संविलियन विद्यालय  में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण सम्पन्न
बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी विकासखंड के मंसूरनगर स्थित संविलियन विद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत एवं वंदेमातरम् गीत से हुई, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बन गया।
इस अवसर पर कक्षाओं में उत्कृष्ट उपस्थिति एवं शैक्षिक गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त अध्यापक गंगा दयाल मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि एआरपी अनुराग त्रिपाठी व एआरपी सुधीर शुक्ला मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन अतिथियों द्वारा किया गया, जबकि प्रधानाचार्या विजया अवस्थी ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान शिक्षक सचिन, अविक्षित, ज्ञानेंद्र सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
समारोह के सफल आयोजन से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी .
रितेश मिश्रा
हरदोई। आगामी अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाहों को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनसामान्य से अपील की है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग करें और कहीं भी ऐसी सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। जारी अपील में कहा गया है कि बाल विवाह के कारण बेटियों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। इसे रोकने के लिए सभी संस्थाओं, महिला समूहों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं और समाज सेवकों से सहयोग मांगा गया है।

प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर 181, 1098 और 112 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। इसके अलावा सीधे जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय या जिला बाल संरक्षण इकाई, न्यू सिविल लाइन कॉलोनाइज्ड, सीडीओ आवास के पास, हरदोई में भी सूचना दी जा सकती है। प्रेस नोट में बताया गया है कि लड़की की उम्र 18 वर्ष और लड़के की उम्र 21 वर्ष से कम होने पर विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है, जो कानूनन अपराध है। बाल विवाह कराने वालों में पंडित, मौलवी, टेंट, बैंड, मैरिज हॉल, हलवाई, माता-पिता और सहयोगी भी दोषी माने जाएंगे। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत दोषियों को दो वर्ष तक का कारावास, एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला भेजा गया जेल
रितेश मिश्रा
हरदोई।कोतवाली शहर पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म करने के प्रयास में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
        प्राप्त विवरण में 16 अप्रैल को किशोरी की माँ द्वारा थाना कोतवाली शहर पर तहरीर दी गयी कि प्रताप पुत्र रामस्वरूप यादव निवासी ग्राम शहाबुद्दीनपुर थाना कोतवाली शहर द्वारा उसकी पुत्री के साथ गलत कार्य करने का प्रयास किया गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
       निरीक्षक शिव गोपाल द्वारा उक्त अभियोग से संबंधित नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस ने छप्पर में आग लगाने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
रितेश मिश्रा
हरदोई।हरियांवा थाना के ग्राम देवरिया प्रसिद्ध नगर में युवक द्वारा छप्पर में आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
        प्राप्त विवरण में 16 अप्रैल को लालाराम पुत्र मोती ग्राम देवरिया प्रसिध्द नगर द्वारा थाना हरियावां पर तहरीर दी कि प्रवेश पुत्र रामपाल ग्राम उमरसेड़ा थाना हरियावा द्वारा उसके छप्पर में आग लगा दी जिससे घरेलू सामान जल गया है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज की।
      थाना हरियावां के उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह द्वारा उपरोक्त अभियोग से संबंधित नामजद आरोपी
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
मंडलायुक्त ने एडीजी जोन और अधिकारियों के साथ किया निरिक्षण

रितेश मिश्रा
हरदोई।मल्लावा थाना छेत्र से निकले नव निर्मित गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री के संभावित आगमन को लेकर छेत्रीय विधायक के साथ जिले के आला अधिकारी तैयारियों में दिन रात एक कर रहे हैँ।
        शुक्रवार को प्रधानमंत्री नारेन्द्र मोदी के संभावित दौरे में सुरक्षा के दृष्टि कोण से लखनऊ मंडल के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार,आईजी जोन किरन एस के साथ गंगा एक्सप्रेस वे का जिलाधिकारी अनुनय झा और एसपी अशोक कुमार मीणा के साथ निरिक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने जनपद में महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक

रितेश मिश्रा
हरदोई।सरकार द्वारा चलाये जा रहे मिशन शक्ति के फेज पांच के द्वतीय चरण की सफलता के लिए शुक्रवार को जनपद में पुलिस की मिशन शक्ति टीम के सदस्यों ने अपने अपने थाना छेत्र में महिलाओं और छात्राओं को जागरूक कर योजना की जानकारी दी।
           उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं में सबसे अधिक प्रोत्साहन मिशन शक्ति योजना को मिल रहा है। सरकार ने महिलाओं के स्वाबलंबन और सुरक्षा कों लेकर मिशन शक्ति फेज पांच के द्वितीय चरण की सफलता के लिए गुरुवार को मिशन शक्ति में लगे पुलिस कर्मियों ने लोगों को जागरूक किया।
शुक्रवार को मिशन शक्ति योजना फेज 5.0 के तहत  महात्मा गौतम बुद्ध विद्यालय खमरिया थाना सवायजपुर में महिला उप निरीक्षक क्षमता देवी के नेतृत्व में बालकों बालिकाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना व टॉल फ्री नंबर 1090/1098/112/ 1930/ 1076/181 आदि नंबर के बारे में जानकारी दी गई व गुड टच बेड टच के बारे में बताया गया पम्पलेट वितरीत किए गए।
         बघौली में मिशन शक्ति टीम / एंटीरोमियो टीम द्वारा कस्बा  तेरवा मे जाकर महिलाओं को जागरूक किया गया व   पंपलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबरों 112,1090,1930, 181, 108,102, आदि की जानकारी दी गई व  सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया गया ।  महिलाओं को साइबर आपराध के बारे मे जानकारी देकर बचाव उपाय भी बताये गये व साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे मे भी जानकारी दी।
       मिशन शक्ति टीम / एंटीरोमियो टीम थाना मझिला द्वारा ग्राम कैथापुरवा मजरा सिंगोहा में महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही (महिलाओं/बालिकाओं के कल्याण हेतु) विभिन्न योजनाओं से अवगत कराते हुए जागरूक किया गया व  पंपलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबरों 112,1090,1930,181,108,102, आदि की जानकारी दी गई!  महिलाओं को साइबर आपराध के बारे मे जानकारी देकर बचाव एवं उपाय भी बताये गये व साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे मे भी जानकारी दी गई!
         इसी प्रकार जनपद के सभी थानो की मिशन शक्ति टीम द्वारा अपने अपने छेत्र में महिलाओं और छात्राओं को जागरूक कर बताया गया कि किसी भी अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में वे कैसे और कहां शिकायत दर्ज करा सकती हैं। महिलाओं को मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत जारी हेल्पलाइन नंबरों में 1090 वुमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड केयर लाइन, 108 एम्बुलेंस, 101 अग्निशमन, 14567 एल्डर हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। इन नंबरों पर त्वरित मदद उपलब्ध कराई जाती है।उन्होंने यह भी बताया कि नई साइबर सुरक्षा नीतियों और कानूनों के तहत ऑनलाइन ठगी, फेक प्रोफाइल और डिजिटल उत्पीड़न जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व विधायक बब्बू ने अग्नि पीड़ित कृषकों को दी एक लाख की आर्थिक सहायता
विद्युत लाइन कि चिंगारी गिरने से जल गई थी पीड़ितों कि 25 एकड़ गेहूं कि फसल

रितेश मिश्रा
हरदोई शाहाबाद विधान सभा  क्षेत्र के ग्राम पारा में बिजली विभाग की लापवाही की वजह से लगी आग में किसानों की लगभग 25 एकड़ फसल जलकर राख हो गई।इस घटना में पप्पू सिंह उर्फ बलविंदर सिंह की 15 एकड़,कुलदीप सिंह की 4 एकड़,सुखबिंदर सिंह की 4 एकड़ और धनराज की सात बीघा फसल जलकर राख हो गई।इस घटना से प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसानों से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया और उन्हें ढाढस बंधाया।किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को पूर्व विधायक ने अपने आवास पर सहायता के रूप में एक लाख रुपये का चेक प्रभावित किसानों को प्रदान किया।पूर्व विधायक आसिफ खां ने कहा कि किसानों की यह क्षति अत्यंत दुखद है और इस कठिन समय में हर संभव मदद की जाएगी।उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि उनकी आर्थिक स्थिति संभल सके।पीड़ित किसानों ने इस सहायता के लिए पूर्व विधायक का आभार व्यक्त किया और अमनदीप सिंह पुत्र बलविंदर सिंह ने बताया कि उनकी 15 एकड़ फसल 14 अप्रैल को लगभग दोपहर 11 बजे तार टूटने से लगी आग से बर्बाद होने से वे काफी हताश है।उन्होंने बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद भी उनके खेत से निकली 440 वाट की लाइन की सप्लाई को बंद नहीं किया गया जिससे भारी क्षति हो गई।इस बड़े नुकसान से फसल बर्बाद होने से वे सभी आर्थिक रूप से काफी समस्या ग्रस्त है
खाकी का अहंकार,सच से खुली जंग, लोनार कोतवाली ग्रुप से 13 पत्रकार बाहर,मचा बवाल
रितेश मिश्रा
हरदोई की लोनार कोतवाली में इस समय कानून-व्यवस्था से ज्यादा चर्चा अहंकार व्यवस्था की हो रही है और इसके केंद्र में हैं इंस्पेक्टर राकेश यादव।मामला उस युवती से जुड़ा है जो बावन चौराहे के पास झाड़ियों में लहूलुहान हालत में मिली थी,चेहरे पर चोटें,गंभीर स्थिति और हालात ऐसे कि पूरा दृश्य सवाल खड़े कर रहा था।पुलिस ने उसे अस्पताल पहुँचाया,लेकिन जैसे ही पत्रकारों ने घटनास्थल की स्थिति और तथ्यों के आधार पर संभावित आशंका के साथ खबरें चलाईं,मामला जांच से हटकर “सवाल बनाम सिस्टम” में बदल गया।

विवाद तब खड़ा हुआ जब इंस्पेक्टर राकेश यादव ने लोनार कोतवाली के डिजिटल वालंटियर ग्रुप से एक झटके में 13 पत्रकारों को बाहर कर दिया।ग्रुप से हटाने से पहले उन्हें “अज्ञानी” कहकर संबोधित किया गया और संदेश लिखा—“अज्ञानी मित्र से अच्छा ज्ञानी शत्रु होता है।” यह बात अब सिर्फ एक टिप्पणी नहीं,बल्कि पत्रकारिता पर सीधा सवाल है।यानी संदेश साफ है जो सवाल पूछेगा उसे बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

बताया जा रहा है कि पहले भी सांडी क्षेत्र में तैनाती के दौरान इंस्पेक्टर राकेश यादव पर पत्रकारों से टकराव और विवाद के आरोप लग चुके हैं।लोनार में भी एक पत्रकार पर अभद्रता और फिर कानूनी कार्रवाई की चर्चा ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।फिलहाल, ग्रुप से 13 पत्रकारों के बाहर किए जाने का मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। पत्रकार संगठनों ने इसे गंभीर मानते हुए विरोध शुरू कर दिया है।अब मामला सिर्फ ग्रुप से हटाने का नहीं,बल्कि सवालों को दबाने का बन गया है।लोग कह रहे हैं कि इंस्पेक्टर राकेश यादव ने अपराधी पकड़ने में भी इतनी फुर्ती दिखाई होती तो शायद इलाके में क्राइम का ग्राफ शून्य होता।
मुठभेड़ में घायल कर पुलिस ने दो बदमाशों सहित आठ अंतर्जनपदीय बदमाशों को किया गिरफ्तार
तेल चुराने के उपकरण, विद्युत तार,नगदी, एक कार और तमंचे बरामद

रितेश मिश्रा
हरदोई।जनपद में लगातार हो रही ट्रांसफार्मर से तेल चोरी और विद्युत तार चोरी की घटनाओं में पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गुरुवार शुक्रवार की रात मुठभेड़ में दो बदमाशों को घायल कर आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक कार, नगदी और तमंचे बरामद किये हैँ। प्राप्त विवरण में 01 अप्रैल को अस्लम खान पुत्र मो० इनुश चौकीदार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चौसार द्वारा थाना अरवल पर तहरीर दि गयी कि 31 मार्च को अज्ञात चोरों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के परिसर मे लगे ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर लिया गया है।1 फरवरी को अमन गुप्ता अवर अभियंता विद्युत उपकेन्द्र सांडी रोड ग्रामीण द्वारा थाना कोतवाली देहात पर तहरीर दी गयी कि थाना कोतवाली देहात क्षेत्रांतर्गत ग्राम उमरौला में पोखरी रोड पर 250 केवी के विद्युत ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों द्वारा कपर क्वाइल चोरी कर लिया गया है।4 फ़रवरी को अभिषेक यादव अवर अभियंता 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र आशा नगर द्वारा थाना कोतवाली देहात पर तहरीर दि गयी कि 3 फ़रवरी को चांदमारी स्थित 400 केवी विद्युत ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों द्वारा तेल चोरी कर लिया गया।26 मार्च को अमन सक्सेना अवर अभियंता विद्युत उपकेन्द्र मन्नापुरवा दवारा थाना कोतवाली देहात पर तहरीर दी गयी कि 25 मार्च को ग्राम खेतई स्थित 250 केवी विद्युत ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों द्वारा तेल, कोर बाइण्डिंग व बुशिंग रॉड चोरी कर ली गयी है।चोरी के चारो मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
     पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा उक्त घटनाओं के सफल अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन कर लगाया गया ।
         एसपी द्वारा गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, आसपास के लोगों से पूछताछ व सर्विलांस आदि की सहायता से उपरोक्त घटना से सम्बन्धित प्रकाश में आये अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु निरन्तर प्रयास किया। इसी दौरान 17 अप्रैल की रात्रि को मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि उपरोक्त चोरी की घटना से संबंधित अभियुक्तगण थाना अरवल क्षेत्रान्तर्गत हरपालपुर चौसार रोड पर पिलिया गटवासा गांव के पास ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने की फिराक में है। प्राप्त सूचना पर थाना प्रभारी अरवल अनिल सिंह और स्वाट/सर्विलांस के प्रभारी राजेश यादव और अब्दुल जब्बार द्वारा ग्राम पिलिया गटवासा में ट्रांसफार्मर के निकट चोरो की गिरफ्तारी का जाल बिछाया गया। पुलिस टीम ने तेल चुराने आये चोरों की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गयी, जिसमे सत्येन्द्र पुत्र लाखन निवासी ग्राम उनरापुर थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद और गजेन्द्र पत्र इनाम सिंह निवासी ग्राम नगला कटीक थाना पटियाली जनपद कासगंज गोली लगने से घायल हो गये तथा पुलिस टीम द्वारा प्रवेश पुत्र कप्तान सिंह निवासी ग्राम उनरापुर थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद,सुरेन्द्र लाखन निवासी ग्राम उनरापुर थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद,अनूप पुत्र स्लेटी सिंह निवासी ग्राम उनरापुर थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद,मुनेन्द्र पुत्र भैय्यालाल निवसी ग्राम अजतपुर थाना हरपालपुर,रोहित पुत्र देव कुमार ग्राम अजतपुर थाना हरपालपुर और अजय पुत्र सत्यवान ग्राम अजत्पुर थाना हरपालपुर को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
     पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 49,000/- रुपये नगदी, एक अदद कार, 03 अदद बंडल कॉपर, 50लीटर तेल (टांसफार्मर का), ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण, 02 तमंचे 315 बोर, 04 जिंदा कारतूस एवं 02 खोखा कारतूस बरामद किये गए। पुलिस टीम द्वारा घायल अभियुक्तों को उपचार हेतु चिकित्सालय भिजवाया गया है।
भव्यता के साथ मनाया जाएगा भगवान परशुराम जन्मोत्सव, शोभा यात्रा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

रितेश मिश्रा
हरदोई। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाली शोभा यात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से आज आज़ाद नगर स्थित रंजीत शुक्ला के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले जन्मोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इसमें शोभा यात्रा के मार्ग, सजावट, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया।
आयोजकों ने जानकारी दी कि शोभा यात्रा रविवार, 19 अप्रैल 2026 को प्रातः 10 बजे श्रीशचन्द्र बारात घर, हरदोई से प्रारंभ होगी। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें भगवान परशुराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों की झांकियां भी शामिल की जाएंगी।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी समाज के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। साथ ही, युवाओं से विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया, ताकि आयोजन को नई ऊर्जा और उत्साह मिल सके।
इस आयोजन का संचालन अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा), हरदोई द्वारा किया जा रहा है, जो हर वर्ष इस पर्व को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाती है। इस बार भी संस्था ने इसे और अधिक भव्य बनाने का संकल्प लिया है।
बैठक में जिलाध्यक्ष नीरज अवस्थी, रंजीत शुक्ला, शिवम तिवारी, कुलदीप मिश्रा, देश दीपक दीक्षित, सभासद अमित त्रिवेदी रानू, सभासद अभिषेक मिश्रा हनी,गौरव शुक्ला, प्रदीप त्रिपाठी, ऋषिकांत मिश्रा,राहुल शुक्ला,पूर्व सभासद मुनि मिश्रा,अंकुर अवस्थी, अवधेश मिश्रा,शोभित पाण्डेय, नवल किशोर द्विवेदी, रोहित द्विवेदी,अचल दीक्षित,विशु अग्निहोत्री,धंनंजय दीक्षित, निखिल त्रिपाठी, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में आयोजकों ने सभी क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से सादर आमंत्रण देते हुए कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की और कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन निश्चित रूप से ऐतिहासिक और यादगार बनेगा।