आजमगढ़ : राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में चार दिवसीय खेलकूद एवं ज्ञानोत्सव–2026 का हुआ भव्य समापन , प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
सिद्धेश्वर पाण्डेय
व्यूरो चीफ
आजमगढ़ । जिले के माहुल नगर पंचायत के समसल्लीपुर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज माहुल में आयोजित चार दिवसीय भव्य शैक्षणिक, तकनीकी, सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव ‘ज्ञानोत्सव–2026’ का समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेयरमैन कृष्ण मोहन मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रवीण कुमार एवं दैवज्ञ दुर्वासा मण्डल मुन्ना बाबा ने स्वर्गीय बजरंग त्रिपाठी के चित्र पर धूप, दीप एवं माल्यार्पण कर किया। कॉलेज के निदेशक डॉ. सुबोधकांत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में वक्ताओं ने उनके दूरदर्शी नेतृत्व, शिक्षा के प्रति समर्पण तथा युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने के प्रयासों की सराहना की। कालेज के चेयरमैन डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी , भाजपा नेता प्रवीण सिंह और दुर्वासा दैवज्ञ मण्डल मुन्ना बाबा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने का संदेश देते हुए कहा कि सच्ची सफलता केवल पेशेवर उपलब्धियों में नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने में निहित है। ज्ञानोत्सव–2026 का मुख्य आकर्षण “विकसित भारत 2047” की परिकल्पना पर आधारित अभिनव तकनीकी परियोजनाओं की प्रदर्शनी रही। विद्यार्थियों ने नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रामीण विकास तकनीक, स्मार्ट कृषि, डिजिटल ऑटोमेशन एवं कौशल आधारित नवाचारों से संबंधित परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। अतिथियों ने इन नवाचारों की प्रशंसा करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। चार दिवसीय महोत्सव के दौरान तकनीकी प्रतियोगिताएं, प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, नवाचार प्रदर्शन, खेल स्पर्धाएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में गायक आदर्श मिश्रा एवं गायिका सुजाता यादव सहित छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्य अशोक भारती के नेतृत्व में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी ई. ज्योति त्रिपाठी एवं रमा पांडेय सहित समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। समारोह में सेवा निवृत्त कस्टम कलेक्टर अनिल कुमार तिवारी, एमडी कंसल्टिंग इंडिया प्रा. लि. लखनऊ के गौरव पांडेय, निदेशक बाला जी इंफोटेक विवेक अग्रवाल, डीआईसी आजमगढ़ की प्रतिनिधि अर्चना आदि ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया
1 hour and 25 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0