मीरा भायंदर में महाविजय की तरफ बढ़ती भाजपा, वार्ड 18 में हताश हुआ विपक्ष
भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका चुनाव में विधायक नरेंद्र मेहता द्वारा महायुति नहीं करने का निर्णय रंग लाता नजर आ रहा है। एक तरफ भाजपा जहां लगातार महाविजय की तरफ बढ़ रही है, वही शिवसेना प्रत्याशियों के चेहरों पर  महायुती न होने की निराशा साफ दिखाई दे रही है। महापालिका के प्रभाग क्रमांक 18 में भाजपा प्रत्याशी पूर्व महापौर निर्मला सावले, मयूरी सचिन म्हात्रे, नीला सोंस तथा युवा चेहरा विवेक उपाध्याय के पैनल को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। इनकी पदयात्राओं में शामिल मतदाताओं का जोश और उत्साह देखते हुए विपक्ष अभी से पस्त होता दिखाई दे रहा है। प्रभारी सुरेश सिंह की माने तो आमदार नरेंद्र मेहता और जिला अध्यक्ष दिलीप जैन के नेतृत्व में हम यहां से रिकॉर्ड मतों से विजय हासिल करने जा रहे हैं। इस वार्ड में सिर्फ और सिर्फ भाजपा की लहर है। सुरेश सिंह के अलावा सह प्रभारी अजय सिंह ठाकुर, सह प्रभारी  कमलेश दुबे, मंडल अध्यक्ष संजय मिश्रा, कार्यालय प्रभारी जय शेटे, तेजस्विनी सरिता हरपले समेत अनेक लोग इस वार्ड में विजय को महाविजय में तब्दील करने में लगे हैं।
एमएम यादव को मिल रहे भारी जन समर्थन से विपक्ष हताश : नवाब मलिक
मुंबई। एम एम यादव को 45 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है। वर्सोवा विधानसभा की जनता के लिए हमेशा संघर्ष करने वाले श्री यादव को  जिस तरह से जनता का भारी समर्थन मिल रहा है, उसे देखते हुए विपक्ष हताश और परेशान हो गया है। राष्ट्रवादी अजीत पवार गट से वार्ड क्रमांक 63 में चुनाव लड़ रहे एमएम यादव के बहराम बाग में खुरैशी स्कूल के पास फ्लाइओवर के नीचे स्थित कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित भारी भीड़ को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता नवाब मलिक ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि श्री यादव ने बहुत लंबे समय तक राजनीति के माध्यम से जन सेवा की है। जब कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को टिकट नहीं दिया तो हमारी पार्टी के प्रमुख अजीत पवार ने अपने बंगले पर बुलाकर सम्मान के साथ इन्हें टिकट दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चौथी बार श्री यादव के साथ अन्याय किया है। नवाब मलिक ने कहा कि एमएम यादव ने पिछले चुनाव में अपने अकेले की ताकत के बल पर जिस व्यक्ति को कांग्रेस से विजय दिलाया, आज वही उनके सामने चुनाव लड़ रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 15 जनवरी को वर्सोवा विधानसभा में एक इतिहास लिखेगा। श्री मलिक ने कहा कि हमारी पार्टी ने 92 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। अभी पूरा विश्वास है कि 40 से अधिक सीटों पर हम विजई होंगे। वार्ड क्रमांक 63 का सर्वे बता रहा है कि यहां से हम भारी मतों से चुनाव जीतने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री यादव यहां के एक-एक व्यक्ति और एक एक गली से परिचित है। उनकी जीत से इस वार्ड के विकास का नया दौर शुरू होगा। इस अवसर पर जरीन खान, राघवेंद्र सिंह, इंद्रदेव शुक्ला, भारत यादव, जगन सिंह, लाल सिंह, हरिश्चंद्र यादव, बीरबल यादव, इकरार खान, फारुख भाई, फरदीन खान के अलावा भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
BMC के 227 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची जारी न होने को लेकर अनिल गलगली ने उठाए सवाल
मुंबई।  RTI एक्टिविस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल गलगली ने महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयुक्त तथा मुंबई महानगरपालिका आयुक्त का ध्यान इस अत्यंत गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया है कि मुंबई महानगरपालिका के सभी 227 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है, जबकि चुनाव में केवल 8 दिन शेष हैं।
अनिल गलगली ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची का समय पर प्रकाशन न होना केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि मतदाताओं के संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की रीढ़ होती है। अंतिम सूची के अभाव में मतदाता अपने नाम की जांच नहीं कर पा रहे हैं। गलत प्रविष्टियों को सुधारने का अधिकार छिन रहा है। फर्जी, दोहरी और अपात्र प्रविष्टियों की आशंका बढ़ रही है। चुनाव प्रणाली पर जनता का विश्वास कमजोर हो रहा है।
इस देरी को लेकर अनिल गलगली ने सवाल उठाया कि इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है? चुनाव आयोग और प्रशासन ने कानूनी समय-सीमा का पालन क्यों नहीं किया?.अनिल गलगली की प्रमुख मांगें है कि मुंबई के सभी 227 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची तत्काल आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाए। मतदाता सूची जारी करने में हुई देरी पर लिखित और सार्वजनिक स्पष्टीकरण दिया जाए।जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए ठोस और समयबद्ध सुधारात्मक कदम घोषित किए जाएं।
अनिल गलगली ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का समय पर सार्वजनिक होना संवैधानिक जिम्मेदारी है और इसमें हुई देरी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करती है। उन्होंने चुनाव आयोग और मनपा प्रशासन से तत्काल, पारदर्शी और जवाबदेह कार्रवाई की मांग की है।
राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर मानव विकास संस्था ने डॉ शेषधर बिंद का किया सम्मान
मुंबई। हिंद वीर सेवा संघ हाल प्रभादेवी मुंबई में रविवार 4 जनवरी 2026 को आपकी शक्ति ,आपका अधिकार का परिचय देते हुए राष्ट्रीय दिव्यांग डे पर मानव विकास संस्था ने 12वां वार्षिक सम्मेलन  मनाया।जिसमें बिंद समाज विकास संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सामाजिक गुरु डॉ शेषधर बिंद का जोरदार स्वागत किया गया। दिव्यांग संस्था के कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ शेषधर बिंद अपने संघ के साथ मिलकर सर्व समाज के लिए एक  सशक्त मजबूत सर्व समाज के अच्छे समाज सुधारक के रूप में जाने जाते हैं और कभी भी सभी के मदद के लिए हाथ बढ़ाते रहते हैं।डॉ बिंद ने दिव्यांग समाज सेवा को चलाने एवं आगे बढ़ाने के लिए 5000 रुपए का सहयोग देते हुए कहा कि जब भी हमारी आप सभी को जरूरत पड़े बिंद समाज विकास संघ सदैव आपके साथ है।कार्यक्रम में राष्ट्रीय संस्थापक एवं अध्यक्ष विनायक पावसकर,राष्ट्रीय सचिव सदानंद पगारे,रेखा केवट सहित मुंबई के कोने-कोने से आए हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मीरा भायंदर के विकास में नरेंद्र मेहता का अभूतपूर्व योगदान : एड. रवि व्यास

भायंदर। मीरा भायंदर के सर्वांगीण विकास में विधायक नरेंद्र मेहता का अभूतपूर्व योगदान है। मेट्रो रेल से लेकर कोस्टल मार्ग तथा जलापूर्ति से लेकर शहर के सौंदर्यकरण तक आप नजर दौड़ाएं तो चारों तरफ आपको इनके द्वारा किए गए प्रयासों और परिणामों की महक दिखाई देगी। प्रभाग क्रमांक 7 में आयोजित अपनी प्रचार जनसभा में बोलते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट रवि व्यास ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि रिडेवलपमेंट से लेकर विभिन्न समस्याओं के स्थाई निराकरण की दिशा में श्री मेहता के नेतृत्व में बीजेपी ने अनगिनत काम किए। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र मेहता के अलावा प्रभाग क्रमांक 7 के अन्य प्रत्याशियों के रूप में ध्रुवकिशोर पाटिल, डॉ भव्या पिपलिया (शाह) तथा डॉ आभा अभेय पाटिल उपस्थित रहे। यह वार्ड बीजेपी का गढ़ माना जाता है। एडवोकेट रवि व्यास यहां से 70 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त करते रहे हैं। इस बार जनता के बीच उनके विकास कार्यों को लेकर अधिक उत्साह देखा जा रहा है, ऐसे में प्राप्त मतों के प्रतिशत में इजाफा हो सकता है।
मीरा भायंदर की जनता विकास और सुशासन के साथ : एड रवि व्यास

भायंदर। मीरा भायंदर की प्रबुद्ध जनता शहर के विकास और सुशासन के साथ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन और आमदार नरेंद्र मेहता के नेतृत्व में शहर में किए गए अनगिनत विकास कार्यों और सुशासन को देखते हुए जनता ने अबकी बार 70 पार का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पानी की समस्या का पूरी तरह से निस्तारण हो जाएगा।  रिडेवलपमेंट से पुरानी इमारत में रहने वाले लोगों को मुफ्त और बड़ा घर मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कारण ही शहर वासियों को मेट्रो और कोस्टल रोड की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि मीरा भायंदर भविष्य का शहर है, जहां लोगों को हर प्रकार की सुख सुविधाओं से युक्त परिवेश मिलेगा। भाजपा की कथनी और करनी में कभी भी अंतर नहीं रहा। पार्टी ने जो कहा वह कर दिखाया। रवि व्यास ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार से शहर का अभूतपूर्व विकास होगा।
जनता की ली नहीं कोई राय, शिवसेना में कूद गए विजय राय
प्रभाग क्रमांक 18 के मतदाताओं का सवाल

भायंदर। टिकट न मिलने पर भाजपा के पूर्व नगरसेवक विजय राय ने शिवसेना का दामन पकड़ लिया है। शिवसेना ने उन्हें उसी वार्ड में तीर धनुष चलाने को कहा है, जहां से जनता ने उन्हें कमल पर बैठाकर नगरसेवक बनाया था। विजय राय भूल गए कि पिछले चुनाव में जनता ने उन्हें जो जन समर्थन दिया था, वह भाजपा प्रत्याशी के नाते दिया था ना कि विजय राय के नाते। प्रभाग क्रमांक 18 की जनता अब उनसे पूछ रही है कि उनकी राय लिए बिना उन्होंने पाला कैसे बदल लिया? एक मतदाता ने तो यहां तक कह दिया कि  जिस पार्टी ने उन्हें पहचान दी और नगरसेवक बनाया, अब भस्मासुर की तरह उसी पार्टी को हराने की सुपारी ले ली है। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता ने कहा कि भाजपा में रहते हुए भी वे शिवसेना के लिए काम कर रहे थे। उनके खराब ट्रैक रिकार्ड को देखते हुए उनका टिकट काटा गया। भाजपा के एक पदाधिकारी की माने तो विजय राय के प्रचार से शिवसेना और कमजोर हो गई है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा के भगोड़ों को शिवसेना अपना हीरो बनाकर पेश कर रही है।
एमएम यादव की पदयात्रा में सभी वर्गों के हजारों लोग शामिल
मुंबई। मुंबई महानगरपालिका के वार्ड क्रमांक 63 से अजितदादा पवार गट राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे एमएम यादव ने आज जनसंपर्क और लोगों का आशीर्वाद लेने के लिए पदयात्रा निकाली। पदयात्रा विकास नगर से चलकर आपके कंधे से कंधे मिलाकर चलने वाले बहराम बाग भाजी मार्केट महात्मा गांधी स्कूल वीरा देसाई रोड दादा सालवी मार्ग बिरादेसाई लिंक रोड टेप दरगाह पदयात्रा में जिस तरह से लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी तथा लोगों ने खुलकर उनका साथ और समर्थन देने की बात कही, उससे साफ नजर आ रहा है कि जनता के बीच उनकी कितनी अच्छी छवि है।

1985 में कांग्रेस से जुड़कर राजनीति की शुरुआत करने वाले एमएम यादव इस वार्ड में किसी परिचय के मोहताज नहीं है। कांग्रेस में 40 वर्षों तक वार्ड अध्यक्ष से लेकर तालुकाध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष की बागडोर संभालने वाले श्री यादव साफ सुथरा जनसमर्पित छवि के उत्तर भारतीय नेता माने जाते हैं। कांग्रेस द्वारा नये चेहरे को टिकट दिए जाने से नाराज यादव को अजीत पवार ने अपने बंगले पर बुलाकर अपनी पार्टी का टिकट दिया है। आज पदयात्रा के दौरान जिस तरह से चारों तरफ चुनाव चिन्ह घड़ी का जोर दिखाई दिया, उसे देखते हुए कांग्रेस के पास पछताने के अलावा कोई विकल्प दिखाई नहीं दे रहा है। एमएम यादव की उत्तर भारतीय समाज के अलावा अल्पसंख्यक और अन्य समाज के वर्गों में अच्छी लोकप्रियता है, जिसका उन्हें पूरा लाभ मिलता दिखाई दे रहा है।
अवधी कवि और गीतकार शिवपूजन शुक्ल का समरस फाउंडेशन ने किया सम्मान
मुंबई। देश के प्रसिद्ध अवधी कवि गीतकार भजन व लोक गायक शिवपूजन शुक्ल का आज महानगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा बोरीवली पूर्व स्थित कार्यालय में भव्य सम्मान किया गया। संस्था के चेयरमैन डॉ किशोर सिंह ने अभिनंदन पत्र ,शॉल और पुष्पगुच्छ से उनका सम्मान किया। इस अवसर पर दैनिक जागरण के मुंबई ब्यूरो चीफ ओमप्रकाश तिवारी, प्रख्यात लोक गायक सुरेश शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिवपूजन शुक्ल अब तक 6 लोकप्रिय पुस्तकें लिख चुके हैं। भगवान राम और भगवान कृष्ण पर आधारित कुछ गीत उन्होंने प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर लोग भावविभोर हो गए। सुरेश शुक्ल ने डॉ किशोर सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि हमेशा सबका सम्मान करनेवाला व्यक्ति हमेशा सम्मानित होता है। कार्यक्रम का संचालन संस्था के महासचिव तथा वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में वासुदेव फाउंडेशन के अध्यक्ष अरविंद यादव, उपाध्यक्ष गुलाब यादव, समरस फाउंडेशन के उपाध्यक्ष मानिकचंद यादव, उपाध्यक्ष मुकुंद शर्मा, उपाध्यक्ष राजेंद्र विश्वकर्मा, विधि सलाहकार एडवोकेट भारत पांडे, आचार्य जीडी शुक्ला,संकटा प्रसाद दुबे, पी रामलिंगम, अनिल कनौजिया, निमेष शाह, दयाराम यादव हरेश जोशी, कृपा यादव, रामप्रसाद कुर्मी, भोलानाथ वर्मा, राजेश सिंह, शमशाद खान, उदय कुमार गुप्ता, श्याम यादव, ललित पांडे, ज्ञान सागर महाराज, अर्चना मिश्रा,रमाकांत यादव, श्रीकृष्ण यादव आदि का समावेश रहा।
शिवसेना के आधारहीन आरोपों से मैं घबड़ाने वाला नहीं : नवीन सिंह
भायंदर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वार्ड क्रमांक 16 में तेजतर्रार और डैशिंग प्रत्याशी के रूप में समाजसेवी नवीन सिंह को मैदान में उतारा है। शिवसेना ने यहां से जिलाध्यक्ष राजू भोईर को मैदान में उतारा है। नवीन सिंह ने जिस तेजी के साथ जनसंपर्क शुरू किया है तथा जनता का खुलकर समर्थन मिल रहा है, उसे देखते हुए शिवसेना घबड़ाई हुई है। यही कारण है कि रेप के एक पुराने मामले द्वारा नवीन सिंह को घेरने की कोशिश की जा रही है। नवीन सिंह का साफ कहना है कि वे पूरी तरह से बेदाग है। अगर उनके खिलाफ इस तरह का मामला होता तो क्या पार्टी उन्हें टिकट देती? उन्होंने कहा कि वे घबडाने वाले नहीं है। शिवसेना द्वारा जिस मामले को लेकर उन्हें  घेरने की कोशिश की जा रही है, वह पूरी तरह से निराधार है। उनके खिलाफ शिकायत जरूर दर्ज हुई थी, परंतु पुलिस तहकीकात में शिकायतकर्ता लड़की ने माना था कि राजनीतिक दुश्मनी के चलते कुछ लोगों के बहकावे पर उसने झूठा आरोप लगाया था। यही कारण है कि पुलिस ने उन्हें निर्दोष छोड़ दिया और मामला अदालत में भी नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि वार्ड की पूरी जनता उनके साथ है। वे शिवसेना प्रत्याशी की जमानत जप्त करके ही दम लेंगे। नवीन सिंह ने कहा कि अपनी शर्मनाक पराजय को देखते हुए शिवसेना इस तरह से निराधार आरोपों  का उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ताकत पर शानदार जीत के बाद वे वार्ड की चार प्रमुख समस्याओं का स्थाई समाधान करेंगे।  भाजपा के  जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा के अनुसार वे इस मामले में नवीन सिंह के साथ खड़े रहे। पुलिस ने पूरी तहकीकात के बाद सच्चाई जानकर उन्हें छोड़ दिया। नवीन सिंह के खिलाफ कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक नरेंद्र मेहता के नेतृत्व में भाजपा यहां से शानदार जीत हासिल करने जा रही है।