एमएम यादव की अंतिम प्रचार रैली में मतदाताओं ने खुल कर दिया समर्थन
मुंबई। वर्सोवा विधानसभा स्थित वार्ड क्रमांक 63 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गट) के प्रत्याशी एमएम यादव यादव की अंतिम प्रचार रैली में आज उनकी ताकत और लोकप्रियता दोनों नजर आई। पिछले 40 वर्षों से यहां की राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय रहे  यादव के समर्थन में जिस तरह से जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी तथा लोगों ने खुलकर उनके समर्थन में नारे लगाए, उसे देखकर विपक्ष के हौसले पस्त हो गए हैं। यादव को यह समर्थन अनायास नहीं मिल रहा है। लोगों के बीच उन्होंने लगातार रचनात्मक और सामाजिक काम किए हैं। लोगों के सुख दुख के साथ हमेशा खड़े रहे। इस वार्ड में 12 से 13 हजार उत्तर भारतीय मतदाता है, जिनमें 8 हजार केवल यादव मतदाता है।

यादव मतदाता पूरी तरह से उनके साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। उन्हें इस वार्ड में दोहरा लाभ मिलता दिखाई दे रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का तो उन्हें वोट मिल ही रहा है साथ ही उनका टिकट न देने से नाराज अधिकांश कांग्रेसियों का भी उन्हें समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। जनता पहले से ही कांग्रेस के ऊपर नाराज है। राजनीतिक क्षमता के साथ- साथ श्री यादव में अद्वितीय संगठनात्मक क्षमता है, जो कार्यकर्ताओं को उनसे जोड़े हुए हैं। यहां के मतदाता उनको काम का पूरा इनाम देना चाहते हैं। एक वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता ने कहा कि  यादव को टिकट न देकर कांग्रेस ने बहुत बड़ी भूल की है। कांग्रेस को इसका खामियाजा तो मिलना ही है।
मीरा भायंदर की जनता शांति, सुरक्षा, विश्वास और विकास को लेकर भाजपा के साथ: एड रवि व्यास

भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका चुनाव में भाजपा शानदार विजय हासिल करने जा रही है। शांति, सुरक्षा, विश्वास और विकास को लेकर जनता भाजपा के साथ खड़ी दिखाई दे रही है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पत्रकारों से बात करते हुए मीरा भायंदर के पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट रवि व्यास ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और विधायक नरेंद्र मेहता द्वारा किए गए कार्यों को जनता देख रही है। लोग शांति और सुरक्षा के बीच रहकर विकास चाहते हैं,जो सिर्फ और सिर्फ बीजेपी दे सकती है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से बीजेपी 70 पार के साथ अपना महापौर बनाने जा रही है।
श्रेया शेट्टी ने लिया भांडुप पश्चिम के वार्ड 112 को मॉडल वार्ड बनाने का संकल्प

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव की सरगर्मियों के बीच भांडुप पश्चिम के वार्ड क्रमांक 112 में कांग्रेस ने अपने जनसंपर्क अभियान के माध्यम से मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी श्रेया शेट्टी के नेतृत्व में निकाली गई रैलियों और जनसभाओं में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। प्रचार अभियान के दौरान श्रेया शेट्टी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड 112 को एक आदर्श और मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास कागजी वादों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम से संभव होगा। इस अवसर पर उनके पति एवं महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तथा मुंबई कांग्रेस के महासचिव राकेश शेट्टी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है और वार्ड 112 को उसका न्यायोचित विकास अब तक नहीं मिल पाया है। उन्होंने नागरिकों से कांग्रेस को निर्णायक जनादेश देने की अपील की।

जनसंपर्क के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—जैसे टूटी सड़कें, अपर्याप्त ड्रेनेज व्यवस्था और स्वच्छता की कमी—को सामने रखा। इस पर श्रेया शेट्टी ने भरोसा दिलाया कि चुनाव के बाद इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

रैली और जनसभाओं में उमड़ा उत्साह और समर्थन यह संकेत दे रहा है कि वार्ड 112 में कांग्रेस का अभियान जनता के बीच प्रभाव छोड़ रहा है और चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है।
महालक्ष्मी केंद्र में विशेष रूप से सक्षम युवाओं हेतु टॉयलेट ब्लॉक का पुनर्निर्माण

मुंबई। विशेष रूप से सक्षम युवाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं गरिमापूर्ण जीवन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत, Sangam Foundation के सहयोग से Om Creations Trust के महालक्ष्मी डे-केयर केंद्र में टॉयलेट ब्लॉक का सफलतापूर्वक पुनर्निर्माण किया गया। इस सराहनीय सामाजिक पहल का मार्गदर्शन संगम फ़ाउंडेशन के अध्यक्ष राजेंद्रजी रूइया,उपाध्यक्ष सुशील गाड़िया, सचिव सुरेश पासरी तथा कोषाध्यक्ष सुनील पटवारी द्वारा किया गया। इस कार्य में फ़ाउंडेशन के सम्मानित सदस्यों बंकेश अग्रवाल एवं सुभाष गाड़िया का भी सक्रिय योगदान रहा।

कार्यक्रम की गरिमा को और ऊँचाई देते हुए मुख्य अतिथि डॉ मंजू लोढ़ा ने अपने प्रेरणादायी एवं संवेदनशील शब्दों के माध्यम से महालक्ष्मी केंद्र के विशेष रूप से सक्षम युवा वयस्कों को आत्मविश्वास, आत्मबल और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। उनके विचारों ने युवाओं को गहराई से प्रेरित किया और वातावरण को आशा एवं ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी – डॉ. राधिके खन्ना ने संगम फ़ाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं अतिथियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह सहयोग केवल एक संरचना का निर्माण नहीं है, बल्कि विशेष रूप से सक्षम युवाओं के दैनिक जीवन में सुविधा, सुरक्षा और गरिमा जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नव-निर्मित टॉयलेट ब्लॉक को महालक्ष्मी केंद्र में आने वाले विशेष रूप से सक्षम युवाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुलभ, सुरक्षित एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है, जिससे उनकी दिनचर्या और स्वावलंबन को सशक्त समर्थन मिल सके।

यह पहल सामाजिक संवेदनशीलता, सहयोग और साझा उत्तरदायित्व का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करती है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास के शिखर की तरफ तेजी से बढ़ रहा उत्तर प्रदेश : विधायक रमेश जायसवाल

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी के साथ विकास कर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। महानगरपालिका चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रचार करने मुंबई आए मुगलसराय विधानसभा के लोकप्रिय विधायक रमेश जायसवाल ने पत्रकारों से बात करते हुए उपरोक्त बातें कही।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी लगाम लग चुकी है। सुशासन की छाया में लोग पूरी तरह से निडर होकर शांतिपूर्ण तरीके से रह रहे हैं। प्रदेश में पर्यटन बढ़ रहा है, जिससे भारी संख्या में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत का एक नया इतिहास लिखेगी। समाजवादी पार्टी और उसका पीडीए वाला दांव अब उल्टा पड़ गया है। लोकसभा चुनाव में संविधान के नाम पर जिस तरह से लोगों को बरगलाया गया, वह बेनकाब हो चुका है।

रमेश जायसवाल ने कहा कि प्रदेश का 13 प्रतिशत जायसवाल समाज विषम परिस्थितियों में भी भाजपा के साथ लगा रहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में बाल संघ सेवक के रूप में लगातार चौथी पीढ़ी में राष्ट्र सेवा और जन सेवा का संकल्प लेने वाले रमेश जायसवाल का साफ मानना है कि सबसे पहले वह खुद को पार्टी का सिपाही मानते हैं और राष्ट्र सेवा को सबसे बड़ा धर्म। कल उन्होंने भायंदर आकर देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर राहुल एजुकेशन के सचिव राहुल तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह,सभासद नितिन गुप्ता, समाजसेवी विक्की जुनेजा तथा समाजसेवी डबलू राय उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में महायुति का बनेगा मुंबई का महापौर : उदयप्रताप सिंह

मुंबई। मुंबई महानगरपालिका चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुंबई भाजपा प्रवक्ता व मीडिया सह प्रभारी उदयप्रताप सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन, प्रभारी एडवोकेट आशीष शेलार तथा मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम के नेतृत्व में  मुंबई का अगला महापौर महायुति का बनने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुंबई के विकास की दिशा में मुख्यमंत्री द्वारा किए गए अभूतपूर्व रचनात्मक कार्यों को देखते हुए मुंबई का मतदाता पूरी तरह से महायुति के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि फडणवीस सरकार ने सिर्फ कानून व्यवस्था में ही सुधार नहीं किया अपितु मुंबई के इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुआ है। मेट्रो कनेक्टिविटी का विस्तार, कोस्टल रोड, अटल सेतु जैसी बड़ी परियोजनाओं का पूरा होना महाराष्ट्र सरकार की अदम्य इच्छा शक्ति का परिचायक है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बिखरा हुआ विपक्ष पूरी तरह से हताश और निराश नजर आ रहा है। आपस में लड़ने वाले लोग दिखावे के लिए भले एक हो गए हो, परंतु उनका अंतर्मन एक नहीं हुआ है। जनता को भ्रमित करने की उनकी सारी चाल बेनकाब हो चुकी है। विपक्ष के पास ना संगठन है ना समर्थन। श्री सिंह ने कहा कि मुंबईकर के अधूरे सपनों को सिर्फ और सिर्फ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महायुति सरकार ही पूरा कर सकती है।
सपा प्रत्याशी संतोष गीता वसंत यादव का पलड़ा भारी, पस्त हुआ विपक्ष
मुंबई। मुंबई महानगरपालिका का चुनाव प्रचार अंतिम दौर की तरफ बढ़ रहा है। सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वर्सोवा विधानसभा के वार्ड क्रमांक 59 से सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे संतोष गीता वसंत यादव को उत्तर भारतीय और मुस्लिम मतदाताओं के साथ-साथ कोली समाज ,मराठी समाज और दक्षिण भारतीय समाज का भी खुला समर्थन मिल रहा है, जिसके चलते इस वार्ड में उनकी स्थिति काफी मजबूत हो गई है। उनकी मां गीता यादव ने कांग्रेस की नगरसेविका रहते हुए वार्ड के विकास की दिशा में अनेक काम किए थे। साथ ही संतोष यादव द्वारा पिछले अनेक वर्षों से वार्ड में लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है, जिसके चलते वार्ड की जनता का झुकाव उनकी तरफ साफ दिखाई दे रहा है। आज उन्होंने पदयात्रा के दौरान पेटलवाडी सागर कुटीर, वर्सोवा गांव, आराम नगर, पुलिस क्वार्टर, यारी रोड, गुलशन कॉलोनी जैसे अनेक क्षेत्रों में मतदाताओं से आशीर्वाद लिया। मतदाताओं ने जिस तरह से खुले दिल से उन्हें आशीर्वाद तथा समर्थन दिया, उसे यहां की तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। अपनी मां के पदचिन्हों पर चलते हुए संतोष यादव ने लगातार मेडिकल शिविर का आयोजन कर, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री के साथ-साथ उनकी आर्थिक मदद कर, युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। कांग्रेस ने उनका टिकट काटकर एक ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है, जिसके ऊपर सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदू और मुस्लिम महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। इस बात को लेकर जनता कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ पूरी तरह से आक्रोशित दिखाई दे रही है। अच्छी छवि, कार्य कुशलता, विनम्र व्यवहार और शालीनता के चलते संतोष गीता वसंत यादव का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है।
ओम शिव शक्ति फाउंडेशन के तत्वावधान में अखंड रामायण संपन्न

मुंबई । सामाजिक संस्थान ओम शिव शक्ति फाउंडेशन (NGO) के तत्वावधान में मकर संक्रान्ति के शुभ अवसर पर शनिवार 10 जनवरी प्रातः 7.30 से रविवार 11 जनवरी 2026 को समापन तक तुलसी दास कृत रामचरितमानस अखंड रामायण संगीतबद्ध रुप से भक्तों द्वारा संपन्न हुआ।यह आयोजन श्री हनुमान मंदिर के पास टैगोर नगर ग्रुप नंबर 5 ब्रिज के नीचे, विक्रोली पूर्व मुंबई स्थान पर किया गया।जहां सैकड़ों भक्तों एवं रहिवासी नागरिकों के उपस्थिति में रामचरितमानस पाठ किया गया।अखंड रामायण पाठ उपरांत भजन कीर्तन,पूजन,हवन आरती में सभी सहभागी हुए तत्पश्चात महाप्रसाद लेकर अपने घर गये।उक्त आयोजन के यजमान स्थानीय रहिवासी राजकुमार मौर्या ने बताया कि ओम शिव शक्ति फाउंडेशन इसी तरह मकर संक्रांति के अवसर पर प्रतिवर्ष अखंड रामायण एवं महाप्रसाद का आयोजन करती है।उक्त कार्यक्रम का आयोजन संयोजन संस्था के निवेदक दिनेश पांडे(संस्थापक),संदीप सिंह (अध्यक्ष),अजीत सिंह (उपाध्यक्ष),चंदन सिंह (कार्याध्यक्ष),पवन प्रजापति (मानस सेवक),शुभम मिश्रा (सलाहकार) आदि के द्वारा किया जाता है।
खारघर में स्नेह मिलन व कवि सम्मेलन सम्पन्न

नवी मुंबई। हिंदी भाषी विकास महासंघ व पूर्वांचल ग्लोबल फाउंडेशन की तरफ से खारघर, नवी मुंबई स्थित श्री राघवेन्द्र स्वामी मठ में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। हास्य कवि सुरेश, लाफ्टर चैंपियन फेम सुनील सावरा, योगेश मिश्र व सूरज त्रिपाठी ने अपनी हास्य व्यंग कविताओं से श्रोताओं को लोटपोट कर दिया। सुरेश मिश्र ने हंसाते -हंसाते बेटी के नाम ख़त कविता पढ़कर श्रोताओं की आंखों को नम कर दिया।

प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद व उद्योगपति कुंवर हरिवंश सिंह, जौनपुर बदलापुर के विधायक रमेश मिश्र, प्रशांत ठाकुर, समाजसेवा विश्वनाथ दूबे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संस्था प्रमुख हेमंत सिंह, अमरीश सिंह और प्रमोद सिंह ने अतिथियों का सम्मान किया।

सम्मान कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र तिवारी ने किया।सभी वक्ताओं ने अपने वक्तव्य में उत्तर भारतीयों की एकजुटता पर बल दिया। कवि सम्मेलन का संचालन योगेश मिश्रा ने किया।
श्री लॉरेंस बाबा सेवा ट्रस्ट की मुंबई–शिर्डी पदयात्रा आरम्भ
मुंबई। मुंबई के चांदीवली, काजुपाड़ा स्थित साईं शरण धाम मंदिर से श्री लॉरेन्स बाबा सेवा ट्रस्ट की ओर से हर वर्ष आयोजित की जाने वाली मुंबई–शिर्डी पदयात्रा पालखी ने इस वर्ष अपने 27वें वर्ष में प्रवेश किया। साईं भक्तों की श्रद्धा और अनुशासन के साथ यह पालखी यात्रा मुंबई से शिर्डी तक पदयात्रा के रूप में निकाली जाती है।

इस अवसर पर आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, ट्रस्ट के अध्यक्ष लॉरेन्स बाबा डिसोझा, सचिव नेन्सी डिसोझा, आप्पा परब, विमलेश दुबे, एड. कैलास आगवणे, राजेश शर्मा, जयप्रकाश राणे, अश्विन पवार, लुसी जोजफ घोनसालविस, सुभाष गायकवाड, विशाल कटके, विनोद प्रजापती, विकी प्रजापती सहित अनेक साईं भक्त उपस्थित रहे। भक्तों ने साईं बाबा के जयघोष के साथ पालखी को भावपूर्ण विदाई दी और यात्रा की सफलता तथा सभी वारकरियों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रार्थना की।