जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया जिला कारागार का निरीक्षण
रितेश मिश्रा
हरदोई. आज जिलाधिकारी अनुनय झा व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा उनकी शिकायतों को समय से निस्तारित कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारागार के भोजनालय को देखा तथा खाने की गुणवत्ता को खाकर देखा। जेल अधीक्षक को निर्देश दिये कि बंदियों को गुणवत्ता परक भोजन समय से दिया जाये। कारागार के चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित डाक्टरों को निर्देश दिये कि बीमार बंदियों की उचित जांच करायें और गंभीर बीमार बंदियों को जिला चिकित्सालय में भर्ती करायें। इस अवसर पर जेल अधीक्षक, डिप्टी जेलर, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित सभी सम्बन्धित उपस्थित रहें।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले, विपक्षी दलों के विरुद्ध “जन आक्रोश महिला पदयात्रा”

रितेश मिश्रा
हरदोई आज महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने वाले ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के विरुद्ध अध्यक्ष जिला पंचायत प्रेमावती ने मातृशक्तियों के साथ हरदोई मे “जन आक्रोश महिला पदयात्रा” के माध्यम से व्यापक जनाक्रोश प्रदर्शित किया। इस पदयात्रा का उद्देश्य उन विपक्षी दलों के प्रति लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराना था, जिन्होंने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले इस ऐतिहासिक कानून का विरोध कर नारी सम्मान को ठेस पहुंचाने का कार्य किया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि जन आक्रोश मह‍िला पदयात्रा, नारी शक्ति के आक्रोश की हुंकार है, आधी आबादी के 'हक़ पर डाका' डालने वालों को देश की मातृशक्ति कभी माफ नहीं करेगी। सपा-कांग्रेस सहित जिन विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण का विरोध कर हमारी माताओं-बहनों के 'स्वाभिमान' को 'ललकारा' है अब यह जनाक्रोश इनके राजनीतिक भविष्य का हिसाब करेगा। जो दल महिलाओं के अधिकारों और उनके राजनीतिक सशक्तिकरण का विरोध करेंगे, उन्हें जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्तियों ने संकल्प लिया कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के विरुद्ध खड़े होने वाली शक्तियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा तथा समाज में नारी सम्मान के लिए जनजागरण अभियान निरंतर चलाया जाएगा। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष/जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा अलका गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष हरदोई नगर मुदित बाजपेई, जिला मंत्री नीतू चंद्रा, नगर महामंत्री पंकज सिंह, जिला महामंत्री महिला मोर्चा रीना गुप्ता, शोभना गुप्ता, प्रियंका सिंह व् बाबी ओमर सहित क्षेत्रीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
सफाई मजदूर संघ कार्यालय का ईओ ने शुभारंभ किया
रितेश मिश्रा
हरदोई शाहाबाद नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों को पहली बार सफाई मजदूर संघ कार्यालय प्रदान किया गया है जिसका शुभारंभ गुरुवार को अधिशासी अधिकारी के के सोनकर ने किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद वाल्मीकि भी मौजूद रहे। उक्त अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद वाल्मीकि ने बताया शाहाबाद के सफाई कर्मचारियों के लिए गैारवान्वित होने की बात है कि उनके समाज को नगर पालिका परिषद द्वारा पहली बार कार्यालय प्रदान किया गया है। इस कार्यालय के बन जाने के बाद सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता अपने कार्यालय में बैठकर सफाई कर्मचारियों के समस्याओं पर मंथन कर सकेंगे और उनकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए रणनीति तैयार कर सकेंगे। जिला अध्यक्ष सफाई मजदूर संघ बीएम सिंह एडवोकेट ने भी सफाई कर्मचारियों के लिए कार्यालय का शुभारंभ होना एक उपलब्धि बताया। इस अवसर पर जिला महामंत्री उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ मुकेश वाल्मीकि, राष्ट्रीय सफाई मजदूर संघ के नगर अध्यक्ष संतोष बाल्मीकि, उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के नगर अध्यक्ष संजय वाल्मीकि, संदीप वाल्मीकि, कन्हैया लाल, बाल्मीकि सुधीर वाल्मीकि, श्याम बाबू वाल्मीकि, श्याम कुमार उर्फ मुन्ना वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
विद्युत उपकेंद्र कछौना, टीजी-2 रमेश कुमार की सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई*
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* विद्युत उपकेंद्र कछौना में तैनात टीजी-2 रमेश कुमार के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान समारोह को संबोधित करते हुए अवर अभियंता राजकुमार ने रमेश कुमार, जिन्हें क्षेत्र में 'फौजी' के नाम से भी जाना जाता है, के कार्यकाल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि रमेश कुमार ने कछौना क्षेत्र को हमेशा एक परिवार की तरह समझा। उनके व्यवहार और लोगों से सीधे जुड़ाव के कारण बड़ी से बड़ी बाधाएं भी आसानी से दूर हो जाती थीं। उनकी कार्यकुशलता ऐसी थी कि उनकी उपस्थिति मात्र से ही कई समस्याओं का समाधान हो जाता था। क्षेत्र के लोग उनके कार्यकाल और उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपनी विदाई पर सभी का स्नेह और प्यार पाकर सेवानिवृत्त कर्मी रमेश कुमार भावुक नजर आए। इस अवसर पर मुख्य रूप से अवर अभियंता राजकुमार, बी.एल. भारती, अनिल कुमार, आशीष कुमार सहित अन्य सभी कर्मी मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिल्पी हत्याकांड पर परिवार को बंधाया ढांढस*
रितेश मिश्रा
हरदोई। जिले के चर्चित शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड को लेकर रविवार को राजनीतिक सरगर्मी उस वक्त तेज हो गई, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गढ़ी रसूलपुर पहुंचे। उन्होंने शिल्पी कुशवाहा के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया।सपा मुखिया ने शिल्पी के पिता राम रईस कुशवाहा सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खाट पर बैठकर काफी देर तक बातचीत की। उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि बेटी के साथ हुई यह दर्दनाक घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।इस दौरान अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग के रूप में 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय की लड़ाई में पूरा सहयोग करेगी।
गौरतलब है कि शिल्पी हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते तत्कालीन मल्लावां थाना प्रभारी शिवाकांत पांडे उप निरीक्षक प्रदीप पांडे को भी निलंबित किया जा चुका है। इस घटनाक्रम के बाद से मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
अपने संबोधन में सपा प्रमुख ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इस मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिलेश यादव के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में समर्थकों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गांव और आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इसके बाद सपा मुखिया ने क्षेत्र के प्रसिद्ध छोटी काशी मल्लम्मा सुनासीर नाथ बाबा मंदिर में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। दर्शन के उपरांत वे लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए।
महिला जन आक्रोश पदयात्रा का किया गया आयोजन।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज (हरदोई)।भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार गुरुवार को महिला मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में महिला जन आक्रोश पदयात्रा निकालकर आम जनमानस को जागरूक किया गया। इसी कड़ी में महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा महिलाओं के आरक्षण के लिए नारेबाजी भी की गई। इस दौरान कोतवाली बेनीगंज के महिला कांस्टेबल एवं पुरुष कांस्टेबल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला मंडल अध्यक्ष मोर्चा लक्ष्मी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार किया जा रहा है तथा महिलाओं के आरक्षण को लेकर जन-जन को जागरूक करने के उद्देश्य से रास्तों एवं गलियों में रैली निकाली जा रही है।इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से बेनीगंज मंडल अध्यक्ष रोहित वैश्य ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि ऐसी सपा,कांग्रेस जिन्होंने विरोध कर महिलाओं का आरक्षण लागू नहीं होने दिया है, जिसके क्रम में महिलाओं को आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। आगामी आने वाले चुनाव में दिखा देंगे, जो महिलाओं से छेड़छाड़ करता है ऐसे दलों को ऐसे नेताओं को संसद में आने के करके लायक नहीं छोड़ेंगे।
यह पद यात्रा बेनीगंज के सिकिलिन टोला मोहल्ला से छोटे चौराहे एवं नगर के कई गलियों में अपनी जन आक्रोश पद यात्रा को विराम दिया गया।
इस यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष बेनीगंज रोहित वैश्य, भाजपा महिला मंडल अध्यक्ष बेनीगंज लक्ष्मी सिंह, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बेनीगंज ऋषिकेश अस्थान, भाजपा मंडल महामंत्री कृष्ण कुमार शुक्ला उर्फ बड़क्के, पूर्व चेयर मैन प्रतिनिधि राकेश वैश्य, मुन्नी देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी, शारदा मौर्य,रूपरानी,निधिसिंह, रामकली, रामदेवी, रिंकी मौर्य, साधना सिंह, जय देवी,महिमा, रामकली सहित तमाम महिलाओं एवं भाजपा के पदाधिकारी तथा स्थानीय पुलिस इस रैली में शामिल रहे।
सी.बी.जी. इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह कार्यक्रम संपन्न
पीयूष तिवारी
हरदोई बेनीगंज - नगर के सीबीजी इंटर कॉलेज ऑफ साइंस, कुर्सी रोड में आयोजित सम्मान समारोह में श्री चौरासी कोशीय परिक्रमा सेवा समिति, नैमिषारण्य के तत्वाधान में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष पहला आश्रम के महंत नारायण दास, नन्हकू दास (डंका वाले बाबा) एवं महासचिव बनगढ़ आश्रम के महंत संतोष दास खाकी ने पौराणिक महत्व के नैमिषारण्य तीर्थ की चौरासी कोशीय परिक्रमा के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पत्रकारों तथा पड़ाव स्थलों पर सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान नगर पालिका संडीला के ईओ, नगर पंचायत बेनीगंज व कछौना के ईओ तथा स्वास्थ्य विभाग से सहयोग देने वाले सीएचसी कोथावां के अधीक्षक डॉ. विपुल वर्मा को अनुपस्थिति में प्रशस्ति पत्र प्रेषित किए गए। समारोह में उपस्थित पत्रकारों में विमल त्रिपाठी, सुदेश शुक्ला, नरेंद्र शुक्ला, पीयूष तिवारी, हिमांशु तिवारी, रोहित मिश्रा, संतोष मिश्रा, अरुणेश बाजपेई व बुद्धसेन,पुनीत मिश्रा,राजीव त्रिपाठी,पंकज सिंह चौहान , नगर पंचायत बेनीगंज से मिलन त्रिपाठी आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरजेश तिवारी ने आगंतुक महंतों एवं पत्रकारों का स्वागत किया। कार्यक्रम में पड़ाव प्रभारी दुर्गा शरण एवं आचार्य राम शब्द शास्त्री भी मौजूद रहे। समिति के महासचिव महंत संतोष दास खाकी ने बताया कि पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य की अति प्राचीन परिक्रमा के पड़ाव स्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रशासन, संत-महात्माओं, तीर्थ पुरोहितों और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इसे और व्यापक व सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में काम करें।
मनोकामना माता मंदिर में राधा कृष्ण की मूर्ति स्थापित, कलश यात्रा निकाली
रितेश मिश्रा
हरदोई। शाहाबाद नगर क्षेत्र के मनोकामना माता मंदिर दिलेरगंज में विशाल कलश शोभा यात्रा निकालकर राधा कृष्ण की मूर्ति की विधि विधान से स्थापना की गई। बुधवार को दोपहर 12:00 बड़ी संख्या में पीले वस्त्र धारण करके महिलाएं नर्मदा स्थल पहुंची। यहां पर पूजन अर्चन के बाद महिलाओं ने कलश में जल एकत्रित किया और ढोल नगाड़े और गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा में शामिल होकर स्थापना स्थल तक पहुंचीं।  कलश यात्रा में महिलाएं भक्ति पूर्ण गीतों पर थिरक रही थी। यह कलश यात्रा नर्मदा स्थल से स्टेट बैंक, बड़ी बाजार, सदर बाजार होते हुए स्थापना स्थल दिलेरगंज मनोकामना माता मंदिर पहुंची। जहां पर पुरोहित द्वारा विधि विधान से राधा कृष्ण की मूर्ति को स्थापित किया गया।
कार अनियंत्रित होकर पलटी, महिला गंभीर रूप से घायल
रितेश मिश्रा
हरदोई। शाहाबाद कोतवाली के हाईवे पर हरियाली बाजार के पास तेज रफ्तार कार चालक की आंख लग जाने की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे कार में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अनिल कुमार निवासी मुंडा धामू लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। जयपुर में काम करता है और परिवार के साथ रहता है। अपनी पत्नी आरती को लेकर जयपुर से कार द्वारा अपने घर जा रहा था। बुधवार की सुबह 6:00 बजे अचानक उसकी आंख लग गई और कार नियंत्रित होकर पलट गई जिससे उसकी पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को तत्काल सीएचसी शाहबाद लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
दस बीघा गेहूं की फसल जलकर हुई राख
रितेश मिश्रा
हरदोई। शाहाबाद नगर क्षेत्र के मोहल्ला महमंद में मंगलवार की रात्रि 9:00 बजे आतिशबाजी की चिंगारी से काटकर एकत्रित की गई गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अनीस के अनुसार उसने अपनी 10 बीघा गेहूं की फसल काटकर एकत्रित कर दी थी। थ्रेसर का इंतजाम कर रहा था। अचानक आतिशबाजी की चिंगारी उसकी एकत्रित गेहूं की फसल पर गिर गई जिससे उसका गेहूं पूरी तरह से जलकर राख हो गया। गेहूं जलने की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई लेकिन समाचार प्रकाशन तक तहसील से कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर मौका मुआयना करने के लिए नहीं पहुंचा। अनीश दाने-दाने को मोहताज हो गया है।