पूर्व विधायक प्रतिनिधि बिजय कुमार का असामयिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के सदर प्रखण्ड सहयोगी एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि बिजय कुमार का नई दिल्ली स्थित लिवर और पित्त विज्ञान संस्थान में इलाज के दौरान शुक्रवार को असामयिक निधन हो गया। वे सदर प्रखण्ड के ओरिया गांव के निवासी थे। उनके निधन से हजारीबाग क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
शुक्रवार को फ्लाइट से पार्थिव शरीर रांची एयरपोर्ट लाया गया, जहां से सांसद मनीष जायसवाल द्वारा संचालित एम्बुलेंस से उनके गांव ओरिया पहुंचाया गया। जैसे ही निधन की सूचना फैली, हजारीबाग के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास पहुंचे। क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने अंतिम दर्शन कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित कई नेताओं ने भाजपा का झंडा ओढ़ाकर उन्हें पार्टी की ओर से विशेष श्रद्धांजलि दी। उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया ओरिया स्थित घोरखाही मुक्तिधाम श्मशान घाट में विधि-विधान से संपन्न हुई, जहां उनके इकलौते पुत्र ने मुखाग्नि दी।
राजनीतिक जीवन और योगदान - बिजय कुमार, ओरिया के प्रतिष्ठित एवं सामाजिक व्यक्ति तथा सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त दिलचंद साहू के इकलौते पुत्र थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वे सदर प्रखण्ड के भाजपा के पूर्व प्रखण्ड अध्यक्ष भी रहे। देव दयाल कुशवाहा के विधायक काल में उन्होंने प्रतिनिधि के रूप में सेवा कार्यों में भागीदारी की और तत्परता से कार्य किया।
मनीष जायसवाल के दोनों विधायक कार्यकाल में वे सदर प्रखण्ड के विधायक प्रतिनिधि रहे तथा वर्तमान समय में सांसद प्रतिनिधि के रूप में समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्यों को पहुंचाने में जुटे थे। वे अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, धर्मपत्नी और एक पुत्र को छोड़ गए हैं।
उपस्थित रहे प्रमुख लोग - उनके अंतिम संस्कार में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, सांसद सुपुत्र करण जायसवाल, समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह, मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, पूर्व विधायक प्रतिनिधि अजय साहू, किशोरी राणा और पंचायत समिति सदस्य जीतू यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
Jun 21 2025, 12:39