झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर राज्यपाल ने जताया शोक, सीएम हेमंत बोले- ऐसे नहीं जाना था...
#jharkhandeducationministerramdassorenpassedaway

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार को 62 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोरेन की हालत गंभीर थी और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाजपा नेता और झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन, हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पाना मुर्मू सोरेन ने शोक व्यक्त किया है।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी सोशल मीडिया साइट पर रामदास सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मैं अत्यंत मर्माहत हूं। उनका जाना राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।
सीएम हेमंत सोरेन ने क्या कहा
रामदास सोरेन के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा... अंतिम जोहार दादा।'
चंपाई सोरेन ने जताया शोक
झारखंड आंदोलन में रामदास सोरेन के साथी रहे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने उनके निधन पर शोक जताते हुए लिखा, ‘झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन जी के निधन की दुखद सूचना से व्यथित हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। अंतिम जोहार
अर्जुन मुंडा ने जताई संवेदना
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, 'झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन के निधन का अत्यंत ही दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
बाथरूम में गिरने के बाद घायल हो गए थे मंत्री
2 अगस्त को दिल्ली लाए जाने के बाद रामदास सोरेन लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। उस दिन जारी एक बयान के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और वरिष्ठ विशेषज्ञों की एक बहु-विषयक टीम गहन चिकित्सा देखभाल प्रदान कर रही थी। 2 अगस्त को अपने आवास के बाथरूम में गिरने के बाद मंत्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दिल्ली आने से पहले, उन्हें जमशेदपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
11 hours ago