9 जुलाई से शुरू होगा ‘पौधरोपण महाभियान-2025’, एक दिन में लगेंगे 37 करोड़ पौधे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 9 जुलाई से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। ‘पौधरोपण महाभियान-2025’ के तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन में रिकॉर्ड 37 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस अभूतपूर्व अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसका उद्देश्य प्रदेश को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय रूप से संतुलित बनाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महाअभियान की शुरुआत अयोध्या और आजमगढ़ से करेंगे। उनके साथ वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना और राज्यमंत्री केपी मलिक मौजूद रहेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बाराबंकी में पौधरोपण करेंगी, जहां राज्यमंत्री सतीश शर्मा भी शामिल होंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मेरठ में तथा ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधे लगाएंगे। इसके अलावा, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना (शाहजहांपुर), स्वतंत्र देव सिंह (गोरखपुर), धर्मपाल सिंह (बरेली), नंदगोपाल नंदी (प्रयागराज), अनिल राजभर (आजमगढ़), बेबीरानी मौर्य (अलीगढ़), जयवीर सिंह (मैनपुरी), चौधरी लक्ष्मीनारायण (मथुरा) सहित कई मंत्री अपने-अपने जिलों में इस अभियान में भाग लेंगे।
-- निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
राज्य सरकार ने अभियान की निगरानी के लिए प्रशासनिक स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जो 8 जुलाई को जिलों में जाकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इन अधिकारियों में एम. देवराज (प्रयागराज), राजशेखर (वाराणसी), सुहास एल.वाई. (गोरखपुर), अनिल गर्ग (अयोध्या), पार्थ सारथी सेन शर्मा (लखनऊ) और आंजनेय सिंह (संभल) प्रमुख हैं।
वन विभाग अन्य विभागों, मंत्रालयों और स्थानीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर इस महाभियान को सफल बनाने में जुटा है। हर जिले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पौधरोपण किया जाएगा, जिससे जनसहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह महाभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि प्रदेश को हरित उत्तर प्रदेश के रूप में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Jul 07 2025, 18:28