विनेश फोगाट पर कुश्ती में शामिल होने पर रोक,गोंडा में कंपटीशन खेलना मुश्किल विनेश
*डब्ल्यू एफ आई ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब

गोंडा।जिले में कल से शुरू हो रही नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती से 24 घंटे पहले महिला पहलवान विनेश फोगाट को बड़ा झटका लगा है।भारतीय कुश्ती संघ ने उन्हें इस प्रतियोगिता में शामिल होने से रोक दिया है।प्रतियोगिता शुरू होने से 24 घंटे पहले शनिवार अपरान्ह लगभग 3 बजे डब्ल्यू एफ आई ने विनेश फोगाट को कई बिंदुओं पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।जिसमें उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है,जिसके मिलने के बाद ही उनके प्रतियोगिता शामिल होने पर निर्णय लिया जाएगा।विनेश फोगाट को 14 दिन के अंदर नोटिस का जवाब देना होगा।यह नोटिस उनके पंजीकृत पते,ईमेल आईडी और स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया है,ताकि बाद में नोटिस ना मिलने का आरोप ना लगाया जा सके।महिला पहलवान विनेश फोगाट पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं,जिनमें सेवानिवृत्ति,प्रतियोगिता में वापसी,अनुशासनहीनता और भारतीय कुश्ती के हितों को नुकसान पहुंचाने वाला शामिल है।विनेश फोगाट पर पेरिस 2024 ओलंपियाड खेलों में निर्धारित वजन सीमा तक ना पहुंच पाने का भी आरोप है।जिसके परिणामस्वरूप अयोग्यता और शर्मिंदगी हुई।इसके अतिरिक्त उन पर भारतीय कुश्ती संघ के संविधान और नियमों का बार बार उल्लंघन करने का आरोप है।तीसरा आरोप डोपिंग विरोधी नियमों के उल्लंघन से संबंधित है,जिसमें 18 दिसंबर 2025 को दर्ज की गई एक छूटी हुई परीक्षा भी शामिल है।इसे अंतर्राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने 4 मई 2026 के पत्र के माध्यम से वाडा के अंतर्राष्ट्रीय मानक के अनुच्छेद 4,8,8,3 और वाडा के परिणाम प्रबंधन के मानक के अनुच्छेद बी 24 के अनुसार अनुसूचित किया गया था।चौथा आरोप है कि उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ के प्रतियोगिता नियमों का उल्लंघन करते हुए 11 मार्च 2024 को एन आई एस पटियाला में आयोजित चयन परीक्षा में दो बार (50 किलो और 53 किलो) श्रेणियों में भाग लिया।भारतीय कुश्ती संघ ने इन आरोपों को लेकर के जवाब मांगा है और कहा है कि आपसे कारण बताने का अनुरोध किया जाता है कि आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही क्यों शुरू की जानी चाहिए।तह भी आरोप है कि इनके द्वारा सन्यास लेने को लेकर के घोषणा की गई और सन्यास लेने की घोषणा करने के बाद कुछ ही समय में विनेश फोगाट द्वारा अपना सन्यास वापस ले लिया गया था।उन्होंने गोंडा में कल से शुरू हो रहे तीन दिवसीय नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 27 अप्रैल को अपना पंजीकरण भी कराया था।इस प्रतियोगिता में पंजीकरण को लेकर के पहले विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ पर आरोप लगाया था।जब भारतीय कुश्ती संघ ने इस बात की जानकारी दी कि आरोप लगाने से पहले ही विनेश फोगाट का पंजीकरण हो गया है तो उसके बाद विनेश फोगाट ने एक वीडियो जारी किया और कहा कि बृजभूषण के इलाके में कुश्ती हो रही है,यहां पर मैं अपने आप को असुरक्षित महसूस करूंगी और यदि मेरे साथ कुछ होता है तो सरकार जिम्मेदार होगी।यहाँ पर भारतीय कुश्ती संघ द्वारा कुश्ती कराया जा रहा है, जो कि गलत है।विनेश फोगाट के इन आरोपों के बाद भारतीय कुश्ती संघ ने इन सभी आरोपों को नकार दिया था और अब एक बार फिर से भारतीय कुश्ती संघ द्वाराश शोकाज नोटिस जारी किए जाने के बाद विनेश फोगाट को एक बड़ा झटका लगा है।इसकी पुष्टि भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह ने किया।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना कोतवाली नगर में की गयी जनसुनवाई

जनता की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश-

गोण्डा। थाना समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा थाना कोतवाली नगर में जनसुनवाई की गयी। महोदय द्वारा जनता की जनसमस्याओं को सुना गया तथा समस्याओं के त्वरित एवं गुणवक्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया। थाना धानेपुर में जनसुनवाई के दौरान 03 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए है। प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण हेतु राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजा गया है। इसी प्रकार समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों द्वारा अपने अपने थानों पर समाधान दिवस पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण कराया गया।
इस दौरान राजस्व एवं पुलिस के अधि0/कर्मचारी मौजूद रहे।
शिकायत निस्तारण में देवीपाटन मंडल प्रदेश में अव्वल, अप्रैल माह में हासिल किया प्रथम स्थान
*आयुक्त अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश*

*गोण्डा, 09 मई 2026*। — देवीपाटन मंडल ने जनशिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अप्रैल माह में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे टीमवर्क, सतत मॉनिटरिंग और जनहित के प्रति प्रशासनिक प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया, जिसके कारण मंडल को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वास्तविक समाधान को प्राथमिकता दी जाए, ताकि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके।

उन्होंने मंडल के सभी जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी शिकायत का निस्तारण बिना स्थलीय सत्यापन अथवा तथ्यात्मक जांच के न किया जाए।

अपर आयुक्त मीनू राणा ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा केवल कागजी कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि देवीपाटन मंडल आगामी महीनों में भी प्रदेश में प्रथम स्थान बनाए रख सके।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाए, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
थाना को0 देहात पुलिस द्वारा मोबाइल फोन झपटमारी करने वाले 02 अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
कब्जे से 01 मोबाइल फोन(झपटमारी का) व 01 अदद अवैध तमंचा मय कारतूस बरामदः-


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना को0 देहात पुलिस टीम द्वारा मु0अ0सं0-376/2026, धारा 304(2) बीएनएस व बढ़ोत्तरी धारा 317(2) बीएनएस से सम्बन्धित प्रकाश में आया आरोपी अभियुक्तगण- 01. अल्लारक्खा पुत्र खियालू, 02. दद्दू पुत्र कमालू को सालपुर से मोतीगंज की ओर जाने वाली नहर वाली रोड़ से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 01 अदद मोबाइल फोन(झपटमारी का) व 01 अदद अवैध तमंचा मय 01 अदद जिन्दा कारतूस बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरणः-
दिनांक 06.05.2026 को वादी बादशाह उर्फ अयान पुत्र मो0 लईक ग्राम रामापुर दीनपुरवा थाना तरबगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 देहात को सूचना दी गई कि वह अपने ननिहाल धानेपुर से गोण्डा आटो से जा रहा था कि सुनवरसा चौराहे के पास पल्सर पर सवार 02 व्यक्तियों द्वारा झपट्टा मारते हुए उनका मोबाइल फोन लेकर भाग गये।  वादी के लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 देहात में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया ।
आज दिनांक 09.05.2026 को थाना को0 देहात पुलिस टीम द्वारा विवेचना के दौरान प्रकाश में आये आरोपी अभियुक्तो- 01. अल्लारक्खा पुत्र खियालू, 02. दद्दू पुत्र कमालू को सालपुर से मोतीगंज की ओर जाने वाली नहर रोड़ से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 01 अदद मोबाइल फोन(झपटमारी का) व 01 अदद अवैध तमंचा मय 01 अदद कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तारी व  अवैध तमंचा मय कारतूस बरामदगी के आधार आर्मस एक्ट तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना को0 देहात पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गयी।
भयहीन व्यक्ति को रावण बनने में समय नहीं लगता-राजन जी महराज
*बृजभूषण सिंह ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद

गोंडा।जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित जय सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा में चल रही श्रीराम कथा के छठवें दिन पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह व विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह उर्फ़ मंजू सिंह भी शामिल हुए और इस दौरान दोनों ने व्यास पीठ की पूजा अर्चना कर आरती उतारी।इसके साथ ही बृजभूषण शरण सिंह ने पूज्य राजन जी महराज का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।श्रीराम कथा के छठें दिन पूज्य राजन जी महाराज ने केवट प्रेम कथा की शुरुआत की।उन्होंने भगवान राम और केवट के बारे में विस्तार से बताया।कथा वाचन करते हुए राजन जी महराज ने समझाया कि हम आत्मा हैं और भगवान परमात्मा है।आत्मा और परमात्मा के बीच माया एक बाधा है,जो हमें भगवान से दूर रखती है।राजन जी महराज ने आगे कहा कि जब कोई महात्मा इस माया की जगह ले लेता है,तो वह आत्मा और परमात्मा के मध्य संबंध स्थापित कर देता है।उन्होंने जोर देकर कहा कि मनुष्य के जीवन में किसी न किसी का भय होना आवश्यक है और जिस व्यक्ति को किसी का भय नहीं होता,उसे रावण बनने में समय नहीं लगता तथा वह निशंक हो जाता है।राजन जी महराज ने स्पष्ट किया कि जीवन में ऐसा कोई होना चाहिए जो हमें डांट सके।उन्होंने कहा कि सेवा में जब तक भय नहीं आता,तब तक सेवा श्रेष्ठ नहीं हो सकती।भय के प्रवेश से मनुष्य सतर्कता के साथ सेवा करता है,जबकि भय समाप्त होने पर गुरु के प्रति भी अनादर का भाव आ सकता है।पूज्य महराज जी ने कहा कि कभी भी अपने श्रेष्ठ से हाल चाल नहीं पूछा जाता है वरन अपने से श्रेष्ठ से अपना हाल चाल बताया जाता है।राजन जी महराज ने आगे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान राम जैसा और केवट जैसा प्रेम होना चाहिए।आज लोगों के अंदर भगवान राम और केवट जैसा प्रेम नहीं दिख रहा है,एक दूसरे को लोग हीन भावना से देख रहे हैं।एक दूसरे से लोग ईर्ष्या रखते हैं।यह सब सारी चीजें आज खत्म होनी चाहिए तथा भगवान राम की तरह और केवट की तरह लोगों को एक दूसरे से प्रेम करना चाहिए।राजन जी महराज ने कहा कि आज हमारे सनातन समाज में सनातन संस्कृति बहुत पुरानी है और उसी सनातन संस्कृति के तहत लोगों को चलना होगा।जैसे भगवान राम और केवट का प्रेम दिखा।लोगों को जो आज अजर अमर हो गया इस तरीके से यहां पर लोगों को भी एक दूसरे से अपने प्रेम बनाने चाहिए।कथा के दौरान कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह के प्रतिनिधि सुनील सिंह,कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला,नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुमित भूषण सिंह,कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा सहित हजारों की संख्या में भक्त उपस्थित रहे।
श्रावस्ती में आयुक्त का जनसंपर्क एवं निरीक्षण अभियान, जनसुनवाई से लेकर निर्माण कार्यों तक की गहन समीक्षा
*जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, बाढ़ तैयारियों की समीक्षा और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर आयुक्त सख्त*

*गोण्डा , 08 मई 2026* — देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने श्रावस्ती जनपद के दौरे के दौरान जनसुनवाई, विभागीय समीक्षा, निर्माण कार्यों के निरीक्षण तथा “संध्या संवाद कार्यक्रम” में प्रतिभाग कर आमजन से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त ने जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा भी की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, राहत सामग्री की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के समन्वय की जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही सक्रिय एवं सुदृढ़ रखी जाएं।

आयुक्त ने सभी विभागों के कर्मचारियों एवं पेंशनरों (वरिष्ठ नागरिकों) की विभागीय एवं पेंशन संबंधी समस्याओं की भी सुनवाई की। कई पेंशनधारकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा जीपीएफ, पेंशन एवं अन्य देयकों के भुगतान लंबित होने की शिकायत प्रस्तुत की गई। इस पर आयुक्त ने संबंधित विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी लंबित देय भुगतान प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने जनपद में विभिन्न निर्माणाधीन एवं नवनिर्मित परियोजनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मियों के लिए बनाए गए आवासों का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्रावस्ती में संचालित पर्यटन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की परख की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रीट ब्यूटीफिकेशन, बुद्ध वनम पार्क, डोरमेट्री, गेट पिलर, पार्किंग तथा इंटरप्रिटेशन सेंटर सहित विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन किया।
आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा अतिरिक्त मैनपॉवर लगाकर सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास से क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, इसलिए सभी कार्य गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ पूरे किए जाएं।

*दौरे के दौरान आयुक्त ने सीता द्वार मंदिर पहुंचकर दर्शन किया तथा मंदिर की पौराणिक एवं धार्मिक मान्यताओं की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि यह स्थल माता सीता से जुड़ी आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है तथा स्थानीय जनमानस में इसकी विशेष धार्मिक मान्यता है।*

इसके उपरांत आयुक्त ने टेण्डवा महन्थ में *आयोजित “संध्या संवाद कार्यक्रम”* में प्रतिभाग कर ग्रामीणों एवं आमजन से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई।

आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
व्यक्ति से बड़ा उसका व्यक्तित्व होता है - राजन जी महराज
*जिस मनुष्य को मौन होने का ढंग आ गया, उसके शत्रु स्वत: समाप्त हो जाएंगे

गोंडा।जिले के कौड़िया बाजार स्थित जय सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा में आयोजित श्रीराम कथा के चौथे दिन पूज्य राजन जी महाराज ने प्रभु श्रीराम की बाल लीलाओं का मनोहारी संगीतमय वर्णन किया।कथा के दौरान उन्होंने राजा जी खजनवा दे दा,रानी जी गहनवा दे दा...जैसे सोहर प्रस्तुत किए जिससे श्रद्धालु झूम उठे।राजन जी महराज ने लोगों से आत्मचिंतन का आहवान करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को यह सोचना चाहिए कि उसके जाने के बाद किसी घर अथवा समाज का वातावरण कैसा होता है।महराज जी ने कहा कि बड़ा आदमी वह नहीं जिसके पास अपार धन संपत्ति हो,बल्कि बड़ा वह है जिसके आने से घर में दीपावली जैसा आनंद छा जाये।कथा के दौरान उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा उसका व्यक्तित्व होता है‌।व्यक्ति नश्वर है परन्तु उसका व्यक्तित्व सदैव जीवित रहता है।उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम के जन्म के बाद अयोध्या में उत्सव का वातावरण बन गया था और पूरी नगरी आनंद और पवित्रता से भर उठी थी।नामकरण संस्कार का प्रसंग सुनाते हुए महराज जी ने कहा कि गुरु वशिष्ठ ने श्रीराम को आनंदस्वरुप, भरत को प्रेम की मूर्ति, लक्ष्मण को सेवा का प्रतीक और शत्रुध्न को मौन का स्वरूप बताया था।उन्होंने कहा कि जीवन का वास्तविक आनंद वह है जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता,उसे केवल अनुभव किया जा सकता है।राजन जी महराज ने कहा कि भगवान का भजन करना कठिन नहीं है।यदि मनुष्य अपनी बुरी आदतों को सुधार ले,मन की चंचलता पर नियंत्रण कर ले और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाए,वही सच्चा भक्त है।उन्होंने कहा कि जब यन,कर्म और वचन से चतुराई समाप्त हो जाती है तो जीवन सरल हो जाता है और भगवान की प्राप्ती का मार्ग प्रशस्त होता है।महराज जी ने विद्यालयों में केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि संस्कार और विवेक की भी शिक्षा देने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि बिना सत्संग के विवेक संभव नहीं है और सत्संग का अवसर भी उसी को मिलता है,जिस पर भगवान की विशेष कृपा होती है।कथा के दौरान महराज जी ने ऋषि विश्वामित्र के अयोध्या आगमन,राजा दशरथ द्वारा उनके आतिथ्य सत्कार,श्रीराम के चूड़ाकर्म,नामकरण और यज्ञोपवीत संस्कार का भावपूर्ण वर्णन किया,जिसे सुनकर भक्त भाव विभोर हो गये।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती दद्दन मिश्रा,अकबाल बहादुर तिवारी,भवानी भीख शुक्ला,राकेश पांडेय, राजेश तिवारी,मसूद आलम खां,रामभजन चौबे,महेश नारायण तिवारी, अंकित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।आयोजन समिति के अनुसार कथा में प्रतिदिन लगभग 10 हजार श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
विद्युत व्यवस्था पर आयुक्त का  कड़ा रुख,अधिकारियों को लगाई फटकार
*कंपनियों को काली सूची में डालने की चेतावनी

गोंडा।मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिले में विद्युत विभाग की समीक्षा किया।इस दौरान उन्होंने लापरवाही पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए बिजली विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई है।मंडलायुक्त ने परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को तत्काल प्रभाव से अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।आयुक्त नागपाल ने आरडीएसएस योजना के तहत अविद्युतीकृत बस्तियों के विद्युतीकरण और नए कनेक्शन जारी करने की धीमी   प्रगति पर मेसर्स विक्रान इंजीनियरिंग लिमिटेड पर कड़ी नाराजगी जताई है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि  कार्यों में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो कंपनी को काली सूची में डाल दिया जाएगा।विद्यालय परिसरों के ऊपर से गुजर रही एचटी और एलटी लाइनों की शिफ्टिंग में गोंडा में धीमी प्रगति पर भी आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त किया।उन्होंने सभी एजेंसियों को अभियान चलाकर स्कूल परिसरों को जल्द से जल्द बिजली लाइनों से मुक्त कराने के निर्देश दिए।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय के ऊपर बिजली के तार नहीं लटकने चाहिए।मंडलायुक्त ने सरकारी नलकूपों और पेयजल योजनाओं के उर्जिकरण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने,नए विद्युत कनेक्शन जारी करने तथा उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित समाधान करने के भी निर्देश दिए।एसएमएम इंफ्राटेक को एक महीने के भीतर सभी लंबित विद्युत कार्य पूर्ण करने के लिए कहा गया है,अन्यथा कठोर कार्यवाही की जाएगी।आयुक्त ने अन्य कार्यदाई संस्थाओं को दस दिन में लंबित कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगली बैठक तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
एक पखवाड़े बाद भी भाजपा नेता गोलीकांड का नहीं हुआ खुलासा,घायल का चल रहा इलाज
*परिजन कर रहे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

गोंडा।जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को गोली मारे जाने के एक पखवाड़े से अधिक समय व्यतीत हो जाने के बाद भी पुलिस इस मामले का खुलासा करने में असफल रही है।20 अप्रैल को हुई इस घटना के बाद से भूपेंद्र सिंह लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती हैं,जहाँ भूपेंद्र सिंह का इलाज चल रहा है।भूपेंद्र सिंह की हालत में भी बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं है,लेकिन स्थिति सामान्य है।परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने की मांग किया है।यह घटना परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास ग्राम पंचायत के गजराजपुरवा में हुई थी।पुलिस की चार टीमें लगातार इस गोलीकांड की जांच कर रही हैं,परन्तु अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।परिजनों में घटना के खुलासे में लेकर दहशत का माहौल है।भाजपा नेता के परिजनों ने परसपुर थाने में दो नामजद सहित दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया था।परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने नामजद आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया और उन्हें जेल नहीं भेजा गया है।परिजनों का यह भी कहना है कि हमारे घर के सीसीटीवी रिकार्ड को भी पुलिस टीम ले गई है,उसके बाद भी पुलिस टीम खुलासा क्यों नहीं कर रही है।मामले में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है तथा सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।उन्होंने कहा कि तकनीकी और सर्विलांस टीमों की मदद ली जा रही है।साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और अतिशीघ्र मामले का खुलासा किया जाएगा।भूपेंद्र सिंह के परिवार को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी,पुलिस प्रशासन पूरी तरीके से उनके साथ है।
श्रावस्ती में 8 मई को प्रशासन उतरेगा गांवों तक, “संध्या संवाद कार्यक्रम” में आयुक्त करेंगी सीधा संवाद
*जनसुनवाई, योजनाओं का लाभ वितरण और निर्माण कार्यों की पड़ताल—पूरा दिन रहेगा गतिविधियों से भरपूर*

*गोण्डा, 06 मई 2026* - देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशन में 8 मई को जनपद श्रावस्ती में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच तथा शासन की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे से जनसुनवाई के साथ होगी, जहां आयुक्त आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर समाधान के निर्देश देंगी। इसके बाद कर्मचारियों, पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों की विभागीय और पेंशन संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।

दोपहर में आयुक्त विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निरीक्षण के समय सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ मौके पर उपस्थित रहें।

शाम के समय चयनित ग्राम पंचायत में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित होगा, जिसमें ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। साथ ही गांव में विशेष शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा और प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।

आयुक्त ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनता को समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य से प्रशासन गांव स्तर तक पहुंचकर संवाद और समाधान की प्रक्रिया को मजबूत कर रहा है।