रांची में 20 जुलाई को Combined Medical Service परीक्षा: केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू
रांची, 17 जुलाई 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित Combined Medical Service, 2025 परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए रांची जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। यह परीक्षा 20 जुलाई 2025 (रविवार) को रांची जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा जारी
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से, उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची और वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के संयुक्त आदेश पर पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। असामाजिक तत्वों द्वारा परीक्षा केंद्रों पर भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए, अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर, रांची ने बी.एन.एस.एस. की धारा-163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा (धारा 144) जारी की है।
यह निषेधाज्ञा 20 जुलाई 2025 को सुबह 06:30 बजे से शाम 07:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
निषेधाज्ञा के मुख्य बिंदु:
पाँच या पाँच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना प्रतिबंधित (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों तथा सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को छोड़कर)।
किसी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग प्रतिबंधित।
किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र (जैसे बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद आदि) लेकर चलना प्रतिबंधित (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोड़कर)।
किसी प्रकार के हरवे हथियार (जैसे लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला आदि) लेकर चलना प्रतिबंधित (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोड़कर)।
किसी प्रकार की बैठक या आमसभा का आयोजन प्रतिबंधित।
परीक्षा केंद्रों के नाम:
एएसटीवीएस जिला विद्यालय, शहीद चौक, रांची।
राजकीय बालिका +2 उच्च विद्यालय, बरियातू, एचडीएफसी बैंक के सामने, बरियातू, रांची।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस निषेधाज्ञा का पालन करें और परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग दें।








Jul 17 2025, 19:57
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
5.9k