यूपी में 12,135 वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण रद्द * गलत दस्तावेज और अधूरे ब्यौरे पर बड़ी कार्रवाई, लखनऊ में सबसे ज्यादा 1114 रजिस्ट्रेशन निरस्त

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वक्फ संपत्तियों के सत्यापन अभियान के तहत बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। गलत, अधूरे और विसंगतिपूर्ण अभिलेख मिलने पर प्रदेश की 12,135 वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की ओर से की गई है।
प्रदेश में कुल 1.26 लाख वक्फ संपत्तियां पंजीकृत हैं, जिनका विवरण केंद्र सरकार के UMEED पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इसके लिए 6 जून तक पंजीकरण की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
निरस्त पंजीकरणों में लखनऊ सबसे ऊपर है, जहां 1114 वक्फ संपत्तियों का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया। इसके अलावा बिजनौर में 1003, सहारनपुर में 990, बाराबंकी में 577, अमरोहा में 86, बागपत में 60 और बरेली में 17 मामलों में कार्रवाई की गई है।
वक्फ बोर्ड के अनुसार जिन संपत्तियों के दस्तावेज अधूरे पाए गए, विवरण गलत मिला या रिकॉर्ड में विसंगतियां सामने आईं, उनका पंजीकरण निरस्त किया गया है। संबंधित प्रबंधन समितियों को अब सही अभिलेखों के साथ दोबारा आवेदन करना होगा।
इस कार्रवाई को वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
भीषण गर्मी से यूपी बेहाल: बांदा देश में सबसे गर्म, 100 हॉट शहरों में 37 यूपी के




नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। शनिवार को बांदा 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। मौसम के आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 92 भारत के रहे, जिनमें 37 शहर उत्तर प्रदेश के शामिल हैं। इससे प्रदेश में गर्मी की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी पारा खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आगरा और हमीरपुर में तापमान 44 डिग्री के पार रहा। गाजियाबाद में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ और नोएडा में भी लू के थपेड़ों से लोग परेशान रहे। दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही और दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा। हालांकि 28 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
भीषण गर्मी से यूपी बेहाल: बांदा देश में सबसे गर्म, 100 हॉट शहरों में 37 यूपी के
नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। शनिवार को बांदा 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया।
मौसम के आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 92 भारत के रहे, जिनमें 37 शहर उत्तर प्रदेश के शामिल हैं। इससे प्रदेश में गर्मी की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी पारा खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आगरा और हमीरपुर में तापमान 44 डिग्री के पार रहा। गाजियाबाद में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ और नोएडा में भी लू के थपेड़ों से लोग परेशान रहे।
दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही और दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा।
हालांकि 28 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
बागपत से जुड़े संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी एवं सुधांशु सोम को उसी पाकिस्तान गैंग से लगातार धमकियां, समस्त उच्च अधिकारियों को
लखनऊ । श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट, मथुरा के अध्यक्ष एवं मुख्यवादी पक्षकार पूज्य आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज तथा श्री कृष्ण सेना के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सुधांशु सोम को पिछले कई दिनों से पाकिस्तान स्थित  गैंग/आतंकी तत्वों द्वारा लगातार जान से मारने एवं बम से उड़ाने की गंभीर धमकियां मिल रही हैं।

बताया गया है कि  22 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2 बजकर 45 मिनट पर पहली बार धमकी भरा फोन एवं वॉइस संदेश प्राप्त हुआ, जिसके बाद से लगातार कॉल और वॉइस एसएमएस के माध्यम से धमकियां दी जा रही हैं। धमकी देने वाला व्यक्ति स्वयं को पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग का सदस्य बताते हुए मुकदमे वापस लेने का दबाव बना रहा है।

उक्त घटनाक्रम के बीच हाल ही में उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा जिन संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें जनपद बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान तथा दिल्ली निवासी समीर खान के नाम सामने आए हैं, जिससे इस पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

इस संबंध में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज की ओर से केंद्रीय गृह मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन, पुलिस महानिदेशक, एडीजी (कानून व्यवस्था), एटीएस, पुलिस आयुक्त प्रयागराज सहित विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों को लिखित शिकायत भेजकर तत्काल सुरक्षा प्रदान करने एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी।
विश्व पशुचिकित्सा दिवस पर लखनऊ में भव्य अधिवेशन व सम्मान समारोह का आयोजन

  • मंत्री धर्मपाल सिंह बोले- पशु चिकित्सक खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य के सच्चे संरक्षक

लखनऊ। “विश्व पशुचिकित्सा दिवस” के अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ द्वारा भव्य अधिवेशन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पशुधन विकास, दुग्ध विकास एवं राजनीतिक पेंशन विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पशु चिकित्सक केवल पशुओं के उपचारकर्ता ही नहीं, बल्कि पशुधन, खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य के सच्चे संरक्षक हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पशुचिकित्सा दिवस पूरी दुनिया में पशु चिकित्सकों के समर्पण, सेवा और योगदान के सम्मान में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “Veterinarians: Guardians of Food and Health” बेहद प्रासंगिक है। यह बताती है कि पशु चिकित्सकों की भूमिका केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि सुरक्षित दुग्ध उत्पादन, पोषण, खाद्य श्रृंखला की मजबूती और मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा से भी जुड़ी है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि यदि पशुधन स्वस्थ और उत्पादक रहेगा तो किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और लाखों परिवार अपनी आजीविका के लिए पशुधन पर निर्भर हैं। उन्होंने पशु चिकित्सकों, पैरावेट कर्मियों और विभागीय अधिकारियों से सेवा भावना, संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की पशुपालन एवं दुग्ध विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम में गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्त ने कहा कि गौसंरक्षण, पशुधन संवर्धन और ग्रामीण समृद्धि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में पशु चिकित्सा अधिकारियों का अमूल्य योगदान है। वहीं, पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने आयोजन की सराहना करते हुए विभाग और संघ के बीच बेहतर समन्वय से पशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर पशुपालन विभाग के निदेशक (प्रशासन एवं विकास) डॉ. मेम पाल सिंह, निदेशक (रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र) डॉ. राजेंद्र, बड़ी संख्या में पशु चिकित्सक, विभागीय अधिकारी और गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ के अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार ने किया।

वाराणसी को 24×7 बिजली राहत, ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुरू की हाईटेक विद्युत वैन सेवा

* तीन शिफ्टों में तैनात रहेगी विशेष टीम, ट्रांसफॉर्मर बदलने से लेकर HT फॉल्ट तक होगा तुरंत समाधान

वाराणसी/ लखनऊ। वाराणसी जिले के बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और बेहतर विद्युत आपूर्ति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शहर में दो अत्याधुनिक 24×7 विद्युत वैन सेवा का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य बिजली फॉल्ट दूर करने में लगने वाले समय को कम करना और उपभोक्ताओं को तत्काल राहत उपलब्ध कराना है।
आधुनिक तकनीक और सुरक्षा उपकरणों से लैस इन विशेष वैनों के जरिए हर प्रकार की तकनीकी खराबी का मौके पर ही तेजी से समाधान किया जाएगा।

* तीन शिफ्टों में 24 घंटे सेवा
इन वैनों पर तैनात कर्मचारी 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में कार्य करेंगे, ताकि शहर में चौबीसों घंटे सेवा उपलब्ध रहे। प्रत्येक शिफ्ट में सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर सहित प्रशिक्षित टीम मौजूद रहेगी।

- वैन से मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं:

-HT लाइन रखरखाव और ब्रेकडाउन सुधार

-जरूरत पड़ने पर ट्रांसफॉर्मर और क्रॉस आर्म का तत्काल प्रतिस्थापन
-भूमिगत और AB केबल फॉल्ट का त्वरित पता लगाना और मरम्मत
-टूटे या झुके हुए बिजली खंभों को सीधा करना या बदलना
-ओवरहेड लाइनों की सुरक्षा के लिए पेड़ों की छंटाई
-नियमित लाइन सर्वे कर संभावित फॉल्ट पहले ही दूर करना
-बिजली बाधित होने पर मौके पर पहुंचकर तुरंत सप्लाई बहाल करना

* ऊर्जा मंत्री ने कहा
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। वाराणसी में इन बहुउद्देशीय आपातकालीन वाहनों और नियमित लाइन सर्वे जैसी प्रो-एक्टिव व्यवस्था से न केवल विद्युत लाइनों की उम्र बढ़ेगी, बल्कि जनता को बिजली कटौती से भी बड़ी राहत मिलेगी।
वाराणसी में विकास कार्यों को दें रफ्तार, गुणवत्ता से न हो समझौता: मंत्री एके शर्मा
* बरसात से पहले नाला सफाई पूरी करें, ट्रिपिंग पर जताई नाराजगी; कम लोड उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से राहत

लखनऊ/वाराणसी नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था समय से दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि बारिश में जलभराव की समस्या किसी भी हाल में नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम और जलकल विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

* सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण हटाने पर जोर
सड़क एवं शहरी सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त अभियान चलाने पर जोर दिया, ताकि यातायात और नागरिक सुविधाएं बेहतर हो सकें।

* CM ग्रिड और वैश्विक नगरोदय योजना से बदलेगा बनारस
मंत्री श्री शर्मा ने सीएम ग्रिड योजना एवं वैश्विक नगरोदय योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से वाराणसी को आधुनिक, व्यवस्थित और सुंदर शहर के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का असर जमीन पर साफ दिखाई देना चाहिए।

* बिजली ट्रिपिंग पर सख्त नाराजगी
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने ट्रिपिंग की समस्या पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वाराणसी के किसी भी क्षेत्र में ट्रिपिंग स्वीकार्य नहीं है और निर्बाध विद्युत आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
साथ ही अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य में तेजी लाने और बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।

* उपभोक्ताओं को बड़ी राहत:
बैठक में मंत्री ने उपभोक्ता हित में कई अहम फैसले लिए—

* 1 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं का कनेक्शन एक माह तक नेगेटिव बैलेंस पर नहीं कटेगा।
* 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को ₹200 तक राहत मिलेगी।
* कनेक्शन काटने से पहले 5 चरणों में SMS अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा।
* रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों पर नेगेटिव बैलेंस होने पर भी कनेक्शन नहीं काटा जाएगा

* अधिकारियों को दिए निर्देश
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि वाराणसी धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है, इसलिए यहां की सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए। सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में मेयर अशोक तिवारी, एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम शंभू कुमार, नगर विकास विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लखनऊ में हेमवती नंदन बहुगुणा जयंती समारोह, सीएम योगी ने प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

  • योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, रीता बहुगुणा जोशी, महापौर सुषमा खरकवाल समेत कई नेता रहे मौजूद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर शनिवार को राजधानी लखनऊ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, विधायक नीरज बोरा, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, उनके पुत्र मयंक जोशी तथा लखनऊ महापौर सुषमा खरकवाल भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति के महत्वपूर्ण स्तंभ थे। उन्होंने कहा कि आज उनकी पावन जयंती पर उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।

सीएम योगी ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल में जन्मे बहुगुणा जी ने भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्र नेता के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री और मंत्री के रूप में उल्लेखनीय कार्य किए, वहीं केंद्र सरकार के कई मंत्रालयों में भी अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्व. बहुगुणा का व्यक्तित्व और कृतित्व वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

अयोध्या में भीषण गर्मी से राहत के लिए खास इंतजाम, सड़कों पर पानी का छिड़काव

अयोध्या। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच अयोध्या में श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है।

शहर के प्रमुख मार्गों, खासकर राम पथ पर फॉगिंग मशीनों और एंटी-स्मॉग गन के माध्यम से सरयू नदी के पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इस पहल से जहां तापमान को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है, वहीं धूल भी कम हो रही है।

प्रशासन के अनुसार, लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे इंतजाम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।

बेटी की शादी से लौटते वक्त भीषण हादसा, एक ही परिवार के तीन समेत पांच की मौत

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर ट्रेलर से भिड़ी, चालक को आई थी झपकी

लखनऊ । मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर कुसुम्हा बशारतपुर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भिड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र निवासी विनय श्रीवास्तव (60) अपनी बेटी की शादी के लिए रांची गए थे। शादी संपन्न होने के बाद वह पत्नी अर्चना (58) और बेटे कृतार्थ (27) के साथ घर लौट रहे थे। वाहन में चालक पुरुषोत्तम और एक अन्य चालक नितीश भी सवार थे।

रात करीब 2:30 बजे कुसुम्हा बशारतपुर के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी लोग उसमें फंस गए।

ढाई घंटे बाद निकाले गए शव
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को काटकर सभी पांचों शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गांव में पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया है।