बरही ज्वेलरी लूट कांड का खुलासा, बिहार से एक और आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग। बरही थाना क्षेत्र में हुई चर्चित ज्वेलरी लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह लूटपाट 16 नवंबर 2025 की रात करीब 9:00 बजे बरही चौक के पास ‘जय माता दी ज्वेलर्स’ दुकान के सामने हुई थी।

घटना के समय दुकानदार अपनी दुकान से गहनों से भरे 4 बैग कार में रख रहे थे। इसी दौरान 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 अपराधियों ने कार का शीशा तोड़कर बैग लूट लिए और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इस मामले में पीड़ित सुरेंद्र कुमार के आवेदन पर बरही थाना कांड संख्या 439/25 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने CCTV फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर 24 घंटे के भीतर कांड का खुलासा करते हुए लूट का सामान, हथियार और वाहन बरामद कर लिए। इससे पहले इस कांड में शामिल इंद्रराज चौधरी, रौशन यादव, धनंजय चौधरी उर्फ छोटू और टोलू उर्फ अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

इसी कड़ी में 4 फरवरी 2026 को पुलिस ने फरार आरोपी रामाशीष चौधरी (पिता– स्वर्गीय रघु चौधरी), निवासी– बनाही, जिला गया (बिहार) को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि आरोपी एक सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अपने घर पर इलाज करा रहा था, जहां पुलिस ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामाशीष चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बिहार के आमस थाना में धारा 392 IPC (लूट) और धारा 307 IPC (जानलेवा हमला) सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में पु०अ०नि० मृत्युंजय कुमार (बरही थाना), पु०अ०नि० सौरभ कुमार (बरही थाना), आरक्षी/160 नीरज कुमार सिंह सहित थाना सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 : व्यय अनुवीक्षण दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में व्यय अनुवीक्षण दलों के लिए दूसरे चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यय अनुवीक्षण से जुड़े वीडियो निगरानी दल, स्थैतिक निगरानी दल, उड़नदस्ता दल, वीडियो अवलोकन दल एवं लेखा दल को शामिल किया गया। कार्यक्रम के दौरान नोडल पदाधिकारी द्वारा सभी दलों के दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में बताया गया कि वीडियो निगरानी दल द्वारा अभ्यर्थियों के कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी कर सीडी एवं संबंधित प्रतिवेदन उसी दिन कोषांग को उपलब्ध कराया जाएगा। उड़नदस्ता दल अपने आवंटित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल स्थल पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। साथ ही नकदी, शराब वितरण एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

स्थैतिक निगरानी दल के लिए नगरपालिका क्षेत्र में कुल 07 चेकपोस्ट चिन्हित किए गए हैं, जो वर्तमान में क्रियाशील हैं। इन चेकपोस्टों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। दलों द्वारा अवैध शराब, हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों की आवाजाही पर नियंत्रण हेतु सघन जांच की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के रिपोर्टिंग प्रपत्रों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोषांग के अजय प्रसाद, रियाजउद्दीन खान, रंजीत सिंह, रवि वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

रामगढ़ में 08 फरवरी को इतिहास रचेगा ‘सांसद सामूहिक विवाह उत्सव 2026’, 101 जोड़ों का होगा भव्य विवाह

रामगढ़ की पावन धरती, जो कभी रामगढ़ राजघराने का केंद्र रही और जिसने 1857 के विद्रोह से लेकर ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ आंदोलन तक स्वतंत्रता संग्राम को नई धार दी, अब एक ऐतिहासिक सामाजिक कीर्तिमान की साक्षी बनने जा रही है। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में आगामी 08 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाला ‘सांसद सामूहिक विवाह उत्सव 2026’ 101 जोड़ों के जीवन में नई शुरुआत का उजाला लेकर आएगा और समाज के सामने सेवा व समर्पण का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

इस अनूठी सेवा पहल की शुरुआत 14 दिसंबर 2023 को हुई थी, जब हजारीबाग सदर विधायक रहते हुए मनीष जायसवाल ने अपने जुड़वा भाइयों के विवाह की रजत जयंती पर 25 बेटियों के हाथ पीले कराए थे। उस आयोजन की सफलता ने इस अभियान को व्यापक रूप दिया और वर्ष 2025 में हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड में 101 जोड़ों का विराट सामूहिक विवाह संपन्न हुआ, जहाँ विदाई के समय बेटियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित गृहस्थी के कई उपयोगी उपहार दिए गए। इस वर्ष इस पुनीत कार्य का विस्तार करते हुए आयोजन को रामगढ़ की ऐतिहासिक भूमि पर करने का निर्णय लिया गया है।

08 फरवरी को सुबह 09:00 बजे फुटबॉल ग्राउंड, रामगढ़ छावनी परिषद से 101 गाड़ियों में सजे दूल्हों की भव्य महा-बारात निकलेगी। बारात की अगुवाई स्वयं सांसद मनीष जायसवाल और प्रसिद्ध गायक व सांसद मनोज तिवारी ‘मृदुल’ करेंगे। गाजे-बाजे, ढोल-ताशे और पारंपरिक नृत्य-संगीत के साथ यह बारात सुभाष चौक और झंडा चौक होते हुए सिद्धू-कान्हु मैदान पहुँचेगी, जहाँ हजारों लोगों की मौजूदगी में उत्सव का अलौकिक दृश्य देखने को मिलेगा।

सिद्धू-कान्हु मैदान में 101 आकर्षक विवाह मंडप तैयार किए जा रहे हैं। सुबह 10:00 बजे से विवाह की रस्में शुरू होंगी, जिन्हें देश-दुनिया में विख्यात राघवेंद्र कुमार गौतम उर्फ़ राघव पंडित और उनकी टीम, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सैकड़ों पंडितों के साथ ‘म्यूजिकल फेरे’ एवं मंगलाचरण के बीच संपन्न कराएंगे। सांसद जायसवाल ने नवदंपत्तियों की गृहस्थी बसाने के लिए उपहार स्वरूप टोटो (ई-रिक्शा) सहित करीब 37 प्रकार के आवश्यक सामान देने का संकल्प लिया है। चयनित जोड़ों में 4 दिव्यांग और कई अनाथ जोड़े शामिल हैं, जिनके लिए यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है।

आयोजन की तैयारियां पूरे शबाब पर हैं। रामगढ़ के ब्रह्मर्षि धर्मशाला और हजारीबाग के पैराडाइज रिसॉर्ट में भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में हल्दी, मेहंदी और संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पूरे लोकसभा क्षेत्र में निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं और लाखों लोगों के इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने की उम्मीद है। दूल्हों के लिए कोर्ट-पैंट और दुल्हनों के लिए आकर्षक लहंगे तैयार करने में स्थानीय कलाकार युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं।

सांसद मनीष जायसवाल ने भावुक होकर कहा कि बेटियां समाज पर बोझ नहीं, बल्कि सम्मान हैं। एक सक्षम समाज वही है जो जरूरतमंद पिताओं का सहारा बने और बेटियों के विवाह में सहयोग करे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस “महा-यज्ञ” में शामिल होकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने की अपील की है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए सांसद स्वयं निमंत्रण पत्र वितरण कर रहे हैं, जबकि उनके अनुज निशांत जायसवाल और सुपुत्र करण जायसवाल रामगढ़ में कैंप कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सांसद की धर्मपत्नी निशा जायसवाल दुल्हनों के परिधान और उपहार सामग्री जुटाने में सक्रिय हैं। सांसद प्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और शुभचिंतक भी दिन-रात जुटे हुए हैं, जिससे यह आयोजन भव्य और ऐतिहासिक बन सके।

खुशियों की शहनाई और मांगलिक गीतों के बीच रस्मों का दौर शुरू हो चुका है। रामगढ़ और हजारीबाग में आयोजित हल्दी और मेहंदी समारोह में जब कन्याओं के हाथों में शगुन की मेहंदी सजी, तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। यह आयोजन राजनीति से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाओं का महापर्व बनकर रामगढ़ की मिट्टी में सेवा और समर्पण की नई सुगंध घोलने को तैयार है।

हजारीबाग में चेन स्नैचिंग की दो वारदातों से इलाके में दहशत

जैन पेट्रोल पंप के बगल में, अपना मार्ट के सामने आज दोपहर करीब 1:04 बजे एक महिला से सोने की चेन की छीनतई की गई।

गौर करने वाली बात यह है कि कल दोपहर 12:30 बजे भी मयूरी होटल के सामने इसी तरह की वारदात हुई थी, जहां एक महिला से चेन छीनी गई थी। लगातार दूसरे दिन हुई घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है।

मामले की जानकारी मिलते ही सदर थाना प्रभारी सुभाष सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

हजारीबाग: मोबाइल छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, 6 अपराधी गिरफ्तार

हजारीबाग, 03 फरवरी 2026

हजारीबाग पुलिस ने बड़ा बाजार ओ०पी० क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल छिनतई करने वाले एक गिरोह के छह अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने इनके पास से छिनतई के 19 मोबाइल फोन और वारदातों में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी व एक मोटरसाइकिल बरामद की है.

त्वरित कार्रवाई और छापेमारी दिनांक 02.02.2026 को बड़ा बाजार ओ०पी० क्षेत्र में एक स्कूटी सवार द्वारा मोबाइल छिनतई की घटना की सूचना प्राप्त हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी (सदर) श्री अमित आनन्द (भा०पु०से०) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम ने 02 और 03 फरवरी की मध्य रात्रि को शहर के संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया.

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान इस प्रकार है: राहुल कुमार गुप्ता उर्फ छोटू (19 वर्ष), पिता- देवी साव, निवासी- बाकरगली खिरगांव, देव कुमार गुप्ता उर्फ गोलू (20 वर्ष), पिता- देवी साव, निवासी- बाकरगली खिरगांव, अमर कुमार उर्फ बबलू (19 वर्ष), पिता- नागेश्वर साव, निवासी- बाकरगली खिरगांव, पवन कुमार (23 वर्ष), पिता- संजय तुरी, निवासी- कम्हार टोली पारनाला, मो० हसनैन (24 वर्ष), पिता- मो० शकील, निवासी- डॉ० जाकिर हुसैन रोड, सुमीत कुमार (23 वर्ष), पिता- राजू प्रसाद गुप्ता, निवासी- ओकनी साई मंदिर

अपराधिक इतिहास पकड़े गए अभियुक्तों में से कई का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है: अमर कुमार उर्फ बबलू: इसके विरुद्ध सदर (बड़ा बाजार) थाना में वर्ष 2024 के तीन मामले (काण्ड संख्या 285/24, 369/24 और 262/24) दर्ज हैं.

मो० हसनैन: इसके विरुद्ध कटकमदाग थाना में वर्ष 2019 का एक मामला दर्ज है.

सुमीत कुमार एवं पवन कुमार: इनके विरुद्ध सदर थाना में वर्ष 2025 का एक मामला दर्ज है.

छापेमारी टीम में शामिल सदस्य इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के साथ बड़ा बाजार ओ०पी० प्रभारी पंकज कुमार, पेलावल ओ०पी० प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पु०अ०नि० गौतम उरांव, पु०अ०नि० सुधीर कुमार, तकनीकी शाखा के पदाधिकारी और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

चौपारण में अवैध अफीम की खेती का पुलिस-वन विभाग ने किया भंडाफोड़

Hazaribag 3 February 2026

चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम मुर्तिया में वन विभाग और चौपरण पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से लगी अफीम की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

घटनास्थल से 4 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए और मौके पर ही नष्ट कर दिए गए। अवैध अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।

अभियान में शामिल प्रमुख अधिकारी और कर्मी इस प्रकार हैं: अजित कुमार बिमल, उप-पुलिस अधीक्षक, बरही; चंद्रशेखर, पुलिस निरीक्षक, बरही अंचल; सरोज सिंह चौधरी, थाना प्रभारी, चौपारण; सुबिन्दर राम, उपनिरीक्षक; सरवन कुमार पासवान, उपनिरीक्षक; बदल महतो, सहायक उपनिरीक्षक; कमरुद्दीन, सहायक उपनिरीक्षक; सशस्त्र बल; बनपाल कुलदीप कुमार।

अभियान के दौरान ड्रोन का उपयोग करके दुर्गम इलाकों की पहचान कर अवैध खेती को नष्ट किया गया। पुलिस और वन विभाग ने कहा है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 को लेकर मतदान दिवस को ड्राई-डे घोषित

नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की शुद्धता बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान दिवस को ड्राई-डे घोषित किए जाने का निर्णय लिया गया है।

ज्ञात हो कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के अंतर्गत मतदान दिनांक 23.02.2026 (सोमवार) को निर्धारित है। झारखण्ड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की धारा 576 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आयोग द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं—

1. मतदान के लिए नियत समय की समाप्ति के 48 घंटे पूर्व से लेकर मतदान समाप्ति के अगले दिन प्रातः 07:00 बजे तक की अवधि को संबंधित मतदान क्षेत्र में ड्राई-डे (Dry Day) घोषित किया जाता है।

2. उक्त अवधि के दौरान मतदान क्षेत्र के अंतर्गत स्थित किसी भी होटल, रेस्तरां, क्लब अथवा अन्य किसी भी प्रकार के प्रतिष्ठान में शराब की बिक्री अथवा परोसने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

3. किसी भी भोजनालय, दुकान, सार्वजनिक अथवा निजी स्थान पर शराब की बिक्री, वितरण या उपभोग की अनुमति नहीं होगी।

4. अनलाईसेन्स्ड प्रीमिसेस (Unlicensed Premises) में शराब के भंडारण पर पूर्व से लगाए गए प्रतिबंधों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

सभी संबंधित पदाधिकारियों, लाइसेंस धारकों एवं आम नागरिकों से उपर्युक्त निर्देशों का ससमय एवं सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निर्विघ्न, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई जा सके।

चौपारण थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, 25 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती विनष्ट

हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोडिया में पुलिस एवं वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दो फरवरी दो हजार छब्बीस को प्राप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में अंजन के विभिन्न इलाकों में लगभग 25 एकड़ भूमि में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही पूरी तरह विनष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से 6 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती में संलिप्त लोगों के नाम और पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई लगातार जारी है।

संयुक्त अभियान में बरही SDPO श्री अजित कुमार बिमल, बरही अंचल के पु0नि0 श्री चंद्रशेखर, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, SI सुबिन्दर राम, ASI बदल महतो, ASI कमरुद्दीन, सशस्त्र बल के जवानों के साथ-साथ वन विभाग के बनपाल कुलदीप कुमार एवं सरवन कुमार शामिल रहे।

बताया गया कि दुर्गम एवं जंगल क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से अवैध अफीम की खेती को चिन्हित कर लगातार विनष्ट किया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मनरेगा योजना की समीक्षा बैठक आयोजित, मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास अभियान के सफल क्रियान्वयन के निर्देश

समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह की अध्यक्षता में मनरेगा योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा मनरेगा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा वित्तीय वर्ष 2025–26 में “मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास” अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यक्रम पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि मनरेगा से आच्छादित परिवारों का औसत कार्य दिवस बढ़ाते हुए प्रावधानानुसार 100 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को चिन्हित कर आधार से लिंक ई-केवाईसी युक्त जॉब कार्ड निर्गत करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि इच्छुक परिवारों को उनकी मांग के अनुरूप 15 दिनों के भीतर मनरेगा के अंतर्गत रोजगार उपलब्ध कराया जाए। महिलाओं एवं वंचित परिवारों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन को रोकने के उद्देश्य से इच्छुक परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जॉब कार्ड वितरण, अमृत सरोवर में वृक्षारोपण, तथा ई-केवाईसी से वंचित लोगों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा आयोजित कर मांग के आधार पर कार्यों की सूची तैयार की जाए तथा मनरेगा के अंतर्गत विशेष अभियान चलाकर लंबित एवं पुरानी योजनाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए।

बैठक में उपविकास आयुक्त के अलावे कई बीडीओ एवं बीपीओ, जेएसएलपीएस के डीपीएम, संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

मैट्रिक–इंटर परीक्षा 2026 को लेकर हजारीबाग सदर अनुमंडल के सभी परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू

हजारीबाग उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश ज्ञापांक के आलोक में न्यायालय अनुमंडल दंडाधिकारी सदर आदित्य पांडेय ने हजारीबाग सदर अनुमंडल अंतर्गत वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) एवं इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) सैद्धान्तिक परीक्षा–2026 के आयोजन को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) सैद्धान्तिक परीक्षा दिनांक 03/02/2026 से 17/02/2026 तक प्रथम पाली (पूर्वाह्न 9.45 बजे से अपराह्न 1.00 बजे तक) हजारीबाग सदर अनुमंडल के अंतर्गत कुल 43 परीक्षा केंद्रों में संचालित होगी। वहीं इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) सैद्धान्तिक परीक्षा दिनांक 03/02/2026 से 23/02/2026 तक द्वितीय पाली (अपराह्न 2.00 बजे से 5.15 बजे तक) सदर अनुमंडल के 35 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी।

परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, कदाचार-मुक्त संचालन एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर निषेधाज्ञा लागू की गई है।

निषेधाज्ञा के तहत परीक्षा केंद्र की 100 मीटर परिधि में परीक्षार्थियों को छोड़कर अन्य किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके साथ ही घातक हथियार, लाठी, आग्नेयास्त्र लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र के अंदर पुस्तक, कागजात, मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर भी रोक रहेगी।

यह आदेश परीक्षा अवधि में परीक्षा समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। हालांकि परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त सरकारी कर्मी, दंडाधिकारी एवं पुलिस कर्मी इस आदेश से मुक्त रहेंगे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निषेधाज्ञा आदेश का पालन करें और मैट्रिक व इंटर परीक्षा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन में सहयोग प्रदान करें।