आजमगढ़:-सड़क दुर्घटना में बाल बाल बचे दोनों युवक

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर कस्बे में लखनऊ–बलिया मार्ग पर बाबा गेट के पास सोमवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार चालक की जान बच गई, जबकि साथ बैठे युवक को मामूली चोट आई। घायल का प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक जायसवाल के 28 वर्षीय पुत्र विशाल अपनी शादी (19 नवम्बर) की तैयारियों के सिलसिले में कोलकाता से आने वाले रिश्तेदार को लेने शाहगंज रेलवे स्टेशन जा रहे थे। वह अपने घर से लगभग 100 मीटर ही आगे बढ़े थे कि सामने से तेज गति से आ रही ट्रक से बचने के प्रयास में उनकी लेंजर कार सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में असंतुलित हो गई और पास स्थित सीमेंटेड बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, एयरबैग खुल जाने से चालक विशाल की जान बच गई। कार में साथ बैठे अब्बास (25), पुत्र गुलाम अज़गर, निवासी चमावा को हल्की चोट आई, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिवारजन होने वाले दूल्हे की सकुशलता पर ईश्वर का आभार व्यक्त कर रहे हैं।
आजमगढ़:-शिवरात्रि पर निकली भव्य शिव बारात, उड़े अबीर-गुलाल

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार रात आठ बजे शिव सेवा समिति के नेतृत्व में नगर में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। बारात नागा बाबा मंदिर परिसर से आरंभ हुई, जहां से भगवान शिव की सजीव झांकी स्वर्णिम रथ पर सवार होकर निकली। भगवान शिव की भूमिका में अमर सिंह आकर्षण का केंद्र रहे। बारात में भूत-प्रेत की झांकियों के साथ उत्साहित युवक-युवतियां व बच्चे अबीर-गुलाल उड़ाते हुए डीजे की भक्तिमय धुनों पर झूमते नजर आए। शिव तांडव व अन्य धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव बारात फूलपुर बस स्टॉप से होते हुए बाबा परम हंस मार्ग, रामलीला मैदान, पशु अस्पताल तिराहा, पुरानी मिर्च मंडी, मां भवानी मंदिर, शनिचर बाजार, पुरानी सब्जी मंडी और चूना चौक होते हुए शंकर जी तिराहा मंदिर परिसर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मंदिर परिसर में महिलाओं ने द्वाराचार व परछन की रस्म निभाई और मंगलगीत गाए। हिमाचल की भूमिका सुरेश मौर्य तथा रानी मैनावती की भूमिका चम्पा मौर्य ने निभाई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में संपन्न कराई गईं। पुजारी राज राजेश्वर ने भगवान का पूजन कराया, जबकि आदर्श कुमार ने लावा परछन की रस्म अदा की। सिंदूरदान, फेरे सहित सभी मांगलिक कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुए। अंत में आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में संतोष जायसवाल, सुनील प्रजापति, बृजेश यादव, निहाल मोदनवाल, उत्कर्ष मोदनवाल, सोहन जायसवाल, किशन, शांति आर्या, ममता, पूनम, रेखा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभारी सच्चिदानंद यादव, दिनेश त्रिपाठी सहित प्रशासनिक अमला व्यवस्था में जुटा रहा।
आजमगढ़:-पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय पुष्पनगर में धूम धाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। शिक्षा क्षेत्र फूलपुर के पुष्पनगर स्थित पी एम श्री कम्पोजिट विद्यालय पुष्पनगर का वार्षिकोत्सव एवं अभिभावक संगोष्ठी सोमवार को छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार मार्टीनगंज अंजू यादव तथा डायट प्रवक्ता अरविंद कुमार मौर्य ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष, वाचनालय एवं प्रधानाध्यापक कक्ष का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विज्ञापन प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसे अभिभावकों एवं अतिथियों ने सराहा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, ‘राम सियाराम’, ‘रामा-रामा रटते-रटते’, ‘हम हैं अम्बेडकरनगर के बच्चे’, ‘राधा गोरी-गोरी’, ‘मटकिया धई-धई’, कौव्वाली, बसंत गीत तथा ‘सोशल मीडिया’ विषयक नाटक प्रमुख रहे।
विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी फूलपुर राजीव कुमार यादव ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिक मोबाइल प्रयोग से बच्चों में चिड़चिड़ापन, आंखों की समस्या एवं भूलने की आदत जैसी दिक्कतें उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए अभिभावक बच्चों की नियमित निगरानी करें।
प्रधानाध्यापक द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक श्याम सेवक चौहान ने की। संचालन जितेंद्र कुमार मिश्र, नवीन कुमार यादव एवं विकास मिश्र ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावकगण एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आजमगढ़:-पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय दीदारगंज की आयशा चौहान 200 मीटर दौड़ में मंडल चैम्पियन
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय दीदारगंज की आयशा चौहान ने मंडल स्तर पर आयोजित दो दिवसीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान एवं 400 मीटर दौड़ में मंडल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता 13 एवं 14 फरवरी को सुखदेव पहलवान स्टेडियम में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय दीदारगंज की छात्रा आयशा चौहान ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालय की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इस जीत के साथ ही विद्यालय की टीम ने प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए अपना स्थान भी सुनिश्चित कर लिया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार यादव ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश स्तर पर भी विद्यालय के छात्र उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे। इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे फूलपुर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
आजमगढ़:-ओपीएम पीजी कालेज के राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का हुआ शुभारंभ
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। दीदारगंज क्षेत्र अंतर्गत मोलनापुर अहमद बख्श फुलेश स्थित ओमप्रकाश मिश्र स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के प्रथम दिवस का शुभारम्भ 15फरवरी रविवार को ओमप्रकाश मिश्र कालेज आफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के सभागार में संस्थान के चेयरमैन कृष्ण कांत मिश्र के कराम्बुज द्वारा गणेश जी,मां सरस्वती और स्व0ओमप्रकाश मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया इसके बाद छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत गाया गया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय सेवा योजना का बैच लगाकर राष्ट्रीय सेवा योजना की मार्गदर्शिका दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने स्वयं सेवक, स्वयं सेविकाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि अपने मन मस्तिष्क से अहम निकाल दीजिए, समाज के प्रति सेवा समर्पण का भाव रखिए तभी आप अपनी मंजिल को प्राप्त करोगे।इस अवसर पर डा0आर एस एन त्रिपाठी,डा0प्रतिमा सिंह, डा 0सतीष कुमार त्रिपाठी, कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
आजमगढ़:-राष्ट्रीय एकांकी में मंडल चैम्पियन बना कंपोजिट विद्यालय बीबीगंज, अब प्रदेश स्तर पर करेगी प्रतिभाग
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। कंपोजिट विद्यालय बीबीगंज ने मंडल स्तर पर आयोजित दो दिवसीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एकांकी प्रतियोगिता में मंडल चैम्पियन का खिताब अपने नाम कर लिया। यह प्रतियोगिता 13 एवं 14 फरवरी को सुखदेव पहलवान स्टेडियम में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें कंपोजिट विद्यालय बीबीगंज के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट अभिनय, प्रभावशाली प्रस्तुति और सशक्त मंचन के दम पर निर्णायकों का मन मोह लिया। विद्यालय की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इस जीत के साथ ही विद्यालय की टीम ने प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए अपना स्थान भी सुनिश्चित कर लिया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार यादव एवं टीम प्रभारी दीपक यादव ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश स्तर पर भी विद्यालय के छात्र उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे। इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे फूलपुर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। इस संबंध में बीईओ फूलपुर राजीव कुमार यादव ने बताया कि बीबीगंज के बच्चों द्वारा हमेशा बढ़िया प्रदर्शन किया जाता है। उम्मीद है कि बच्चे प्रदेश स्तर पर भी अपना परचम लहरायेंगे।
आजमगढ़:-ओमप्रकाश राजभर ने गांवों में ताबड़तोड़ लगायी जन चौपाल अहरौला में राजा सुहेलदेव जयंती की महा रैली में शामिल होने का किया आह्वान

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र के सजई उफरी, पूरादुलार, शेखवलिया, जगदीशपुर पाण्डेय का पूरा,वहदपुर ,रज्जाकपुर गांव में शनिवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की ओर से जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। चौपाल को संबोधित करते हुए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भीमराव अंबेडकर ने संविधान में सभी नागरिकों को समानता और मताधिकार का अधिकार दिया है, इसलिए मतदाताओं को अपने विवेक से योग्य प्रतिनिधि और सरकार का चयन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कुछ लोग मतदाताओं को प्रलोभन देकर गुमराह करते हैं, जिससे बाद में जनता को पांच वर्षों तक पछताना पड़ता है। महिलाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संसद में पारित प्रस्ताव के अनुसार वर्ष 2029 के चुनाव में 33 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मायावती मुख्यमंत्री बन सकती हैं और द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद तक पहुंच सकती हैं, तो क्षेत्र की बेटियां भी शिक्षा और संकल्प के बल पर ऊंचाइयां छू सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने आगामी 22 फरवरी को अहरौला स्थित जनता इंटर कॉलेज की बाग में प्रातः 11 बजे आयोजित सामाजिक समरसता महारैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान प्रतिनिधि सजई इंद्राज यादव ने की। इस अवसर पर राम सेवक राजभर, राम सूरत राजभर, जयनाथ राजभर, अच्छेलाल राजभर, राम अवध राजभर, राजू राजभर एवं प्रधान खैरूद्दीनपुर दिलीप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आजमगढ़:-ओमप्रकाश मिश्र इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया फेयरवेल समारोह
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। दीदारगंज क्षेत्र के मोलनापुर अहमद बख्श फुलेश स्थित ओमप्रकाश मिश्र इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं का फेयरवेल समारोह शुक्रवार को हर्षोल्लास और सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि निवर्तमान जेल अधीक्षक अंबेडकरनगर डॉ. शशिकांत मिश्र एवं संस्थान के चेयरमैन कृष्ण कांत मिश्र ने भगवान गणेश, मां सरस्वती और स्व. ओमप्रकाश मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य आलोक शुक्ल ने मुख्य अतिथि व चेयरमैन का माल्यार्पण एवं बुके देकर स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, गणेश वंदना, स्वागत गीत, समूह नृत्य, एकांकी, गीत-नज़्म, कविता तथा ‘हम वक्त बदल देंगे, हम जज़्बात बदल देंगे’ जैसे प्रेरणादायी समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। छठ पूजा गीत और स्वच्छता अभियान पर आधारित एकांकी ने भी उपस्थित जनों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के हाथों वर्ष 2025 के वर्गवार टॉपर छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में मिस्टर एवं मिस फेयरवेल की घोषणा की गई, जिसमें अनुराग को ‘मिस्टर फेयरवेल’ तथा पलक को ‘मिस फेयरवेल’ चुना गया। इस अवसर पर ऊषा मिश्रा, गीता मिश्रा, डॉ. धीरेंद्र मिश्र (प्राचार्य), प्रद्युम्न मिश्र, डॉ. आर.एस.एन. त्रिपाठी, विनीत दुआ, गिरीश दत्त मिश्र, सुरेश तिवारी, सुनील दुबे, दुर्गेश मिश्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आजमगढ़:-महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती पर वैचारिक गोष्ठी का हुआ आयोजन
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ फूलपुर नगर की प्रताप प्रभात शाखा पर महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती के अवसर पर वैचारिक चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वयंसेवक अधिवक्ता हरिश्चंद्र बरनवाल ने महर्षि दयानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि फाल्गुन कृष्ण दशमी, 12 फरवरी 1824 को गुजरात प्रांत के टंकारा में मूल नक्षत्र में बालक मूलशंकर का जन्म पिता कर्षण तिवारी एवं माता यशोदा बाई के घर हुआ था। उनके आध्यात्मिक गुरु स्वामी विरजानंद दंडी ने उन्हें ‘दयानंद सरस्वती’ नाम प्रदान किया। स्वामी दयानंद सरस्वती आधुनिक भारत के प्रखर चिंतक, समाजसेवी, सुधारक और वेदों के महान भाष्यकार थे। उन्होंने ‘वेदों की ओर लौटो’ का आह्वान किया तथा आर्य समाज की स्थापना की। समाज में व्याप्त कुरीतियों बाल विवाह, सती प्रथा, ऊँच-नीच का भेदभाव और छुआछूत का उन्होंने प्रबल विरोध किया। वे सभी को शिक्षा के अधिकार के समर्थक थे। उन्होंने ‘स्वतंत्रता हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है’ का ध्येय वाक्य दिया, जिसे आगे चलकर लोकमान्य तिलक ने जन-जन तक पहुँचाया। उनके विचारों से प्रेरित होकर अनेक स्वतंत्रता सेनानी स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि महर्षि दयानंद के विचार आज भी समाज को जागृत और मार्गदर्शित करते हैं। कार्यक्रम में सूर्यबली यादव, रामकृष्ण राय, अतुल जायसवाल, अनिल गुप्ता, कमल जायसवाल, रामप्यारे मौर्य, दीपांशु बरनवाल, शैलेन्द्र प्रजापति एवं अरविन्द कुमार सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। अंत में संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आजमगढ़:-एलआईसी फूलपुर शाखा के कर्मचारी हड़ताल पर, मुख्य गेट पर किया धरना प्रदर्शन

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज यूनियन के आह्वान पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) शाखा फूलपुर के कर्मचारियों ने गुरुवार को कार्य बहिष्कार करते हुए शाखा के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारी दिनभर हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में एलआईसी में तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करना, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के विनिवेश का विरोध, दमनकारी श्रम संहिताओं को वापस लेना तथा कर्मचारियों और उद्योग से जुड़े मुद्दों पर यूनियनों के साथ नियमित और व्यवस्थित वार्ता सुनिश्चित करना शामिल है। संघ के सदस्य के.के. यादव ने कहा कि यूनियन के आह्वान पर सभी कर्मचारी एकजुट होकर हड़ताल पर रहे। उन्होंने बताया कि आगे की रणनीति यूनियन के उच्च पदाधिकारियों के निर्देशानुसार तय की जाएगी। धरना-प्रदर्शन में अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, सूरज मिश्रा, नागेंद्र सिंह, ललित, यतेंद्र, शशांक, विकास, आकाश, आशीष, अनवर, आलोक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।