सड़क पार करते समय रोडवेज बस की चपेट में आया 16 वर्षीय विजय, दर्दनाक मौत से कस्बे में शोक*
रितेश मिश्रा
हरदोई सवायजपुर कस्बे में एक हृदयविदारक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की जान चली गई। मृतक की पहचान विजय पुत्र सोनपाल सक्सेना निवासी कस्बा सवायजपुर के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय सड़क पार कर पास की एक परचून की दुकान पर सामान लेने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।बताया गया कि विजय बेहद मेहनती था और बसों में चढ़कर मूंगफली व चना बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत,

रितेश मिश्रा
, हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सेढामऊ अंडरपास के निकट दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद तीन माह की मासूम बच्ची अपने माता-पिता के शवों के पास रोती-बिलखती मिली, जिसे देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।बताया गया कि मंगलवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक, दंपति के शव और पास में रो रही मासूम बच्ची पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सियाराम (22) पुत्र सुभाष और उनकी पत्नी नीलम (20) निवासी ग्राम गहवरा थाना पाली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि दंपति की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी तीन माह की एक मासूम बच्ची है। सियाराम ग्राम गहवरा में अपनी ननिहाल में रहता था, जबकि वह मूल रूप से नथीनगला थाना कलान जनपद शाहजहांपुर का निवासी था। परिजन बताते हैं कि दंपति पारिवारिक बहन की शादी में शामिल होकर नथीनगला गांव से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। सियाराम तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।हादसे के बाद मासूम बच्ची सुरक्षित मिली, जिसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन तलाश एवं मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेज हवा से भड़की आग, 70 बीघा पराली राख।
मैरिज हाल कर्मचारियों ने दिखाया साहस, नाले का पानी बना "जीवन  रक्षक ,"

बबलू प्रजापति पिहानी

पिहानी क्षेत्र के करीमनगर स्थित झौनी पुरवा के निकट मंगलवार को अज्ञात कारणों से खेतों की पराली में भीषण आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 60 से 70 बीघा क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि पास स्थित बाबा मैरिज हाल के कर्मचारियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आग बुझाने की कमान संभाली। मैरिज हाल के पास बने 3-4 नंबर नाले में भरा पानी इस दौरान वरदान साबित हुआ। कर्मचारियों ने नाले के पानी का उपयोग कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बड़ी तबाही टल गई।
बताया जाता है कि इस नाले का निर्माण समाजसेवी जोगराज सिंह द्वारा कराया गया था, जिसमें गर्मियों के दौरान मवेशियों के लिए पानी संरक्षित रहता है। रविवार को यही पानी आग बुझाने में बेहद कारगर साबित हुआ।
आग बुझाने के दौरान मैरिज हाल के कर्मचारी सलमान शाह झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं मैनेजर वेद प्रकाश पाल, व्यवस्थापक राजकुमार, दिलेर, जसविंदर सिंह बिहारी, जस्सा सिंह, सुभाष पाल, लक्खा सिंह सहित दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने जान की परवाह किए बिना आग पर काबू पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था। प्रशासन की ओर से फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
शाहाबाद सहित तीन एसडीएम के कार्यक्षेत्र में फेरबदल
.
रितेश मिश्रा
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले के तीन उपजिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत सदर एसडीएम सुशील कुमार मिश्र को शाहाबाद का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

वहीं शाहाबाद एसडीएम अंकित तिवारी को सवायजपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर सवायजपुर के एसडीएम मयंक कुंडू अब सदर तहसील का कार्यभार संभालेंगे।

जिलाधिकारी द्वारा अचानक किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
बीईओ पर अवैध वसूली का आरोप
आखिर कब तक भ्रष्टाचार पर मौन रहेंगे बेसिक शिक्षा अधिकारी

रितेश मिश्रा
हरदोई ग्राम लखनौर निवासी कुलदीप मिश्रा ने भरखनी बी ई ओ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को एक लिखित शिकायत पत्र देकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

आरोप है कि भरखनी के खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह द्वारा ब्लॉक के करीब 70 शिक्षकों से प्रति माह लगभग 5000 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है।
यह वसूली शिक्षकों की कथित अनुपस्थिति के बदले “सेटिंग” के नाम पर की जाती है। बताया गया है कि कुछ शिक्षक महीने में कई दिन विद्यालय नहीं जाते, जबकि कुछ पूरे वर्ष ही अनुपस्थित रहते हैं और उनके लिए अलग दर निर्धारित है।

प्रतिवेदन में  उल्लेख किया गया है कि इस अवैध वसूली में एक अनुदेशक नितीश, जूनियर हाई स्कूल सवायजपुर, मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और पूरी व्यवस्था उसी के माध्यम से संचालित हो रही है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कम्पोजिट ग्रांट की राशि में से भी लगभग 20 प्रतिशत तक की अवैध कटौती की जा रही है। इससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

प्रार्थी ने अपने गांव समेत पूरे क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था के चौपट होने की बात कही है। उनका कहना है कि जहां एक ओर सरकार “स्कूल चलो अभियान” जैसे कार्यक्रम चला रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की कथित अनियमितताएं सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर रही हैं।

शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई है कि संबंधित अधिकारी के पास सांडी विकास खण्ड का भी अतिरिक्त प्रभार है, जिससे वहां भी इसी प्रकार की अनियमितताओं की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रार्थी ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं आपराधिक कार्रवाई की मांग की है, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो सके और सरकारी योजनाओं का सही लाभ विद्यार्थियों तक पहुंच सके।
लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है इसका पता जांच के बाद ही लग पाएगा
₹10 के स्टांप पर करोड़ों की सरकारी जमीन का खेल, पिहानी में नौटेरी से हो गई खरीद-फरोख्त!
गाटा संख्या 663 पर बड़ा फर्जीवाड़ा, राजस्व विभाग को जानकारी फिर भी कार्रवाई शून्य

बबलू प्रजापति पिहानी

पिहानी (हरदोई):
कस्बे में सरकारी जमीन की खरीद-फरोख्त का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महज ₹10 के स्टांप नोटरी के जरिए करोड़ों की सरकारी जमीन का सौदा कर दिया गया। मामला रामलीला मैदान के निकटगाटा संख्या 663 से जुड़ा है, जो सरकारी अभिलेखों में रास्ते की दर्ज भूमि बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम आटा बुजुर्ग (जिला शाहजहांपुर) निवासी दिलशेर पुत्र नब्बू शाह एवं सईक द्वारा वर्ष 2017 में करीब ₹2.35 लाख में जमीन खरीदने का दावा किया गया। हैरानी की बात यह है कि यह खरीद-फरोख्त रजिस्ट्री के बजाय सिर्फ नोटरी पर की गई, जबकि संबंधित जमीन सरकारी बताई जा रही है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि करोड़ों की इस सरकारी जमीन का सौदा ₹10 के साधारण स्टांप पेपर पर नोटरी के जरिए कर दिया गया। जबकि नियमों के अनुसार सरकारी जमीन की खरीद-फरोख्त न तो संभव है और न ही नोटरी के जरिए वैध मानी जाती है। इसके बावजूद खुलेआम इस तरह का खेल होना प्रशासनिक लापरवाही या मिलीभगत की ओर इशारा करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों की कीमत वाली इस जमीन को नियमों को दरकिनार कर दबंगई के दम पर कब्जाने की कोशिश की गई। पूरे मामले की जानकारी राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रदेश में सख्त कानून व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई के दावों के बीच पिहानी का यह मामला प्रशासनिक उदासीनता और दबंगों के हौसलों की कहानी बयां कर रहा है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस प्रकरण में कब तक कार्रवाई करता है या फिर मामला यूं ही फाइलों में दबकर रह जाएगा।
उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से की जाए गैस की होम डिलीवरी - एसडीएम
एलपीजी वितरकों की बैठक मे दिए गए सख्त निर्देश

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई। तहसील सभागार मे
उपजिलाधिकारी अंकित तिवारी द्वारा तहसील शाहाबाद के समस्त एलपीजी वितरकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस वितरण संबंधित नियमावली 2000 के प्रावधानों के कड़ाई से अनुपालन के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीएम श्री तिवारी ने कहा
सभी वितरक उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से होम डिलीवरी प्रदान करें तथा बिना उचित कारण के होम डिलीवरी से इंकार न किया जाए।किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग पूर्णतः प्रतिबंधित है; निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। केवाइसी या नए कनेक्शन के नाम पर किसी प्रकार की अवैध वसूली न की जाए, क्योंकि यह आदेश के अंतर्गत प्रतिबंधित गतिविधि है।सभी वितरक प्रतिदिन के स्टॉक, बिक्री एवं वितरण का समुचित अभिलेख (रजिस्टर) संधारित करें, जिसमें ओपनिंग स्टॉक, प्राप्ति, वितरण एवं क्लोजिंग स्टॉक का विवरण स्पष्ट हो। वितरक अपने प्रतिष्ठान पर स्टॉक एवं मूल्य का स्पष्ट प्रदर्शन करें, जिससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी जानकारी मिल सके।
         उन्होंने कहा तीन दिन से अधिक पुरानी किसी भी गैस बुकिंग को लंबित न रखा जाए तथा उपभोक्ताओं को समयबद्ध सेवा प्रदान की जाए। यह भी निर्देशित किया कि केवल पंजीकृत उपभोक्ताओं को ही गैस आपूर्ति की जाए तथा घरेलू गैस का दुरुपयोग व डायवर्जन पूर्णतः वर्जित है।किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि, जैसे जबरन चूल्हा/उपकरण बिक्री, रिकॉर्ड में हेरफेर या आंशिक भरे सिलेंडर की आपूर्ति, पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
       उक्त आदेश के उल्लंघन की स्थिति में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निरस्तीकरण एवं अभियोजन शामिल है।
     बैठक में पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार द्विवेदी ने भी वितरकों को आदेश के प्रावधानों की जानकारी देते हुए अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
बिजली चोरी पर बड़ा एक्शन! विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम का छापा*

रितेश मिश्रा
हरदोई/अनंगपुर उपकेंद्र के टाउन क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। इस कार्रवाई के दौरान कई उपभोक्ताओं को मौके पर ही बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
प्रवर्तन दल के जेई  ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए सभी उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध कनेक्शन, कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने और मीटर से छेड़छाड़ जैसे कई मामलों का खुलासा किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने आनन-फानन में अपने अवैध कनेक्शन हटाने शुरू कर दिए।
बिजली विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, जिससे चोरी करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।संदेश साफ है: अब बिजली चोरी करने वालों की खैर नहीं!
लखनऊ से नई दिल्ली के लिए समर स्पेशल ट्रेन का संचालन

आज से प्रत्येक सोमवार, बालामऊ जँ. स्टेशन पर ठहराव

रितेश मिश्रा

हरदोई: यात्रियों की बढ़ती भीड़ और गर्मी के मौसम को देखते हुए रेलवे ने लखनऊ-नई दिल्ली मार्ग पर स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया है। इससे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और भीड़ का दबाव कम होगा।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 04203/04204 (लखनऊ–नई दिल्ली–लखनऊ एक्सप्रेस) का संचालन 20 अप्रैल 2026 से 13 जुलाई 2026 तक प्रत्येक सोमवार किया जाएगा। वापसी में ट्रेन 04204 नई दिल्ली से लखनऊ के लिए इसी अवधि में सोमवार को ही चलेगी। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे। समय सारिणी के अनुसार ट्रेन 04203 लखनऊ से सुबह 08:05 बजे रवाना होकर बालामऊ जंक्शन पर 09:03 बजे पहुंचेगी। इसके बाद शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए शाम 06:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन 04204 नई दिल्ली से शाम 06:35 बजे चलकर बालामऊ जंक्शन पर रात 03:58 बजे रुकते हुए लखनऊ पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव हरदोई रेलवे स्टेशन पर नहीं दिया गया है।

राजमहल कम्प्लीट फैमिली शोरूम" का भव्य शुभारंभ

रितेश मिश्रा

हरदोई माधौगंज नगर में व्यापारिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कौशल किशोर एवं राम किशोर द्वारा स्थापित "राजमहल कम्प्लीट फैमिली शोरूम" का भव्य शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशु उपस्थित रहे। उन्होंने फीता काटकर शोरूम का विधिवत उद्घाटन किया और प्रतिष्ठान संचालकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि इस प्रकार के आधुनिक और सुविधाजनक शोरूम ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित करते हैं।

कार्यक्रम में रमेश वर्मा (ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, माधौगंज) ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि "राजमहल कम्प्लीट फैमिली शोरूम" जैसे प्रतिष्ठान क्षेत्र के लोगों को शहरों जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराएंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने संचालकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके अलावा केशन पाल राठौर (जिला पंचायत सदस्य), रजत पटेल, सचिन पटेल (प्रधान), सुधीर पटेल एवं रोहित शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी शोरूम का अवलोकन किया और प्रतिष्ठान के प्रबंधन एवं सुविधाओं की सराहना की। सभी अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार के प्रतिष्ठान क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सहायक सिद्ध होंगे।

शोरूम में परिवार की सभी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के परिधान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं एवं आधुनिक फैशन से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। ग्राहकों को एक ही स्थान पर बेहतर गुणवत्ता और उचित मूल्य पर सामान उपलब्ध कराने का उद्देश्य इस प्रतिष्ठान की खासियत बताया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने शोरूम का भ्रमण किया और नए प्रतिष्ठान के प्रति अपनी खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

"राजमहल कम्प्लीट फैमिली शोरूम" के शुभारंभ से माधौगंज नगर में व्यापारिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद है, साथ ही यह प्रतिष्ठान क्षेत्र के लोगों के लिए सुविधाजनक खरीदारी का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।