*आपातकाल की 50वीं बरसी पर भाजपा ने भदोही में आयोजित किया कार्यक्रम, मंत्री ए.के. शर्मा बोले – ‘यह भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय’*
![]()
रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही।आपातकाल की 50वीं बरसी पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को नगर के नेशनल इंटर कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस की नीतियों की कड़ी आलोचना की।
मंत्री शर्मा ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने भारतीय संविधान और लोकतंत्र का गला घोंट दिया था। इस दिन देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचलते हुए आपातकाल लागू कर दिया गया, जो न केवल संविधान के मूल मूल्यों का हनन था बल्कि भारत की लोकतांत्रिक गरिमा पर भी एक काला धब्बा था।
उन्होंने कहा कि इस दौरान हजारों लोगों को बिना किसी अपराध के जेलों में ठूंसा गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और असहमति की हर आवाज को दबा दिया गया। मंत्री ने उन लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने अत्याचारों को सहते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्रों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव जागरूक रहने का संकल्प लिया।
Jun 26 2025, 15:24