*“स्वाभिमान सोमनाथ पर्व” यात्रा के शुभ अवसर पर प्रमुख शिव मंदिरों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन*

*स्वाभिमान सोमनाथ पर्व” यात्रा की गाड़ी को एडीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

*गोण्डा 19 अप्रैल,2026*।
उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जनपद में “स्वाभिमान सोमनाथ पर्व” यात्रा के शुभ अवसर पर विभिन्न प्रमुख शिव मंदिरों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में बाबा दुःख हरण नाथ महादेव मंदिर (शहर गोण्डा), बंगध महादेव शिव मंदिर (मनकापुर), बाबा बालेश्वर नाथ महादेव मंदिर (तरबगंज) तथा बाबा बरखण्डी नाथ महादेव मंदिर (करनैलगंज) सहित अन्य शिवालयों में भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन एवं दीपोत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक चेतना एवं सांस्कृतिक गौरव को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसी क्रम में जनपद के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से 10 सदस्यों का चयन कर उन्हें “स्वाभिमान सोमनाथ पर्व” यात्रा हेतु भेजा गया है। चयनित प्रतिभागियों में सुनीता निषाद (भट्ठा परेड सरकार, गोण्डा), उमेश प्रताप (भगहरिया पूरे मितई, कटरा बाजार), किरन कश्यप (भट्ठा परेड सरकार), निखिल मिश्रा (गरीबाजोत, गोण्डा), रवी कुमार (बनगाई, गोण्डा), रजनीकांत तिवारी (कौड़िया बाजार), लक्ष्मीधर (महादेवा, झंझरी), सुरेंद्र कुमार (मंगल पाण्डेय, भैरमपुर), पवन कुमार सिंह (मोहम्मदपुर गढ़वार, करनैलगंज) तथा राजकमल पाण्डेय (पंडित पुरवा कानूनगो, गोण्डा) शामिल हैं।

इन सभी प्रतिभागियों के साथ महेंद्र कुमार मिश्रा, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, गोण्डा को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया है, जो यात्रा के दौरान समन्वय एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

आज प्रातः लगभग 7:00 बजे अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार द्वारा हरी झण्डी दिखाकर इस दल को रवाना किया गया। प्रशासन द्वारा यात्रा के सफल संचालन हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस पहल का उद्देश्य जनपद के नागरिकों को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक करना तथा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को इस प्रकार के आयोजनों में सहभागिता का अवसर प्रदान करना है।
जनपद में संचालित विद्यालयों के वाहनों की सुरक्षा एवं वैधानिक अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी
गोंडा। गोण्डा जनपद में संचालित विद्यालयों के वाहनों की सुरक्षा तथा वैधानिक अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय द्वारा महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 242 ऐसे विद्यालय चिन्हित किए गए हैं, जिनके 313 स्कूल वाहनों से संबंधित आवश्यक विवरण अब तक UPISVMP.COM पर अपडेट नहीं किए गए हैं।
एआरटीओ (प्रशासन) ने स्पष्ट किया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा वाहन चालकों का पूर्ण विवरण, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ शपथ पत्र पोर्टल पर अपलोड किया जाना अनिवार्य है। यह प्रक्रिया विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके बावजूद संबंधित विद्यालयों द्वारा अपेक्षित कार्रवाई न किया जाना गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
सभी चिन्हित विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे 19 अप्रैल 2026 को अपने विद्यालय खुले रखें तथा अपने समस्त स्कूल वाहनों एवं चालकों का पूर्ण विवरण शपथ पत्र सहित तत्काल पोर्टल पर अपलोड करें।
इसके अतिरिक्त, सभी विद्यालयों को अपने वाहनों को निर्धारित तिथि पर एआरटीओ कार्यालय, एआरटीओ कार्यालय गोण्डा में प्रस्तुत कर भौतिक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान वाहन फिटनेस, सुरक्षा मानकों, परमिट तथा अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
एआरटीओ (प्रशासन) ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्देशों का पालन न करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनपद के सभी विद्यालयों से अपील की गई है कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें।
*नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में छात्राओं की स्कूटी रैली*
गोण्डा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए छात्राओं द्वारा एक प्रभावशाली स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। यह रैली प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देशन तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. रेखा शर्मा एवं डॉ. परवेज आलम के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
रैली में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “नारी शक्ति सशक्त देश” एवं “भारत के विकास में सुनिश्चित हो नारी की भागीदारी” जैसे प्रेरक नारे लगाए। साथ ही छात्राओं ने अपने मोबाइल फोन से 9667173333 नंबर पर मिस्ड कॉल कर महिला आरक्षण बिल के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर छात्राओं ने संसद में बिल के पारित न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उनका कहना था कि आज भी समाज में महिलाओं के प्रति सोच में अपेक्षित परिवर्तन नहीं आया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के समग्र विकास के लिए महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में पर्याप्त स्थान मिलना आवश्यक है तथा सभी राजनीतिक दलों को इस मुद्दे पर एकजुट होना चाहिए।
कार्यक्रम में कुल 186 छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें लक्ष्मी साहू, वर्षा जायसवाल, शालिनी तिवारी, मानसी मिश्रा, शालिनी पांडे, आंशिक तिवारी, वर्षा पांडे, खुशी बानो एवं फलक खान सहित अनेक छात्राओं की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।
रैली के सफल आयोजन में प्रो. अरविंद कुमार शर्मा, विजय सिंह, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, आनंद चतुर्वेदी, ड्रिंकल यादव, अमित द्विवेदी एवं मानसी पांडे का सहयोग सराहनीय रहा।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रेखा शर्मा एवं डॉ. परवेज खान के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने तहसील करनैलगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए

*सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*सम्पूर्ण समाधान करनैलगंज में 76 शिकायतों में से 15 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*


*राशन कार्ड से संबंधित लाभार्थियों को मौके पर ही राशन कार्ड बनवा कर किया गया वितरित*

*गोण्डा 18 अप्रैल, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील करनैलगंज में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील करनैलगंज में कुल 76 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें 15 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया है शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांचकर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को पुलिस फोर्स के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राशन कार्ड से संबंधित प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही राशन कार्ड बनवा कर लाभार्थियों को वितरण किया।

संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव व अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सूची से मिलान करके एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी कर्नलगंज सुश्री नेहा मिश्रा, नायब तहसीलदार कर्नलगंज अतुल पाल, नायब तहसीलदार कटरा बाजार राम प्रताप पांडेय, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला प्रोवेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकथाम को लेकर कार्यशाला आयोजित
*गोण्डा 18 अप्रैल,2026*।
जनपद में अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह की रोकथाम के लिए विकास भवन स्थित चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जिसे खत्म करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि अक्षय तृतीया जैसे अवसरों पर बाल विवाह की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए सतर्कता और जनजागरूकता बेहद जरूरी है। जिला समन्वयक अपराजिता अभय पाण्डेय ने कहा कि कानून के तहत बाल विवाह दंडनीय अपराध है और इसकी सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य व ज्योत्सना सिंह, नीतू त्रिपाठी, शान्तनु उपाध्याय, आत्रेय त्रिपाठी, हितेश कुमार सहित पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बाल संरक्षण और जागरूकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान का उद्देश्य वाहनों में अवैध रूप से लगाए मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ कार्रवाई तथा ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना*
*गोण्डा 18 अप्रैल,2026*
जनपद में सड़क सुरक्षा एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर परिवहन विभाग द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में चेकिंग अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर व्यापक निरीक्षण किया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ कार्रवाई करना तथा ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना था। चेकिंग के दौरान कई ऐसे वाहन पाए गए, जिनमें नियमों के विपरीत तेज आवाज उत्पन्न करने वाले साइलेंसर लगाए गए थे। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से चालान की कार्रवाई की गई तथा कुछ मामलों में साइलेंसरों को मौके पर ही हटवाया गया।

एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीय ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि आम जनमानस के लिए असुविधा एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण भी बनते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अवैध संशोधनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को जागरूक भी किया गया और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। विभागीय अधिकारियों ने लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने की सलाह दी।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध परिवर्तन न करें और यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था स्थापित करना है।

इस प्रकार के अभियान से जनपद में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
बुजुर्ग पर लाठी डंडे व चाकू से हमला,रास्ते में घात लगाकर कर रहे थे इंतजार
*जबड़ा टूटा,आरोपी फरार

गोंडा।जिले के खोंडारे थाना क्षेत्र अंतर्गत दबंगई की एक वारदात सामने आई है।जिसमें अल्लीपुर नरहरपुर निवासी राजेश चतुर्वेदी अपने घर लौट रहे थे कि तभी उनके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया गया।यह घटना उस समय हुई जब राजेश मसकनवां बाजार से काम निपटा कर लौट रहे थे।दौलतपुर ग्रांट प्राथमिक विद्यालय के पास आरोपी अहमद पहले से घात लगाए बैठा था।जैसे ही राजेश वहाँ पहुंचे उनकी मोटरसाइकिल रोक दी गई और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई।आरोप है कि अहमद ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया,जिससे इस हमले में राजेश चतुर्वेदी गंभीर रूप से घायल हो गये।इस हमले में उनके जबड़े को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है और उनके शरीर पर कई चोटों के निशान हैं।पीड़ित राजेश चतुर्वेदी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनकी सोने की अंगूठी भी छीन लिया।घटना के बाद घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका इलाज जारी है।मामले में थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि आरोपी अहमद के खिलाफ जानलेवा हमले समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और आरोपी के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण भी कराया है और मामले की जांच जारी है।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बाल विवाह है कानूनी अपराध: डीपीओ
*गोण्डा 17 अप्रैल,2026*।
बाल विवाह केवल एक परम्परा नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जो बच्चों के बचपन, उनके सपनों और अधिकारों को छीन लेता है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा अधूरी रह जाती है और उनका भविष्य प्रभावित होता है। ये बातें जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी ने कही।

उन्होंने बताया कि बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने या उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है, जिसमें जेल और जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया जैसे शुभ अवसर पर बाल विवाह की संभावनाएं रहती हैं।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तत्काल नजदीकी थाना, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

श्री सोनी ने बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत इस तरह के मामलों में सख्त दण्ड का प्रावधान है और प्रशासन बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भतीजे का बचाने आग में कूदे बुजुर्ग की मौत,इलाज के दौरान तोड़ा दम
*गैस सिलेंडर से ब्लास्ट होने से लगी थी आग

गोंडा।जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा भिटौरा ग्राम पंचायत के रमवापुर गांव में बृहस्पतिवार देर शाम एक हादसा हो गया।उक्त गांव के रहने वाले सोनू के छप्पर वाले घर में अचानक आग लग गई,जो देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई।आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।आग के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया,जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर लगभग 300 मीटर दूर जा गिरा।घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरातफरी बन गया।इसी दौरान श्यामलाल (60) जो अपने भतीजे सोनू का घर बचाने के लिए पहुंचे थे,बिना जान की परवाह किए आग की लपटों में घुस गए और आग बुझाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए।परिजनों ने उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सक के यहाँ भर्ती कराया।गंभीर रूप से झुलसे श्यामलाल का इलाज चलता रहा,परन्तु शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।श्यामलाल के मौत की खबर सुनकर परिवार व गांव में शोक की लहर दौड़ गई।आग की इस घटना में घर में रखा लगभग 60 हजार रूपए नगद,जेवर, कपड़े और अनाज समेत गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया।क्षेत्रीय लेखपाल नागेंद्र प्रताप के अनुसार,लगभग ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है और रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दिया गया है।मोतीगंज थानाध्यक्ष व प्रशिक्षु आईपीएस प्रदीप कुमार ने बताया कि झुलसे व्यक्ति की मौत की सूचना मिल चुकी है।परिजनों द्वारा शुरुआती सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी,अब मामले की जांच की जा रही है।प्रशासन ने नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
जनपद गोंडा में आठवें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ, अधिकारियों ने किया दीप प्रज्वलन
  *कुपोषण उन्मूलन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अहम—आयुक्त*

  *गोद भराई, स्टॉल प्रदर्शनी व जागरूकता गतिविधियों से महिलाओं को किया गया प्रेरित*

*उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश*

*गोण्डा, 17 अप्रैल 2026*। - जनपद गोंडा के जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को आठवें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन तथा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों एवं जिला कार्यक्रम विभाग द्वारा पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण विषयक स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म आयोजित की गई, जिसमें उन्हें पोषण किट प्रदान कर स्वस्थ मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि पोषण पखवाड़ा जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपेक्षा की कि वे कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर नियमित रूप से बच्चों का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए। साथ ही घर-घर जाकर महिलाओं को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे। मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और कहा कि सरकारी योजनाओं से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।