महिला ने फांसी लगाकर दी जान
लालगंज(मीरजापुर): थाना क्षेत्र के बघई निवासी मोनू की 22 वर्षीया पत्नी खुशबू की शुक्रवार को देर शाम साड़ी के फंदे में पंखे के सहारे लटकने से संदिग्ध स्थिति में हुई मौत।देर रात मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शनिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देर रात मायके वालों ने थाने में तहरीर दिया है।
लालगंज थाना क्षेत्र के तिलांव पुलिस चौकी अंतर्गत बघई गांव निवासी मोनू की पत्नी खुशबू घर में पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से लटकने से संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घर का पूरा परिवार गड़बड़ा धाम शीतला माता के दर्शन पूजन के लिए गए थे। घर में मोनू की पत्नी खुशबू और मोनू के 80 वर्षीय दादा थे। शाम छः बजे के बाद गड़बड़ा से वापस आने पर मोनू व परिवार के लोगों ने देखा की खुशबू अपने कमरे को अन्दर से किवाड़ बंद कर लिया था। खिड़की से देखा की खुशबू पंखे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटकी थी। परिजन आनन फानन में पुलिस को सूचना दिया, मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में किवाड़ तोड़ कर शव को नीचे उतारा गया।
मोनू ने इसकी सूचना अपने ससुराल विंध्याचल थाना के महुआरी गांव में दिया। देर रात खुशबू के मायके से दर्जनों की संख्या में पहुंचे लोगों ने खुशबू को मृत देख कर काफी उत्पात मचाया। स्थानीय लोगों ने तिलांव चौकी पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों को समझ बुझा कर शांत किया। देर रात मायके पक्ष द्वारा पति मोनू सहित ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर रात में पीएम के लिए शव मोर्चरी भेज दिया।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।मोनू पत्नी के साथ पूना में रहता था तीन दिन पहले वह खुशबू के साथ बघई स्थित घर आया था, खुशबू को अभी कोई संतान नहीं है।प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह ने बताया की महिला की फांसी लगाने से मौत हुई है। मायके पक्ष द्वारा ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दिया है। पीएम रिपोर्ट के बाद अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
Sep 27 2025, 18:12