रेल क्रॉस सोसाइटी की बैठक जिलाधिकारी ने ली
फर्रुखाबाद l इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित गतिविधियों एवं जनहित से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी सेवा, आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने निर्देशित किया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने के लिए रेड क्रॉस की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए।
बैठक के दौरान जनपद के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा नर्सिंग होम को रेड क्रॉस सोसाइटी का संस्थागत सदस्य बनाए जाने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान, आपदा प्रबंधन एवं जनसेवा कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा रेड क्रॉस की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा सकेगा।
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी द्वारा जनपद के समस्त विद्यालयों में एनीमिया स्क्रीनिंग एवं निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बच्चों में खून की कमी की समय रहते पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित न हो।
बैठक में एनीमिया एवं टीबी के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया जागरूकता से संबंधित विशेष काउंटर स्थापित किए जाएं तथा पोस्टर एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाए। साथ ही टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं रेड क्रॉस के संयुक्त प्रयासों पर बल दिया गया।
बैठक के दौरान राम मनोहर लोहिया अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में ब्लड स्टोरेज एवं जांच संबंधी अनियमितताओं की प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा तत्काल जांच के आदेश दिए गए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि मामले की विस्तृत जांच कर 7 दिवस के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त रेड क्रॉस स्वयंसेवकों की सिविल डिफेंस टीम गठित करने एवं बालिकाओं हेतु आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शीघ्र प्रारंभ करने पर भी सहमति बनी। जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। साथ ही बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, सिविल डिफेंस चीफ वार्डन सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के उप सभापति शीश मेहरोत्रा, डॉ० प्रशांत श्रीवास्तव,  कौशल्या गिरी, आयुषीमेंद्र परिहार, अमित सक्सेना एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंशकालिक अनुदेशक एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण का शुभारंभ समारोह हुआ आयोजित

फर्रुखाबाद l बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान एवं उनके बढ़े हुए मानदेय वितरण के शुभारंभ हेतु एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अंशकालिक अनुदेशकों के समर्पण, योगदान एवं शिक्षा व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करना तथा प्रदेश सरकार द्वारा उनके कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों एवं योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ० सुरभि, जिलाध्यक्ष भा०ज०पा० फतेहचन्द्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं मुख्य विकास अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विकास खण्डों से आए अंशकालिक अनुदेशक एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके उपरांत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों के योगदान, सरकार की योजनाओं एवं शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों पर आधारित प्रस्तुति दी गई।
इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री  के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अंशकालिक अनुदेशकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा एवं शिक्षकों के हित में लिए गए निर्णयों की सराहना की।
अपने संबोधन में सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा शिक्षकों एवं अनुदेशकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक उच्च प्राथमिक विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था की सशक्त नींव हैं। उनके अथक प्रयासों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि का निर्णय अनुदेशकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने बताया कि मा० मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में पूर्व में 7,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये किए गए मानदेय को पुनः बढ़ाकर अब 17,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इस निर्णय से जनपद फर्रुखाबाद के कुल 234 अंशकालिक अनुदेशक प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं।
मानदेय वृद्धि के फलस्वरूप जनपद में कुल व्यय 21.06 लाख रुपये से बढ़कर 39.78 लाख रुपये हो गया है, जिससे अनुदेशकों की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आएगा तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित होगा। राज्य सरकार द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों को कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे उन्हें आवश्यकता पड़ने पर गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। महिला अंशकालिक अनुदेशकों के सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए 360 दिवस के मातृत्व अवकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जो उनके अधिकारों की सुरक्षा एवं सम्मान का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विकास खण्ड से 03 अंशकालिक अनुदेशकों सहित कुल 21 अनुदेशकों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले अनुदेशकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि यह निर्णय उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला है और इससे उन्हें नई ऊर्जा एवं उत्साह के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार “परिवर्तन की बहती बयार, 9 वर्ष योगी सरकार” के संकल्प के साथ शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार, नवाचार एवं विकास कार्य कर रही है, जिससे आने वाली पीढ़ी को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके।
अंत में अधिकारियों ने कहा कि “हमारा लक्ष्य बेहतर शिक्षा, उन्नत भविष्य” है तथा इसी उद्देश्य के साथ शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
धूमधाम से बनाई गई नारद जी की जयंती
फर्रुखाबाद l नारद जयंती समारोह समिति द्वारा नारद जयंती के उपलक्ष में श्यामनगर विद्या मंदिर में कार्यक्रम संपन्न हुआ l इस दौरान कार्यक्रम के अध्यक्ष पूर्व कुलपति रंगनाथ मिश्रा मेजर एसडी सिंह विश्वविद्यालय फर्रुखाबाद और कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, प्रांत महामंत्री संस्कार भारती सदस्य भारतेंदु नाट्य  अकादमी मुख्य वक्ता सुरेंद्र पांडे जी ने नारदजी  के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए कहा नारद जी लोकहित में पूरी सृष्टि में भ्रमण करते हुए प्रचार प्रसार करते थे । नारद जी ब्रह्मा के मानस पुत्र कहे जाते हैं देव ऋषि नारद नारायण जी के अनन्य भक्त थे l
कार्यक्रम की अध्यक्षता रंगनाथ मिश्रा ने करते हुए कहा कि समाज में लोगों को नारद जी की तरह लोकहित में सामाजिक तौर पर समाज का मार्गदर्शन करते रहना चाहिए जहां गलत हो रहा है वहां पर भी नजर होनी चाहिए और ठीक करने की क्षमता भी होनी चाहिए ।
कार्यक्रम का संचालन ऋषि दत्त शर्मा गुडडू पंडित ने किया कार्यक्रम की व्यवस्था कार्यक्रम संयोजक आकाश श्रीवास्तव तेजसिंह राजपूत व्यवस्था को संपन्न कराया कार्यक्रम में राजेंद्र त्रिपाठी जी श्रीनारायण जी राज किशोर जी वेदराम जी सुभाष दीक्षित जी राम जी त्रिवेदी गौरव मिश्रा बंटी अरविंद दीक्षित नवदीप मिश्रा अमरदीप यादव बंटी यादव शशि भूषण यादव राज किशोर यादव शिवानंद जी श्रवण कुमार जी आशीष गुप्ता अवधेश पांडे अनिल प्रताप सिंह कुलभूषण श्रीवास्तव, साहित्यकार और कलाकार कार्यक्रम में उपस्थित रहे l
अधिवक्ता के घर चोरों का हमला, फायरिंग करने से दो भतीजे घायल, लोहिया में भर्ती, एसपी ने कहा गिरफ्तार दोनों चोर शातिर अपराधी
अमृतपुर- फर्रुखाबाद l थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम कुईयां निवासी अधिवक्ता राजेश पाठक के घर चोरो नें अचानक बीती रात हमला बोल दिया  जहां उनके दो भतीजो पर चोरो नें हमला कर दिया। एक भतीजा गोली लगने से घायल हो गया व दूसरे भतीजे को भी राड आदि से हमला करने पर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं दोनो घायलों को लोहियाअस्पताल में भर्ती किया गया | पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है | शहर के मोहल्ला मित्तूकूंचा निवासी अधिवक्ता राजेश पाठक का पैतृक मकान थाना राजेपुर के ग्राम कुईयां में हैं | जहां उनके अन्य परिजन रहते हैं | बीती रात राजेश पाठक के बड़े भाई स्वर्गीय देवेश पाठक के मकान पर चोरों नें हमला बोल दिया | दूसरी मंजिल पर उन्होने चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों की नकदी व जेबरात पार कर दिये | उसी दौरान छत पर सो रहे राजेश पाठक के भतीजे  भानु पाठक(30) व  वैभव पाठक(34) खटपट की आवाज सुनकर जाग गये। जिस पर चोर भानू को दूसरी मंजिल पर बंद कर फरार हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक भानू कमरे से कूदकर भागा तो बढ़माशों नें फायर कर दिया और गोली भानू के कंधे में  लगी| इसी के साथ ही बदमाशों नें वैभव पर भी लोहे की रॉड से हमला बोल दिया | जिससे वैभव के चेहरे पर भी गंभीर चोटें आयी हैं | दोनों घायलों को सुबह लगभग 6 बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया| चोरों की जानकारी होने पर ग्रामीणों नें दौड़कर दो चोरो को पकड़ लिया | राजेश पाठक नें बताया कि चोरो के पास से दो तमँचा व कारतूस, चाकू व राड़ आदि घातक सामान मिला है | सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर आये और जाँच पड़ताल की | पुलिस कप्तान ने बताया कि चोर शातिर किस्म के हैं इनके ऊपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं पकड़े गए चोर सीतापुर के बताए गए हैं। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है | राजेश पाठक पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के करीबियों में गिने जातेहैं |
भाजपा दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

फर्रुखाबाद l शनिवार को पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण संपन्न हुआ जिसमें मुख्य वक्ताओं के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी,प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी,वीरेंद्र तिवारी,कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष व वर्ग जिला प्रभारी नरेंद्र राजपूत एवं जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने संबोधन दिया।
सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी ने कहा जिला व मंडल के कार्य समिति संपूर्ण होने के बाद प्रशिक्षित करने के लिए शिविर आयोजित होते हैं प्रशिक्षण वर्ग पार्टी की एक प्रमुख संगठनात्मक और वैचारिक पहल है। जिसका मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं का व्यक्तिगत निर्माण, वैचारिक स्पष्टता,संगठन की कार्य पद्धति का ज्ञान देना और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना होता है। विभिन्न विषयों को लेकर अलग-अलग वक्ताओं के माध्यम से संवाद किया जाता है भाजपा में प्रशिक्षण को एक सतत प्रक्रिया माना जाता है। भाजपा देश का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है जिसका कार्यकर्ता ही उसका स्तंभ होता है। आगामी चुनौतियां कार्यकर्ताओं के सामने हैं 2027 का विधानसभा चुनाव जीतने के लिए नए कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ युद्ध में उतरना होगा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी ने कहा सक्षम कार्यकर्ता सशक्त संगठन का निर्माण करता है पार्टी के संघटनात्मक प्रशिक्षण की कार्य प्रणाली और भाजपा के विचार को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित होना जरूरी होता है आपस में संवाद के माध्यम से नए लक्ष्य को प्राप्त करना सरल हो जाता है।
  साहित्य प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक वीरेंद्र तिवारी ने कहा अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना अनिवार्य है पार्टी के संगठन और नेतृत्व क्षमता मजबूत हो इस दिशा की ओर कार्य करना है।
  जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में न केवल संगठनात्मक कार्यशैली का ज्ञान मिलता है बल्कि उनमें राष्ट्र हित के प्रति समर्पण और सेवा भाव भी विकसित होता है।
जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी नरेंद्र राजपूत ने कहा भाजपा की पहचान एक कैडर आधारित अनुशासित और वैचारिक संगठन के रूप में है इस पहचान को मजबूत बनाए रखने में प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। महा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा कार्य पद्धति और जिम्मेदारियो के प्रति सजग और सक्षम बनाना होता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव देते हुए कहा कार्यकर्ता प्रशिक्षण को आत्मसात करते हुए संगठन के विस्तार और समाज सेवा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का कार्य करें।
प्रशिक्षण वर्ग का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया l इस मौके पर सांसद मुकेश राजपूत सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह दिनेश कटियार रूपेश गुप्ता भूदेव सिंह राजपूत पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार संकिसा पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक वीरेंद्र सिंह राठौड़ जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह वीरेंद्र कठेरिया अनुराग दुबे श्वेता दुबे महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबीता पाठक जिला मंत्री अनुराग सिंह जिला उपाध्यक्ष संदेश जिला उपाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा अभिषेक बाथम मनोज गंगवार राजपूत जिला मंत्री शिव मोहन सिंह पंकज पाल डॉ विनीत मिश्रा प्रतिभा राजपूत जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी तोषित प्रीत सिंह सोशल मीडिया प्रमुख सुशील राजपूत आईटी सेल संयोजक रजनीश मिश्रा आदित्य मिश्रा ममता सक्सेना चित्रा अग्निहोत्री आदि लोग मौजूद रहे।
समाधान दिवस की  शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी डीएम

फर्रूखाबाद l शनिवार को तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 35, पुलिस विभाग की 12, विद्युत विभाग की 05, नगर निकाय की 05 तथा अन्य विभागों की 08 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर राजस्व विभाग की 03 शिकायतों का निस्तारण कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए।
समाधान दिवस के दौरान अधिशाषी अभियंता जल निगम ग्रामीण की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा अधिकारी समाधान दिवस को गंभीरता से लें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करना है, इसलिए सभी अधिकारी जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी अमृतपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए जनपद में 19 परीक्षा केंद्र बने, सेक्टर एवं स्टेटिक्स परीक्षा केदो का निरीक्षण करें

बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर हेल्पडक्स बनाए जाएं


फर्रुखाबाद l
जनपद में 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा आयोजन से संबंधित सुरक्षा, प्रशासनिक एवं व्यवस्थात्मक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुरूप परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस पर प्रातः 07 बजे ट्रेजरी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण एवं परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी सुनिश्चित करेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी, जो परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं पर सतर्क दृष्टि बनाए रखेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस, कैलकुलेटर एवं हैंडबैग सहित किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपना आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से धारण करना होगा।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में स्थित फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे एवं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट से संबंधित दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान पूर्णतः बंद रखी जाएं, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम एवं स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किए जाएंगे तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना समय से पूर्ण कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम की व्यवस्था की जाए, जहां अभ्यर्थी अपनी निजी वस्तुएं सुरक्षित रख सकें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को केवल नीला अथवा काला पेन, प्रवेश पत्र एवं मूल पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे परीक्षा पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा कक्षों, शौचालयों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित करें। सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं सहायक केंद्र व्यवस्थापक से नो-रिलेशन प्रमाणपत्र प्राप्त किया जाए तथा ड्यूटी में लगाए गए शिक्षकों एवं कर्मचारियों के मोबाइल नंबरों की सूची उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर क्लॉक रूम, पेयजल एवं शौचालय संबंधी संकेतक (साइनेज) स्पष्ट रूप से लगाए जाएं तथा प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी अनिवार्य रूप से स्थापित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर सिटिंग प्लान प्रदर्शित किया जाए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने रोडवेज बस अड्डे पर हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा अभ्यर्थियों से वाहनों द्वारा किसी प्रकार की ओवरचार्जिंग न किए जाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था एवं पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए गए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने  कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि वे शासन द्वारा जारी निर्देश पुस्तिका का भली-भांति अध्ययन कर लें तथा सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कमरों में लगे ऐसी बंद मिलने पर लगाई फटकार, इमरजेंसी वार्ड में गंदगी देखकर जताई नाराजगी
फर्रुखाबाद l डॉ राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय का रात्रि में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की इमरजेंसी, विभिन्न वार्डों, एन0आर0सी0 वार्ड एवं एस0एन0सी0यू0 वार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में काफी गंदगी पाए जाने तथा डस्टबिन कलर कोडिंग के अनुसार न रखे जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साफ-सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के बाथरूम भी गंदे पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर के प्रत्येक हिस्से में स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
जिलाधिकारी ने वार्डों में लगे एसी के बंद पाए जाने पर भी संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई तथा तत्काल एसी संचालित कराने के निर्देश दिए। साथ ही भर्ती मरीजों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी वार्डों में पर्याप्त संख्या में साफ चादर एवं तकिये उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से वार्ता कर उन्हें मिल रहे उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
जिलाधिकारी द्वारा एन0आर0सी0 वार्ड एवं एस0एन0सी0यू0 वार्ड का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां भर्ती बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था तथा चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाते हुए मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए l साथ ही नियमित रूप से अस्पताल की व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
आर आई की खराब प्रगति पर एम ओ आई सी कायमगंज को कारण बताओ नोटिस, नौलखा के एम ओ आई सी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

फर्रूखाबाद l
जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की ए0एन0सी0 जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद की सभी गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध ए0एन0सी0 जांच सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने जनपद में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एच0आर0पी0) के कम चिन्हीकरण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि सभी एच0आर0पी0 महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी प्राप्त की कि कितनी एच0आर0पी0 महिलाओं को आयरन सुक्रोज दिया गया है तथा सभी एम0ओ0आई0सी0 को निर्देशित किया कि गंभीर एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं का समय से निदान कर उपचार सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सी0एम0 डैशबोर्ड पर डी रैंक प्राप्त होने तथा केवल 40 प्रतिशत भुगतान होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्था में त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
हीटवेव की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी पी0एच0सी0 एवं सी0एच0सी0 पर पंखे, कूलर, ए0सी0 एवं वाटर कूलर को क्रियाशील रखने, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ओ0आर0एस0 की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एम0ओ0आई0सी0 को निर्देशित किया कि तीन दिवस के भीतर सभी आशा कार्यकर्ताओं की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आई0डी0 बनवाना सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 18,639 बच्चों का चिन्हीकरण किया गया है। जिलाधिकारी ने 102 एम्बुलेंस सेवा की सी0एम0 डैशबोर्ड पर 55वीं रैंक आने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एम्बुलेंस सेवा का रिस्पॉन्स टाइम कम करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रस्तुत एच0आर0 निविदा एवं वाहन निविदा के समय विस्तार संबंधी प्रस्ताव को जिलाधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया तथा निर्देश दिए गए कि नई निविदाएं पुनः आमंत्रित की जाएं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों के नवीनीकरण एवं वेतन वृद्धि संबंधी प्रस्ताव को स्थगित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कर्मचारियों के कार्य प्रदर्शन का मूल्यांकन कर उसी के आधार पर नवीनीकरण एवं वेतन वृद्धि की कार्यवाही की जाए। वहीं रीजेंट क्रय संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
आर0आई0 कार्यक्रम में खराब प्रगति पाए जाने पर एम0ओ0आई0सी0 कायमगंज को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एम0ओ0आई0सी0 नौलखा का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण संबंधी डाटा समय से अपलोड करने, सभी नवजात बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा 0 से 9 माह तक के बच्चों का डाटा अपलोड करने में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
लिंक एक्सप्रैस वे की भूमि क्रय करने में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने दो लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया

फर्रूखाबाद l जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे हेतु भूमि क्रय/अर्जन कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर द्वारा समीक्षा की गई। राजस्व कर्मियों द्वारा भूमि क्रय प्रक्रिया में लापरवाही बरतने पर जिला अधिकारी ने नीम करोरी और मदनपुर के लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है l इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व,अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर उपस्थिति रहे।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न ग्रामों में भूमि खरीद एवं अभिलेखीय कार्यों की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण किया गया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ राजस्व कर्मियों द्वारा कार्यों में अपेक्षित गति एवं गंभीरता नहीं बरती जा रही है, जिससे भूमि क्रय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाली परियोजना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान कार्य के प्रति लापरवाही एवं शिथिलता बरतने  पर जिलाधिकारी द्वारा लेखपाल नीवकरौरी प्रवीन दुबे तथा लेखपाल मदनपुर महेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भूमि क्रय से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना से जुड़े समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों से समन्वय बनाते हुए भूमि संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।