लोकतांत्रिक पारदर्शिता के लिए सामान्य सभा की कार्यवाही का लाइव टेलीकास्ट आवश्यक : एड रवि व्यास
भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका की सामान्य सभा की कार्यवाही को आम नागरिकों तक सीधे पहुँचाने के उद्देश्य से भाजपा नगरसेवक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष  एड. रवि व्यास ने महापौर एवं आयुक्त को पत्र लिखकर सामान्य सभा की बैठक का लाइव टेलीकास्ट शुरू करने की मांग की है।
उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि देश में लोकतांत्रिक पारदर्शिता और जनभागीदारी को सशक्त बनाने के लिए लोकसभा तथा महाराष्ट्र विधानसभाओं की कार्यवाही का नियमित रूप से सीधा प्रसारण किया जाता है। इससे नागरिकों को अपने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों, चर्चाओं और लिए गए निर्णयों की प्रत्यक्ष जानकारी मिलती है। एड. रवि व्यास ने कहा कि इसी तर्ज पर मिरा-भाईंदर महानगरपालिका की सामान्य सभा का लाइव टेलीकास्ट महानगरपालिका के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (जैसे फेसबुक, यूट्यूब आदि) पर किया जाना चाहिए। इससे नागरिकों को सभागृह की कार्यवाही की पारदर्शी जानकारी मिलेगी, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति विश्वास मजबूत होगा तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम जनता की भागीदारी बढ़ेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आज के डिजिटल युग में आवश्यक तकनीकी संसाधन आसानी से उपलब्ध हैं और कम खर्च में यह व्यवस्था शुरू की जा सकती है। अतः जनहित और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका प्रशासन से सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा की गई है।
सार्वजनिक शौचालयों में व्याप्त गंदगी को लेकर रवि व्यास ने लिखा आयुक्त को पत्र
भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका द्वारा संचालित सार्वजनिक शौचालयों में व्याप्त गंदगी तथा साफ सफाई न होने की समस्या को लेकर बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगरसेवक एड. रवि व्यास ने महापालिका आयुक्त को पत्र लिखकर इस गंभीर समस्या के निराकरण करने तथा काम के प्रति लापरवाही बरसाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। आयुक्त को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि पिछले कुछ महीनों में महापालिका द्वारा सार्वजनिक शौचालयों की साफ सफाई तथा स्वच्छता को लेकर स्थाई रूप से सुशिक्षित कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं, परंतु ये कर्मचारी शौचालयों की साफ सफाई को लेकर पूरी तरह से निष्क्रिय हैं। इसके विपरीत इन शौचालयों के आसपास रहने वाले निजी सफाई कर्मचारी अपने काम को सही ढंग से कर रहे हैं। ऐसे में इन शौचालयों के आसपास रहने वाले लोगों को अस्वच्छता, दुर्गंध समेत अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महापालिका द्वारा इनकी साफ सफाई पर भारी खर्च करने के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने आयुक्त से निवेदन किया है कि वह सक्षम अधिकारियों से इसका निरीक्षण कराए तथा अपने कर्तव्यों की पूर्ति न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
हृदयांगन विथिका पर रामकथा के साथ बही काव्य धारा



मुंबई । साहित्यिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक राष्ट्रीय संस्था हृदयांगन के तत्वावधान मलन फरवरी माह 2026 विगत सप्ताह से अनवरत चल रहे रामकथा एवं गीता के श्लोकों का श्रोताओं ने खूब श्रवण किया।जीवन पर आधारित संदेश का सुखद अनुभव श्रोताओं एवं साहित्यकारों ने लिया।

उक्त कार्यक्रम का आयोजन आनलाइन हृदयांगन विथिका पर किया गया जिसका संयोजन राष्ट्रीय अध्यक्षा विद्युत प्रभा चतुर्वेदी एवं संस्थापक अध्यक्ष डॉ विधु भूषण त्रिवेदी विद्या वाचस्पति ने किया। संस्था के राष्ट्रीय मिडिया सचिव विनय शर्मा दीप ने बताया कि पटल पर उपस्थित साहित्यकारों में वर्षा खन्ना, इंदिरा गुप्ता यथार्थ, सतेन्द्र शर्मा,पूजा गोयल,डॉ रघुनाथ मिश्र सहज एवं कविता विष्ट ने उपस्थित होकर अपनी रचनाओं के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध किया तथा विद्युत प्रभा चतुर्वेदी एवं विधु भूषण त्रिवेदी ने रामकथा व गीता के संदेश से सभी को प्रफुल्लित किया।
राज्यसभा की दहलीज पर पूर्व गृह राज्य मंत्री गजानन कीर्तिकर
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक नई हलचल तब तेज हो गई जब राज्य के पूर्व गृह राज्य मंत्री गजानन कीर्तिकर ने उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर राज्यसभा चुनाव में अपनी उम्मीदवारी के लिए औपचारिक आग्रह किया।
यह पत्र केवल एक व्यक्तिगत राजनीतिक अभिलाषा नहीं, बल्कि शिवसेना की आंतरिक संरचना और भविष्य की रणनीति का संकेत भी माना जा रहा है।
शिवसेना की स्थापना से सक्रिय भूमिका
गजानन कीर्तिकर शिवसेना की स्थापना काल से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। उन्होंने संगठन निर्माण से लेकर जन-आंदोलनों तक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पिछले चार वर्षों से वे एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना धड़े में विशेष रूप से सक्रिय हैं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं।
लोकसभा सदस्य के रूप में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुखर भूमिका निभाई है। चाहे वह मराठी अस्मिता का प्रश्न हो, स्थानीय विकास का विषय हो या केंद्र-राज्य संबंधों का मामला — कीर्तिकर ने संसद में अपनी आवाज बुलंद की है।
राज्यसभा की राजनीति: रणनीति या संतुलन?
राज्यसभा चुनाव को लेकर यह पत्र ऐसे समय में आया है जब महाराष्ट्र की राजनीति गठबंधन और संतुलन के दौर से गुजर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शिवसेना (शिंदे गुट) अपने वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना चाहती है।
राज्यसभा में एक सशक्त वक्ता की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
संगठन के प्रति दीर्घकालिक निष्ठा को पुरस्कृत करने का यह अवसर हो सकता है।
यदि गजानन कीर्तिकर को राज्यसभा भेजा जाता है, तो यह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में पार्टी की रणनीतिक मजबूती का संकेत होगा।
राजनीतिक संदेश क्या है?
यह पत्र कई स्तरों पर संदेश देता है:
संगठन के प्रति निष्ठा का सम्मान।
अनुभवी नेतृत्व को राष्ट्रीय मंच पर स्थान।
शिवसेना के भीतर समन्वय और संतुलन की राजनीति।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि राज्यसभा चुनाव केवल एक पद नहीं, बल्कि आगामी लोकसभा और विधानसभा समीकरणों की भूमिका भी तय करेगा।
निष्कर्ष: गजानन कीर्तिकर का यह आग्रह महाराष्ट्र की राजनीति में नई संभावनाओं को जन्म देता है। अब सबकी निगाहें एकनाथ शिंदे के निर्णय पर टिकी हैं। यदि उन्हें राज्यसभा की उम्मीदवारी मिलती है, तो यह उनके लंबे राजनीतिक सफर का एक नया अध्याय होगा।
महाराष्ट्र की राजनीति में यह घटनाक्रम आने वाले दिनों में और भी रोचक मोड़ ले सकता है।
(कौशल विनोद पाठक द्वारा विशेष रिपोर्ट)
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु की जीवन प्रवास पर आधारित पुस्तक ‘ध्येयधुंद’ का लोकार्पण

मुंबई :  “मैं हमेशा सोचता था कि मेरे जैसे एक सामान्य व्यक्ति से इतने कार्य कैसे हो जाते हैं? तब एहसास होता है कि कहीं न कहीं एक दैवी शक्ति होती है, जो हमसे अच्छे कार्य करवाती है। इसलिए आइए, हम सब मिलकर समाजाभिमुख कार्य करें; उस समय वह दैवी शक्ति निश्चित रूप से हमारे साथ खड़ी रहेगी,” ऐसा आह्वान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने किया। नकुल पार्सेकर द्वारा लिखित और सुरेश प्रभु के जीवनप्रवास पर आधारित ‘ध्येयधुंद’ पुस्तक का भव्य लोकार्पण समारोह शिवाजी पार्क स्थित स्वातंत्र्यवीर सावरकर राष्ट्रीय स्मारक सभागार में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रभु ने अपने अब तक के सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। समारोह में सारस्वत बैंक के अध्यक्ष गौतम ठाकुर, एबीपी माझा के संपादक राजीव खांडेकर, वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रफुल्ल छाजेड, कालानिर्णय के कार्यकारी निदेशक जयराज सालगांवकर, नाबाॅर्ड के निदेशक सतीश मराठे, शैलेश हरिभक्ति, जिजाऊ संस्था के संस्थापक निलेश साम्ब्रे, स्वामीराज प्रकाशन के रजनीश राणे, जय अल्पसंख्यक ट्रस्ट की अल्पा शाह तथा वर्धमान श्रुतगंगा ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय शाह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने की, जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। गौतम ठाकुर ने अपने भाषण में सुरेश प्रभु की निर्णय क्षमता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में लिए गए निर्णयों से सारस्वत बैंक ने बड़ी प्रगति की। रविंद्र चव्हाण ने प्रभु को “परिस” की उपमा देते हुए कहा कि उनके कार्यों से अनेक क्षेत्रों को नई दिशा मिली है। सभी मान्यवरों ने एकमत से कहा कि सुरेश प्रभु ने कभी स्वयं या अपने कार्यों का प्रचार-प्रसार नहीं किया और वे वास्तव में वैश्विक दृष्टि वाले नेता हैं। पुस्तक के लेखक नकुल पार्सेकर ने भी कहा कि प्रभु की एक कार्यकर्ता के रूप में पहचान उनकी ऑक्सफोर्ड डिग्री से भी बड़ी है। ‘ध्येयधुंद’ पुस्तक के सह-प्रकाशक के रूप में बोलते हुए वर्धमान श्रुतगंगा ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय शाह ने कहा कि श्री वर्धमान श्रुतगंगा ट्रस्ट के लिए आज अत्यंत गर्व और आनंद का दिन है, क्योंकि देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के एक महान व्यक्तित्व के जीवनप्रवास को पुस्तक रूप में दुनिया के सामने लाने का अवसर मिला है। इसके लिए उन्होंने लेखक नकुलजी पार्सेकर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुरेश जी ने जैन समाज के लिए बहुत कार्य किया है, लेकिन उन्होंने कभी उसका श्रेय नहीं लिया। इसलिए आज इस पुस्तक के माध्यम से हम एक बार फिर सुरेश जी से जुड़ पाए हैं - यह हमारे लिए अत्यंत आनंद की बात है। उन्होंने आगे कहा कि जब राजनीति में आदर्शवाद कम होता जा रहा है, तब सुरेश प्रभु आदर्श राजनीति और विकासोन्मुख समाजकारण के मार्ग पर दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं। स्वामीराज प्रकाशन प्रकाशन क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण संस्था है और मराठी भाषा के लिए उनका चल रहा अभियान स्वागतयोग्य है। भाषा कोई भी हो, वह जीवित रहनी चाहिए, यह हमारा भी आग्रह है, ऐसा शाह ने स्पष्ट किया। इस अवसर पर संजय शाह ने विशेष घोषणा करते हुए बताया कि ‘ध्येयधुंद’ पुस्तक का संस्कृत संस्करण शीघ्र ही प्रकाशित किया जाएगा। प्रभु और लेखक की औपचारिक अनुमति के पश्चात आगे की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। मराठी संस्करण के बाद पुस्तक के हिंदी और अंग्रेज़ी संस्करण भी जल्द प्रकाशित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन अशोक परब ने किया, जबकि मोहन होडावडेकर ने स्वागत समिति की ओर से आभार प्रदर्शन किया। गानचंद्रिका पद्मजा फेणाणी, डॉ. संजय देशमुख सहित विभिन्न क्षेत्रों के अनेक गणमान्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिंद-दी-चादर गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत दिवस पर मुफ्त चिकित्सा शिविर
मुंबई । बृहन्मुंबई महानगरपालिका जी - दक्षिण स्वास्थ्य चिकित्सा विभाग के स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विरेन्द्र वी.मोहिते साहेब के मार्गदर्शन में हिंद-दी-चादर गुरु तेग बहादुर की 350 वीं शहादत दिवस पर विभाग के सभी स्वास्थ्य केंद्रों ने मुफ्त चिकित्सा शिविर विगत 14 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित किया तथा अनवरत जारी है। उक्त चिकित्सा शिविर का आयोजन सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ अमोल दर्रोई,डॉ मनीष सार्दुल एवं समाज विकास अधिकारी राजेश सुरवाडे सहित प्रभा देवी स्वास्थ्य केंद्र,आर सी एच -2 स्वास्थ्य केंद्र,सासमीरा स्वास्थ्य केंद्र,वर्ली कोलीवाडा स्वास्थ्य केंद्र,जीजामाता नगर स्वास्थ्य केंद्र, एन.यू.एच.एम् स्वास्थ्य केंद्र,एम एच कम्पाउन्ड स्वास्थ्य केंद्र एवं करी रोड स्वास्थ्य केंद्र के सहायक चिकित्सा अधिकारियों ने किया।

प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्रों द्वारा आयोजित मुफ्त चिकित्सा शिविर में सैकड़ों नागरिकों ने लाभ लिया।जिसमें शिशुओं एवं माताओं हेतु डॉ एवं परिचारिका द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य लाभ, मुफ्त रक्तचाप जांच, मलेरिया एवं शक्कर की बिमारी हेतु खून जांच,ब्लडप्रेशर, वज़न,ईसीजी जांच सहित संबंधित बिमारी हेतु दवाइयां भी दी गई। उक्त शिविर में उपस्थित सभी कर्मचारियों, अधिकारियों सहित नागरिकों ने मुफ्त चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए गुरु तेग बहादुर जी को याद करते हुए उनकी शहादत को नमन किया।
बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा मनाई गई शिवाजी जयंती
ठाणे। साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक राष्ट्रीय संस्था बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार 19 फरवरी 2026 को छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती धूमधाम से मनाई गई।जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार जयप्रकाश मिश्र मिलिंद ने किया तथा मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार संतोष पाण्डेय उपस्थित थे।मंच का खूबसूरत संचालन युवा साहित्यकार पवन तिवारी ने किया।उपस्थित साहित्यकारों में गीतकार रामस्वरूप साहू, रामजी लाल वर्मा,कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप, बाहुबली सिंह,विनय कुमार शर्मा, कवियत्री सुमित्रा गुप्ता, प्रज्ञा आनंद राय, अन्नपूर्णा गुप्ता सरगम के साथ संस्था राष्ट्रीय सचिव एवं संयोजक सत्यभामा सिंह जिया एवं संयोजक शिव कुमार सिंह उपस्थित थे। पारिवारिक वातावरण में गोष्ठी का संयोजन आशीष सिंह, श्रीमती शालिनी सिंह एवं नीलांश सिंह ने किया।उपस्थित सभी अतिथि साहित्यकारों का सम्मान संस्था पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र देकर किया गया।सभी ने छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर कविताएं, छंद,गीत,मुक्तक एवं गजल सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।अंत में सचिव सत्यभामा सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच द्वारा रंग रंगीलो म्हारो राजस्थान का भव्य आयोजन
मुंबई। पिछले 17 वर्षों से गृहिणियों के काव्य वाचन  का सुनहरा प्लेटफॉर्म बन चुकी साहित्यिक संस्था ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच द्वारा 25 फरवरी को दक्षिण मुंबई के लोअर परेल के ट्रंप टावर, लोढ़ा पार्क क्लब हाउस, पी 7 में दोपहर 2:30 बजे से रंग रंगीलो म्हारो राजस्थान का भव्य आयोजन किया गया है। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष  डॉ मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रख्यात गायिका इला अरुण और फिल्म एक्ट्रेस राकुल प्रीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति रहेंगी। कार्यक्रम में राजस्थान की महारानी मंदाकिनी कुमारी तथा घूमर नृत्य के लिए विशेष काम करने वाली ज्योति तोमर को उनके विशेष योगदान के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान के तीन कलाकारों रेखा राव, कुमार गौतम तथा विक्की हाडा को सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। डॉ. मंजू लोढ़ा के अनुसार राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को कलात्मक तरीके से प्रस्तुत करने वाला यह कार्यक्रम हृदय की धड़कनों को तेज करने वाला कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि नृत्य नाटिका के माध्यम से हमारी सारी सदस्या राजस्थान की संस्कृति तथा वहां के तीज त्यौहार को प्रदर्शित करेंगे।
विधायक संजय उपाध्याय ने किया वर्तिका फिजियोथैरेपी क्लिनिक का उद्घाटन
मुंबई। बोरीवली विधानसभा के लोकप्रिय भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने  फिजियोथैरेपी चिकित्सा के क्षेत्र में तेजी से लोकप्रिय हो रही वर्तिका फिजियोथैरेपी क्लिनिक की ओल्ड अशोक नगर बिल्डिंग, वजीरा, बोरीवली पश्चिम स्थित नई शाखा का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में स्थानीय नगरसेविका श्रीमती श्वेता कोरेगांवकर, गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ सौरभ सांगोरे, नगर सेविका डॉक्टर शिल्पा सांगोरे, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ दिनेश सिंह, दहिसर मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ मिलिंद तावते उपस्थित रहे। क्लीनिक के संचालक डॉ देवेंद्र चतुर्वेदी तथा डॉ वर्तिका चतुर्वेदी ने समस्त अतिथियों का सम्मान किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में गीता मसूरकर, डॉ तन्वी, नेत्रा, दीपाली राजू भैया ,सुनील देवार्त आदि का समावेश रहा। वर्तिका फिजियोथैरेपी क्लीनिक की मुख्य शाखा कांदिवली पूर्व के ठाकुर विलेज में है जहां क्लीनिक को मिल रही लगातार सफलता से उत्साहित होकर दूसरी शाखा खोली गई है।
सामाजिक संगठनों ने किया पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव का सम्मान
मुंबई। उत्तर भारतीय समाज के गौरव कहे जाने वाले तथा लगातार चार बार नगरसेवक निर्वाचित होने वाले पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव के जन्मदिन पर अनेक सामाजिक संगठनों ने उनका सम्मान किया। मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन के उपाध्यक्ष मानिकचंद यादव, पूर्वांचल विकास परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ द्रिगेश यादव, यादव युवा संघ के अध्यक्ष लाल साहब यादव, श्री वासुदेव फाउंडेशन के अध्यक्ष अरविंद यादव तथा यादव समाज प्रगति संघ के उपाध्यक्ष दिनेश राम ब्रिज यादव द्वारा उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ.रामचंद्र रामधनी यादव, इंजीनियर अनिल यादव, पंकज यादव एंड.पवन यादव, राजवली यादव समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। कमलेश यादव की पुत्री तथा नवनिर्वाचित नगरसेविका मनीषा यादव ने समस्त लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।