कि सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए कैंप की व्यवस्थाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है। इस दौरान पीएसी और स्थानीय पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
लखनऊ । पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर 29 मई 2026 को सुबह 9 बजे विधान भवन गेट नंबर-2 के पास स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी लखनऊ में व्यापक यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार चारबाग और कैसरबाग की ओर से आने वाली रोडवेज व सिटी बसों का रूट बदला गया है। वहीं हजरतगंज, विधानसभा मार्ग, लोकभवन और रॉयल होटल (बापू भवन) की ओर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

इसके अलावा कैपिटल तिराहा, लालबत्ती चौराहा और विधानसभा मार्ग से गुजरने वाले यातायात को भी डायवर्ट किया जाएगा। हजरतगंज चौराहे से रॉयल होटल चौराहे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही निकलें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। हालांकि एम्बुलेंस, स्कूली वाहन और शव वाहन जैसी आवश्यक सेवाओं को जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी।

ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 जारी किया गया है।
लखनऊ में पत्नी की गला रेतकर हत्या, आरोपी पति 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी के बाजारखाला थाना क्षेत्र में पत्नी की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक 27 मई को सूचना मिली थी कि ईदगाह गेट नंबर-12 के सामने एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 26 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई।

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि चांदनी की शादी करीब सात वर्ष पहले मोहम्मद शाहीद से हुई थी। पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। इसी विवाद के चलते आरोपी पति ने धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

मृतका के पिता मोहम्मद शफीक की तहरीर पर बाजारखाला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी मोहम्मद शाहीद को ऐशबाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरा, मलबे में दबकर 6 मजदूरों की मौत, कई फंसे होने की आशंका
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां मौजूद मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

यह हादसा ललपुरा थाना क्षेत्र के मोराकंदर परसानी और कुरारा क्षेत्र के नैथी गांव को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि देर रात करीब तीन बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान पुल का स्लैब अचानक ढह गया। उस समय कई मजदूर स्लैब के नीचे और आसपास आराम कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी में छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं कुछ मजदूर अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं। तीन मजदूर पुल के पिलर पर फंसे बताए गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए।

मृतकों की पहचान बांदा जिले के लोकेंद्र निषाद, कुलदीप निषाद, सावंत यादव, सभाजीत, हमीरपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान और राजेश पाल के रूप में हुई है।

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं तेज आंधी-तूफान के कारण जिले में कई पेड़ उखड़ गए, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा।

घटना के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मजदूरों के पुल के स्लैब के नीचे ठहरने और खराब मौसम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम न होने को लेकर भी जांच की मांग उठ रही है। जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
यूपी के 2027 में होने वाले विधान सभा चुनाव में राष्ट्रीय विकल्प मोर्चा सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी : सूरज प्रसाद चौबे
लखनऊ।राष्ट्रीय विकल्प मोर्चा के घटक राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे ने कहा कि 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनाव में राष्ट्रीय विकल्प मोर्चा चुनाव में उतारेगी,यह बाते सवर्ण समाज के लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा, चौबे ने कहा कि भारत देश में यहां करोड़ों की संख्या में सवर्ण समाज के लोगों रहते हैं इन राजनीतिक दलों ने उनका सर्व नाश करने के लिए SCSTACT को कठोर बनाया ,जिसे सवर्ण समाज के सांसदों ने ताली बजाकर स्वागत किया,राजनीतिक दलों ने सवर्ण के योग्य बच्चों को बेरोजगार करने के लिए नौकरियों में भरपूर आरक्षण बढ़ाया सवर्ण नेता खुश हुए 90% अंक लाने वाले बच्चों को बाहर कर के माइनस 40%अंक वाले को को विशेषज्ञ डॉक्टर बना दिया सवर्ण नेता खुश हुए फिर हमने UGC रेगुलेशन लाकर जन्म जाती अपराधी घोषित कर दिया फिर भी सवर्ण नेता तलवा चाट रहे हैं ऐसा है हमारा भारत और भारत का सवर्ण समाज। जातीय जनगणना स्वीकार करने के बाद जो पार्टी अपने माथे से सवर्ण की पार्टी होने का टैग हटाने के लिए फुले और पेरियार के सामने शीर्षासन और मुर्गा सन कर सकती है उसके बारे में इतने विश्वास से नहीं बोल सकते कि कल इनका वोट बैंक प्रभावित हुआ तो वह मोहम्मद को अपना बाप अपना बाप नहीं बनाएंगे। अभी तक सवर्ण समाज के लोग कहते थे कि विकल्प क्या है अब सवर्ण समाज के पास राजनीतिक विकल्प मिल गया है इस विकल्प मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ग्वालियर उच्चन्यालय वार एसोशिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अनिल कुमार मिश्रा जी है राष्ट्रीय संरक्षक पूर्व न्यायधीश सी बी पांडेय जी है राष्ट्रीय प्रवक्ता पत्रकार पंकज त्रिपाठी जी एव उत्तर प्रदेश का प्रभारी पूर्व उप पुलिस महानिरीक्षक IPS जुगल किशोर तिवारी जी है इस विकल्प मोर्चा में कुल 65 सवर्ण संगठन, राजनीतिक दल को शामिल करते हुए राष्ट्रीय विकल्प मोर्चा बनाया गया है विकल्प मोर्चा में शामिल सभी संगठनों राजनीतिक दल द्वारा पूरे प्रदेश में सभा गोष्ठी की जा रही है गांव से लेकर राष्ट स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति किया जा रहा है जिससे कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक एक मजबूत स्थित रहे।
प्राकृतिक आपदा के बीच ऊर्जा विभाग की परीक्षा, मंत्री ए.के. शर्मा की मॉनिटरिंग से मिली राहत

* वैकल्पिक स्रोतों से जारी रही आपूर्ति


लखनऊ। प्रदेश में 25-26 मई की रात आए भीषण आंधी-तूफान से कई जनपदों की विद्युत अवसंरचना प्रभावित हुई, लेकिन ऊर्जा विभाग की त्वरित कार्रवाई और सतत मॉनिटरिंग के चलते अधिकांश क्षेत्रों में कुछ घंटों के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य के निर्देश दिए।

प्राकृतिक आपदा के चलते सीतापुर, उन्नाव, देवीपाटन, बदायूं, बरेली, बस्ती, कुशीनगर, वाराणसी और देवरिया समेत कई जिलों में हाईटेंशन विद्युत लाइनों एवं टावरों को भारी नुकसान पहुंचा। तेज हवाओं के कारण 400 केवी बरेली-उन्नाव लाइन, 220 केवी बदायूं-रोजा, बरेली-दोहना, पारीछा-दुनारा, साहूपुरी-राजा का तालाब तथा बस्ती-खलीलाबाद 132 केवी लाइन समेत कई प्रमुख लाइनें प्रभावित हुईं, जिससे अनेक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
हालांकि, ऊर्जा मंत्री के निर्देशन में पारेषण एवं वितरण विभाग की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाला। अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात फील्ड में डटे रहे और कठिन परिस्थितियों के बीच तेजी से मरम्मत कार्य करते हुए अधिकांश लाइनों को पुनर्स्थापित कर दिया।
विभाग के अनुसार, आंधी-तूफान से 33 केवी के 139 सबस्टेशन प्रभावित हुए थे तथा करीब 1500 बिजली पोल टूट गए या क्षतिग्रस्त हुए। लगातार अभियान चलाकर आज सुबह तक 133 सबस्टेशनों की आपूर्ति सामान्य कर दी गई, जबकि शेष 6 सबस्टेशनों में भी जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने की बात कही गई है।
ऊर्जा विभाग ने बड़े पैमाने पर हुए नुकसान के बावजूद वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति को यथासंभव सामान्य बनाए रखा, जिससे उपभोक्ताओं को न्यूनतम असुविधा हुई। अधिकांश इलाकों में कुछ घंटों के भीतर और अन्य स्थानों पर 24 घंटे के अंदर बिजली व्यवस्था दोबारा पटरी पर आ गई।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में प्रदेशवासियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए भ्रामक खबरों और दुष्प्रचार से सावधान रहने को कहा तथा भरोसा दिलाया कि ऊर्जा विभाग पूरी तत्परता के साथ लगातार काम कर रहा है।
लखनऊ को मिला हाईटेक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया उद्घाटन

* भैंसोरा में अत्याधुनिक FCTS प्लांट शुरू, लखनऊ की स्वच्छता व्यवस्था को मिली नई ताकत

लखनऊ। राजधानी को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में लखनऊ नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने आज जोन-4 के भैंसोरा क्षेत्र में अत्याधुनिक एफसीटीएस (FCTS) प्लांट का उद्घाटन किया। लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्लांट में प्रतिदिन करीब 150 टन कूड़े के निस्तारण की क्षमता है।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि नगर निगम स्वच्छता व्यवस्था को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को ऐसा शहर बनाया जा रहा है जहां कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई न दें और प्रतिदिन कूड़े का वैज्ञानिक एवं नियमित निस्तारण सुनिश्चित हो। सरकार का लक्ष्य राजधानी को स्वच्छ, सुंदर, हरित और आधुनिक स्वरूप देना है, ताकि यहां आने वाला हर व्यक्ति शहर की साफ-सफाई और हरियाली से प्रभावित हो।
मंत्री ने बताया कि लखनऊ में पानी निकासी, नालों और बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी तेजी से कार्य हो रहा है। फैजुल्लागंज क्षेत्र में लंबे समय से लंबित नाले का निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है। वहीं किला मोहम्मदी नाले का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होने जा रहा है।
नगर निगम की ओर से शहर के आठ जोन में कुल 51 स्थानों पर PCTS और FCTS केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इनमें 24 स्थलों पर निर्माण पूरा हो चुका है, 15 स्थानों पर कार्य जारी है जबकि शेष 12 स्थानों पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।
भैंसोरा स्थित इस प्लांट के संचालन से भरवारा, मल्हौर, खरगापुर वार्ड और गोमती नगर विस्तार समेत आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था अधिक मजबूत होगी। इसके साथ ही क्षेत्र के गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (GVP) को भी समाप्त करने में मदद मिलेगी।
करीब दो एकड़ क्षेत्र में विकसित इस परिसर में 150 वाहनों के लिए चार्जिंग पॉइंट की सुविधा भी बनाई गई है, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। परिसर में व्यापक हरित क्षेत्र विकसित किया गया है और अब तक करीब 4000 पौधे लगाए जा चुके हैं।
“नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत सीबीएन की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की नशीली दवाएं बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ  । केंद्र सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA)” के तहत अवैध नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) को बड़ी सफलता मिली है। सीबीएन की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में एनआरएक्स दवाइयां और कोडीन फॉस्फेट सिरप बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का मानना है कि यह खेप अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है।
सीबीएन की बरेली डिवीजन (उत्तर प्रदेश यूनिट) और ग्वालियर स्थित सीबीएन मुख्यालय की दिल्ली सेल ने 26 मई 2026 को संयुक्त कार्रवाई की। खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने सोनीपत के पास मेरठ-खरखौदा हाईवे पर संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन से बिना वैध दस्तावेजों के बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुईं।
तलाशी के दौरान अधिकारियों ने 2,600 क्लोनाजेपाम टैबलेट, 6,200 ट्रामाडोल टैबलेट और 1,269 बोतल कोडीन फॉस्फेट सिरप बरामद किए। कुल मिलाकर 8,800 एनआरएक्स टैबलेट और भारी मात्रा में कोडीन सिरप जब्त किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन दवाओं का इस्तेमाल अवैध नशे और सप्लाई नेटवर्क में किया जाना था।
सीबीएन अधिकारियों ने एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस राज्य या नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था।
जांच एजेंसियों को शक है कि इस नेटवर्क के तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
सीबीएन के मुताबिक उत्तर प्रदेश यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक छह सफल ऑपरेशन को अंजाम देते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभाग ने साफ किया है कि “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत अवैध ड्रग्स और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यूपी सचिवालय में बड़ा बदलाव: Vi की जगह BSNL के नए CUG नंबर, कर्मचारियों ने जताया विरोध
* 4200 कर्मचारियों के मोबाइल नंबर बदलने का फैसला, पुराने नंबर पोर्ट कराने की उठी मांग


लखनऊ। उत्तर प्रदेश सचिवालय प्रशासन विभाग ने सचिवालय कर्मचारियों के सीयूजी (Closed User Group) मोबाइल नंबरों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। विभाग ने मौजूदा वोडाफोन-आइडिया (Vi) सेवा को हटाकर बीएसएनएल को नया सेवा प्रदाता बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत सचिवालय में कार्यरत लगभग 4200 कर्मचारियों और अधिकारियों को अब बीएसएनएल के नए सीयूजी नंबर आवंटित किए जाएंगे।
हालांकि, इस फैसले का कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। कर्मचारी नेताओं ने बुधवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल और प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन मनीष चौहान से मुलाकात कर मांग की कि मौजूदा मोबाइल नंबरों को ही बीएसएनएल में पोर्ट कराया जाए, ताकि नंबर बदलने की आवश्यकता न पड़े।
कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान सीयूजी नंबर उनके निजी और पेशेवर जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। ये नंबर ई-ऑफिस पोर्टल, बैंक खातों, ई-मेल, आयकर रिटर्न, आधार कार्ड, पासपोर्ट, बिजली और गैस कनेक्शन, बच्चों के स्कूल-कॉलेज रिकॉर्ड तथा विभिन्न व्हाट्सएप समूहों से जुड़े हुए हैं। ऐसे में नंबर बदलने से उन्हें कई तरह की व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

सचिवालय प्रशासन विभाग के निर्णय के अनुसार, कंप्यूटर सहायक से लेकर विशेष सचिव स्तर तक के कर्मचारियों के लिए बीएसएनएल के नए सीयूजी नंबर जारी किए जाएंगे। वहीं, प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन मनीष चौहान का कहना है कि कर्मचारी चाहें तो अपने पुराने मोबाइल नंबरों का उपयोग व्यक्तिगत नंबर के रूप में जारी रख सकते हैं, लेकिन आधिकारिक उपयोग के लिए सभी को बीएसएनएल के नए सीयूजी नंबर ही दिए जाएंगे।
फ्यूल इमरजेंसी के बीच अकासा एयर की फ्लाइट की लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग

खराब मौसम के चलते डायवर्ट हुई फ्लाइट, 194 यात्रियों की सांसें अटकीं; एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित

लखनऊ। बंगलूरू से भुवनेश्वर जा रही अकासा एयर की एक फ्लाइट की बीती रात लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। खराब मौसम के कारण भुवनेश्वर में विमान उतर नहीं सका, जिसके बाद फ्लाइट को डायवर्ट किया गया। इसी दौरान विमान का ईंधन तेजी से कम होने लगा।

स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को “फ्यूल इमरजेंसी” की सूचना दी। सूचना मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और तत्काल फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। रनवे पर एहतियातन फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और आपातकालीन सेवाओं को तैनात किया गया। सभी तैयारियों के बीच रात 9:21 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

फ्लाइट में कुल 194 यात्री सवार थे। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचा।