बड़ागांव थाना क्षेत्र में चोरों की बहार, बंद पड़े मकानों को बना रहे अपना शिकार

वाराणसी। जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र-अंतर्गत ग्राम चंगवार , तेलारी, विराव, सिसवां, मधुमखिया मे पिछले कुछ दिनों से बंद मकानों के ताले व दरवाज़ों को तोड़ कर,एवं छतों के रास्ते चोरी का सिलसिला लगातार जारी है। फलस्वरूप क्षेत्र मे चोरों के आतंक से जनता खौफ जदा है, जबकि बड़ागाँव थाने के  अधिकारी-कर्मचारी पीड़ितों की शिकायत भारी मसक्कत के बाद दर्ज करते तो है ,पर मौका मुयायना कर शिकायतकर्ता को ही सीसी टीवी कैमरा न लगाने, मकान बंद रखने और तरह तरह के प्रश्न करके हैरान- परेशान करते है , कार्यवाही के नाम पर मामला शिफर ही रहता है। पुलिस की उदासीनता और निष्क्रियता से जनता में भारी रोष व्याप्त है। दर्जनभर चोरी की वारदातों के पीड़ित लोग पुलिस के आला अफसरों से मिलने और आंदोलन की तैयारी में जुटे है।
ज्ञातव्य है कि तेलारी गांव के निवासी पुलिसः विभाग में कार्यरत  विशाल सरोज के मकान का ताला तोड़कर चोर लाखो की संपत्ति उड़ा ले गएथे। सरोज की तहरीर केबाद कुछ नामचीन चोरो,बदमाशो को  बड़ागाँव थाने द्वारा पीड़ितों की मदद से पकड़ा गया था, पर कहा जाता है कि भारी रिश्वत खोरी और राजनीतिक दबाव के चलते उन कथित चोरों  को छोड़ दिया गया।
बताते है कि चंगवार गांव के निवासी,रिटायर शिक्षक शोभनाथ महानंद पांडे के के मकान का ताला तोड़कर दो- दो बार सोने चाँदी के आभूषण,कैश, कपड़ा,अनाज सहित लाखो का सामान चोर ले गए।मकान में लगे सी सी टी वी कैमरे मे कई चोरो की तस्वीर और आवाज भी कैद है। जिसका फुटेज पुलिस को सौंपा गया है । एक ही घर मे दो माह में दो बार चोरी मेभी प्राथमिक तहरीर लिखित तो ली गयी पर कार्यवाई के नाम पर पीड़ित को ठेगा ही दिखाया गया। इसी दौरान चंगवार में ज्वाला पांडेय के मकान का ताला तोड़कर लाखो की संपत्ति चोरी हुई । इसी दौरान चंगवार में सुशील गुलाब पाण्डेय के मकान में  चोर छत पर चढ़कर सीढ़ी के दरवाजे का कुंडी तोड़ कर घुसे और 9 कमरो के ताले कुंडी तोड़कर घर मे रखे  कपाटो, तिजोरी, लाकर, पेटियों को तोड़कर सोने,चांदी के आभूषण ,फूल और पीतल ,चाँदी के वर्तन, कपड़े अनाज सहित लाखों की चोरी किया।इस मामले में सुशील पाण्डेय द्वारा 112 व ऑनलाइन शिकायत देने के बाद पुलिस अधिकारी अविनाश गुप्ता साधौगंज चौकी से मौके पे आये जाँच पड़ताल किये फ़ोटो वीडियो लिए और अपने वरिष्ठ अधिकारी प्रवीण सिंह को स्थिति अवगत कराएं फिर यह कह कर चले गए कि हमारे साहब भी इन चोरो से परेशान हो गए है । हम कुछ करते है। क्या यही है योगीजी की जांबाज पुलिस? सूत्र बताते है कि मात्र दो माह में चंगवार , तेलारी , सिसवा, विराव, मधुमखिया, में दर्जन भर बंद मकानों में चोरी की बारदातो को अंजाम देकर चोरो ने करोड़ो का माल उड़ाया है । पुलिस कई मामलों में तो एफ आई आर भी दर्ज नहीं किया ।और दूसरी घटनाओ में मर्ज कर जांच करने की बात पीड़ितों से कह कर उन्हें टाल दिया जाता है।जिससे पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में है।
प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीकाशी विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, बच्चों पर बरसाया प्यार, हरदोई रवाना
वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अन्तिम दिन बुधवार सुबह काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के स्वर्णिम दरबार में विधिवत हाजिरी लगाई। वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच मंदिर के स्वर्णमंडित गर्भगृह में बाबा के पावन ज्योतिर्लिंग का षोडशोपचार पूजा,अभिषेक अर्चक ओम प्रकाश मिश्र सहित पांच ब्राह्मणों ने कराई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भी काशीपुराधिपति के प्रति अनुराग, श्रद्धाभाव दिखाते हुए मंत्रोंच्चार का उच्चारण किया और देश में सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

दर्शन पूजन के बाद प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद शिवभक्तों का अभिवादन किया। काशी के 54वें दौरे पर आए प्रधानमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर में 51 ब्राह्मणों की शंखध्वनि के बीच प्रवेश किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे लगाए गए। धाम में डमरूओं के निनाद, बटुकों के शंखनाद के बीच मंदिर न्यास के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन करने के बाद प्रधानमंत्री हरदोई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।

इसके पहले सुबह लगभग आठ बजे प्रधानमंत्री मोदी बरेका गेस्ट हाउस से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए । प्रधानमंत्री बरेका गेस्ट हाउस से ककरमत्ता आरओबी होते मंडुवाडीह चौराहा, फिर फुलवरिया फ्लाईओवर के रास्ते सेंट्रल जेल रोड के हॉकी चौराहा रोड शो करते हुए पहुंचे। यहां से जेपी मेहता तिराहा होते आंबेडकर चौराहा,कचहरी गोलघर होते पुलिस लाइन तिराहा आए। पुलिस लाइन तिराहा से मकबूल आलम रोड होते हुए चौकाघाट, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन के रास्ते लगभग 14 किलोमीटर की दूरी तय कर मंदिर पहुंचे। इस दौरान राह में भाजपा कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने ढोल, नगाड़ों, डमरू व शंखनाद के साथ ही गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर हर-हर महादेव एवं जय श्रीराम के उद्घोष के बीच अभूतपूर्व स्वागत किया। पूरे यात्रा मार्ग में लोगों ने फूल बरसाए। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और जय श्रीराम का उद्घोष होता रहा। गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर लोग प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते नजर आये। काशीवासियों का प्यार, दुलार और अपनत्व के भाव से अभिभूत पीएम मोदी खुद को रोक नहीं पाए और हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार करते आगे बढ़ते रहे।

दर्शन पूजन के बाद प्रधानमंत्री मोदी को भाजपा के स्थानीय नेताओं ने त्रिशूल और डमरू भेंट किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने त्रिशूल और डमरू दिखाकर शिवभक्तों के हर—हर महादेव के उद्घोष का अभिवादन किया। इस दौरान महापौर अशोक तिवारी,प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर आदि भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मंदिर चौक में दर्शन के लिए आए बच्चों पर प्यार लुटाया और उनसे बातचीत कर स्नेह से उनका सिर सहलाया। उन्होंने बच्चों से कुछ पूछा तो वे खिलाखिलाते दिखे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेरका से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर तक के मेगा रोड शो में उमड़े लोग, पुष्पवर्षा के साथ शाही स्वागत
वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अन्तिम दिन आज सुबह काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के स्वर्णिम दरबार में दर्शन-पूजन के लिए बरेका गेस्ट हाउस से निकले। प्रधानमंत्री का काफिला जैसे ही बरेका के मुख्यद्वार पर पहुंचा भाजपा कार्यकतार्आ ने प्रधानमंत्री मोदी का शाही अंदाज में विजेता नायक की तरह शंखध्वनि,पुष्पवर्षा के बीच भव्य स्वागत किया।

प्रधानमंत्री का काफिला श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के लिए बढ़ा तो राह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर गगनभेदी मोदी—मोदी, नारेबाजी के बीच गुलाब की पंखुड़ियों की बौछार की। कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने जय-जय श्रीराम, हर-हर महादेव का उद्घोष किया। महिला कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री का काफिला भी धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहा।

प्रधानमंत्री ककरमत्ता आरओबी होते मंडुवाडीह चौराहा, फिर फुलवरिया फ्लाईओवर के रास्ते सेंट्रल जेल रोड के हॉकी चौराहा रोड शो करते हुए पहुंचें। यहां से जेपी मेहता तिराहा होते आंबेडकर चौराहा,कचहरी गोलघर होते पुलिस लाइन तिराहा आए। पुलिस लाइन तिराहा से मकबूल आलम रोड होते हुए चौकाघाट, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन के रास्ते लगभग 14 किमी दूरी तय कर मंदिर पहुंचें।

लगभग 14 किलोमीटर की दूरी में भाजपा वाराणसी जिला एवं महानगर इकाई ने पांच स्वागत प्वाइंट बनाए। हर स्वागत प्वाइंट पर सड़क के दोनों छोर पर खड़े नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाहनों के काफिले में प्रधानमंत्री को देख मोदी-मोदी का गगनभेदी नारा भी लगाया। अपनी काशी के नागरिकों का दुलार और प्यार देख गदगद प्रधानमंत्री भी कभी हाथ जोड़कर तो कभी हाथ हिलाकर नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पलक पांवड़े बिछाए कार्यकर्ता अलसुबह से स्वागत प्वाइंट पर डटे रहे।

राह में प्रधानमंत्री को देखने और उन पर पुष्पवर्षा के लिए महिलाएं और बच्चे भी अपने मकानों के छतों, बालकनी में उत्साहित दिखे। सड़क के किनारे बने बैरिकेडिंग में दोनों तरफ खड़े युवाओं,महिलाओं को देख प्रधानमंत्री ने भी हाथ जोड़ कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बैरिकेडिंग में देर तक डटे रहे। इसके पहले प्रधानमंत्री के रोड शो के लिए मैदागिन से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक ट्रैफिक जीरो किया गया। पैदल चलने वालों को भी सड़क के किनारे किया गया। सुबह सात बजे अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने मैदागिन से काशी विश्वनाथ तक निरीक्षण किया। वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई । रोड शो के लिए रास्ता खाली कराया गया।
सीएम योगी ने मुजफ्फरनगर दौरे से पूर्व किया यह पोस्ट

महर्षि शुकदेव की पावन तपोभूमि मुजफ्फरनगर आज विकास और विश्वास के एक नए अध्याय की साक्षी बनने जा रही है।
आज के ऐतिहासिक अवसर पर ₹951 करोड़ से अधिक लागत की 423 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही, पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा का अनावरण कर उनकी लोकसेवा की प्रेरणादायी परंपरा को नमन किया जाएगा। इसके साथ ही, रोजगार मेले में युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जो उनके सपनों को नई उड़ान देंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के समग्र विकास और युवाओं के सशक्त भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
वाराणसी में “स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ, मुख्यमंत्री योगी ने बांटी पाठ्य सामग्री और सम्मानित किए निपुण विद्यार्थी
वाराणसी। योगी आदित्यनाथ ने शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए “स्कूल चलो अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षिक नवाचार एवं उपलब्धियों की पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कक्षाओं के छात्रों को पाठ्यपुस्तकों एवं शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया। इनमें कक्षा एक के विकास, कक्षा दो की श्रेया सोनकर, कक्षा तीन की कजरी, कक्षा चार की दीपशिखा, कक्षा पांच की रोली सोनकर, कक्षा छह की श्रेया यादव और कली केशरी, कक्षा सात की रुचि यादव तथा कक्षा आठ की साक्षी गुप्ता शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने जनपद के पांच “निपुण विद्यालयों” के प्रधानाध्यापकों—प्राथमिक विद्यालय नयापुर, सगुनाहा, फरीदपुर तथा कंपोजिट विद्यालय भसार और महमूरगंज—को प्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही अभय कुमार पटेल, जानवी, श्रेयांश, नैंसी और सरस्वती जैसे “निपुण विद्यार्थियों” को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने “स्कूल चलो अभियान” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले नौ वर्षों में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं, जिनमें विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विकास, ड्रॉपआउट दर में कमी और नामांकन अनुपात में वृद्धि शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि निपुण भारत अभियान के तहत उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। मंत्री ने बालिकाओं की शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को कक्षा 8 से 12 तक उन्नत किए जाने तथा शेष ब्लॉकों में नए विद्यालय स्थापित करने की जानकारी दी। साथ ही प्री-प्राइमरी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए “बाल वाटिका” की शुरुआत का भी उल्लेख किया, जहां 3 से 6 वर्ष के बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि 2017 से पहले की नकल आधारित शिक्षा व्यवस्था के विपरीत, वर्तमान सरकार नकलविहीन परीक्षाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दे रही है।
बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ आज गंगा आरती में शामिल होंगे कृपाशंकर सिंह
वाराणसी। बॉलीवुड की प्रख्यात अभिनेत्री तथा करोड़ों दिलों की धड़कन माधुरी दीक्षित आज वाराणसी पहुंच गई हैं। वे कल शाम 5:30 बजे पीएनजी ज्वैलर्स के वाराणसी शाखा उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह भी मुख्य अतिथि के रूप में इस समारोह में शामिल होंगे। पिंडरा के विधायक डॉ अवधेश सिंह तथा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा उद्घाटन समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वाराणसी पहुंचने पर कृपाशंकर सिंह ने पूर्वांचल के लोगों की तरफ से माधुरी दीक्षित का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। आज शाम वे उनके साथ गंगा आरती में शामिल होंगे। कल सुबह माधुरी दीक्षित के साथ कृपाशंकर काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे।
वाराणसी में जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
वाराणसी। जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक वाराणसी में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार तथा समाज सेवा के कार्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि ट्रस्ट द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जनहितकारी कार्यों को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में संगठन के उद्देश्यों और आगामी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। ट्रस्ट के माध्यम से जन सेवा, गौ सेवा एवं संरक्षण, जन जागरूकता अभियान, नारी सशक्तिकरण, लघु उद्योग स्थापना, पर्यावरण संरक्षण, तथा बेजुबान पशु-पक्षियों की सेवा जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चलाने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त संगठन द्वारा स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण अभियान, गरीब एवं जरूरतमंदों की सहायता, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, शिक्षा सहायता अभियान, युवा जागरूकता कार्यक्रम, नशा मुक्ति अभियान, कौशल विकास प्रशिक्षण, गरीब कन्याओं की सहायता, जल संरक्षण अभियान, आपदा राहत सेवा, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम, तथा समय-समय पर कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन के कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाई जाएगी। सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि संगठन का उद्देश्य केवल नाम मात्र नहीं बल्कि वास्तविक रूप से समाज सेवा के कार्यों को धरातल पर उतारना है। इस अवसर पर संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुवंश उपाध्याय ने कहा कि इस संस्था का का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में संस्थापक रघुवंश उपाध्याय ,अध्यक्ष ज्योतिका उपाध्याय, कार्यकारी सदस्य रेखा यादव, वाराणसी जिलाध्यक्ष सरोज यादव, किरण देवी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता बनाए रखने का लें संकल्प : बृजेश सिंह
वाराणसी। होली प्रेम, भाईचारा और एकता का त्यौहार है। यह त्यौहार नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। आप सभी अपने जीवन में अच्छे काम करते हुए समाज को संगठित और सद्भावना पूर्ण बनाए रखने का संकल्प लें। वाराणसी के सिगरा स्थित अपने आवास रघुनंदन पर आयोजित होली मिलन समारोह में आए हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए पूर्व विधान परिषद सदस्य तथा पूर्वांचल के बाहुबली नेता बृजेश सिंह ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि समाज की पीड़ा समझने वाला व्यक्ति ही असली इंसान होता है। आपके बगल में यदि कोई गरीब भूखा पेट सोता है, तो आपका जीवन निरर्थक है। उन्होंने कहा कि हर त्यौहार हमें आपसे प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। धर्म और जाति से ऊपर उठकर हमें एक दूसरे की मदद के लिए आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर उनके समर्थकों ने विशाल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। बृजेश सिंह ने सबको होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
दहेज मन की मुराद पूरी नहीं होने पर एक सुहागन को छत से नीचे फेंक दिया गया

यूपी के मोदीनगर के गदाना गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बतौर दहेज मन की मुराद पूरी नहीं होने पर एक सुहागन को छत से नीचे फेंक दिया गया। बेतरह जख्मी रेणु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता रेणू, जो पिलखुवा की रहने वाली है, तीन साल पहले सपनों से सजी डोली में इस घर आई थी। लेकिन ससुराल वालों की मांग थी, कार और पांच लाख रुपये! इल्जाम है कि मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल पक्ष लगातार मारपीट और प्रताड़ना करते रहे।

इल्जाम है कि पति और ससुर ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा और फिर जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया!नीचे गिरते ही रेणू की चीखें सुनकर लोग दौड़े और फिर उसे अस्पताल ले गये। जख्मी पीड़िता के बयान पर पुलिस ने पति राजू, ससुर ब्रह्मप्रकाश, सास रेखा समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर जल्द सख्त कार्रवाई की जायेगी।
डेस्क टू पिच कप – सीजन 1 : चौथा मुकाबला | WTC Star11 की दमदार जीत

जिज्ञासा क्रिकेट ग्राउंड

लखनऊ। कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट डेस्क टू पिच कप – सीजन 1 के चौथे मुकाबले में WTC Star11 ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए Lucknow Super Strikers को करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

  • WTC Star11 की विस्फोटक बल्लेबाजी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए WTC Star11 ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सुमित चौधरी ने तूफानी पारी खेलते हुए मात्र 28 गेंदों पर 47 रन बनाए। 6 चौके,1 छक्का ।

Lucknow Super Strikers की ओर से गेंदबाजी में

संजय पासी – 2 विकेट

हरी प्रकाश – 2 विकेट

ने अच्छी कोशिश की, लेकिन विपक्षी टीम को बड़े स्कोर से रोकने में कामयाब नहीं हो सके।

  • लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई Lucknow Super Strikers

221 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी Lucknow Super Strikers की टीम शुरुआत से दबाव में नजर आई। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 144 रन ही बना सकी। आकाश ने अकेले दम पर संघर्ष करते हुए 45 गेंदों पर 64 रन बनाए।

  • 8 चौके
  • 2 छक्के, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।

WTC Star11 की ओर से गेंदबाजी में राहुल, हेमंत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहम विकेट झटके और विपक्षी टीम को लक्ष्य से काफी दूर रोक दिया।

  • पुरस्कार विजेता
  • मैन ऑफ द मैच: सुमित चौधरी
  • सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: आकाश (64 रन)
  • सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: राहुल

WTC Star11 की यह जीत न केवल शानदार रही, बल्कि टीम के संतुलित प्रदर्शन ने यह संकेत भी दे दिया है कि वह इस टूर्नामेंट की प्रबल दावेदारों में से एक है।