एल. बी. एस. डिग्री कॉलेज में 40 छात्र-छात्राओं का कैंपस चयन
गोंडा, 16 अप्रैल। केंद्रीय पेट्रोल रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET), लखनऊ द्वारा श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज गोंडा में आयोजित कैंपस चयन प्रक्रिया के अंतर्गत आज 40 छात्र-छात्राओं का प्रशिक्षण हेतु चयन किया गया।
यह चयन ‘ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोडक्ट्स मेकिंग (RSC/Q8016)’ पाठ्यक्रम के लिए विभिन्न महाविद्यालयों से आए अभ्यर्थियों के बीच संपन्न हुआ। तीन दिवसीय चयन प्रक्रिया 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है, जिसमें आज दूसरे दिन 40 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की।
प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. मनोज मिश्र ने बताया कि चयन प्रक्रिया सिपेट संस्थान से आए सहायक प्रशिक्षक कौशल मि. चंदन गुप्ता एवं सहायक कौशल प्रशिक्षक विशाल अवस्थी की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. मनोज मिश्र (समन्वयक, प्लेसमेंट सेल) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डॉ. हरीश शुक्ला, डॉ. योगेंद्र श्रीवास्तव सहित प्लेसमेंट सेल के सभी सदस्य एवं महाविद्यालय परिवार के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
महाविद्यालय में आयोजित इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं चयन कार्यक्रम से छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं, जिससे उनके कौशल विकास को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।  महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा रिक्रूट आरक्षियों से संवाद, अनुशासन, आचरण एवं पुलिस छवि को सुदृढ़ बनाने हेतु दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशः-*
गोण्डा। रिक्रूट आरक्षियों की आधारभूत प्रशिक्षण परीक्षा सम्पन्न हो चुकी है। पासिंग आउट परेड के उपरांत कुल 498 रिक्रूट आरक्षियों को थाना स्तर पर 06 माह के व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु भेजा जाएगा, जहां वे वास्तविक परिस्थितियों में पुलिस कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। इसी क्रम में आज दिनांक 16.04.2026 को पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा स्थित अमर शहीद राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी बहुउद्देशीय हॉल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से संवाद स्थापित किया गया। संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों को पुलिस सेवा के मूलभूत सिद्धांतों, अनुशासन, आचरण, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना के प्रति विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने प्रशिक्षण अवधि के दौरान रिक्रूट आरक्षियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक आचरण की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण में सीखे गए मूल्य ही उनके भावी पुलिस जीवन की आधारशिला होंगे। उनके द्वारा निर्देशित किया गया कि थाना स्तर पर नियुक्ति के उपरांत सभी आरक्षी अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्णतः सजग एवं जिम्मेदार रहें तथा ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे पुलिस विभाग की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। उन्होंने उच्चाधिकारियों के आदेशों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन सर्वाेपरि है। आमजन के साथ व्यवहार के संबंध में महोदय द्वारा विशेष रूप से संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रथम दायित्व जनता की सेवा एवं सुरक्षा है, अतः प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक एवं शालीन व्यवहार किया जाए। किसी भी परिस्थिति में अभद्र भाषा का प्रयोग न करते हुए संयमित एवं विनम्र शब्दों का प्रयोग किया जाए, जिससे जनता का विश्वास पुलिस के प्रति और अधिक सुदृढ़ हो सके। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया के उपयोग के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिसमें बताया गया कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का प्रभाव व्यापक है, अतः किसी भी प्रकार की ऐसी पोस्ट, फोटो अथवा टिप्पणी साझा न की जाए जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो या गोपनीयता भंग होने की संभावना हो। सोशल मीडिया का उपयोग पूर्ण जिम्मेदारी एवं मर्यादा के साथ किया जाए। उनके द्वारा बताया गया कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा एवं जिम्मेदारी का माध्यम है, जिसमें धैर्य, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता अनिवार्य है। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को प्रेरित करते हुए अपने आचरण एवं कार्यशैली से पुलिस विभाग की गरिमा को बढ़ाने तथा समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन रिक्रूट आरक्षियों द्वारा पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ पुलिस सेवा में कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
भूमि अधिग्रहण कर नहर खुदाई का कार्य हुआ पूर्ण*

*आगामी खरीफ पसली के समय दोनों  नहरों को किया जाएगा संचालित*

*गोण्डा 16 अप्रैल,2026*।सरयू परियोजन- प्रथम, संगठन अयोध्या के अधीन कार्यरत पंचदशम सिंचाई कार्य मंडल, गोण्डा के अंतर्गत सरयू नहर खंड 4 गोण्डा की पायरकोहना माइनर पर ग्राम सहजलपुर, तहसील मनकापुर के भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई पूर्ण करने के पश्चात नहर निर्माण का कार्य पूर्ण करा लिया गया है। इसी प्रकार तहसील मनकापुर के ग्राम पतिजिया खुर्द में स्थित नेतुआ माइनर के दो गाटों पर भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई पूर्ण होने के पश्चात नहर निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सरयू नहर खण्ड -4 के अधिषाशी अभियंता श्री दुर्गेश गर्ग द्वारा बताया गया कि पायरकोहना माइनर तथा नेतुआ माइनर पूर्ण रूप से गैप मुक्त हो गई है तथा आगामी खरीफ पसली में इन दोनों नहरों का संचालन कराया जाएगा।

इस कार्य में उपखंड से संबंधित सहायक अभियंता श्री आकाश राय के साथ श्री शिवानंद मिश्र सहायक अभियंता, श्री की एन तिवारी सहायक अभियंता चतुर्थ तथा अवर अभियंता श्री पुनीत कुमार सिंह, सुधीर कुमार तिवारी, आलोक पांडे, अभिषेक सिंह, विवेक जायसवाल, धर्मेंद्र गुप्ता के साथ-साथ समस्त राजस्व कर्मियों तथा कर्मचारियों के अथक प्रयास से नहर निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिए सरयू नहर खण्ड -4 के अधिषाशी अभियंता द्वारा जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक, गोण्डा का आभार व्यक्त किया गया है।
शादी, भागवत, मुंडन, भण्डारा आदि सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए कामर्शियल गैस सिलेंडर के लिए करें आवेदन*

*गोण्डा 16 अप्रैल,2026*।
जनपद में घरेलू एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में गैस सिलेंडर के सुव्यवस्थित उपयोग एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 अप्रैल, 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने की, जिसमें सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं एरिया मैनेजर उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शादी, भागवत, मुंडन, भण्डारा आदि सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए कामर्शियल गैस सिलेंडर प्राप्त करने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया जाए। इसके अंतर्गत संबंधित व्यक्ति को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ परिवार रजिस्टर की नकल (कॉपी) संलग्न करनी होगी। साथ ही, आवेदन पत्र पर संबंधित विकास खण्ड के सहायक विकास अधिकारी पंचायत (एडीओ पंचायत) एवं ग्राम पंचायत से सत्यापन व हस्ताक्षर कराना अनिवार्य होगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूर्ण रूप से सत्यापित आवेदन पत्र जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में जमा किए जाएंगे, जिसके पश्चात आवेदन की समीक्षा कर ही कामर्शियल गैस सिलेंडर जारी किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकना तथा जरूरतमंदों को समय पर गैस उपलब्ध कराना है।

उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे इस प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें तथा बिना अनुमोदन के किसी भी प्रकार का सिलेंडर वितरण न करें। साथ ही, आमजन को भी इस नई व्यवस्था के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने स्तर पर इस व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पारदर्शिता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है।
*जनपद में जिलाधिकारी ने निर्देश पर अब तक 200 से अधिक चकमार्ग/ सार्वजनिक चकरोड को कराया गया खाली, अभी भी अभियान है जारी



*जनपद में बड़ी संख्या में चकमार्गों को खाली कराकर ग्रामीणों एवं किसानों के आवागमन को बनाया गया सुगम*


*गोण्डा 16 अप्रैल,2026*।
जनपद गोण्डा में चकमार्ग/सार्वजनिक चकरोडों को अतिक्रमण से मुक्त कराने हेतु जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार 01 अप्रैल, 2026 से एक व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत राजस्व, पुलिस तथा विकास विभाग की संयुक्त टीम निरंतर कार्यवाही करते हुए चकमार्गों को पुनः आमजन के उपयोग हेतु उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।
अभियान के अब तक के परिणाम अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील सदर गोण्डा में 42 चकमार्ग, तहसील तरबगंज में 53 चकमार्ग, तहसील करनैलगंज में 65 चकमार्ग तथा तहसील मनकापुर में 40 चकमार्ग/सार्वजनिक चकरोड को सफलतापूर्वक अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है। इस प्रकार कुल मिलाकर बड़ी संख्या में चकमार्गों को खाली कराकर ग्रामीणों एवं किसानों के आवागमन को सुगम बनाया गया है।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने इस अभियान को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने तथा पारदर्शिता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को चकमार्ग या सार्वजनिक चकरोड से संबंधित कोई शिकायत, आपत्ति अथवा सुझाव हो तो वह इस अभियान के दौरान अपनी बात प्रशासन तक अवश्य पहुंचाएं। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जनपद के सभी चकमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लक्ष्य को पूर्ण किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुचारू हो, किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में किसी प्रकार की बाधा न आए तथा सार्वजनिक संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

जनपद प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि ग्रामीण विकास एवं जनसुविधाओं को भी नई दिशा प्रदान करेगा।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार इस अभियान के संबंध में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल के द्वारा प्रतिदिन जनपद के उपजिलाधिकारियों से बराबर रिपोर्ट ली जा रही है।
कर्नलगंज सीएचसी में निशुल्क नेत्र शिविर, 93 मरीजों की जांच, 21 मोतियाबिंद मरीज ऑपरेशन हेतु अयोध्या रेफर
गोंडा। जिला अंधता निवारण समिति गोंडा के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज में निशुल्क स्क्रीनिंग नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 93 मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान 21 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयनित कर अयोध्या नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या भेजा गया, जहां उनका निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण विधि से ऑपरेशन किया जाएगा।
ऑपरेशन के लिए भेजे गए मरीजों में बंसीलाल, सुदर्शन गोस्वामी, भारत मोदनवाल, बाउर, चंगाराम, सावित्री, देवी, शुघरा, राम अभिलाष, शंभू लाल, रामपति, रामपाल, मालती देवी, महादेव प्रसाद, सुंदरलाल एवं सुंदरपति देवी सहित अन्य मरीज शामिल हैं।
नेत्र परीक्षण अधिकारी ए.के. गोस्वामी ने बताया कि शासन की इस जनहितकारी योजना के अंतर्गत जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से अपील की कि अपने-अपने क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीजों को नेत्र शिविरों में जांच एवं ऑपरेशन हेतु अवश्य भेजें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोशनी मिल सके।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त एलपीजी विक्रय प्रबंधकों तथा गैस एजेंसी प्रोपराइटरों के साथ बैठक दिये कड़े निर्देश

*जनपद में सभी गैस उपभोक्ताओं को समय से गैस उपलब्ध कराने के दिए निर्देश जिलाधिकारी*


*गोण्डा 15 अप्रैल,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद के समस्त (एलपीजी) विक्रय प्रबंधकों तथा गैस एजेंसी प्रोपराइटरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में घरेलू एवं व्यवसायिक गैस वितरण व्यवस्था में आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना तथा उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं निर्बाध गैस आपूर्ति उपलब्ध कराना रहा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गैस वितरण प्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक उपभोक्ता तक समय से गैस सिलेंडर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि किसी एजेंसी या संबंधित अधिकारी की ओर से गैस आपूर्ति में अनियमितता पाई गई तो उसके विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों एवं एलपीजी प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाएं।
साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि गैस बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से गैस एजेंसियों का निरीक्षण करें और वितरण व्यवस्था की निगरानी करें। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति की स्थिति पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई और कहा कि वहां किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन उपभोक्ताओं के यहां पीएनजी गैस कनेक्शन है वे स्वेच्छा से घरेलू गैस सेलेंडर समर्पण कर दें अन्यथा संबंधित गैस एजेंसियों से उनका कनेक्शन बंद करा दिया जायेगा। और एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि जिनके यहां पीएनजी गैस कनेक्शन है ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर न दिया जाय, और गैस बुकिंग सस्पेंड कर दिया जाय।

बैठक में सभी अधिकारियों एवं एजेंसी संचालकों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि वे दिए गए निर्देशों का पूर्णतः पालन करेंगे और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी कुँवर दिनेश प्रताप सिंह, एआरओ शिव प्रकाश त्रिपाठी सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती बड़ी श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ मनाई गई

गोंडा । भारत के संविधान निर्माता और भारत रत्न से सम्मानित  डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती बड़ी श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ मनाई गई। यह महत्वपूर्ण आयोजन शहर कांग्रेस कमेटी गोंडा के सभासद अध्यक्ष शाहिद अली कुरेशी की अगुवाई में कांग्रेस भवन गोंडा में “सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में आयोजित किया गया। इस मौके पर बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई, जिसके माध्यम से श्रद्धांजलि स्वरूप गीत भी प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही एक गोष्ठी का भी आयोजन हुआ जहां शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरैशी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इस आयोजन को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानते हुए बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण संकल्प बताया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और एकता को सशक्त बनाने के लिए सभी लोगों का एकजुट रहना अत्यंत आवश्यक है। शाहिद अली कुरैशी ने सभी कार्यकर्ताओं से आवाहन किया कि वे बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर संघर्ष और समर्पण के साथ आगे बढ़ें। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से कई गणमान्य लोग, जैसे प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग/प्रभारी बहराइच अजय रस्तोगी, किसान कांग्रेस के प्रदेश सचिव चांद खान, कंट्रोल रूम इंचार्ज सैयद अब्दुल मुजीब, निर्मला देवी, वसीम सिद्दीकी, विनय प्रकाश त्रिपाठी, मोहम्मद रिजवान पिछड़ा वर्ग शहर अध्यक्ष, समाजसेवी कदीर पहलवान, आरिज काजी, मंडल उपाध्यक्ष जाकिर अली, जगन्नाथ मिश्रा, तारीक अनीश, वसीम राईनी, नीलम देवी, जानकी देवी, नूर आलम, पप्पू, इशांत, समीर ,राजू सेवादल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे, जो इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए दिखाई दिए।  बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाना और उनके सपनों को साकार करना लोगों के समर्पण और सहयोग से ही संभव है।
डीबीए ने ली रिश्वत,एआरटीओ ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब

*रिपोर्ट लगाने के नाम पर लिए 200 रुपए

गोंडा।जिले के संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है।यहाँ डाटा बेस एडमिनिस्ट्रेटर के पद पर तैनात सुशील भट्ट का 200 रुपए रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।इस वीडियो के सामने आने के बाद एआरटीओ प्रशासन ने कर्मचारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।वायरल वीडियो में सुशील भट्ट को वाहन संबंधी एक मामले में रिश्वत लेते हुए देखा जा सकता है।यह घटना देवी पाटन मंडल मुख्यालय स्थित संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय की है।एआरटीओ प्रशासन आर सी भारतीय ने बताया कि यह वीडियो लगभग दो साल पुराना है।वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उन्होंने डीबीए सुशील भट्ट को नोटिस जारी किया है और पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।आर सी भारतीय ने कहा कि सुशील भट्ट का जवाब मिलने के बाद उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी दोहराया कि उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरैंस नीति के तहत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।कार्यालय में भ्रष्टाचार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
मामूली बात को लेकर हुआ विवाद,मारपीट के बाद जला छप्पर
*दो गुटों में खूनी संघर्ष, एक घायल

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित गौरा सिंहनापुर ग्राम पंचायत के टपरी गांव में बुधवार सुबह छप्पर रखने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया और देखते ही देखते यह विवाद गाली गलौज, मारपीट व आगजनी में बदल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार,अयोध्या प्रसाद अपनी जमीन से पुराना छप्पर हटाकर नया छप्पर रख रहे थे कि तभी गांव के चंद्रशेखर अपने परिवार के साथ वहाँ पहुंचे और अयोध्या प्रसाद को छप्पर रखने से मना करने लगे।परन्तु जब अयोध्या प्रसाद नहीं माने तो चंद्रशेखर और उनके साथियों ने अयोध्या प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया।गाली गलौज का विरोध करने पर चंद्रशेखर और उनके साथियों ने अयोध्या प्रसाद और उनके परिवार पर लाठी डंडों से हमला कर दिया,जिससे अयोध्या प्रसाद घायल हो गये।इसके बाद चंद्रशेखर और उनके साथियों ने अयोध्या प्रसाद के छप्पर के मकान में आग लगा दिया।इस घटना में अयोध्या प्रसाद और उनके परिवार के कई सदस्यों को चोटें आई हैं।जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में भर्ती कराया गया है।अयोध्या प्रसाद की तहरीर पर करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने चंद्रशेखर सहित कई लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज और आगजनी के मामलों में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है।घटना से संबंधित वीडियो भी सामने आया है।एक वीडियो में चंद्रशेखर और उसके पक्ष के लोग अयोध्या प्रसाद और उनके पक्ष के परिवार के सदस्यों के साथ गाली गलौज और मारपीट करते दिख रहे हैं तो वहीं एक अन्य वीडियो में अयोध्या प्रसाद के छप्पर के मकान में भीषण आग लगी हुई है।जिससे उनका पूरा मकान जलकर राख होता दिख रहा है।मामले में करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि अयोध्या प्रसाद और चंद्रशेखर दोनों पक्ष के लोगों में आपसी गाली गलौज और मारपीट हुई है।साथ ही साथ छप्पर के मकान में भी आग लगा दी गई है।पूरे मामले को लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।