खेत में खून से लथपथ मिली किशोरी,

रितेश मिश्रा
हरदोई लोनार कोतवाली क्षेत्र की बावन पुलिस चौकी के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बावन बस स्टॉप के पास स्टेट बैंक के पीछे एक खाली खेत में एक अज्ञात किशोरी खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। ग्रामीणों ने जब किशोरी को दर्द से कराहते देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बावन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार किशोरी गंभीर रूप से घायल थी और उसके कपड़े खून से सने हुए थे। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा, जहां उसकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है। फिलहाल किशोरी की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
पूर्व जिला अध्यक्ष श्री रामकिशोर गुप्ता का निधन*

विनोद गुप्ता

हरदोई टंडियावां भाजपा परिवार और टंडियावां क्षेत्र के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रतिष्ठित व्यवसायी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं टंडियावां के पूर्व ब्लॉक प्रमुख आदरणीय रामकिशोर गुप्ता 'गुड्डू जी' का लंबी बीमारी के चलते देर रात निधन हो गया।

*संगठन के मजबूत स्तंभ थे गुड्डू जी* 
श्री रामकिशोर गुप्ता 'गुड्डू जी' ने संगठन और क्षेत्र के विकास में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई। एक कुशल व्यवसायी होने के साथ-साथ वे जनसेवा के लिए भी जाने जाते थे। उनके निधन से राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

*श्रद्धांजलि अर्पित* 
उनके निधन पर क्षेत्र के लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
अलग अलग थाना में आई टी एक्ट में दो गिरफ्तार
रितेश मिश्रा
हरदोई।जनपद में अलग अलग थाना पुलिस ने दो आरोपियों को आपत्ति जनक टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की है।
प्राप्त विवरण में संडीला के उप निरीक्षक सौरभ मलिक ने 14 अप्रैल को सोशल मीडिया पर आपत्ति जनक टिप्पणी कर उसे वायरल करने के मामले में जीशान अहमद पुत्र अनीस अहमद निवासी उन्नाव रोड थाना संडीला को गिरफ्तार किया है।
         थाना अरवल के उप निरीक्षक शिवाकांत ने 14 अप्रैल को फेसबुक पर आपत्ति जनक टिप्पणी कर उसे वायरल करने के मामले में थाना छेत्र के ग्राम जसमई निवासी अरुण पुत्र रामरूप को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की है।
जहरीली गैस से दो की मौत, एक बेहोश
बंद पड़ी बखारी की सफाई करने नीचे उतरे प्रधान पति और ग्रामीण की मौत

रितेश मिश्रा
हरदोई  बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव में मंगलवार रात एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। यह घटना घर में बने गेहूं भंडारण कक्ष (बखारी) की सफाई के दौरान हुई।मृतकों की पहचान ग्राम प्रधान विद्यावती के पति सुरेंद्र (65) पुत्र सीताराम और गांव निवासी कैलाश (35) पुत्र देवीसाय के रूप में हुई है.।
जमीनी विवाद में दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, वीडियो वायरल*
रितेश मिश्रा
पाली, हरदोई। थाना क्षेत्र के ग्राम रमापुर में जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए, जिनमें जमकर लाठी-डंडे चले। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमलावर नजर आ रहे हैं।मामले में राकेश पुत्र मिट्ठू निवासी ग्राम रमापुर ने पाली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके खेत में खड़ी गेहूं की फसल को उसके सगे भाई रामप्रसाद ने काट लिया और खेत पर कब्जा कर लिया। जब उसने इसका विरोध किया तो रामप्रसाद और उसके पुत्रों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष पहले भी कई बार विवाद और झगड़ा कर चुका है। वहीं वायरल वीडियो में दर्जनभर से अधिक लोग लाठी-डंडे लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है और जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा की मुस्तैदी से नाकाम हुई बड़ी चोरी, एक चोर मौके पर ही दबोचा*
रितेश मिश्रा
हरदोई/सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित डीसीएम रूपापुर चीनी मिल परिसर में सोमवार की रात चोरों ने जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। चोर दीवार फांदकर मिल परिसर में दाखिल हुए और स्टोर की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने पहले कोल्ड ड्रिंक पी और फिर गल्ले में रखे करीब 48 हजार रुपये पार कर दिए।जनरल स्टोर संचालक संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि इतना ही नहीं, चोर दुकान में रखे कीमती सामान को भी समेटने लगे। वह अपने साथ लाए बैग में नमकीन, बिस्किट और काजू जैसे खाद्य पदार्थ भरकर ले जा रहा था, जिससे साफ है कि वह लंबे समय तक चोरी करने की फिराक में था।
इसी दौरान परिसर में तैनात सुरक्षा यूनिट की सतर्कता से चोरों की योजना पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। यूनिट हेड पुष्पेंद्र सिंह की तत्परता और सूझबूझ के चलते एक चोर को मौके पर ही दौड़ाकर पकड़ लिया गया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।बताया जाता है कि सिक्योरिटी हेड पुष्पेंद्र सिंह सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हमेशा सख्त रहते हैं और पूरे चीनी मिल परिसर में समय-समय पर औचक निरीक्षण करते रहते हैं। उनकी इसी सक्रियता के चलते बड़ी चोरी की घटना टल गई और एक आरोपी पकड़ा जा सका।घटना के बाद जनरल स्टोर संचालक संतोष गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है
पुष्पेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में बदली रूपापुर चीनी मिल की तस्वीर, सुरक्षा व्यवस्था हुई चाक-चौबंद*
रितेश मिश्रा
हरदोई (सवायजपुर)। रूपापुर चीनी मिल में बीते करीब 8 महीनों में व्यवस्थाओं में बड़ा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। इस बदलाव का श्रेय मिल के सिक्योरिटी एवं एडमिन हेड पुष्पेंद्र सिंह चौहान को दिया जा रहा है, जिनके कुशल नेतृत्व में मिल परिसर की कार्यप्रणाली सुदृढ़ हुई है।पुष्पेंद्र सिंह के कार्यभार संभालने के बाद से ही मिल में साफ-सफाई, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया। पहले जहां परिसर में अव्यवस्था देखने को मिलती थी, वहीं अब माहौल काफी व्यवस्थित और नियंत्रित नजर आता है।सबसे बड़ा बदलाव सुरक्षा व्यवस्था में देखने को मिला है। अब मिल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड अपनी-अपनी ड्यूटी पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहते हैं, जिससे किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं बची है।
खास बात यह है कि सिक्योरिटी इंचार्ज पुष्पेंद्र सिंह चौहान खुद भी समय-समय पर ही नहीं, बल्कि कभी-कभी देर रात अचानक चीनी मिल परिसर का औचक निरीक्षण (सर्प्राइज विजिट) करते हैं। उनके इस कदम से सुरक्षा कर्मियों में सतर्कता बनी रहती है और ड्यूटी में ढिलाई करने वालों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित होती है।इसके साथ ही मिल में आवागमन और निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों की गाड़ी व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पहले जहां बुलेरो वाहन का उपयोग होता था, वहीं अब उसकी जगह आधुनिक अर्टिगा (Ertiga) गाड़ी का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निरीक्षण कार्य और तेज व सुगम हो गया है।
मिल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इन बदलावों के चलते अब परिसर में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है, साफ-सफाई बेहतर हुई है और कार्यसंस्कृति में सकारात्मक परिवर्तन आया है।पूरे क्षेत्र में चर्चा: पुष्पेंद्र सिंह चौहान के कार्यों की अब पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। खासतौर पर उनके कार्यकाल के दौरान गन्ना पिराई सीजन में किसी भी प्रकार की बड़ी घटना सामने नहीं आई, जिसका श्रेय सीधे तौर पर उनकी सख्त निगरानी और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था को दिया जा रहा है।कर्मचारियों में बढ़ा विश्वास:कर्मचारियों के अनुसार, सख्त निगरानी और बेहतर प्रबंधन के चलते अब कार्यस्थल पर विश्वास और संतोष का माहौल बना है।
रूपापुर चीनी मिल में आए इस व्यापक बदलाव को क्षेत्र में एक मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है, जहां मजबूत नेतृत्व और निरंतर निगरानी से व्यवस्थाओं को नई दिशा मिली है।
भव्य शोभायात्रा के साथ राम-परशुराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
रितेश मिश्रा
हरदोई हरियांव में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नव-निर्मित श्री राम-परशुराम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भव्य रूप से संपन्न हुई।
इस पावन अवसर पर पूरे गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न मंदिरों एवं स्थलों पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ प्राप्त किया। पूरे वातावरण में “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों की गूंज सुनाई दी।
मंदिर में भगवान श्रीराम, माता जानकी, पंचमुखी हनुमान जी एवं भगवान परशुराम की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न कराई गई। इस समस्त धार्मिक अनुष्ठान को भागवताचार्य श्री बालकेशन शुक्ला जी के सान्निध्य एवं उनके द्वारा विधिवत पूजा-पाठ कर संपन्न कराया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी अरविंद कुमार त्रिपाठी ‘गुड्डू’ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूरे गांव की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और सभी ने मिलकर इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि गांव की एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर गया।
बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की धूमधाम से मनाई गई 136वी  जयंती

बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी में बाबासाहेब की 136वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की
भारत रत्न और संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती पिहानी कस्बे में एक उत्सव की तरह हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर कस्बे के मुख्य मार्गों से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

पुष्प वर्षा और सेवा भाव से हुआ स्वागत

शोभायात्रा का आकर्षण और बढ़ गया जब समाज के विभिन्न वर्गों ने आगे बढ़कर इसमें हिस्सा लेने वाले श्रद्धालुओं और अनुयायियों का स्वागत किया। इस दौरान डॉ. अंज़र, डॉ. मो. इरशाद, मो. नौशाद, मोनू कुरैशी, आज़म खान, सुहेल मंसूरी, मोबिन, और जैनुल आदि ने शोभायात्रा पर फूलों की बारिश (पुष्प वर्षा) कर एकता का संदेश दिया।
सेवा स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
गर्मी और उमस को देखते हुए शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों के माध्यम से मौजूद लोगों को पानी और ताजे फलों का वितरण किया गया। लोगों का कहना था कि बाबासाहेब के समानता के विचारों को पिहानी कस्बे ने आज व्यावहारिक रूप में दिखाया है।
साम्प्रदायिक एकता की मिसाल
पिहानी कस्बे में जिस तरह से सभी धर्मों और समुदायों के लोगों ने मिलकर इस जयंती उत्सव को सफल बनाया, वह क्षेत्र में साम्प्रदायिक सौहार्द की एक बड़ी मिसाल बन गया है। शोभायात्रा में बाबासाहेब के जयकारों और देशभक्ति के गीतों से पूरा कस्बा गूंज उठा।
लकड़ी माफियों ने काट दिए प्रतिबंधित देशी आम के हरे भरे पेड़
विनोद गुप्ता
हरदोई टड़ियावां वन विभाग संरक्षण में पनप रहे हरियाली के दुश्मन, थाना टड़ियावां क्षेत्र के गाँव तेलियानी में आज मंगलवार की बीती रात लकड़ी कटान माफिया ने काट दिए प्रतिबंधित देशी आम के हरे भरे 5 पेंड, यही नही बीते सप्ताह भर में थाना टड़ियावां क्षेत्र के विभिन्न गाँव में काटे गए प्रतिबंधित आम व गूलर के पेड़। अब सोचनीय विषय यह है कि प्रशासन की सख्ती होने के बाद भी आख़िर किसके संरक्षण में आये दिन काटे जा रहे हरे भरे प्रतिबंधित पेंड।
*बोले जिम्मेदार* -वन दरोगा अभय पटेल ने बताया कि प्रतिबंधित पेड़ों को काटने की उन्हें अभी जानकारी मिली है, उनकी टीम द्वारा जांच पड़ताल कर कटान माफिया पर कार्यवाही करेंगी।