आजमगढ़:- फायरिंग कांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च को शाम करीब 3 बजे वादी अपने मित्र के साथ घर के सामने खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। उसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और एक आरोपी ने गनर की लाइसेंसी राइफल लेकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आसपास लोगों के जुटने पर सभी आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 87/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 352, 351(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/27/30 में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 4 मार्च की रात 11:59 बजे हीरापट्टी निवासी अजय कुमार राव को ब्रह्मस्थान से हीरापट्टी जाने वाले मार्ग पर डीह बाबा स्थान के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद 5 मार्च की सुबह 6:10 बजे प्राइवेट बस स्टैंड के पास से अन्य आरोपी रिशु यादव, आजाद अहमद उर्फ बिट्टू, शशिकांत राय और अमित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी राइफल (लाइसेंस नंबर 509/13) बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल सर्वेश विक्रम, हेड कांस्टेबल अजब नारायण सिंह, कांस्टेबल सुमित कुमार और कांस्टेबल आकाश कुमार शामिल
आजमगढ़:- जहरीला पदार्थ के सेवन से छात्रा की मौत, प्रेमी हिरासत में, अहरौला के पारा गांव का मामला

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़।  अहरौला थाना के फुलवरिया पारा गांव में बुधवार की रात एक प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में प्रेमिका की मौत हो गई, जबकि प्रेमी पुलिस हिरासत में है। वही परिजन हत्या का आरोप लगा रहे है। बताया जा रहा है कि, फुलवरिया पारा गांव निवासी सरिता पुत्री सुरेश गोंड, बीए की छात्रा थी। सरिता का गांव के ही युवक दिलीप से प्रेम प्रपंच चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों घर से फरार हो गए थे, लेकिन बाद में घर लौट आए। बताया जा रहा है कि होली की रात बुधवार को दिलीप ने सरिता को फोन कर बुलाया। दोनों गांव के सिवान क्षेत्र में मिलकर जहरीला पदार्थ खा गए। इसके बाद दिलीप ने अपने मित्र को बुलाया, जिसने सरिता को उसके घर के पास रास्ते पर छोड़ दिया। गुरुवार की भोर में गांव के लोग रास्ते पर अचेत पड़ी सरिता को देखकर अस्पताल ले गए, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। प्रेमी दिलीप की हालत ठीक है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सरिता के पिता की तहरीर पर पहले ही रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और दोनों के घर से फरार होने के कारणों को भी खंगाल रही है। परिजनों का आरोप है कि पूर्व में दर्ज मुकदमे की रंजिश के चलते लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उसकी हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती के पिता ने कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, फोरेंसिक टीम साक्ष्य संकलित कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
आजमगढ़:-आजमगढ़ पुलिस लाइन में हर्षोल्लास से खेली गई होली, अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक दूसरे को लगाया अबीर और गुलाल

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के बाद पुलिस लाइन आजमगढ़ में गुरुवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्षोल्लास के साथ होली उत्सव मनाया। इस दौरान अधिकारी व कर्मचारी रंग, अबीर और गुलाल में सराबोर होकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने भी सहभागिता करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ होली का उत्सव मनाया। इस अवसर पर सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द्र का संदेश दिया।
उत्सव के दौरान संगीत, लोकगीत और नृत्य का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने होली पर्व के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
इस अवसर पर सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
आजमगढ़:-शिक्षक का सनसनीखेज आरोप: इस्तीफा न देने पर पोक्सो एक्ट में फँसाने की मिल रही धमकी
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। फूलपुर क्षेत्र के मेजवा स्थित श्री कैफी आजमी गर्ल्स इंटर कॉलेज के एक प्रवक्ता ने विद्यालय प्रबंधन और मिजवां वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र सौंपा है। भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि उन पर जबरन इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा है और इनकार करने पर पोक्सो जैसे गंभीर कानून के तहत झूठे मुकदमे में फँसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित शिक्षक वीरेंद्र कुमार, जो 2021 से कॉलेज में कार्यरत हैं, ने बताया कि बीती 27 फरवरी को बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं जमा कर लौटने के बाद उन्हें सोसाइटी के कार्यालय में बुलाया गया। आरोप है कि वहां संस्था की सीईओ गुरजीत कौर, मैनेजर सलीम खान, डिप्टी मैनेजर मनोज प्रजापति और बोर्ड सदस्य विकास यादव ने उन्हें लगभग डेढ़ घंटे तक रोककर रखा और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिक्षक का दावा है कि उन पर सादे कागज पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। शिकायती पत्र के अनुसार, जब शिक्षक ने इस्तीफा देने से मना किया, तो उन पर बिना किसी साक्ष्य के चरित्र हनन के आरोप लगाए गए। वीरेंद्र कुमार ने आशंका जताई है कि उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत फँसाने का जाल बुना जा रहा है। "इस घटना के बाद से मैं और मेरा परिवार गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में हैं। मुझे और मेरे परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।" इस संबंध में प्रिंसिपल वंदना मिश्रा का कहना है कि सोसाइटी की सीईओ गुरमीत कौर, सीनियर मैनेजर सलीम खान, डिप्टी मैनेजर मनोज प्रजापति और लल्लन प्रजापति द्वारा विद्यालय और सोसाइटी पर धब्बा लगाने वाला काम किया जा रहा है। मैं अपने ढंग से पता लगाई हूं। इस तरह की कोई बात नहीं है। विद्यालय के भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार यादव साफ सुथरे सज्जन इंसान हैं। सोसाइटी द्वारा अचानक से उन्हें बुलाकर ये सब कहा गया। इन लोगों द्वारा लगाया जा रहा आरोप छोटा आरोप नहीं। किसी के जीवन के साथ खिलवाड़ करना ठीक नहीं है। वहीं सोसायटी के उपप्रबंधक मनोज कुमार का कहना है कि शिक्षक द्वारा कुछ गलतियां की गई हैं। उसे छुपाने के लिए सोसाइटी पर आरोप लगा रहे हैं।
आजमगढ़:-घर के सामने खड़ा टेंपो हुआ जलकर खाक, कमाई का एक मात्र था सहारा

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के लल्लूगंज बाजार में संजीव कुमार प्रजापति का अपना मकान है। टेंपो चला करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। प्रतिदिन की भांति वह दिनभर टेंपो चला करके रात में घर के बाहर बरामदे में खड़ा करके घर के अंदर सोने चले गए तभी रात में करीब 12बजे टेंपो धू धू कर जलने लगा। सड़क पर चल रहे राहगीरों ने उन्हें जगाया कि आपके घर के सामने खड़ा टेंपो जल रहा है। परिवार और आस पास के लोगों ने टेंपो में लगी आग को बुझाने की कोशिश की पर तब तक टेंपो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सोमवार को सुबह तहरीर देकर के अपने टेंपो के जले होनें की खबर थाना अध्यक्ष बरदह को दी और बताया कि 2 महीना पहले भी हमारे घर को जलाने की कोशिश की गई थी। जिसमें काफी नुकसान हुआ था। इस संबंध में थानाध्यक्ष बरदह राजीव कुमार ने कहा कि जांच कराई जाएगी की किन कारणों से टेंपो जला है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।।
आजमगढ़:-सड़क हादसे में घायल दूसरे छात्र की भी इलाज के दौरान मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल दूसरे छात्र की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार देर शाम आजमगढ़ के लाइफ लाइन अस्पताल में उपचार के दौरान आकिब ने दम तोड़ दिया। इससे पहले उसके साथी समीर की घटना वाले दिन ही मौत हो गई थी। दोनों छात्रों की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूक्खीपुर, थाना अहरौला निवासी समीर (20 वर्ष) पुत्र नसीम और आकिब (19 वर्ष) पुत्र नसीर अहमद बाइक से हाईस्कूल की गणित परीक्षा देने जा रहे थे। दोनों कक्षा 10 के छात्र थे और उनका परीक्षा केंद्र जनता इंटर कॉलेज अम्बारी में निर्धारित था। वे रिसेंट पब्लिक इंटर कॉलेज गनवारा माहुल के छात्र थे। शुक्रवार सुबह इब्राहिमपुर गांव के पास सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची अम्बारी पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आकिब को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था। आकिब का इलाज आजमगढ़ के लाइफ लाइन अस्पताल में चल रहा था। चिकित्सकों के प्रयास और विद्यालय प्रबंधन की ओर से रक्तदान किए जाने के बावजूद रविवार देर शाम उसने भी दम तोड़ दिया। रिसेंट पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक अशफाक अहमद घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे और लगातार परिजनों के संपर्क में बने रहे। मृतक समीर अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी एक बहन है, जबकि उसके पिता नसीम सऊदी अरब में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब दूसरे छात्र आकिब की भी मौत हो जाने से सूक्खीपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। दो होनहार छात्रों की एक साथ मौत से विद्यालय परिवार और ग्रामीण स्तब्ध हैं। परीक्षा देने निकले इन युवकों की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
आजमगढ़:-होली व रमजान को लेकर हाई अलर्ट, पुलिस ने किया पैदल मार्च
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। होली के रंगोत्सव और पवित्र माह रमजान को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से फूलपुर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्राधिकारी किरन पाक सिंह के नेतृत्व में फूलपुर व अंबारी क्षेत्र में व्यापक पैदल मार्च निकालकर आमजन को शांति, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया।
पैदल मार्च फूलपुर बस स्टॉप से प्रारंभ होकर मेन रोड, सिनेमा रोड, श्री शंकर जी तिराहा, शनिचर बाजार, चूना चौक, पुरानी सब्जी मंडी, धर्मशाला रोड, मां भवानी तिराहा, गल्ला मंडी और कोयला मंडी होते हुए पुनः बस स्टॉप पर समाप्त हुआ। मार्च के दौरान पुलिस बल ने लोगों से दोनों पर्व आपसी सद्भाव, भाईचारे और हंसी-ठिठोली के साथ मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने कहा कि पर्व हमें शांति और एकता का संदेश देते हैं। किसी भी प्रकार की शरारत या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ से बचें, तेज गति से वाहन न चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर एसआई गंगा प्रसाद बिंद, महिला प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस के इस कदम से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है और लोगों ने भी प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
आजमगढ़:-ओमप्रकाश मिश्र महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर का भव्य समापन

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। ओमप्रकाश मिश्र स्मारक महाविद्यालय मोलनापुर अहमद बख्श फुलेश के अंतर्गत संचालित ओमप्रकाश मिश्र कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के सभागार में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान गणेश की प्रतिमा तथा स्व. ओमप्रकाश मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय समन्वयक देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं सामाजिक जागरूकता पर आधारित लघु नाटिकाएं प्रमुख रहीं। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. धीरेंद्र मिश्र ने मुख्य अतिथि को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य विनीत दुवा, डॉ. कमाल अख्तर, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सतीश त्रिपाठी, डॉ. प्रतिमा सिंह, संतोष कुमार गुप्ता, नर्सिंग शिक्षक सरोज, अंजली पांडेय सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
आजमगढ़:-रंगोली और पाक कला में छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के मतलूबपुर स्थित मां शकुंतला डिग्री कॉलेज में मंगलवार को छात्राओं ने रंगोली एवं पाक कला प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फूलपुर-पवई विधायक रमाकांत यादव के प्रतिनिधि विजय बहादुर यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक आकर्षक एवं मनमोहक रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाईं, जिनकी मुख्य अतिथि ने सराहना की। इसके पश्चात पाक कला प्रतियोगिता के अंतर्गत छात्राओं द्वारा तैयार किए गए समोसा, गुलाब जामुन, छोला-चना, भटूरा, गाजर का हलवा, चाय, कॉफी, पनीर व्यंजन, पूड़ी, ब्रेड पकौड़ा, इडली-सांभर, कस्टर्ड, चाऊमीन, बर्गर, छोला-मटर एवं कचौड़ी आदि व्यंजनों का अवलोकन कर स्वाद चखा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां एक नहीं बल्कि दो परिवारों को संवारने का कार्य करती हैं। उनके संस्कार, व्यवहार और कौशल से दोनों घरों का मान-सम्मान बढ़ता है। उन्होंने छात्राओं के आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार राय, प्राचार्य पूनम पाठक सहित अन्य शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रतिभागी छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया।
आजमगढ़:-विजय बहादुर यादव चौथी बार बने रमाकांत यादव के  विधायक प्रतिनिधि

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़।  विजय बहादुर यादव को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के हरूनपुर ग्राम निवासी सपा के तेजतर्रार व जनप्रिय युवा नेता विजय बहादुर यादव को रमाकांत यादव ने चौथी बार अपना विधायक प्रतिनिधि मनोनीत किया है। श्री यादव वर्तमान में फूलपुर–पवई विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। चौथी बार विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने की सूचना मिलते ही समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। हरूनपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी।
इस अवसर पर अमर सिंह चौहान उर्फ डब्बू, सुबास प्रजापति, विक्रांत सिंह, अरविंद यादव, डॉ. ज्ञान चंद यादव, ज्ञान चंद प्रजापति, अवनीश सिंह, नवीन सिंह, सनी यादव, प्रेम चंद चौहान, राजा बाबू यादव, डॉ. विजेंद्र सिंह, प्रभात सिंह, बनारसी यादव, सुनील कुमार यादव सहित कई कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
विजय बहादुर यादव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते हैं।