वार्षिक समारोह में पहुंचे पूर्व सदर प्रत्याशी मुन्ना सिंह, विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

हजारीबाग – पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह रविवार को कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत ढेंगुरा पंचायत स्थित किड्स कैंपस जॉन स्कूल तथा गदोखर के सिटी पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। किड्स कैंपस जॉन स्कूल में विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

अपने संबोधन में मुन्ना सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और परिश्रम के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर ढेंगुरा पंचायत के उप-मुखिया गुलाम सरवर और दिलशाद जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके बाद वह गदोखर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल पहुंचे, जहां कार्यक्रम के संचालक सालिक जफर ने बुके एवं अंगवस्त्र देकर उनका सम्मान किया। समारोह में मिस्टर खान, गुलाम जी, साबिर जी और नौशाद खान सहित कई लोग मौजूद थे।

मुन्ना सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और जिम्मेदार नागरिक निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रामगढ़ में इतिहास रचा गया — 101 जोड़ों का शाही सामूहिक विवाह, सांसद मनीष जायसवाल की पहल बनी मिसाल

रामगढ़: सिद्धू-कान्हु मैदान में आयोजित सांसद सामूहिक विवाह उत्सव-2026 ने ऐसा दृश्य रचा, जो वर्षों तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगा। सात फेरों के पवित्र बंधन में बंधते 101 जोड़ों की शाही शादी ने पूरे इलाके को किसी लोकउत्सव में बदल दिया। बैंड-बाजा, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और भव्य बारात के बीच दूल्हे सजी-धजी लग्ज़री कारों से पहुंचे, जबकि अलग-अलग मंडपों में सुर्ख लाल जोड़ों में सजी दुल्हनें किसी अप्सरा से कम नहीं लग रही थीं।

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की पहल पर आयोजित इस विवाह में राज्यपाल समेत कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। प्रसिद्ध गायक व सांसद मनोज तिवारी मृदुल और झारखंड के लोकगायक दीपक तिर्की ने अपने गीतों से माहौल को उत्सवमय बना दिया, जबकि कोलकाता से आए पंडित राघव और उनकी टीम ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत विवाह संपन्न कराया।

यह आयोजन खास इसलिए भी रहा क्योंकि कई जोड़े दिव्यांग थे और कुछ ऐसे परिवारों से थे, जिन्हें दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल होता है। सांसद मनीष जायसवाल ने नवदंपतियों को गृहस्थी बसाने के लिए इलेक्ट्रिक रिक्शा (टोटो) और आवश्यक घरेलू सामान भेंट कर विदा किया। कन्यादान और विदाई के समय वे भावुक हो उठे और नवविवाहितों से कहा कि जीवन में कभी जरूरत पड़े तो उन्हें जरूर याद करें—वे सदैव उनके साथ खड़े मिलेंगे।

सुबह निकली 101 दूल्हों की बारात हजारों लोगों की मौजूदगी में शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए समारोह स्थल पहुंची। कहीं छऊ और झूमर नृत्य हुआ, तो कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी। कई स्थानों पर छतों से पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। पहला दिव्यांग दूल्हा जब बीएमडब्ल्यू से पहुंचा, तो हर नजर उसी पर टिक गई, वहीं अन्य दूल्हे थार और कई लग्ज़री वाहनों पर सवार दिखे।

समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, बरही विधायक मनोज कुमार यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

मुख्य मंच पर कलाकारों ने नृत्य और संगीत से समां बांध दिया। गणेश वंदना से लेकर राधा-कृष्ण थीम पर प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। पूरे मैदान में त्योहार जैसा माहौल रहा और लाखों लोग इस ऐतिहासिक विवाहोत्सव के साक्षी बने।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि समाज जागरूक हो तो अभावग्रस्त परिवारों की बेटियों की भी शाही शादी संभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में नवविवाहितों के रोजगार के लिए भी पहल करेंगे और यदि सहयोग मिलता रहा तो हर साल ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।

करीब एक लाख से अधिक लोगों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। निजी सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल की तैनाती से पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं, सांसद परिवार और उनकी टीम के योगदान से यह आयोजन सफल बना।

रामगढ़ की धरती पर पहली बार इतने भव्य पैमाने पर आयोजित यह सामूहिक विवाह आने वाले वर्षों तक चर्चा का विषय रहेगा—एक ऐसा आयोजन जिसने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास से हर बेटी की विदाई सम्मान और खुशियों के साथ हो सकती है।

हर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने को लेकर नगर आयुक्त से मिले विधायक प्रदीप प्रसाद

फुटपाथ दुकानदारों, नागरिक सुविधाओं, जलजमाव और स्वच्छता पर दिए अहम निर्देश

हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने शनिवार को नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता से मुलाकात कर शहर से जुड़ी विभिन्न जनहितकारी समस्याओं और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विधायक ने शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों, दुकानदारों व किसानों की परेशानियों के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने को कहा ।

फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका और नागरिक सुविधा पर जोर

विधायक प्रदीप प्रसाद ने नगर आयुक्त को कहा की फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका सुरक्षित रखते हुए उनकी उचित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात भी प्रभावित न हो और दुकानदारों को भी परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने डेली मार्केट में आम नागरिकों की सुविधा के लिए शौचालय को निःशुल्क किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

जलजमाव और स्वच्छता के स्थायी समाधान की मांग

विधायक ने बरसात के मौसम में सड़कों और नालियों में होने वाले जलजमाव की समस्या को गंभीर बताते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसके साथ ही कूद रेलवे स्टेशन के समीप मैला टाँड में कचरा जमा न करनें स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

डेली मार्केट को स्मार्ट मार्केट के रूप में विकसित करने की पहल

विधायक प्रदीप प्रसाद ने जिला प्रशासन से डेली मार्केट को आधुनिक सुविधाओं से युक्त “स्मार्ट मार्केट” के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कालीबाड़ी मे बने भवन भवन को शीघ्र खोलकर सब्जी किसानों को सीधे बिक्री का अवसर उपलब्ध कराने की बात भी दोहराई, जिस पर वे पूर्व में भी कई बार संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर चुके हैं।

फुटपाथ दुकानदारों से सीधा संवाद

नगर आयुक्त से बैठक के उपरांत विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्वयं फुटपाथ दुकानदारों के कार्यस्थल पर जाकर उनसे मुलाकात की और उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा। उन्होंने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों की रक्षा और शहर की व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि, मेरा प्रयास है कि हजारीबाग शहर की व्यवस्थाएं सुदृढ़ हों, नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और दुकानदारों व किसानों के हितों का भी संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। यातायात जाम से राहत और स्वच्छ, सुव्यवस्थित शहर के लिए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित और ठोस पहल करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि वे इन सभी विषयों पर लगातार निगरानी रखेंगे और आवश्यकतानुसार प्रशासन से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करेंगे।

बरकट्ठा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

हजारीबाग। जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बरकट्ठा थाना क्षेत्र के ग्राम कपका से एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को 6 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी से कपका गांव में युवाओं को ब्राउन शुगर बेचने जा रहा है, जिसके बाद सूचना के सत्यापन पर पुलिस उपाधीक्षक (परिक्ष्यमान) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी के दौरान ग्राम कपका स्थित अहरवा (तालाब) के पास संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर स्कूटी छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 7.75 ग्राम ब्राउन शुगर, एक सिल्वर रंग की इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, एक OnePlus कंपनी का स्मार्टफोन और एक बिना नंबर की YAKUZA कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटी कुमार (उम्र 22 वर्ष), पिता पाचु महतो, निवासी ग्राम कपका, थाना बरकट्ठा, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ईचाक से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और कपका, बरकट्ठा तथा आसपास के इलाकों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बिक्री करता था। इस संबंध में बरकट्ठा थाना में कांड संख्या 24/26, धारा 21(बी)/22(बी)/29 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का विनष्टीकरण, लगभग 10 एकड़ में लगी फसल नष्ट

दिनांक 06.02.2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना अंतर्गत चोरदाह पंचायत के कबिलाश के जंगल में वन विभाग एवं चौपरण पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिभिन इलाका में करीब 10 एकड़ में अवैध रूप से लगी अफीम की खेती को चिन्हित करते हुए मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।

बरामदगी : घटनास्थल से निम्नलिखित वस्तुएँ बरामद कर मौके पर ही नष्ट की गईं

1. 6 डिलीवरी पाइप

अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पता का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान के उपरान्त उनके विरुद्ध कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर अग्रतर कार्रवाई जारी है।

संयुक्त अभियान में शामिल अधिकारी/कर्मी :

1. अजित कुमार बिमल sdpo बरही

2. सरोज सिंह चौधरी थाना प्रभारी चौपरण

3. Si सुबिन्दर राम

4. Si रतन टुडू

6. Asi कमरुद्दीन 

7. एवं सशत्र बल 

8. बनपाल कुलदीप कुमार

उल्लेखनीय है कि ड्रोन के माध्यम से दुर्गम इलाका को चिन्हित कर विनिष्ट किया जा रहा है । अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

दारू चौक में ‘द सिटी रसोई फैमिली रेस्टोरेंट’ का विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया उद्घाटन

हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दारू चौक में " द सिटी रसोई" फैमिली रेस्टोरेंट का विधिवत उद्घाटन विधायक प्रदीप प्रसाद द्वारा फीता काटकर किया गया। 

उद्घाटन समारोह में रेस्टोरेंट के संचालक रवि कश्यप एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता व स्थानीय, कार्यकर्ता , परिवारजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने रेस्टोरेंट के संचालक को नए व्यवसाय के शुभारंभ पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर ऐसे नए प्रतिष्ठानों की स्थापना से न केवल क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएँ मिलती हैं, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

द सिटी रसोई फैमिली रेस्टोरेंट में भारतीय, चाइनीज़, साउथ इंडियन, पंजाबी सहित विभिन्न मल्टी-कुज़ीन व्यंजनों की व्यवस्था की गई है, जो क्षेत्रवासियों को स्वादिष्ट भोजन के साथ स्वच्छ वातावरण और बेहतर सेवा प्रदान करेगा। यह रेस्टोरेंट परिवारों के लिए एक आदर्श भोजन स्थल के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।

विधायक ने कहा कि यह नया प्रतिष्ठान निरंतर उन्नति करे और संचालक तथा उनके परिवार को सफलता, समृद्धि एवं खुशहाली प्राप्त हो।

मीडिया कोषांग की बैठक आयोजित, नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को लेकर मुद्रक–प्रकाशकों को दिए गए दिशा-निर्देश

नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 के सफल एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नोडल पदाधिकारी, मीडिया कोषांग-सह-जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार हजारीबाग की अध्यक्षता में आज 6 फरवरी को मीडिया कोषांग की बैठक आयोजित की गई। 

इस दौरान सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी श्री परिमल कुमार मौजूद रहे।

बैठक में जिले के विभिन्न प्रिंटिंग प्रेस संचालक, मुद्रक एवं प्रकाशक उपस्थित थे।

बैठक की में नोडल पदाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित मुद्रकों को निर्वाचन से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री के मुद्रण एवं प्रकाशन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति ऐसे निर्वाचन पैम्फलेट अथवा पोस्टर का मुद्रण या प्रकाशन नहीं करेगा, जिसके मुख्य पृष्ठ पर मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम एवं पता अंकित न हो। अधिनियम के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को छह माह का कारावास अथवा जुर्माना अथवा दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है।

उन्होंने बताया कि कानून के तहत निर्वाचन से संबंधित किसी भी पंपलेट या पोस्टर का मुद्रण तब तक नहीं किया जाएगा, जब तक कि प्रकाशक की पहचान की घोषणा उसके द्वारा हस्ताक्षरित न हो तथा दो ऐसे व्यक्तियों द्वारा सत्यापित न की गई हो, जो उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हों। सभी प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को इन दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने जानकारी दी कि निर्वाचन लड़ने वाले प्रत्याशी यदि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, केबल नेटवर्क, बल्क एसएमएस अथवा वॉयस मैसेज के माध्यम से किसी राजनीतिक विज्ञापन का प्रकाशन या प्रसारण करना चाहते हैं, तो इसके लिए विहित प्रपत्र Annexure-A में जिला स्तरीय मीडिया एवं निगरानी समिति (MCMC) कोषांग को आवेदन समर्पित करना अनिवार्य होगा।

बैठक के अंत में नोडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित पक्षों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने एवं निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ

समाहरणालय सभाकक्ष में शुक्रवार को आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत 05 नीति सूचकांक एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत 06 नीति सूचकांक को पूर्ण किया जाना है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, शिक्षा, पशु टीकाकरण, कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना है। अभियान के अंतर्गत आकांक्षी जिला के निर्धारित संकेतकों जैसे स्वास्थ्य प्रणाली, रोग निगरानी, स्वच्छता जागरूकता, शिक्षा ढांचा आदि की पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी विभागों को कोऑर्डिनेटेड वेब में कार्य करते हुए इसे एक चुनौती के रूप में स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था को बेहतर बनाना प्राथमिकता है तथा सभी संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में पेयजल योजनाओं की पूर्ण सैचुरेशन की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी प्रखंडों में छोटी से छोटी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए समयबद्ध तरीके से लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान फील्ड से जुड़े कर्मियों के व्यवहार में सुधार एवं उन्हें प्रेरित करते हुए कार्य संपादित कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित अभियंताओं को कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने एवं नीति आयोग के नियमों एवं दिशानिर्देशों के अनुरूप कार्य संपादन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पब्लिक हेल्थ सेक्टर को सुदृढ़ करने हेतु सभी एमओआईसी के साथ नियमित बैठक कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें एवं निरंतर मॉनिटरिंग करें।

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त द्वारा उपस्थित सभी पदाधिकारियों को आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 के सभी संकेतकों को संतृप्त करने की शपथ दिलाई गई।

इस कार्यक्रम में उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह के अलावा सदर विधायक श्री प्रदीप प्रसाद, जिला परिषद अध्यक्ष श्री उमेश मेहता, उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस श्री आनंद शर्मा, जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज तिवारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिन्हा, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नीति आयोग के कर्मी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जनवरी–फरवरी 2026 में अवैध शराब के खिलाफ अभियान, 20.70 लाख की विदेशी शराब जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

हजारीबाग पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जनवरी और फरवरी 2026 के दौरान व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, वहीं देशी शराब और जावा महुआ को भी नष्ट किया गया।

पुलिस के अनुसार, चौपारण थाना क्षेत्र में एक हुंडई कार से 192 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में 02 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।

वहीं कटकमसांडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से 210 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की। इस कार्रवाई में भी 02 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बरामद शराब की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

इसके अलावा टाटीझरिया थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से 60 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में 01 तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 3.70 लाख रुपये बताई गई है।

इन तीनों थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 20.70 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है और कुल 05 तस्करों की गिरफ्तारी हुई है।

विदेशी शराब के साथ-साथ हजारीबाग पुलिस ने देशी शराब और जावा महुआ के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया। विभिन्न इलाकों में कुल 7,480 लीटर जावा महुआ और देशी शराब को मौके पर ही नष्ट किया गया। नष्ट की गई शराब का कुल बाजार मूल्य 5,25,200 रुपये बताया गया है।

हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह प्रेस विज्ञप्ति 5 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग द्वारा जारी की गई है।

राष्ट्रीय नाट्य मंच पर हजारीबाग का परचम, तरंग ग्रुप का चयन ‘अद्वितीय 2026’ वन एक्ट प्ले प्रतियोगिता के लिए

हजारीबाग जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि स्थानीय नाट्य संस्था तरंग ग्रुप, हजारीबाग का चयन राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित नाट्य आयोजन “अद्वितीय 2026 – वन एक्ट प्ले प्रतियोगिता” के लिए किया गया है। इस संबंध में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) स्टूडेंट यूनियन, नई दिल्ली द्वारा आधिकारिक चयन सूचना जारी की गई है।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तरंग ग्रुप द्वारा एकांकी नाटक “लेडी टार्जन” का मंचन किया जाएगा। यह नाटक पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रेरणादायी महिला व्यक्तित्व एवं पद्मश्री जमुना टुडू के जीवन संघर्ष पर आधारित है। यह प्रस्तुति 25वें भारत रंग महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित की जाएगी।

तरंग ग्रुप के निर्देशक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु टीम की यात्रा के लिए कन्फर्म रेल टिकट की व्यवस्था भाजपा नेत्री सह समाजसेवी शेफाली गुप्ता के सहयोग से संभव हो सकी। इसके साथ ही न्यू मिलन लाइट एवं लायंस क्लब ऑफ हजारीबाग रोअरिंग का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ है।

नाटक का निर्देशन एवं कहानी लेखन दीपक झा द्वारा किया गया है। नाटक में मुख्य भूमिकाएँ निभाने वाली कलाकार केबी महिला महाविद्यालय की छात्राएँ हैं, जिनमें प्रमुख रूप से प्रिया कुमारी, पूजा कृति, सुहानी दुबे, कोमल मेहता, कल्पना कुमारी, अंकिता कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, शिवानी कुमारी पांडेय एवं अंशु कुमारी शामिल हैं। मंचीय प्रकाश व्यवस्था में न्यू मिलन लाइट के निदेशक नितीश कुमार सहयोगी के रूप में विशेष रूप से जुड़े हुए हैं।

इस उपलब्धि पर विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा, छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष विकाश कुमार, डॉक्टर राखो हरि, सांसद मीडिया प्रभारी रंजन चौधरी, गूंज स्टूडियो के निदेशक सुबोध आकाश सिन्हा, लायंस क्लब ऑफ हजारीबाग के चेयरपर्सन राजीव आनंद, अध्यक्षा स्वाति वर्मा सहित केबी महिला महाविद्यालय की शिक्षिका नीलिमा निकुंज, सरवन कुमार, मनोज पूरी एवं अमिताभ श्रीवास्तव ने पूरी टीम को शुभकामनाएँ दी हैं।

तरंग ग्रुप का यह चयन न केवल संस्था बल्कि पूरे हजारीबाग जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। स्थानीय कला प्रेमियों और रंगमंच से जुड़े लोगों ने टीम के सफल मंचन की कामना की है।