कोशिश द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा संपन्न

जौनपुर। कोशिश साहित्यिक संस्था के 24वें वार्षिकोत्सव तिलकधारी महिला कालेज परिसर में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का श्री गणेश दीप प्रज्ज्वलन एवं डॉ. नरेंद्र पाठक के सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शायर अहमद निसार ने किया तथा डॉ. अरुण सिंह पूर्व प्राचार्य टी.डी. कॉलेज मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में कोशिश संस्था द्वारा प्रकाशित मंजरी नामक काव्य संग्रह का विमोचन हुआ जो उपस्थित श्रोताओं के लिए कौतूहल का विषय रहा। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ कवि जनार्दन प्रसाद अस्थाना के कहानी संग्रह प्रायश्चित एवं आनन्द राय द्वारा रचित रूठ गया स्नेहल संचित मन नामक काव्य संग्रह का भी विमोचन हुआ। आमंत्रित कवियों एवं उपस्थित श्रोताओं का स्वागत प्रो. आर.एन. सिंह ने किया। संस्था के उद्देश्यों पर संस्थाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद अस्थाना ने प्रकाश डाला एवं अतिथियों के सम्मान में अशोक मिश्रा ने अपने उद्गार व्यक्त किया।विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठजन डा. एम.पी. सिंह, डॉ. एस.बी. सिंह, डा. अंबिकेश्वर सिंह, डॉ. राममोहन सिंह, डॉ, ओम प्रकाश सिंह, डॉ, अजय दुबे, रामकृष्ण त्रिपाठी, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह आदि को सम्मानित भी किया गया। प्रारंभिक सत्र के पश्चात गीत, गजल एवं कविताओं का जो प्रवाह प्रारंभ हुआ, वह सायंकाल तक चलता रहा। मिर्जापुर से पधारे लल्लू तिवारी का शेर 'प्यार कच्चा घड़ा नहीं होता, कोई छोटा बड़ा नहीं होता, पर खूब तालियां बजीं। मऊ से पधारे कवि डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी की रचना 'जीत जाता हूं हार जाता हूं, रोज करने शिकार जाता हूं, सुनकर पूरा हाल वाह-वाह करता रहा। मुक्तेश्वर पाराशर की पंक्तियां 'अकेली यात्राओं में भी मन के गीत पाएंगे', लोगों को खूब पसंद आई। सांप्रदायिक सौहार्द पर पुष्पेंद्र अस्थाना की रचना 'यूं तो जन्नत नहीं जहन्नुम मिलेगा तुमको, नाम मजहब के खून बहाने वालों', बहुत सराही गई। लोक गीतों के महाकवि जगदीश पंथी ने जब कहां की 'बड़ा निक लागे ननद तोरा गंवुआं तो पूरा सभागार मस्ती में झूम उठा और तालियां की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंजता रहा।काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप वशिष्ठ का शेर 'बड़े दिख रहे हैं वे कंधों पर चढ़कर, जो सचमुच बड़े हैं वो झुक कर खड़े हैं', लोगों के मन को छू गया और और बड़े ही सहज भाव में बड़प्पन को रेखांकित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ अरुण सिंह पूर्व प्राचार्य ने साहित्य एवं कविता की प्रासंगिकता को रेखांकित किया और इसके योगदान में कोशिश मंच के प्रयासों को खूब सराहा। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे मशहूर शायर अहमद निसार का शेर, ''बहुत संभाल के धरती पर पांव रखिएगा, हमारे शहर के जर्रे में भी दिल धड़कता है', तहे दिल से साराहा गया और खूब वाहवाही बटोरी।कवि सम्मेलन के बीच-बीच में कोशिश संस्था से जुड़े तमाम कवियों एवं शायरों में जनार्दन प्रसाद अस्थाना, प्रखर जौनपुरी, अशोक मिश्रा, गिरीश श्रीवास्तव, फूलचन्द भारती, एस.बी. उपाध्याय, डा. संजय सिंह सागर, रमेश चंद्र सेठ, अंसार जौनपुरी, अनिल उपाध्याय, नन्द लाल समीर, राजेश पांडेय, सुमति श्रीवास्तव, ओ.पी. खरे, ओंकार यादव, रामजीत मिश्रा, पहलवान, बृजेश राय, मंजू पांडेय, रूपेश साथी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन जीतने में सफल रहे और सृजन के क्षेत्र में जौनपुर के योगदान का सार्थक परिचय दिया। इसके अतिरिक्त काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कई शोध छात्रों ने गीत और गजलों के सृजन में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया जो श्रोताओं द्वारा बहुत पसंद किया गया।डॉ विमला सिंह, डॉ राम अवतार सिंह, संजय सेठ, संजय उपाध्याय, डॉ सुभाष सिंह प्रधानाचार्य, डॉ शुभ्रा सिंह, डॉ संतोष सरोज, प्रेम गुप्ता, डॉ सुधा सिंह, अनिल विश्वकर्मा, आर.पी. सिंह एडवोकेट, अश्वनी तिवारी सहित अन्य अनेक संभ्रांत नागरिकों ने कार्यक्रम की गरिमा में चार चांद लगाया। कवि सम्मेलन का संचालन सभाजीत द्विवेदी प्रखर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डा. अंबिकेश्वर सिंह ने किया।
बिशनपुर कला में हुई गौ हत्या के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
बलरामपुर ।विश्व हिन्दू महासंघ बलरामपुर की पूरी टीम गैसड़ी थाना पहुँची।
जहाँ थाना अध्यक्ष दिर्विजय  से  जिलाध्यक्ष  चौधरी विजय सिंह जी एवं जिला उपाध्यक्ष मिथिलेश गिरी जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि —
गौ हत्या करने वाले अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
उन पर ऐसी कड़ी कार्रवाई हो कि भविष्य में कोई भी इस जघन्य अपराध को करने की सोच भी न सके।
गौ माता हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा की प्रतीक हैं। उनके साथ किसी भी प्रकार का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
हिन्दू समाज अब अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा।
प्रशासन से अपील है कि शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
रमजान माह को दृष्टिगत समुचित व्यवस्था हेतु कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त।    
                         
                                           
बलरामपुर। पवित्र माह रमजान को ध्यान में रखते हुए आदर्श नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य ने कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त करने का आदेश जारी किया है,ताकि नगर में साफ-सफाई,प्रकाश व्यवस्था एवं जलापूर्ति सुचारु रूप से संचालित हो सके।

अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने बताया कि रमजान माह के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। नगर में जलापूर्ति का समय निर्धारित करते हुए बताया गया कि प्रातः 3 बजे से 10 बजे तक ओवरहेड टैंक के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक डायरेक्ट सप्लाई चालू रहेगी। वहीं सायं 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक पुनः ओवरहेड टैंक के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें,जिससे रमजान माह में नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
टीटू वर्ल्ड स्कूल का वार्षिक उत्सव संपन्न ‌। बच्चे ही राष्ट्र के भविष्य,:- सलिल सिंह टीटू
     
  बलरामपुर -तुलसीपुर- अंग्रेजी माध्यम का नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय टीटू वर्ल्ड स्कूल में सत्र 2025–26 का वार्षिकोत्सव “संस्कृति संगम – संस्कारों एवं मूल्यों का” अत्यंत भव्य, आकर्षक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।।          

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक सलिल सिंह टीटू के द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रम में 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी अभिनय प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।नर्सरी व केजी के बच्चों द्वारा जुबी जुबी व इत्ती सी हँसी पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गब्बर एक्ट,भगत सिंह,शिव तांडव व देश के विभिन्न राज्यों के लोक कलाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।संस्थापक सलिल सिंह टीटू ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से बच्चों मे बहुमुखी प्रतिभा का विकास होता है जो उनकी रुचियों के अनुसार अभिनय क्षमता के विकास में सहायक होता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी सर्वेश सिंह, आनंद कुमार सिंह, डॉ. शरद प्रताप सिंह,प्रशांत सिंह,डा. मो.शरीफ खान,रूप चन्द्र गुप्ता एवं अरशद कमाल समेत सैकड़ों अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या ऋचा दीक्षित ने सभी बच्चों,अतिथियों व अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर देवीपाटन मंदिर में उच्च स्तरीय बैठक संपन्न

जयसिंह।-
*श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं पर प्रशासन का विशेष फोकस*

बलरामपुर (तुलसीपुर)14 फरवरी चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में लगने वाले भव्य मेले की तैयारियों के संबंध में देवीपाटन मंदिर परिसर में महंत देवीपाटन मंदिर मिथिलेश नाथ योगी जी तथा जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार की उपस्थिति में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला व्यवस्थाओं के प्रत्येक पहलू पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। *सुरक्षा व्यवस्था को बनाया जाएगा चाक-चौबंद* मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त पुलिस बल, महिला पीएसी, होमगार्ड, रैपिड एक्शन फोर्स तथा सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। पूरे मंदिर परिसर को 2 जोन एवं 12 सेक्टर में विभाजित कर निगरानी की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे, डॉग स्क्वाड, जल पुलिस एवं फ्लड पुलिस की तैनाती के साथ मेले से पूर्व ड्रोन सर्वे कराया जाएगा तथा प्रवेश द्वारों पर एफएमडी लगाए जाएंगे। *बिजली, प्रकाश एवं पेयजल की व्यापक व्यवस्था* मंदिर एवं मेला परिसर को दिनांक 19 मार्च 2026 से एक माह तक विद्युत कटौती से मुक्त रखा जाएगा तथा 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। स्टैंड-बाय ट्रांसफार्मर एवं मेंटेनेंस स्टाफ की व्यवस्था रहेगी। सभी पोल की रैपिंग, जर्जर तारों का प्रतिस्थापन एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पानी के टैंकर, वाटर एटीएम तथा इंडिया मार्का हैंडपंपों की मरम्मत एवं रीबोर कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। *स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुविधाओं पर विशेष जोर* मेला परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य केंद्र स्थापित कर चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम की 24 घंटे तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी। पेयजल में क्लोरीन की गोलियों की व्यवस्था एवं नियमित फॉगिंग कराई जाएगी। स्वच्छता के दृष्टिगत जिला पंचायत राज विभाग द्वारा 400 सफाई कर्मियों की तीन शिफ्टों में तैनाती की जाएगी तथा नगर पंचायत द्वारा भी अतिरिक्त सफाई कर्मी लगाए जाएंगे। मोबाइल टॉयलेट, रैन बसेरा एवं खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। *यातायात एवं परिवहन व्यवस्था रहेगी सुगम* श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रोडवेज बसों एवं निजी वाहनों का पर्याप्त संचालन कराया जाएगा तथा बसों की समय-सारणी प्रदर्शित की जाएगी। अतिरिक्त ट्रेन संचालन एवं प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार किया जाएगा। स्टेशन पर टिकट काउंटर बढ़ाने, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। मेला यातायात हेतु पार्किंग व्यवस्था, साइनेज, इंडिकेटर एवं मंदिर का मैप भी लगाया जाएगा। *आधारभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को किया जाएगा मजबूत* मंदिर तक आने वाले मार्गों की मरम्मत एवं चौड़ीकरण, निर्माणाधीन ओवरब्रिज क्षेत्र में यातायात सुविधा, अग्निशमन दस्ता, उचित मूल्य पर रसोई गैस सिलेंडर की उपलब्धता तथा प्रमुख मार्गों पर पेट्रोल पंप 24 घंटे खुले रखने के निर्देश दिए गए। कुंड में जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। *कृषि मेला एवं योजनाओं के स्टॉल से मिलेगा जागरूकता का संदेश* मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए कृषि मेला आयोजित किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों द्वारा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी समयबद्ध ढंग से सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करें, ताकि चैत्र नवरात्रि मेला सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक रूप से संपन्न कराया जा सके। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, एसडीएम तुलसीपुर राकेश जयंत, सीओ तुलसीपुर , अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत तुलसीपुर, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी, विद्युत व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
एसआईआर प्रक्रिया में धांधली का आरोप, सपा नेताओं ने एसडीएम उतरौला को सौंपा ज्ञापन

बलरामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं एसआईआर प्रभारी जनपद बलरामपुर मसूद आलम खां के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी उतरौला को ज्ञापन सौंपकर एसआईआर प्रक्रिया में व्यापक स्तर पर धांधली और गड़बड़ी का आरोप लगाया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विभिन्न बूथों पर 200 से 500 तक फॉर्म-7 जमा कराए जा रहे हैं तथा कई स्थानों पर अनावश्यक रूप से सैकड़ों नोटिस जारी किए जा रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि जिन मतदाताओं के नाम मैपिंग और ड्राफ्ट सूची में बिना किसी त्रुटि के दर्ज हैं, उनके नामों पर भी आपत्तियां लगाई जा रही हैं।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि यह सब एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत किया जा रहा है, ताकि विशेष रूप से पीडीए वर्ग और मुस्लिम समाज के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकें। उन्होंने उपजिलाधिकारी को लिखित रूप से अवगत कराते हुए मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम न काटा जाए।
उपजिलाधिकारी उतरौला ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र मतदाता का वोट नहीं कटेगा और प्रक्रिया को नियमानुसार पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. एहसान खान, कृष्ण कुमार यादव, शत्रोहन वर्मा, एजाज मलिक, उमर खान, आबिद खां, मोहम्मद इस्माइल, अमरजीत यादव, मुनीर पाशा, नुरुल्लाह खान, मोहम्मद रफीक खान, इसरार हसन खान, मोहम्मद अकरम सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर समर्पण दिवस मनाया।  
         
                                                            
एकात्म मानववाद के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प।                              
                                                         
बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय अटल भवन में एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता,भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर ‘समर्पण दिवस’ के रूप में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने उनके विचारों और सिद्धांतों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को नैतिकता,सेवा और राष्ट्रवाद की नई दिशा दी। उनका ‘एकात्म मानववाद’ दर्शन व्यक्ति,समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे अंत्योदय के सिद्धांत को धरातल पर उतारते हुए समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।
क्षेत्रीय मंत्री संजय गुप्ता ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी,समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का प्रतीक था। आज केंद्र और प्रदेश की सरकारें उनके विचारों को आत्मसात करते हुए गरीबों,किसानों,युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं।
जेएनयू के प्रवक्ता एवं पैनलिस्ट डॉ.विशाल मिश्र ने कहा कि एकात्म मानववाद केवल राजनीतिक विचार नहीं,बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का सार है। यह विचारधारा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंडित जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं।
जिला महामंत्री विष्णु देव गुप्ता ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका मानना था कि सत्ता साध्य नहीं,बल्कि समाज सेवा का साधन है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.आरती तिवारी ने कहा कि अंत्योदय का विचार आज की सरकार की नीतियों में स्पष्ट दिखाई देता है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही पंडित जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को लेकर गांव-गांव तक जाएंगे और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह,चेयरमैन डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू,ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह,मनोज तिवारी,महिपाल चौधरी,राकेश तिवारी,हेमंत चौधरी,पूर्व चेयरमैन अनूप चन्द्र गुप्ता,उपाध्यक्ष रामकरन मिश्र,आद्या सिंह पिंकी,सरदार परमजीत सिंह गांधी,बृजेन्द्र तिवारी,महामंत्री वरुण सिंह मोनू,बिन्दू विश्वकर्मा,जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस,डॉ.अजय सिंह पिंकू,श्याम मनोहर तिवारी अवधेश पान्डेय सहित मंडल अध्यक्ष,जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के अंत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
श्री गेल्हापुर मंदिर में सत्संग सभागार,संत आवास व भंडारा हाल निर्माण का शिलान्यास 
                   
                                      
चेयरमैन डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू के सौजन्य से HRN सेवा फाउंडेशन द्वारा कराया जा रहा निर्माण           
                                                                 बलरामपुर।नगर के गेल्हापुर स्थित श्री उदासी संगत मंदिर परिसर में सत्संग सभागार,संत आवास,एवं भंडारा हाल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ संपन्न हुआ। यह निर्माण कार्य हरिका रविंद्र नागेश्वर (HRN) सेवा फाउंडेशन के सौजन्य से कराया जा रहा है,जिससे मंदिर परिसर को आधुनिक एवं सुविधाजनक स्वरूप प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में परम पूज्य महंत बृजानन्द जी महाराज एवं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मंदिर विकास के इस पुनीत कार्य की सराहना की।
मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त विशाल सत्संग सभागार एवं भंडारा हाल के निर्माण से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही संत आवास के निर्माण से साधु-संतों के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होगी। इससे क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं धार्मिक गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
HRN सेवा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था समाजसेवा एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भविष्य में भी मंदिर विकास,जनकल्याण एवं धार्मिक आयोजनों के लिए सहयोग जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को महंत बृजानन्द जी महाराज का दिव्य आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र,पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह ‘गुड्डू’डीपी सिंह बैस,रमेश पाहवा,संजय शर्मा,डॉ.राजीव रंजन,लड्डू सिंह डॉ.अजय सिंह पिंकू,संजय  मिश्र,विनोद गिरी,राघवेंद्र कान्त सिंह मंटू,संजय शुक्ल,शशिकांत त्रिपाठी,गौरव पान्डेय, ज्ञान सागर पाठक,गौरव मिश्र,शिवम मिश्र    सहित अनेक गणमान्य नागरिक,साधु-संत एवं क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह श्रद्धा,भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का किया निरीक्षण, एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में लिया भाग
एचपीवी टीकाकरण को लेकर  राज्यपाल महोदया ने दिया जागरूकता का संदेश

स्वस्थ, शिक्षित और विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर



बलरामपुर 10 फरवरी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज मंगलवार को माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय, बलरामपुर के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण करने पहुंचीं।
इस अवसर पर  राज्यपाल  ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित कुलाधिपति वाटिका में मौलिसरी का पौधरोपण किया। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन सरोवर का नामकरण कुलाधिपति सरोवर के रूप में किया गया।
राज्यपाल  ने प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन, कुलपति आवास सहित अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।

राज्यपाल  ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं तथा विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा के एक सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

इसके उपरांत  राज्यपाल  ने कलेक्ट्रेट में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कैंप में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।आयोजित एचपीवी टीकाकरण कैंप में 100 बच्चियों का टीकाकरण किया गया।

राज्यपाल  ने अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बेटियों को स्वस्थ रखने के लिए सरकार द्वारा विशेष अभियान चलाकर एचपीवी वायरस के विरुद्ध टीकाकरण कराया जा रहा है।उन्होंने बताया कि 9 से 14 वर्ष की आयु की बच्चियों को एचपीवी टीके की दो डोज लगाए जाने से वे लगभग 95 प्रतिशत तक सुरक्षित रह सकती हैं। यह टीका 26 वर्ष की आयु तक लगाया जा सकता है।
राज्यपाल  ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में इंडस्ट्री एवं निजी कंपनियों का सहयोग भी प्राप्त किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने परिवारों से अपील की कि वे जागरूक बनें और अपनी बच्चियों का टीकाकरण अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि 3 वर्ष का बच्चा अनिवार्य रूप से आंगनबाड़ी जाए तथा 6 वर्ष का बच्चा विद्यालय अवश्य जाए। विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब कोई भी बच्चा न तो बीमार रहे और न ही अशिक्षित।

उच्च शिक्षा में किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री के निर्देशन में शिक्षा व्यवस्था को अधिक लचीला बनाया गया है, जिससे अब विद्यार्थी फिजिक्स के साथ संगीत और केमिस्ट्री के साथ भाषा जैसे विषयों का भी अध्ययन कर सकते हैं।
राज्यपाल  ने एक अभिभावक के रूप में बच्चियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपना मार्ग स्वयं तय करें, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगाने के लिए सभी को जागरूक रहने का आह्वान किया।
उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवारों को ऐसे बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए। सभी को समान सम्मान मिले और सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

इस दौरान  राज्यपाल  ने बच्चियों को पोषण किट एवं टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया।

इस अवसर पर मंडलायुक्त  शशि भूषण लाल सुशील, कुलपति प्रोफेसर  रवि शंकर सिंह, जिलाधिकारी  विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक  विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक , मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश के पचपेड़वा विकासखंड में एक पुल बना मौत का झूला
बलरामपुर 9 फरवरी उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में स्थित पचपेड़वा विकासखंड के बिशनपुर कोरड मैं एक पुल लोगों की मौत का झूल बना हुआ है आसपास के क्षेत्र के लोगों ने बताया कि काफी दिन से यह इसी प्रकार चल रहा है इस पर गाड़ियां भी जा रही हैं किंतु यह कभी भी गिर सकता है जिससे लोगों की जान जा सकती है बताया जाता है कि गुप्त क्षेत्र वनवासियों का क्षेत्र है जिसका कोई देखने वाला नहीं है ग्राम वासियों ने इस पुल को तुरंत बनवाए जाने की मांग की है ग्राम प्रधान ने बताया कि मैंने कई बार शासन प्रशासन को इसके बारे में अवगत कराया है किंतु कोई ध्यान नहीं दे रहा है अब मैं प्रदेश मुखिया योगी जी के पोर्टल पर इसे भेजने जा रहा हूं उम्मीद है कि हमारा मुखिया तो हमारी बात सुनेगा, लोगों ने जिले के मुखिया डीएम साहब से निवेदन किया है की एक नज़र इधर भी देख ले।