पटना गर्ल्स हॉस्टल केस : नीट छात्रा की संदिग्ध मौत में सीबीआई की जांच तेज, जहानाबाद में परिजनों से चार घंटे पूछताछ
जहानाबाद : राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के बहुचर्चित मामले में जांच अब तेज हो गई है। मामले की जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपे जाने के बाद एजेंसी लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को सीबीआई की टीम ने पटना स्थित गर्ल्स हॉस्टल में करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने हॉस्टल के कमरों, रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कुछ अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जिनका तकनीकी विश्लेषण कराया जाएगा।
वहीं रविवार की सुबह सीबीआई की टीम छात्रा के पैतृक घर जहानाबाद पहुंची। यहां सुबह लगभग 8 बजे से परिजनों से विस्तृत पूछताछ शुरू हुई, जो दोपहर 12 बजे के बाद समाप्त हुई। अधिकारियों ने छात्रा की दिनचर्या, दोस्तों से संबंध, हालिया गतिविधियों तथा किसी संभावित विवाद या धमकी से जुड़े पहलुओं पर गहन जानकारी जुटाई।
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी इस मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। मालूम हो कि छात्रा के परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शुरुआती दौर में पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही थी। पहले इस घटना को आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न के संकेत मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया।
इस मामले में पुलिस ने हॉस्टल के मालिक को गिरफ्तार किया था, जबकि हॉस्टल संचालिका को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था। जांच के लिए गठित एसआईटी ने छात्रा को नाबालिग मानते हुए पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी थीं। जांच के दौरान छात्रा के अंडरगारमेंट्स में संदिग्ध जैविक साक्ष्य मिलने की बात सामने आई थी। इसके मिलान के लिए कई लोगों के डीएनए सैंपल लिए गए, जिसमें कुछ परिजन और रिश्तेदार भी शामिल थे। इस पर परिवार ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पूरा केस सीबीआई को सौंप दिया।
जहानाबाद में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, 500 महिलाओं की जांच, सैकड़ों को मिला चश्मा
जहानाबाद। जिले के शिकारीया पंचायत अंतर्गत करौना गांव में प्रयत्न फेडरेशन सदर की ओर से महिलाओं के लिए नि:शुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम फेडरेशन के अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें करीब 500 महिलाओं की आंखों की जांच की गई। शिविर के दौरान जांच में +1 नंबर की 71, +1.5 नंबर की 49, +2.0 नंबर की 45 तथा +2.5 नंबर की 44 महिलाओं को चश्मा उपलब्ध कराया गया। वहीं 72 महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर किया गया। नि:शुल्क चश्मा वितरण से ग्रामीण महिलाओं को काफी राहत मिली। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, जिला परिषद अध्यक्ष रानी कुमारी सहित कई पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर में पीसीआई (PCI) से जुड़े प्रतिनिधियों और फेडरेशन के पदाधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फेडरेशन पदाधिकारी ने बताया कि संगठन का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में लगभग 1 लाख 1 हजार जरूरतमंद महिलाओं को नि:शुल्क चश्मा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों और संसाधनों की कमी के कारण समय पर आंखों का इलाज नहीं करा पाती हैं। ऐसे में नियमित जांच और चश्मा उपलब्ध होने से दृष्टि संबंधी समस्याओं का समाधान संभव है।
उन्होंने बताया कि महिलाएं घर और परिवार की जिम्मेदारियों के साथ सिलाई, बुनाई, भोजन बनाने एवं अन्य सूक्ष्म कार्यों में अपनी आंखों का अधिक उपयोग करती हैं। समय पर इलाज नहीं होने से उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। संगठन का उद्देश्य गांव-गांव शिविर लगाकर जरूरतमंद महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इस दौरान "ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड प्रोजेक्ट" के तहत प्रयत्न नारी शक्ति महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा पीसीआई के साथ समझौता कर जहानाबाद प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में 35 वर्ष से अधिक आयु की 10 हजार महिलाओं को चश्मा उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई। इस योजना में समूह से जुड़ा होना अनिवार्य नहीं रखा गया है। योजना का शुभारंभ सिकरिया पंचायत के करौना गांव से किया गया।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष नीतू कुमारी, सीईओ भोला प्रसाद, दीपक कुमार, चंद्रकांत कुमार, रुक्मिणी देवी एवं कई सीआरपी सदस्य उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
अरवल में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, दबंगों के हमले में जमीन मालिक गंभीर, पीएमसीएच रेफर
अरवल जिले के कुर्था थाना क्षेत्र से जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प की बड़ी खबर सामने आई है। कोर्ट के आदेश के बावजूद जमीन कब्जा को लेकर हुए विवाद में कथित दबंगों ने जमीन मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में जमीन मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। मामला कुर्था थाना क्षेत्र के मणिपुर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद का मामला लंबे समय से न्यायालय में चल रहा था। हाल ही में कोर्ट ने जमीन मालिक के पक्ष में फैसला सुनाया था। आरोप है कि इसके बावजूद कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने और अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जब जमीन मालिक को इसकी जानकारी मिली और उन्होंने इसका विरोध किया, तो कथित दबंगों और असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में जमीन मालिक को सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर पहुंचे प्रशासनिक कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। वहीं दोनों पक्षों के कुछ लोगों के घायल होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घायल जमीन मालिक के परिजनों का आरोप है कि हमलावर बड़ी संख्या में थे और जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। जमीन मालिक का कहना है कि उन्होंने पहले ही प्रशासन को घटना की सूचना दी थी, लेकिन हमलावरों ने हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने की बात कही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों की मौजूदगी में जमीन विवाद को लेकर झड़प होती दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और दोषियों की पहचान हो सकेगी।
जहानाबाद माघ पूर्णिमा पर दरधा–जमुना संगम घाट पर भव्य महाआरती व दीपोत्सव, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
जहानाबाद माघ शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर  दरधा–जमुना संगम घाट, गांधी मैदान, जहानाबाद में भव्य महाआरती एवं दीपोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन संगम शिव मंदिर परिवार एवं संस्कार भारती, जहानाबाद जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस पावन अवसर पर संगम घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा-समान पवित्र संगम तट पर उपस्थित होकर विधिवत पूजा-अर्चना, महाआरती एवं दीपदान में भाग लिया। पूरा संगम क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष, शंखनाद एवं मंत्रोच्चारण से भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। महाआरती के उपरांत भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। संगम घाट एवं शिव मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं द्वारा एक साथ हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए जाने से पूरा घाट अलौकिक और मनोहारी दृश्य में तब्दील हो गया। दीपों की रौशनी से जगमगाता संगम घाट देर शाम तक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर संस्कार भारती, जहानाबाद जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. एस. के. सुनील ने कहा कि “माघ पूर्णिमा सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र पर्व है। इस मास में पवित्र नदियों में स्नान, पूजा-अर्चना, आरती और दान-पुण्य का विशेष महत्व होता है। इसी आध्यात्मिक भावना के साथ हम सभी इस आयोजन में सम्मिलित हुए हैं।”
कार्यक्रम में संस्कार भारती के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। इनमें महामंत्री डॉ. मानसी सिंह, उपाध्यक्ष अमित कुणाल, लोक कला प्रमुख संयोजक सावित्री सुमन, कला धरोहर विभाग संयोजक अमित कुमार, प्रचार विभाग संयोजक बरुण कुमार तथा कार्यकर्ता गौतम पाराशर प्रमुख रूप से शामिल थे। इस अवसर पर शहर के बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने संगम घाट पर दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की तथा समाज, राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना की। आयोजन को सफल बनाने में शहर के कई गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।
भव्य महाआरती और दीपोत्सव ने न केवल धार्मिक आस्था को और प्रगाढ़ किया, बल्कि सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक चेतना का भी सशक्त संदेश दिया।
जहानाबाद सदर अस्पताल परिसर स्थित GNM स्कूल भवन में चिकित्सा पदाधिकारियों के लिए IDSP का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
जहानाबाद सदर अस्पताल परिसर स्थित GNM स्कूल भवन, जहानाबाद में जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारियों, प्रभारी अधीक्षक तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (24×7) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें जिले में संचालित रोग सर्विलेंस प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी गई। प्रशिक्षण सत्र के दौरान क्षेत्र में फैलने वाली प्रमुख संक्रामक बीमारियों—जापानी इंसेफेलाइटिस, टाइफाइड, डायरिया, खसरा (मीजल्स), चिकन पॉक्स आदि—के लक्षण, पहचान, रिपोर्टिंग प्रक्रिया एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके साथ ही क्षेत्र में संभावित एवं वर्तमान आउटब्रेक की स्थिति पर भी जानकारी साझा की गई, ताकि समय रहते रोग की पहचान कर जिला स्तर तक सूचना प्रेषित की जा सके और आवश्यक निरोधात्मक एवं उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रभारी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को यह भी बताया गया कि अपने-अपने संस्थानों एवं क्षेत्रों में चल रहे रोग निगरानी कार्यक्रम का दैनिक ऑनलाइन प्रतिवेदन IDSP के IHIP पोर्टल के माध्यम से कैसे किया जाए तथा इसकी नियमित ऑनलाइन मॉनिटरिंग कैसे की जाए।
कार्यक्रम में राज्य, जिला एवं प्रखंड स्तर की रैंकिंग, रिपोर्टिंग की समयबद्धता तथा आंकड़ों की गुणवत्ता पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन, जहानाबाद डॉ. हरीश चंद्र चौधरी ने उपस्थित प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि वे रोग निगरानी कार्यक्रम के अंतर्गत दर्ज होने वाले मामलों की गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने संस्थानों में इसकी नियमित अनुश्रवण व्यवस्था लागू करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी फील्ड मॉनिटर एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. खालिद हुसैन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन, जहानाबाद के निर्देशानुसार किया गया। प्रशिक्षक के रूप में आलोक कुमार, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट एवं डॉ. प्रमोद कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं सहयोगी के रूप में अजय कुमार सिन्हा (DEO–IDSP), आद्री संस्था के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में रोग निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा समय पर रोग नियंत्रण एवं रोकथाम सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जहानाबाद इंडिया अस्मिता रग्बी लीग राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंशु व सुमन का चयन, बिहार टीम का करेंगी प्रतिनिधित्व
जहानाबाद जिले के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है। शकुराबाद क्षेत्र की दो होनहार रग्बी खिलाड़ी अंशु कुमारी एवं सुमन कुमारी का चयन खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी लीग राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम में किया गया है। दोनों खिलाड़ी बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 31 जनवरी से 1 फरवरी तक उड़ीसा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगी। इन दोनों खिलाड़ियों के चयन से न केवल उनके परिवारों में, बल्कि पूरे जहानाबाद जिले में हर्ष का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अंशु और सुमन ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने जिला, राज्य एवं अन्य प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। इस उपलब्धि पर बिहार रग्बी एसोसिएशन के सचिव डॉ. पंकज कुमार ज्योति, जहानाबाद रग्बी एसोसिएशन के सचिव गौतम कुमार, अध्यक्ष सचिन कुमार, सह सचिव प्रदीप प्रकाश, कोच विकास कुमार, प्रकाश कुमार, विक्रम कुमार सहित कई खेल पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदाधिकारियों ने कहा कि यह चयन जहानाबाद में रग्बी खेल के बढ़ते स्तर और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी अंशु कुमारी एवं सुमन कुमारी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी फुर्ती, तकनीक और टीम भावना की लगातार सराहना होती रही है।
इस बार भी दोनों खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि बिहार टीम एकजुट होकर बेहतर खेल का प्रदर्शन करे और प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर सके। वहीं, यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं—खासतौर पर लड़कियों—के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है। उम्मीद की जा रही है कि इससे जहानाबाद जिले में खेलों के प्रति रुचि और बढ़ेगी तथा आने वाले समय में जिले के और खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
जहानाबाद: मननपुर में गूँजी बच्चों की हँसी, मेहनत को मिला सम्मान — शिक्षा, खेल और संस्कार का सुंदर संगम
मखदुमपुर (जहानाबाद)।प्राथमिक विद्यालय मननपुर में  बिहार शिक्षा परियोजना, जहानाबाद के आलोक में वार्षिक बाल मेला सह स्पोर्ट्स मीट, शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन को सम्मानित करते हुए शिक्षा, खेल और संस्कार का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्रधान शिक्षक शंभू कुमार द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन वर्तमान प्रधान शिक्षक विवेक कुमार ने किया।
विद्यालय परिसर में दिनांक 29 जनवरी 2026 को आंगनवाड़ी तथा कक्षा 1, 2 एवं 3 के बच्चों के बीच आयोजित स्पोर्ट्स मीट का पुरस्कार वितरण आज शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी के अवसर पर किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं आंगनवाड़ी के सभी बच्चों को स्कूल बैग प्रदान किए गए तथा अन्य सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी के दौरान प्रधान शिक्षक विवेक कुमार ने “हम और आप मिलकर करेंगे बच्चों का समग्र विकास”
विषय पर अभिभावकों से संवाद करते हुए बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक एवं नैतिक विकास से जुड़ी विद्यालय की भावी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों से निरंतर सहभागिता और सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय शिक्षक अजीत कुमार, सुरेश कुमार निराला, ममता कुमारी, ऋषभ कुमार श्रीवास्तव, आंगनवाड़ी सेविका मनोरमा देवी एवं सहायिका शवाना खातून का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना, प्रेरणादायी संदेशों तथा अल्पाहार वितरण के साथ किया गया। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और अभिभावकों की संतुष्टि ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में गूँजती प्रेरणादायी पंक्तियाँ—
नन्हे कदम जब आगे बढ़े,
सपनों ने भी पंख लगाए।
मेहनत की राह पर चलकर,
तुमने अपने रंग दिखाए।
हार में भी हिम्मत रखना,
जीत को बनाना पहचान।
हम सब मिलकर गढ़ेंगे मिलकर,
तुम्हारा सुनहरा अरमान।
जहानाबाद रोजिएट पेटल्स स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया
जहानाबाद: शहर स्थित रोजिएट पेटल्स स्कूल में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। विद्यालय की प्रिंसिपल रेखा कुमारी ने तिरंगे को सलामी दी, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
अपने संबोधन में प्रिंसिपल रेखा कुमारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश के गौरवशाली इतिहास और संविधान की गरिमा का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों का पालन करने तथा एकता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम की भावना व्यक्त की। बच्चों के उत्साह और ऊर्जा से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोह के अंत में विद्यालय की ओर से सभी बच्चों के बीच मिठाई और जलेबी का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “जय हिंद” के उद्घोष के साथ हुआ।
जहानाबाद रोजिएट पेटल्स स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया
जहानाबाद: शहर स्थित रोजिएट पेटल्स स्कूल में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। विद्यालय की प्रिंसिपल रेखा कुमारी ने तिरंगे को सलामी दी, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
अपने संबोधन में प्रिंसिपल रेखा कुमारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश के गौरवशाली इतिहास और संविधान की गरिमा का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों का पालन करने तथा एकता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम की भावना व्यक्त की। बच्चों के उत्साह और ऊर्जा से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोह के अंत में विद्यालय की ओर से सभी बच्चों के बीच मिठाई और जलेबी का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “जय हिंद” के उद्घोष के साथ हुआ।
जहानाबाद लोदीपुर गांव में 72 घंटे का अखंड हरि कीर्तन संपन्न, भक्ति और एकता का दिखा अद्भुत संगम
जहानाबाद: काको प्रखंड के ग्राम लोदीपुर में सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर आयोजित पारंपरिक 72 घंटे का अखंड हरि कीर्तन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हो गया। करीब सौ वर्षों से चली आ रही इस परंपरा का उद्देश्य गांव में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है।
अखंड हरि कीर्तन को लेकर गांव में कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू हो जाती हैं। ग्रामीण आपसी सहयोग से बैठकें करते हैं, चंदा एकत्रित करते हैं और सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम को सफल बनाते हैं। आयोजन के दौरान गांव में प्रेम, भाईचारा और एकता का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
लगातार 72 घंटे तक चले कीर्तन में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी बढ़-चढ़कर शामिल हुए और भक्ति रस में डूबे नजर आए। पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बना रहा। कीर्तन के दौरान ग्रामीणों ने गांव की तरक्की, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द की कामना की। समापन के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें गांव के लोगों के साथ-साथ आसपास से गुजरने वाले राहगीरों को भी प्रसाद ग्रहण कराया गया।
स्थानीय निवासी रंजीत कुमार ने बताया, “हमारे दादा-परदादा के समय से यह अखंड हरि कीर्तन होता आ रहा है। इस बार भी पूरे श्रद्धा भाव से 72 घंटे तक कीर्तन किया गया। भंडारा सभी के लिए होता है—जो भी गांव से गुजरता है, उसे प्रसाद अवश्य दिया जाता है। हमारे गांव में हर वर्ग और हर जाति के लोग बिना भेदभाव के मिलकर इस आयोजन को सफल बनाते हैं।”
ग्रामीणों का कहना है कि यह परंपरा गांव में शांति, समृद्धि और एकता का प्रतीक है। साथ ही वे चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा को आगे बढ़ाएं और गांव के बच्चे पढ़-लिखकर गांव और जिले का नाम रोशन करें।