मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पंजाब सरकार ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम के लिए किया आमंत्रित

रांची (मुख्यमंत्री सचिवालय): झारखण्ड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में पंजाब के दो मंत्रियों ने सौजन्य मुलाकात की। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ० बलबीर सिंह और राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां ने मुख्यमंत्री को पंजाब सरकार की ओर से 9वें सिख गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया।

पंजाब के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, समर्पण, त्याग, आदर्श और जनकल्याण के प्रति उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस विशेष कार्यक्रम में देशभर के संत महात्माओं सहित विभिन्न राज्यों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पंजाब सरकार की ओर से मिले इस आमंत्रण के लिए दोनों मंत्रियों के प्रति धन्यवाद प्रकट किया और आयोजन की सफलता के लिए उन्हें अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की।

पलामू: निजी अस्पताल की लापरवाही से महिला की मौत, परिजनों ने 5 घंटे तक जाम रखा जपला-छतरपुर मार्ग; 'आर्यन अस्पताल' सील

पलामू (झारखंड): झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आज जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग को करीब पाँच घंटे (सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक) तक जाम रखा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मृतका की पहचान और घटनाक्रम

हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि मृतका की पहचान बिहार के रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के जयनगर निवासी कलावती देवी (50 वर्ष) के रूप में हुई है।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कलावती देवी का करीब दस दिन पहले हुसैनाबाद स्थित ‘आर्यन अस्पताल’ में ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें रांची रेफर किया गया, जहाँ गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रशासन की कार्रवाई

डॉ. श्रीवास्तव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जानकारी दी कि ‘आर्यन अस्पताल’ को पहले ही सील कर दिया गया है।

सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि पिछले एक सप्ताह में हुसैनाबाद में निजी अस्पतालों की लापरवाही से दो मरीजों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं।

हुसैनाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पंकज कुमार ने मृतका के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को 20,000 रुपये का चेक प्रदान किया।

करीब पाँच घंटे बाद, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को सड़क से हटाया गया और जाम खत्म कराया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखें और अपनी शिकायतों को उचित माध्यम से उठाएं।

अपराधियों द्वारा पाकिस्तान से हथियार मंगाने की उच्च स्तरीय जांच कराएं मुख्यमंत्री.....बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर सुरक्षा से खिलवाड़ करने और खुफिया एजेंसी द्वारा लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

श्री मरांडी ने कहा कि रांची में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और गोलियां मंगा कर अपराध किए जा रहे हैं। ये हथियार पंजाब के मोगा के रास्ते भारत लाए जा रहे हैं। इन हथियारों का इस्तेमाल रांची समेत देश के कई हिस्सों में बड़े कारोबारियों, पूंजीपतियों और व्यवसायियों को डराकर रंगदारी वसूली के लिए किया जा रहा है। यह मामला पुलिस के खुफिया तंत्र की विफलता को उजागर करता है।

कहा कि पूरे प्रदेश में रंगदारी और वसूली से व्यवसायी वर्ग त्रस्त हो चुका है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि धनबाद में ठेले-खोमचे वालों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक से खुलेआम रंगदारी वसूली की जा रही है।

कहा कि कोयलांचल, बोकारो, जमशेदपुर, राजधानी रांची समेत अन्य शहरों में व्यवसायी वर्ग आतंक और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। कई लोग तो अपने प्रतिष्ठानों से मोबाइल नंबर हटाने पर मजबूर हो गए हैं, जबकि कुछ ने तो भय के कारण कारोबार बंद कर राज्य से पलायन तक कर लिया है।

कहा कि सवाल यह है कि पुलिस को इस पूरे गिरोह की भनक क्यों नहीं लगी? या वसूली में हिस्सेदारी की वज़ह से ही पुलिस पाकिस्तान से हथियार आयात करने वाले गिरोह को संरक्षण देती आई है? पुलिस के जिस डीजीपी का मुख्य उद्देश्य ही वसूली करना हो, उसकी संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता।

कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस गंभीर प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराएं और आवश्यक कारवाई सुनिश्चित करें।

जनप्रतिनिधियों के फोन कॉल को इग्नोर कर रहे राज्य के अधिकारी....बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज राज्य के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर बड़ी नाराजगी जताई है।

श्री मरांडी ने कहा कि आज सुबह लगभग 11 बजे उन्होंने जनसरोकार से जुड़े एक मामले में बात करने के लिये बोकारो जिले के एसपी, डीसी और एसडीओ को उनके सरकारी एवं ग़ैर सरकारी नंबरों पर कॉल किया और करवाया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इन तीनों प्रमुख अफ़सरों के सरकारी-एवं ज्ञात ग़ैर सरकारी नंबर्स स्विच ऑफ थे।

कहा कि अगर दिन के 11 बजे जिले के शीर्ष अधिकारी ही संपर्क से बाहर हों, तो यह बताने की जरूरत नहीं कि सरकार कितनी “गंभीरता” से काम कर रही है और ऐसे अधिकारी कितने ग़ैर ज़िम्मेदार हैं?

कहा कि यह भी जानकारी मिली है कि झारखंड के अधिकांश वरिष्ठ अधिकारी तीन-तीन, चार-चार मोबाइल नंबर रखते हैं—एक सरकारी नंबर, जो कभी उठाया नहीं जाता, दूसरा प्राइवेट नंबर, जो सिर्फ दोस्तों और परिचितों के लिए होता है, और बाकी सीक्रेट नंबर, जो “सेटिंग-गेटिंग” और “धंधे” के लिए प्रयोग होता है।

कहा कि समाचारों में भी आया था कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तो सात-आठ फोन तक एक बैग में साथ रखकर चलते हैं और उनके लिये दलाली और वसूली का काम सँभाल रहे कुछ लोग भी थोक के भाव मोबाइल रखकर “नेटवर्किंग” एवं वसूली की रकम को जगह पर पंहुयाने का काम सँभाले हुए हैं।

कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मेरी बातों पर यकीन न हो तो खुद से भी पता कर लें कि उनके ऑंख में धूल झोंक कर बेनामी नंबरों से ऐसे अफ़सर कैसे -कैसे धंधा कर रहे हैं? यह स्थिति प्रशासनिक अनुशासन पर गंभीर सवाल उठाती है।

कहा कि मुख्यमंत्री को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।—अधिकारियों को कुर्सी पर बैठने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए नियुक्त किया गया है। अगर जनप्रतिनिधियों को ही अधिकारियों से बात करने में इतनी कठिनाई हो रही है, तो आम जनता का हाल सहज ही समझा जा सकता है।

रांची में चौथी 'सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप': सीएम हेमंत सोरेन को उद्घाटन में शामिल होने का निमंत्रण

झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज उनके आवासीय कार्यालय में खेल एवं युवा मामले विभाग के मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, सचिव श्री मनोज कुमार, खेल निदेशक श्री शेखर जमुआर और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव श्री मधुकांत पाठक ने शिष्टाचार मुलाकात की।

मोरहाबादी में 'सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप'

आमंत्रण: प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 24 से 26 अक्टूबर तक राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होने वाली चौथी साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (सैफ) सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा।

उद्घाटन तिथि: उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर को संध्या 6 बजे से आयोजित होगा।

तैयारियों की जानकारी: खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने मुख्यमंत्री को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता की चल रही तैयारियों से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन का वक्तव्य

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी को झारखंड के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि:

"इसका भव्य, शानदार और सफल आयोजन हो ताकि खेलों के क्षेत्र में हमारे राज्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान स्थापित हो।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की सफल मेजबानी करता आ रहा है, और यह आयोजन उसी कड़ी को आगे बढ़ाएगा।

बिहार चुनाव में सर्वाधिक 'यू' टर्न मारने के कारण अब जेएमएम बन गई जेएमएम (यू)- प्रतुल शाह देव

झारखंड की जनता जेएमएम के समीक्षा की प्रतीक्षा में

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बिहार चुनाव में इतनी बार 'यू' टर्न मारा है कि अब उसे जेएमएम (यू) कहना चाहिए।शुरुआत में यह 16 सीट पर चुनाव लड़ना चाहते थे।फिर यू टर्न मारा और सीटों की संख्या 12 कर दी।उसके बाद महा गठबंधन के नेताओं से मिले।कहा सीटों पर फैसला हो गया।फिर यू टर्न मारा और सीटों की संख्या तीन तक घटा दी। प्रतुल ने कहा कि महागठबंधन ने जब ठेंगा दिखाया तो रांची में प्रेस कांफ्रेंस करके 6 सीटों पर लड़ने की घोषणा की। 24 घंटे में फिर से यू टर्न मारा और एक भी सीट पर नामांकन नहीं किया।

प्रतुल ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में झारखंडी अस्मिता बिहार के चौराहे पर तारतार हो गई। लंबे समय तक झारखंड मुक्ति मोर्चा याचना करती रही। लेकिन गठबंधन में उनकी दाल नहीं गली। झामुमो के वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि राजद और कांग्रेस ने उनके पीठ में खंजर भोंका है। इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक धूर्तता करार दिया।प्रतुल ने कहा की झारखंड मुक्ति मोर्चा के मंत्री और महासचिव ने घोषणा की कि वह कांग्रेस और राजद के साथ गठबंधन की समीक्षा करेंगे। झारखंड की जनता को बेसब्री से इंतजार रहेगा। वोट गठबंधन को झारखंड की जनता ने दिया था।फिर समीक्षा से क्या निर्णय निकलेगा? क्या मुख्यमंत्री राजद को मंत्रिमंडल से बाहर निकलेंगे या कांग्रेस के मंत्रियों को भी?या फिर समीक्षा की घोषणा सिर्फ एक ढकोसला निकलेगा?

प्रतुल ने कहा कि अब आने वाला समय बताएगा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी अपने पिता शिबू सोरेन के पद चिन्हों पर चलते हुए झारखंडी अस्मिता की रक्षा कर पाएंगे? या एक बार फिर से सत्ता में बने रहने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा घुटने टेक कर इन दोनों दलों के सामने नतमस्तक रहेगा।

गढ़वा के बलियारी ग्राम में होगा श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ: अन्नु दुबे बने यज्ञ समिति के अध्यक्ष

झारखंड के गढ़वा जिला के कांडी प्रखंड अंतर्गत ग्राम बलियारी में ग्रामीणों ने श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के भव्य आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। यह बैठक बलियारी गांव के ठाकुरबाड़ी प्रांगण में आहूत की गई, जिसमें गांव के लगभग सभी घरों के लोगों ने भाग लिया।

यज्ञ के आयोजन पर ग्रामीणों के विचार

पुण्य भूमि और शुद्ध वातावरण: ग्रामीणों ने इस बात पर जोर दिया कि जिस भूमि को पुण्य से भरा जाता है, वहाँ यज्ञ जैसे धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होना चाहिए। यज्ञ के आयोजन से यज्ञ स्थल सहित आसपास के गाँव-जवार और वातावरण में शुद्धता आती है, जिसके लिए समय-समय पर यज्ञ का आह्वान करना आवश्यक है।

पूर्व में सफल आयोजन: पूर्व में हुए यज्ञ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जयराम दूबे ने बताया कि ग्रामवासियों के सहयोग से इसी स्थान पर लगातार दो वर्षों तक श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया था, जिसमें पूजन, हवन, प्रवचन और भंडारे में क्षेत्र के लोगों का काफी सहयोग मिला था।

वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन: वरिष्ठ नागरिकों जैसे श्री रामनाथ दूबे, लखन चन्द्रवंशी, सचितानन्द दूबे, बृजराज दूबे आदि ने यज्ञ को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

यज्ञ आयोजन समिति का सर्वसम्मति से गठन

बैठक में सर्वसम्मति से यज्ञ आयोजन समिति का गठन किया गया, जिसमें प्रमुख पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई:

पद पदाधिकारी (प्रमुख नाम)

अध्यक्ष श्री आनन्द प्रकाश दुबे उर्फ अन्नु दुबे (स्व० उदय दुबे के पुत्र)

कार्यकारी अध्यक्ष श्री रामलाला दुबे

प्रधान सचिव शशि कान्त दुबे उर्फ डब्लू

सचिव श्री विनोद कुमार दुबे एवं शिवनारायण दुबे

कोषाध्यक्ष श्री राजेश कुमार दुबे (अधिवक्ता) एवं अन्य

सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी सुनील कुमार दुबे

व्यवस्था प्रभारी योगेन्द्र दुबे, बीरेन्द्र दुबे, ओमप्रकाश, बच्चू चनद्रवंशी

मीडिया प्रभारी श्री लव कुमार दुबे, श्री धीरज दुबे, श्री शशि कान्त द्विवेदी उर्फ सोनू

संरक्षक श्री शिशु गोविन्द मिश्रा, जयराम दूबे, रामनाथ दुबे सहित 51 लोग

इसके अतिरिक्त, प्रकाश दुबे, पुजारी, संतोष कुमार, अनिल विश्वकर्मा सहित ग्राम के सभी युवाओं को कार्यकारिणी में रखा गया है।

अगली बैठक और अंतिम रूप-रेखा

समिति ने निर्णय लिया है कि यज्ञ का आयोजन ग्राम बलियारी के ठाकुरबाड़ी के प्रांगण में किया जाएगा।

अगली महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 03.11.2025 (रविवार) को ठाकुरबाड़ी प्रांगण में होगी।

इस बैठक में यज्ञ समिति के पदाधिकारी और बलियारी ग्राम के सभी निवासी उपस्थित होंगे।

बैठक में आयोजन की अंतिम रूप-रेखा तय की जाएगी तथा स्वागत समिति, आमंत्रण समिति, यज्ञशाला एवं पूजा समिति, मंच संचालन समिति, पार्किंग प्रभारी, भण्डारा प्रभारी, व्यवस्था प्रभारी जैसी विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी जाएंगी।

अंत में, श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के जयकारा के साथ-साथ सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए बैठक का समापन किया गया।

त्योहारों का मौसम: खुशियों की बहार और 'मइयां सम्मान' राशि का वितरण, हेमंत सोरेन
त्योहारों का मौसम: खुशियों की बहार और 'मइयां सम्मान' राशि का वितरण, हेमंत सोरेन

त्योहारों का मौसम: खुशियों की बहार और 'मइयां सम्मान' राशि का वितरण, हेमंत सोरेन

दीपावली को लेकर रांची जिला प्रशासन सख्त: पटाखा विक्रेताओं और नागरिकों के लिए जारी किए गए आवश्यक सुरक्षा दिशा-निर्देश

रांची। दीपावली पर्व के दौरान आग दुर्घटना और आपातकालीन स्थितियों से बचने के लिए रांची जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, रांची ने 18 अक्टूबर 2025 को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पटाखा विक्रेताओं और आम नागरिकों दोनों से सभी सुरक्षा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी विक्रेता इन निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उन पर उचित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

पटाखा विक्रेताओं के लिए मुख्य निर्देश

प्रशासन ने पटाखा विक्रेताओं के लिए 10 सूत्रीय दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनमें मुख्य हैं:

अनुमति अनिवार्य: प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) अनिवार्य रूप से लेना होगा।

स्थल का निर्धारण: केवल प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित स्थल पर ही पटाखे की बिक्री करें।

स्थान पर प्रतिबंध: बाजार, सड़क के किनारे, पेट्रोल पम्प, गैस के गोदाम और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।

ध्वनि सीमा: 125 डेसिबल (decibel) से अधिक ध्वनि स्तर वाले पटाखों की बिक्री न करें।

सुरक्षा उपकरण: पटाखों के पंडाल के आसपास पर्याप्त मात्रा में पानी, बालू एवं अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखें।

सुरक्षित वायरिंग: केवल आई०एस०आई० मार्क के कॉपर के तार का प्रयोग करें और वायरिंग योग्य इलेक्ट्रिशियन से कराएं।

ज्वलनशील पदार्थ: पंडाल में डीजल, केरोसिन, पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ न रखें।

कर्मचारी: विक्रय कार्य में नाबालिग छोटे बच्चों को न लगाएँ।

नागरिकों के लिए सुरक्षा नियम

आम नागरिकों के लिए भी विस्तृत सुरक्षा निर्देश दिए गए हैं ताकि त्यौहार सुरक्षित रहे:

समय सीमा: रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच पटाखे न जलाएँ।

सुरक्षित स्थान: पटाखे सार्वजनिक सड़क, भीड़भाड़ वाले स्थलों या घरों के अन्दर न जलाएँ। हमेशा खुली जगह पर ही पटाखे छोड़ें।

पटाखे छुड़ाने की विधि: माचिस का प्रयोग सीधे तौर पर कदापि न करें। लम्बी लकड़ी, फुलझड़ी या मोमबत्ती का प्रयोग करें।

वस्त्र: पटाखे छोड़ते समय लम्बे या ढीले कपड़े न पहनें।

अप्रयुक्त पटाखों से बचाव: यदि कोई पटाखा न फटे, तो उसे हाथ से न उठाएँ, बल्कि उस पर पानी डालकर निष्क्रिय कर दें।

बच्चों की सुरक्षा: अभिभावक बच्चों को अकेले में पटाखे न छोड़ने दें, बल्कि अपनी उपस्थिति में ही छुड़वाएं।

इमरजेंसी किट: जलने व चोट की स्थिति के लिए प्राथमिक चिकित्सा किट पास में अवश्य रखें।

झारखंड का पहला टाइगर सफारी प्रोजेक्ट जल्द: मुख्यमंत्री सोरेन ने देखा लातेहार में प्रस्तावित परियोजना का प्रेजेंटेशन, अधिकारियों को दिए अहम निर्द

रांची। झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने 17 अक्टूबर 2025 को अपने आवासीय कार्यालय, रांची में राज्य के पहले टाइगर सफारी प्रोजेक्ट का विस्तृत प्रेजेंटेशन देखा।

लातेहार में बनेगा झारखंड का पहला टाइगर सफारी

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट लातेहार जिला के पुटूवागढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित है। यह क्षेत्र पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) से बाहर स्थित है, और इसका निर्माण बेतला नेशनल पार्क के नज़दीक करने की योजना है। विभाग द्वारा इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है।

इको टूरिज्म सर्किट का महत्वपूर्ण हिस्सा

अधिकारियों ने बताया कि टाइगर सफारी प्रोजेक्ट के बनने से यह क्षेत्र पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) क्षेत्र के इको टूरिज्म सर्किट – जो नेतरहाट-बेतला-केचकी से लेकर मंडल डैम तक विस्तारित है – के विकास में एक महत्वपूर्ण कड़ी बनेगा।

परियोजना के लाभ:

पर्यटन को बढ़ावा: पर्यटकों को बाघों और अन्य वन्यजीवों को करीब से देखने का आकर्षक और नया मौका मिलेगा।

स्थानीय रोज़गार: डाल्टनगंज, बरवाडीह और मंडल डैम क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों को आजीविका का बेहतर साधन मिलेगा।

क्षेत्र का विकास: निर्धारित सभी मानकों का अनुपालन करते हुए सफारी की स्थापना से इस क्षेत्र के समुचित विकास की पूरी संभावना है।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने प्रेजेंटेशन के दौरान प्रोजेक्ट के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए।

मौके पर उपस्थिति

इस अवसर पर मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वाइल्डलाइफ श्री परितोष उपाध्याय, पलामू टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर श्री एस०आर० नाटेश, उप निदेशक पलामू टाइगर रिजर्व श्री प्रजेश जेना, कंसल्टेंट श्री अशफाक अहमद सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।