रामगढ़ में ‘दिशा’ बैठक: अवैध खनन पर सख्ती, पेयजल और स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश
रामगढ़ - सोमवार को रामगढ़ जिला समाहरणालय सभागार में जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष- सह- हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में रामगढ़ जिले में संचालित विभिन्न विभागों की जनहितकारी और विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। पिछली बैठक में हुए कार्यों की प्रगति पर चर्चा के साथ ही क्षेत्र की कई ज्वलंत और गंभीर समस्याओं पर भी गहन विचार विमर्श हुआ। बतौर समिति अध्यक्ष सांसद मनीष जायसवाल और उपायुक्त ऋतुराज ने जनहित के मुद्दों पर कड़ा रुख अख्तियार किया। बैठक में सबसे गंभीर मुद्दा अवैध खनन का रहा, जहाँ सांसद मनीष जायसवाल ने डीएमओ को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि अवैध कोयला, बालू और पत्थर खनन से न केवल राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि इस क्षेत्र के नदियों पर बने कई इंटेक वेल और कई महत्वपूर्ण पुलों पर भी खतरा मंडरा रहा है। इस पर उपायुक्त ने तत्काल विशेष टास्क फोर्स गठित करने और संवेदनशील इलाकों में चौकीदारों की तैनाती के निर्देश दिए। कौशल विकास के नाम पर केवल कागजी आंकड़े प्रस्तुत करने वाली एजेंसियों को चेतावनी दी गई कि नौकरी के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा और स्थानीय कंपनियों के साथ समन्वय कर युवाओं को वास्तविक रोजगार से जोड़ा जाएगा। साथ ही आरईओ विभाग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में तेजी लाने और संवेदकों की मॉनिटरिंग करने को कहा गया। सामाजिक सुरक्षा के तहत मैय्या योजना के छूटे हुए लाभार्थियों के लिए विशेष कैंप लगाने और पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
कृषि और पशुपालन विभाग को निर्देश दिया गया कि वे योजनाओं का लाभ देने के लिए लगने वाले कैंपों और मेलों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से शामिल करें। स्वास्थ्य विभाग की अव्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी क्लीनिकों में रेफर करने का खेल अब बंद होना चाहिए और अस्पताल के 500 मीटर के दायरे में निजी क्लीनिकों के संचालन पर सख्ती बरती जाए। शिक्षा के क्षेत्र में जिले के खराब परीक्षा परिणाम पर कड़ा संज्ञान लेते हुए शिक्षकों की जवाबदेही तय की गई और जहाँ शिक्षकों की कमी है, वहां इस क्षेत्र में कार्यरत कंपनियों के सहयोग से वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे। जिले के शत प्रतिशत आंगनबाड़ी के केंद्र का निर्माण पूर्ण कराया जाय। शत प्रतिशत अपना भवन, पेयजल, सुविधायुक्त करें। पेयजल स्वच्छता कार्यपालक अभियंता को जमकर फटकार लगाया और उनसे पूर्व के मीटिंग में दिए गए निर्देश के आलोक में जब रिपोर्ट मांगा गया तो उन्होंने हाथ खड़ा कर दिया। रामगढ़ नगर परिषद और ग्रामीण क्षेत्र में बंद पड़े पेयजलापूर्ति योजना और फर्जी आंकड़ा प्रस्तुत करने पर सभी जनप्रतिनिधि एक स्वर में खूब बिफरे। गर्मी का समय है जनता को पानी चाहिए। उन्हें निर्देश दिया गया कि पंचायतवार पेयजल की योजना की स्थिति का जायजा धरातल पर एक सर्वे कराकर जुटाएं, कंज्यूमर फी वसूली को सुनिश्चित करें। जिले में बंद पड़ी सभी बड़े जलापूर्ति योजनाओं को तत्काल आपतकाल बैठक बुलाकर सुचारू कराने की दिशा में उपायुक्त स्तर पर एक हाई लेवल बैठक करने का निर्णय लिया गया है। चरही मोड़ और कुजू से पहले एनएच पर फ्लाईओवर निर्माण कराने, चुटूपालू घाटी पर बंद पड़े शत प्रतिशत स्ट्रीट लाइट को चालू कराने का दिशा- निर्देश दिया गया। एनएचआई ब्लैक स्पॉट पर विशेष फोकस करें ताकि सड़क दुर्घटना के केस शून्य हो सके और लोगों की जान बच सकें।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य यही रहा कि सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके ।
प्रमुख योजनाओं की समीक्षा और निर्देश: बैठक में मनरेगा, अंत्योदय योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम कौशल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, नेशनल रूरल ड्रिंकिंग वॉटर प्रोग्राम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मिशन, अटल मिशन फॉर रिन्यूएबल अर्बन ट्रांसफॉरमेशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, नेशनल हेल्थ मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, इंटीग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट स्कीम, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत पब्लिक इंटीग्रेंट प्रोग्राम, रेलवे, हाईवे, वाटर वेज, माइंस से संबंधित आधारभूत संरचना निर्माण की योजना, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना, ई-नाम, पीएमकेएसवाई, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित कई अन्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। विभिन्न क्षेत्रों के माननीय विधायकों और ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने जनहित में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, जिन पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित प्रमुख गणमान्य व्यक्ति: इस अवसर पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ़ तिवारी महतो, रामगढ़ विधायक ममता देवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, रामगढ़ के उपायुक्त सह समिति के सचिव ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रमुखगण, तथा रामगढ़, दुलमी, चितरपुर, गोला, मांडू और पतरातु प्रखंड के चयनित मुखिया सह समिति सदस्यगण उपस्थित रहे।
2 hours and 3 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0