कालिंदी एक्सप्रेस का रूट ना बदले सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, व्यापारियों में खुशी
फर्रुखाबाद l सोमवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री और युवा जिलाध्यक्ष संदेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद मुकेश राजपूत से मिला। व्यापारियों ने कालिंदी एक्सप्रेस के संभावित रूट डायवर्सन को रोकने की बात कही। व्यापारियों का कहना है कि अगर ट्रेन का रास्ता बदला गया, तो कारोबार और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने ज्ञापन देते हुए कहा कि व्यापारियों ने केवल कालिंदी एक्सप्रेस को वर्तमान रूट (फर्रुखाबाद) से ही चलाने की मांग की, व्यापारियों ने फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए एक नई और ट्रेन चलाने की मांग की है। जिले के व्यापारिक रिश्तों को राजधानी से नई मजबूती मिलती है lप्रतिनिधिमंडल ने कहा किया कि फर्रुखाबाद का व्यापार पूरी तरह से दिल्ली और कानपुर पर आत्म निर्भर है।
सांसद ने व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि कालिंदी एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद से ही चलाया जाएगा। सांसद ने तुरंत ही अपने लेटर पैड पर व्यापार मंडल की मांगों के साथ रेल मंत्री को सिफारश का पत्र भेजा। सांसद के इस व्यवहार को देखते हुए व्यापारियों ने उनका आभार व्यक्त किया l
इस दौरान बैठक में आदेश अग्निहोत्री और संदेश अग्रवाल, युवा जिला महामंत्री प्रबल माहेश्वरी, ऋषि बंसल, डॉ. कुलदीप सिंह, अर्पण अग्रवाल, नितिन गुप्ता और रिंकू गुप्ता, सागर कश्यप, प्रतीक गुप्ता, राजकुमार सिंह, अमित वर्मा, मोहित बागड़ी भी उपस्थिति रहे l
लोक अदालत में सुलह समझौते की आधार पर निपटाए गई वाद


फर्रुखाबाद l  जनपद में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय जमशेद अली पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना अधिकरण संतोष कुमार तिवारी सहित अनेक न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, वादकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग एवं प्रशासनिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण कराया गया। बैंक वसूली से जुड़े 409 मामलों का निस्तारण करते हुए बैंकों ने 6 करोड़ 4 लाख 71 हजार 500 रुपये की धनराशि वसूल की, जबकि विद्युत बिल से संबंधित 18,793 मामलों का भी सफल निस्तारण किया गया।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय जमशेद अली द्वारा 41 पारिवारिक एवं वैवाहिक वादों का निस्तारण किया गया। इनमें से 5 दंपत्तियों को आपसी सुलह के बाद पुनः साथ रहने के लिए विदा किया गया। वहीं मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण के पीठासीन अधिकारी संतोष कुमार तिवारी ने 17 मामलों का निस्तारण किया। जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष नरेश कुमार द्वारा भी 3 मामलों का समाधान कराया गया।
लोक अदालत के दौरान जनपद के विभिन्न न्यायालयों एवं विभागों द्वारा कुल 82,604 मामलों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 78,736 मामलों का सफल निस्तारण हुआ। इस दौरान कुल 7 करोड़ 59 लाख 24 हजार 765 रुपये की धनराशि जमा कराई गई। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य से अधिक रही।
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जजों, न्यायिक मजिस्ट्रेटों, ग्राम न्यायालय अधिकारियों, बैंक अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों एवं परा विधिक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
14 नामदर्ज व 30 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज*

ग्राम जटपुरा में बवाल को लेकर पुलिस की सख्त कार्यवाही

अमृतपुर फर्रुखाबाद 11 मई। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर जटपुरा में 9 मई को हुए हिंसक बवाल के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है, जबकि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं।पहला मुकदमा जनपद लखीमपुर खीरी के थाना धौरहरा क्षेत्र के ग्राम गुलरिया निवासी ठेका प्रबंधक कुलदीप की तहरीर पर दर्ज किया गया है। कुलदीप ने पुलिस को बताया कि चाचूपुर जटपुरा गांव में उन्नाव निवासी मुजीब उल्ला के नाम से संचालित देशी शराब की दुकान की देखरेख वह करता है। आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे गांव के कामेश, सुधीर, शिवरतन, ब्रजेश उर्फ भोला समेत अन्य लोग आए।आरोप है कि उपद्रवियों ने दुकान के गोलक में रखे करीब 10 हजार रुपये और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर लूट ली। साथ ही सेल्समैन को जान से मारने की नीयत से हमला किया गया और दुकान में आग लगाने का भी प्रयास किया गया।वहीं दूसरा मुकदमा थाना राजेपुर के उपनिरीक्षक महेश कुमार की ओर से दर्ज कराया गया है। इस मुकदमे में कामेश, सुधीर, शिवरतन, कश्मीर, ब्रजेश उर्फ भोला, राजा, रजनीश, देशराज, विकास, ननकू, सत्यपाल, शिवम, गुड्डी देवी और सरोजनी समेत 14 नामजद तथा 25 से 30 अज्ञात महिला-पुरुषों को आरोपी बनाया गया है।पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में बलवा, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सेवन क्रिमिनल लॉ एक्ट सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
दो प्रतिष्ठानों पर टीम ने मारा छापा, घरेलू सिलेंडरों को किया जप्त, कारोबारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

फर्रुखाबाद l  घरेलू सिलेंडरों का दो प्रतिष्ठानों पर कारोबारियो द्वारा उपयोग किए जाने की शिकायतों पर प्रशासन अधिकारियों की टीम ने जप्त कर लिए गए हैं l प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने शिकायत मिलने पर शहर में छापेमारी की। जिला पूर्ति विभाग, पूर्ति निरीक्षक और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने दो प्रतिष्ठानों पर जांच की, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में होता मिला। दोनों मामलों में संबंधित कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
टीम ने सबसे पहले गोहाई स्ट्रीट के पास संचालित एक समोसा दुकान पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान के भीतर घरेलू सिलेंडरों को पाइप के माध्यम से जोड़कर खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। साथ ही परिसर से कई घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर भी बरामद हुए। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस कनेक्शन के जरिए सिलेंडर मंगा कर उनका उपयोग व्यापारिक गतिविधियों में किया जा रहा था। इस मामले में दुकान संचालक कृष्ण मुरारी गुप्ता के खिलाफ सदर  कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रशासनिक टीम ने अनोखे लाल मिठाई भंडार में निरीक्षण किया। जहां दुकानदार रविंद्र के द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों से मिठाइयां बनाई जा रही थीं। मौके से पांच घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर अधिकृत गैस एजेंसी की निगरानी में सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाली गैस का व्यावसायिक प्रयोग नियमों के विरुद्ध है। इस मामले में भी दुकान संचालक के खिलाफ थाना कादरीगेट में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
फुटबॉल टूर्नामेंट में आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली विजेता और आर्मी पब्लिक स्कूल एल. बी .एस मार्ग लखनऊ उपविजेता

फर्रुखाबाद l क्लस्टर -4 की अण्डर - 17 इण्टर आर्मी पब्लिक स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट में आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली को विजेता ट्राफी से नवाजा गया। आर्मी पब्लिक स्कूल एल.बी.एस मार्ग लखनऊ उपविजेता रही। रविवार को हुए लीग मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली ने आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ को 1-0 से हराया। आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली 6 अंक प्राप्त कर विजेता और आर्मी पब्लिक स्कूल एल.बी.एस. मार्ग लखनऊ 3 अंक के साथ उपविजेता रही।  समापन समारोह के मुख्य अतिथि मेजर सी.आई. सिंह ने ट्राफी देकर दोनों टीमों को सम्मानित किया। गोल्डन बूट का मोमेण्टो आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली के खिलाड़ी आर्यन सिंह और गोल्डन ग्लब्स का मोमेण्टो बरेली के ही खिलाड़ी रौनक को दिया गया। इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के निर्णायक हवलदार राहुल, नायक गुरुप्रीत सिंह, नायक बलवन्त सिंह, नायक परमिन्दर सिंह और सिपाही परमिन्दर सिंह को भी सम्मानित किया गया। सैन्य शारीरिक प्रशिक्षण कोर के शारीरिक प्रशिक्षण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मणि कृष्णन ने इस टूर्नामेंट को निष्पक्षतापूर्वक सम्पन्न कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।  विद्यालय के चेयरमैन सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने सभी टीमों के खिलाड़ियों को उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनायें देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत- हार से अधिक महत्त्वपूर्ण प्रतिभागिता होती है। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि महोदय, सभी टीमों के प्रशिक्षकों, टीमों के खिलाड़ियों तथा प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के सभी निर्णायकों और विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
पर्यटन मंत्री ने महाराणा प्रताप की मूर्ति का किया अनावरण
फर्रूखाबाद l वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर जनपद  में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रभारी मंत्री  जयवीर सिंह द्वारा रोडवेज बस स्टेशन परिसर में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा स्थापित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति एवं स्वाभिमान को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज को देशभक्ति एवं संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक महापुरुषों के सम्मान एवं संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस दौरान मंत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रारंभ होने से पूर्व विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को सहायता सामग्री एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के सौजन्य से एक कृषक को ट्रैक्टर तथा एक कृषक को रोटावेटर प्रदान किया गया। पर्यटन विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। उद्योग विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड के रूप में कुल 51.90 लाख रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत दो लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा दो लाभार्थियों को हियरिंग मशीन वितरित की गई। प्रोबेशन विभाग द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सहायता योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। श्रम विभाग की मातृत्व एवं शिशु हितलाभ योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी 31 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।
मत्स्य विभाग की मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 1,47,680 रुपये का चेक प्रदान किया गया। राजस्व विभाग की मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी पांच लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए तथा पांच लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समीक्षा बैठक में मंत्री द्वारा विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिन विभागों की रैंकिंग खराब है, उनके संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाया जाए।
मंत्री ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा एवं औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नलकूप विभाग द्वारा स्थापित किए जा रहे नलकूपों की बोरिंग की गहराई की जांच कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने एनएचएआई द्वारा निर्मित की जा रही बेवर–फर्रूखाबाद सड़क परियोजना के अधूरे कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए परियोजना निदेशक एनएचएआई को निर्देशित किया कि जिलाधिकारी के साथ बैठक कर सभी लंबित एवं अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
इसके अतिरिक्त मंत्री द्वारा मडैयन घाट पुल के पहुंच मार्ग हेतु बाईपास के सर्वेक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विधानसभा वार विकास कार्यों की सूची तैयार कर संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।
इस मौके पर सांसद , विधायक अमृतपुर, विधायक भोजपुर, विधायक कायमगंज, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पांचाल घाट पर दुकानदारों पंडित पुजारी नाविकों का किया गया रजिस्ट्रेशन
फर्रुखाबाद l
जिला गंगा समिति के तत्वावधान मे घाटों पर नाविको, गोताखोर, पंडित पुजारी एवं दुकानदारों के पंजीकरण की प्रक्रिया चलाई गई। जिलाधिकारी द्वारा सभी नविकों,गोताखोर,पंडित पुजारी एवं दुकानदारों के पंजीकरण हेतु घाट संचालन समिति का गठन किया गया। समिति के माध्यम से घाट पर उपस्थित सभी लोगों को पंजीकरण से संबंधित दिशा निर्देश बताए गए एवं सभी को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने हेतु जानकारी दी गई। जिनमें से कुछ नविकों, दुकानदारों,गोताखोर, पंडित एवं पुजारी ने अपना पंजीकरण कराया।जिला गंगा समिति की जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार घाटों पर अनिवार्य रूप से सभी को पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। सभी लोगों को पंजीकरण से संबंधित सभी नियमों का पालन करना आवश्यक होगा। सभी पंजीकरण सत्यापन के बाद ही मान्य होंगे।नियमों का उल्लंघन करने पर प्रशासन द्वारा दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।पंजीकरण के उपरांत सभी को पंजीकरण नंबर एवं पहचान पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी गोताखोरों का नाम व फोन नंबर घाट पर अंकित किया जाएगा जिससे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उनसे संपर्क किया जा सके। इसके अतिरिक्त नाविकों के सभी नावों पर नाम,फोन नंबर एवं क्रमांक संख्या अंकित की जाएगी।यह पंजीकरण एक वर्ष के लिए मान्य होगा।एक वर्ष के बाद पुनः सभी का नवीनीकरण किया जाएगा। निहारिका पटेल ने बताया कि अब तक 24 नविकों ने अपना पंजीकरण कराया है।पंजीकरण के बाद सभी नाव पर लाइफ जैकेट रखवाई गई एवं अन्य को भी रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पूर्व में कई जिलों में नाव पलटने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं।ऐसे में प्रत्येक नाविक को पूरी सुरक्षा के साथ नाव चलाने एवं सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। पंजीकरण की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी एवं शेष पंजीकरण जल्द ही पूर्ण कर लिए जाएंगे।  इस अवसर पर एडीओ पंचायत श्री ओम पांडे‌,पंचायत सचिव श्री अशोक कुमार एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
मंडी में आलू का भाव उछला, किसान को मिली राहत
फर्रुखाबाद l शनिवार को सातनपुर आलू मंडी में आमद दोगुनी होने पर भी भाव में लगभग 100 रुपए का उछाल रहा, फर्रुखाबाद की एशिया प्रसिद्ध आलू मंडी सातनपुर में पिछले लगभग एक महीने से एक जैसा ही भाव देखने को मिला, जो सफेद आलू 201 रुपए से 401 रुपए प्रति कुंतल में बिक्री होती रही थी लेकिन बरसात होने से भीषण गर्मी से राहत मिलने व बाहिरी मंडियों से मांग के चलते 100 रुपए प्रति क्विंटल तक की उछाल रही आज 301 से 501 रुपए प्रति क्विंटल में सफेद हाईब्रिड आलू व लाल हालैंड आलू पिछले दिनों 501 से 601 रुपए बिकने वाला आलू आज 601 से 751 रुपए प्रति क्विंटल में बिका है जबकि पिछले दिनों आमद 30 से 40 मोटर रही थी और आज दोगुनी लगभग 80 मोटर आमद होते हुए भी 100 रुपए का उछाल रहा , बिकवाली अच्छी होने से एक घंटे में सभी आलू की बिक्री हो गई ।
अंडर 17 की फुटबॉल टूर्नामेंट का मुख्य अतिथि ने किया उद्घाटन

फर्रुखाबाद l आर्मी पब्लिक स्कूल की सेन्ट्रल कमाण्ड की क्लस्टर-4 की अण्डर -17 की फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारम्भ रमन स्टेडियम में दीप प्रज्ज्वलन और मन्त्रोचार के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन स्टेशन कमाण्डर सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन रहे। एन. सी. सी. कैडिट ने ईमानदारी और सौहार्दपूर्ण वातावरण में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने सभी टीम के खिलाड़ियों , प्रशिक्षकों तथा टीम मैनेजर से हाथ मिलाकर परिचय लिया उसके बाद फुटबॉल में किक मारकर प्रतियोगिता के शुभारम्भ की आधिकारिक घोषणा की। प्रतियोगिता का पहला लीग मैच आर्मी पब्लिक स्कूल एल. बी.एस. मार्ग लखनऊ और आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली के बीच हुआ जिसमें आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली ने आर्मी पब्लिक स्कूल लखनऊ को 1-0 से हराया । दूसरा लीग मैच आर्मी पब्लिक स्कूल लखनऊ और आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ के बीच हुआ जिसमें आर्मी पब्लिक स्कूल लखनऊ ने आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ को 1-0 से मात दी । रविवार 10 मई को प्रातः 7 बजे आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ और आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली के बीच लीग मैच खेला जायेगा।
बवाल में एस ओ सहित कांस्टेबल घायल कराया गया मेडिकल परीक्षण
अमृतपुर फर्रुखाबाद 9 मई।थाना राजेपुर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद भड़के बवाल और पथराव में घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है। इसी क्रम में थाना राजेपुर में तैनात कांस्टेबल सौरव सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचकर अपना मेडिकल परीक्षण कराया।बताया गया कि युवक की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर अचानक पथराव शुरू कर दिया था। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। पथराव में नवांगतुक थाना अध्यक्ष नागेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उनके सिर में तीन टांके लगाए गए। वहीं ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल सौरव सिंह भी घायल हो गए।घटना के बाद घायल कांस्टेबल सौरव सिंह को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनका मेडिकल परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया। इसके अलावा कांस्टेबल विष्णु के दोनों हाथों की उंगलियां फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव और पथराव करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है।