राजस्व वाद निस्तारित न करने वाले अधिकारी को किया जाएगा निलंबित

देवीपाटन मण्डल गोण्डा।14 जुलाई 2025 - आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील ने मंडल के सभी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिला अधिकारी एवं राजस्व से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ वीसी के माध्यम से बैठक कर राजस्व वादो के निस्तारण, वृक्षारोपण, बीज व खाद वितरण सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की ।

राजस्व वादों के बढ़ते मामलों को देखते हुए आयुक्त ने राजस्व से जुड़े सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आने वाले समय में राजस्व वादों के निस्तारण में सुधार नहीं हुआ तो सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले राजस्व अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि राजस्व से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अतः सभी राजस्व अधिकारी इसको गंभीरता से ले अन्यथा उनके खिलाफ कभी भी कार्रवाई हो सकती है।

आयुक्त ने वीसी में सभी जिलाधिकारियों के निर्देश दिये कि राजस्व वादों के निस्तारण में सबसे खराब प्रदर्शन वाले नायब तहसीलदार, तहसीलदार या अन्य संबंधित अधिकारी के निलंबन की संस्तुति भेजें जिसे शासन को प्रेषित किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी रोस्टर बनाकर राजस्व वादों को जल्द से जल्द निपटाए।

वीसी के माध्यम से आयुक्त ने वृक्षारोपण कार्य की भी समीक्षा की। इस संबंध में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए वृक्षारोपण अभियान में लगाए गए सभी वृक्षों को जीवित रखा जाए। स्कूल एवं आंगनबाड़ी केदो में सहजन का वृक्ष लगाया जाए, साथ ही उन्होंने सीएचसी पीएचसी में खाली पड़े स्थान में भी सहजन का वृक्ष लगाने और डॉक्टर के परामर्श के अनुसार मरीजों को सहजन की सब्जी भोजन में दिन के निर्देश दिए।

खाद व बीज वितरण के संबंध में उन्होंने सभी जनपदों के उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए की जनपद में कहीं भी खाद व बीज निर्धारित रेट से ज्यादा में नहीं बिकना चाहिए। जो दुकानदार इसकी अवहेलना करें उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए दुकान सीज किया जाए। बीज एवं खाद की दुकान प्रत्येक दिन खुलनी चाहिए एवं मानक के अनुसार बिक्री होनी चाहिये।

उन्होंने वीसी में सभी आंगनबाड़ी केदो के समय से खुलने एवं सैम बच्चों की संख्या में कमी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सैम बच्चों की संख्या में बढ़ोतरी न हो इसके लिए पर्याप्त कदम उठाये जाये। इस दौरान जिलाधिकारी गोंडा नेहा शर्मा, अपर आयुक्त कमलेश चंद्र, संयुक्त विकास आयुक्त मौजूद रहे।

*थाना कर्नलगंज पुलिस ने जानलेवा हमला करने के आरोपी अभियुक्त को किया गिरफ्तार*

थाना कर्नलगंज पुलिस ने जानलेवा हमला करने के आरोपी अभियुक्त को किया गिरफ्तार

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज श्री विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कर्नलगंज पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत में मु0अ0स0- 258/2025, धारा, 109(1), 115(2) बीएनएस से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त 01. गुरूचरन पुत्र मुन्नालाल निवासी गड़रियनपुरवा मौजा सोनवार थाना को0कर्नलगंज, जनपद गोण्डा को उसके घर से गिरफ्तार कर उनके निशादेही पर आलाजख्म 01 अदद लाठी बरामद कर लिया गया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

वादी राघवेन्द्र पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम डैनियागंज मौजा दत्तनगर थाना कर्नलगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0कर्नलगंज पर सूचन दी गयी कि दिनांक 13.07.2025 को दोपहर में वह कर्नलगंज बाजार से अपने घर आ रहा था कि विपक्षीगण पुरानी रंजिश को लेकर जान से मारने की नियत से सिर पर लाठी से हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिये। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कर्नलगंज पर मु0अ0स0- 258/2025, धारा, 109(1), 115(2) बीएनएस बनाम गुरूचरण के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। आज दिनांक 14.07.2025 को नामजद आरोपी अभियुक्त 01. गुरूचरन पुत्र मुन्नालाल निवासी गड़रियनपुरवा मौजा सोनवार थाना को0कर्नलगंज, जनपद गोण्डा को उसके घर से गिरफ्तार कर उनके निशादेही पर आलाजख्म 01 अदद लाठी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना कर्नलगंज पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गयी।

थाना परसपुर पुलिस ने दहेज मृत्यु के आरोपी अभियुक्त को किया गिरफ्तार

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना परसपुर पुलिस द्वारा मु०अ०सं० 155/2025 धारा 85, 80(2), 103(1) बीएनएस व 3/4 डी0पी0 एक्ट से सम्बन्धित नामजद अभियुक्त 01. रमजान अली पुत्र बरकत उल्ला निवासी लच्छनपुरवा दुरौनी थाना परसपुर जनपद गोण्डा को दुरौनी चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

वादी आलादीन पुत्र इनायत अली निवासी गोडवा थाना कटारबाजार जनपद गोण्डा द्वारा थाना परसपुर पर लिखित तहरीर दी गयी कि उसकी पुत्री को उसके ससुरालजनों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हुए जान से मार दिए है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना परसपुर पुलिस द्वारा मु०अ०सं० 155/2025, धारा 80(2), 85, 103(1) बीएनएस व 3/4 डी0पी0 एक्ट बनाम कुदरत आदि 04 नफर अभियुक्तों के विरूद्ध नामजद अभियोग पंजीकृत किया गया था तथा विवेचना क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज द्वारा की जा रही थी।

विवेचना के दौरान दोषी पाये गए अभियुक्त 01. रमजान अली पुत्र बरकत उल्ला निवासी लच्छनपुरवा दुरौनी थाना परसपुर जनपद गोण्डा को दुरौनी चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना परसपुर पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्तााओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

गोण्डा। आज सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटीअध्यक्ष सभासद शाहिद अली कुरैशी के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय एवं वाराणसी जिला/शहर अध्यक्ष समेत 10 कांग्रेसियों के ख़िलाफ़ फर्जी मुक़दमा दर्ज किए जाने पर एवं काशी में हिंदू धर्म के आस्था और विश्वास का प्रतीक स्थान है, इस सावन की महीने में श्रद्धालुओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कोई उचित इंतेज़ाम न किए जाने के संबंध में एक ज्ञापन राज्यपाल उत्तर प्रदेश के नाम सिटी मजिस्ट्रेट गोंडा को सौपा गया

और मांग की गई कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत तमाम लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाए और काशी में इस सावन माह में श्रद्धालुओं के आस्था का सम्मान करते हुए उनके लिए उचित व्यस्था सरकार द्वारा किया जाए।

इस ज्ञापन कार्यक्रम में विशेष रूप से वाजिद अली, किसान नेता ज्ञानचंद श्रीवास्तव, पूर्व शहर अध्यक्ष रफीक रेनी, सै मुजीब मास्टर निरमेश श्रीवास्तव,शहर प्रवक्ता ज़रनील हयात शहर उपाध्यक्ष वसीम सिद्दीक़ी खगेश चतुर्वेदी शहज़ादे मेवाती, डॉ जफर अशफाक प्रद्युम्न शुक्ला महमूद हाफ़िज़, जलील खान पीसीसी सदस्य इरफ़ान राईनी अविनाश मिश्रा राजू खान फिरोज़ मुन्ना सहारा सलीम कुरैशी सुभाष पांडे मोअहमद फारुकी विकास मनोहर श्रीवास्तव नावेद आलम अनुपम धर द्विवेदी नबी बकस तैयब रेनी रामराज सिंह इरफान रेनी मुकेश सोनी यूनुस शमशाद अहमद किशन फरमान हरिराम वर्मा हामिद अली वसीम हामिद अली समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

पूर्व सांसद डा. राम विलास वेदांती ने राजा भैया के दिवंगत पिता राजा आनन्द सिंह को अर्पित की श्रद्धांजलि

मनकापुर(गोंडा)। छांगुर बाबा जैसे आतंकियों को पालने पोसने का कार्य समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव कर रहें हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी की योगी सरकार सराहनीय और प्रशंसनीय कार्य कर रही है । यह बात रविवार को श्रीराम जन्म भूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष व पूर्व सांसद डा0 राम विलास वेदांती ने केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन एवं विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया के दिवंगत पिता राजा आनन्द सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मनकापुर कोट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वे राज परिवार व अन्य लोगों से भी मिले।

जब राम जन्म भूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष व पूर्व सांसद डा. राम विलास वेदांती बाहर निकले तो उनसे उतरौला में धर्मान्तरण कराने वाले छांगुर बाबा के बारे में पूछा गया तो वे बोले कि यह एक आतंकवादियों का संगठन है ,संगठन का संचालक पूर्व सीएम अखिलेश यादव करते हैं, ऐसे षडयंत्रकारियों की जांच होनी चाहिये। उत्तर प्रदेश व देश में सब जगह जांच होनी चाहिये। आंतकवादियों का यह संगठन जानबूझ कर हिन्दू मां- बहनों के साथ अत्याचार कर रहा है। सीएम योगी की सराहना करते हुए उन्होने कहा कि योगी बाबा ने बहुत अच्छा काम किया है। अभी मकान गिराया है ऐसे लोगो का सीधे इन्काउटर कर देना चाहिये। डा. वेदांती ने सीबीआई व इंटेलीजेंस को भी जमकर लताडा,उन्होने कहा कि सीबीआई व आई बी के अधिकारी घरों में सोते रहते हैं, गांव में नहीं जाते हैं। इस लिए समाज विरोधी तत्व अपकृत्य कुकर्म कर रहे है। भाजपा को बदनाम करने के लिए अखिलेश यादव अनाप सनाप बयान दे रहे है, यह सफल नहीं हो पायेगा।

उन्होने कहा कि राम लला व हिंदू जनमानस के लिए पूरा जीवन समर्पित करने वाले हिंदू धार्मिक नेता व संत जो बाबरी मस्जिद बिध्वंस के मामले में आरोपी बनाये गये थे, उन्होंने अपने बयान में कहा था कि उसमें धनुष बाण, शंख, चक्र, गदा आदि के चित्र बने थे, दुनिया के किसी भी मस्जिद में देवी -देवताओं के चिन्ह नहीं होते हैं। कोर्ट से बरी होने पर कहा था कि मंदिर ऐसा बने कि इस्लामाबाद, कोलम्बो में दिखाई पडे। इसी क्रम में पूर्व मुख्य मंत्री एच एन बहुगुणा की बेटी पूर्व सांसद व प्रदेश की पूर्व मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने भी पूर्व सांसद स्वर्गीय राजा आनंद सिंह के निधन पर गहरा दु:ख जताया। राजा साहब के पुत्र कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक रमापति शास्त्री, जय वर्धन सिंह, राजीव रस्तोगी, बीनू सिंह, पंकज सिंह, अंग्रेज सिंह, विनय सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

*उप मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त कर पूर्व मंत्री को दी श्रद्धांजलि

गोण्डा 12 जुलाई 2025 शनिवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गोंडा आकर केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के मनकापुर कोट स्थित आवास पर पहुंचकर उनके स्वर्गीय पूज्य पिता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद आनंद सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने इस दुःखद समय में शोकसंतप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा प्रभु श्रीराम से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ संवाद किया एवं मनकापुर विकासखंड परिसर में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज विभाग सहित कई विभागों के द्वारा लगाए गए।

स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के द्वारा बनाए गए अरगा ब्रांड के उत्पादों क जमकर सराहना की। इसके अलावा उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने जनपद के मीडिया बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां के बारे में जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के मार्ग दर्शन में प्रदेश लगातार विकास की ओर अग्रसर है। सरकार के द्वारा लगातार विकास कार्य किया जा रहा है।

जनपद गोंडा में भी बहुत सारे विकास कार्य हुये हैं जिससे गोंडा की तस्वीर पहले से काफी बदली हुई है। गोंडा सहित पूरे प्रदेश में कानून का राज कायम है। कोई भी माफिया या भ्रष्टाचारी अब कानून की नजर से बच नहीं सकता है। जो भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा उसके खिलाफ सरकार सख्ती से निपटेगी।

इस दौरान विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय, विधायक विनय कुमार द्विवेदी, भाजपा के जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

*थाना खरगूपुर पुलिस ने चोरी करने के वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार-*

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर श्री आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-221/2024, धारा 305,331(4) बीएनएस से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त-मयंकर उर्फ मक्कर पुत्र राम वकील नि0 ग्राम कंचनापुर फरेन्दा शुक्ल थाना खरगूपुर जनपद गोण्डा को परसा मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरणः-

दिनांक 17.08.2024 की रात्रि वादी मुकेश कुमार सैनी पुत्र नानबाबू सैनी नि0 बराराय मल्लापुर थाना खरगूपुर जनपद गोण्डा के घर अज्ञात चोरों द्वारा उनकी मोटरसाईकिल, सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर फरार हो गए थे। वादी की प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खरगूपुर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ। आज दिनांक 12.07.2025 को थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा चोरी करने के वांछित अभियुक्त मयंकर उर्फ मक्कर पुत्र राम वकील नि0 ग्राम कंचनापुर फरेन्दा शुक्ल थाना खरगूपुर जनपद गोण्डा को परसा मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1350 रू0 नगद बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

थाना खरगूपुर पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ 01 अभियुक्त को किया गिरफ्तार


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा अभियुक्त इसरार पुत्र स्व0 बसारथ, निवासी ग्राम भट्ठा पुरवा, मौजा लोनावा दरगाह, थाना खरगूपुर, जनपद गोण्डा को विरमा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर उसके उसके कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर मय 01 अदद जिन्दा व 01 अदद खोखा कारतूस बरामद किया गया। 

घटना का संक्षिप्त विवरण-

आज 12.07.2025 को समय करीब रात्रि 2ः25 बजे थाना खरगूपुर के उ0नि0 सत्य नारायण यादव मय हमराह के साथ रात्रि गश्त एवं क्षेत्र भ्रमण हेतु रवाना थे कि विरमा नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति संदिग्ध दिखने पर रोकटोक कर उसे चेक किया गया तो उसके कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर मय 01 अदद जिन्दा व 01 अदद खोखा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त इसरार के विरूद्ध थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना स्थानीय में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।

मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मंडलीय प्रशिक्षण एवं क्रियान्वयन समिति की हुई बैठक

गोण्डा। 11 जुलाई 2025 मण्डलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील की अध्यक्षता में मंडलीय प्रशिक्षण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2024-25 की प्रशिक्षण प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ। भारत सरकार द्वारा इम्पैनल्ड नौ प्रशिक्षण संस्थानों का आरसीए योजना के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण हेतु चयन पर चर्चा की गई।

उपनिदेशक पंचायतीराज ने आयुक्त की अध्यक्षता में प्रशिक्षण के कार्ययोजना की प्रस्तुतीकरण एवं उनका मूल्यांकन करते हुए संस्थाओं के चयन प्रक्रिया पूर्ण करने की चर्चा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर के माध्यम से 11 प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर में जरूरी सामग्री खरीद के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली। उपनिदेशक पंचायतीराज ने बताया कि एजेंसियों का चयन निर्धारित मानकों के आधार पर होगा।

मंडलायुक्त ने कहा कि तकनीकी और कौशल विकास पंचायत सशक्तिकरण का आधार है। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर संयुक्त विकास आयुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण गण उपस्थित रहे।

प्रत्येक शिकायतकर्ता से वार्ता कर लिया जाए फीडबैक

गोण्डा। 11 जुलाई 2025 शनिवार को आयुक्त देवीपाटन मंडल ने आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के संबंध में शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर शिकायतों के निस्तारण को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कार्यालय में बैठकर बारी-बारी से कई निस्तारित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर प्रतिक्रिया ली। उन्होंने विपरीत फीडबैक मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, साथ ही शिकायतकर्ता से वार्ता अवश्य की जाए। शिकायतकर्ता को पूर्ण रूप से संतुष्ट किया जाए।

यदि कोई शिकायत निस्तारण के योग्य ना हो तो शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसे संतुष्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। किसी भी शिकायत पर गलत रिपोर्ट हरगिज न लगाई जाए।

शासन स्तर से आईजीआरएस की प्रतिदिन समीक्षा होती है। अतः इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाए। देवीपाटन मंडल विगत माह आईजीआरएस की रैंकिंग में प्रथम स्थान पर आया है। अब हम सब की जिम्मेदारी है कि इसे पहले स्थान पर ही कायम रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत को डिफाल्टर होने से पहले ही समय से निस्तारित कर दिया जाए। साथ ही कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस एवं जनता दर्शन में अधिक से अधिक शिकायतों का निस्तारण किया जाए जिससे कि आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों में कमी आ सके। उन्होंने कहा कि सभी पात्रो को योजनाओं का लाभ दिया जाए। लाभ न मिलने के कारण भी कई शिकायतें प्राप्त होती हैं अतः हम सभी को शासन की योजनाओं को धरातल पर पहुंचा कर पूरे मंडल को संतृप्त करना है।