ऊर्जा और एकाग्रता को बढ़ाता है सूर्य नमस्कार : प्रोफेसर सत्यकाम

्प्रयागराज । उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनन्दीबेन पटेल की प्रेरणा एवं कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम के मार्गदर्शन में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के पूर्व प्रतिदिन उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय में योगाभ्यास की विभिन्न क्रियायें संचालित की जा रहीं है। इसी क्रम में बुधवार को मुक्त विश्वविद्यालय की मानविकी विद्याशाखा के तत्वावधान में गंगा परिसर में सामूहिक सूर्य नमस्कार: ऊर्जा एवं एकाग्रता का अनुभव विषयान्तर्गत योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम के अन्तर्गत सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं पर योगाभ्यास किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि सूर्य नमस्कार ऊर्जा और एकाग्रता को बढ़ाता है। यह योग का एक शक्तिशाली अभ्यास है जो शरीर, मन और आत्मा को एक साथ लाता है। सूर्य नमस्कार के नियमित अभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है।

प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि योग न केवल हमारे शरीर को स्वस्थ्य बनाता है अपितु हमारे मस्तिष्क को भी एकाग्र कर नई ऊर्जा से भर देता है। योग वस्तुत: शरीर और मन को एक करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयं के अनुभव के बारे में बताते हुए कहा कि योग करने से उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ है और वह अब और भी दक्षता तथा एकाग्रता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने में सक्षम हुए है। उन्होंने कहा कि योग विभिन्न विचारधाराओं के विभिन्न व्यक्तियों को साथ लाने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस अवसर पर लोगों को आह्वान करते हुए कहा कि सभी को प्रतिदिन अपनी दैनिक व्यस्तताओं में से कुछ समय योग हेतु अवश्य निकालना चाहिए इससे वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहेंगे और अपने कार्यों को और भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से सम्पादित करने में सहायता मिलेगी।

मानविकी विद्याशाखा के निदेशक प्रोफेसर सत्यपाल तिवारी ने कहा कि योग विश्व को भारत की अनुपम देन है। आज विश्व के 180 से अधिक देशों द्वारा योग को अपनाया गया है। योग का अनुसरण करके इन देशों ने भारतीय संस्कृति और उसकी चिन्तन परम्परा में विश्वास व्यक्त किया, जो देश के लिए गौरव का विषय है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मनुष्य के मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक वृत्तियों को परस्पर जोड़ता है। जिससे मनुष्य उच्च आध्यात्मिक भाव को ग्रहण करते हुए मानसिक शांति और निरोग जीवन प्राप्त करता है। योग शिक्षक अमित सिंह, निकेत सिंह एवं अनुराग शुक्ला ने योग की विभिन्न मुद्राओं का लोगों को अभ्यास कराया। योग कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षकों, कर्मचारीगण एवं शोध छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर विश्वविद्यालय में हरित योग का भी आयोजन किया गया।

सत्य एवं न्याय से स्फुटित प्रेम ही मानव समाज को एकता की माला में पिरोता है स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज राजेश तिवारी

विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रयागराज।सत्य एवं न्याय से स्फ़ुटित प्रेम ही मानव समाज को एकता के माला में पिरोता है यह अभिव्यक्ति स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज मेजा प्रयागराज के बकचून्दा निवासी राजेश तिवारी ने सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण विकास खण्ड मेजा सुशान्तु पाण्डेय से उनके निज निवास मेड़रा मेजा प्रयागराज में उनके नवजात सुपुत्री के मूलपूजन के दौरान कही।खबरकेन्द्रांकित कराते चले कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी एवं सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण श्री पाण्डेय एक ही विकास खण्ड मेजा में पदस्थ हो अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं एवं दोनों ही सम्भ्रान्त जनों का आपस में काफी लगाव है एवं साथ ही साथ दोनों ही सम्भ्रान्त जन एक दूसरे के सुख-दुःख में अवश्य सहभागिता करते रहते हैं।आपसी सौहार्दपूर्ण साहित्यिक परिचर्चा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सत्य एवं न्याय से स्फुटित प्रेम ही मानव समाज को एकता की माला में पिरोता है क्योंकि इस संसार में सत्य एवं न्याय ही ऐसे गुण हैं जो संसार में मानव समाज को पूर्णतः सुख व शांति प्रदान कर सकते हैं।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी ने सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण मेजा के सुपुत्री के उज्ज्वल भविष्य एवं कुशलता तथा दीर्घायु जीवन हेतु ईश्वर से विनयवत प्रार्थना भी की और कहा कि मनुष्य को मानव जीवन बड़े ही भाग्य से मिलता है जिसमें प्राणी के कई जन्मों के सही कर्म फलित होते हैं।इसे व्यर्थ नही गवाना चाहिए।मनुष्य को सदा सत्य एवं न्याय के पथ को प्रशस्त करते हुए मोक्ष के मार्ग कि ओर अग्रसरित हो इस प्राप्त मानव जीवन को परिपूर्ण बनाना चाहिए।स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी ने आगे अपने व्यक्तव्य में यह भी कहा कि सत्य कभी भी अन्याय के मार्ग पर चलने नही देता,न्याय सदैव स्वार्थ से परे हो अन्याय करने नही देता।इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवी पं० शेषमणि शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी द्वारा मानव जीवन को साकार बनाने हेतु मानव को सत्य एवं न्याय को आत्मसात करने हेतु बतलाया गया है जो बहुत ही सुन्दर एवं अकाट्य सत्यमयता की वाणी में वर्णित है।

वास्तव सत्य एवं न्याय पथिक बनकर ही इस प्राप्त मानव जीवन को परिपूर्ण किया जा सकता है और साथ ही साथ सत्य एवं न्याय से स्फुटित प्रेम ही मानव समाज को एकता की माला में पिरोता है यह वचन अटल सत्य है।इस मांगलिक अवसर पर साहित्यिक परिचर्चा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी के साथ वरिष्ठ समाजसेवी पं० शेषमणि शुक्ला,सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण विकास खण्ड मेजा सुशान्तु पाण्डेय,ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अतरी अमिलिया भगवत पाल एवं बी०डी०सी० बकचून्दा अनुज कुमार तिवारी सहित आस पास बहुत से लोग मौजूद रहे।

न्याय पथ का आत्मीकरण ही मानव श्रृंखला की एकता का सूचक है स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज राजेश तिवारी

विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रयागराज।न्याय पथ का आत्मीकरण ही मानव श्रृंखला की एकता का सूचक है यह अभिव्यक्ति स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज मेजा प्रयागराज के ग्राम पंचायत बकचून्दा निवासी राजेश तिवारी ने बीबीपुर प्रतापपुर प्रयागराज के नवयुवक समाजसेवी विकास तिवारी से मारुति नेक्सा एजेंसी नैनी प्रयागराज में कही।खबर का दृष्टिकोणिक कराते चले कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी अपने मारुति कार अर्टिगा का सर्विस कराने हेतु मारुति नेक्सा एजेंसी नैनी प्रयागराज पधारे हुए थे।उसी दरमियान दोनों ही सम्भ्रान्त जनों की आपसी सौहार्दपूर्ण भेंटवार्ता हुई।आपसी सौहार्दपूर्ण साहित्यिक परिचर्चा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि न्याय पथ का आत्मीकरण ही मानव श्रृंखला की एकता का सूचक है क्योंकि इस संसार में केवल एक न्याय पक्ष ही ऐसा जिसे मानव सम्प्रदाय को शत प्रतिशत सुख व शांति प्रदान कर सकता है और इसी न्याय के मार्ग से ही मानव श्रृंखला की एकता भी तैयार की जा सकती है।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज श्री तिवारी ने आगे कहा कि न्याय को स्वीकार करने वाला मनुष्य सदा ही सुखी रहता है और उसके ऊपर ईश्वर की कृपादृष्टि निरन्तर बनी रहती है जबकि अन्याय करने वाला मनुष्य क्षणिक समय के लिए सुख का अनुभव कर सकता है परन्तु अन्ततः उसे केवल व केवल दुःख के सिवा और कुछ भी नही प्राप्त होगा और अपने अन्यायी कृत्य से वह व्यक्ति अन्ततः ईश्वर का ग्रास बन जाता है क्योंकि ईश्वर का कार्य अन्याय का अन्त करके न्याय की स्थापना करना है।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी ने आगे कहा कि सत्य एवं न्याय ही मनुष्य के आत्मिक गहनें हैं और इन गुणों को धारण करके ही मनुष्य वास्तिक मानव कहलाने का हकदार है अन्यथा पशु और मनुष्य में कोई अन्तर नही रह जाता।स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज तिवारी ने आगे अपने व्यक्तव्य में यह भी कहा कि न्याय पथ ही सुख शांति का द्योतक है,न्याय की आत्मीयता ही ज्ञान का विद्योतक है।इस साहित्यिक एवं मानवीयकृत परिचर्चा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज श्री तिवारी के साथ बीबीपुर प्रतापपुर प्रयागराज के नवयुवक समाजसेवी विकास तिवारी,शिक्षाविद राम प्रसाद पटेल,सामाजिक कार्यकर्ता बृजेश तिवारी एवं नितिन तिवारी सहित आस पास बहुत से गणमान्य जन उपस्थित रहे।

भाजपा यमुनापार के 18 मंडलों के पदाधिकारियों की मंगलवार को हुईं घोषणा

विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज यमुनापार के 20 मंडलों में 18 मंडल के पदाधिकारियों की घोषणा मंगलवार को शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल व जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने मंडल अध्यक्षों की संस्तुति से घोषित कर दिया है। जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने सभी नवनियुक्त मंडल के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा संगठन के रीती-नीति पर चलते हुए सभी अभियानों को कार्यकर्ता सफल बनाते हुए विना भेदभाव के सबको साथ में लेकर चलें। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने भी उपरोक्त जानकारी देते सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि यमुनापार में 20 मंडल है, जिसमें 18 मंडलों के पदाधिकारियों की घोषणा कर दी गई है। सोमेश्वर महादेव एवं चाका मंडल के मंडल अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद दोनों मंडलों का गठन किया जाएगा।

प्रदीप मिश्र-मिथिलेश पांडेय बने मंडल मंत्री भाजपाइयों ने दी शुभकामनाएं

नारीबारी मंडल मंत्री बनाए गए भाजपा जिला सह- मीडिया प्रभारी प्रदीप मिश्र व आईटी जिला सह-संयोजक मिथिलेश कुमार पांडेय को भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने माल्यार्पण कर मुंह मीठा कराते हुए शुभकामनाएं दी, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने यमुनापार के सभी नवनियुक्त कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए संगठन मजबूती हेतू विश्वास व्यक्त किया। शुभकामनाएं देने वाले में आईटी जिला संयोजक सतीश विश्वकर्मा, धर्मराज पाल, अनिल चतुर्वेदी,गिरीश कुमार चतुर्वेदी, सुभाष चन्द्र,लाला केसरवानी आदि रहे।

सतेंद्र कुमार पाल को आजाद समाज पार्टी का विधानसभा कोरांव का अध्यक्ष नियुक्त

विश्वनाथ प्रताप सिंह, कोरांव प्रयागराज।आज कोसफ़रा,कोरांव में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) विधानसभा की बैठक हुई। बैठक में जिला अध्यक्ष दिनेश चौधरी ने विधानसभा कोरांव के अध्यक्ष पद पर रहे कृष्णकांत गौतम के स्थान पर रामपुर कला के निवासी सत्येंद्र कुमार पाल को नियुक्त किया।यह नियुक्ति पार्टी के समस्त पदाधिकारियों की सर्वसम्मति की गई जिससे पार्टी में कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी,सभी लोगों फूल माला पहनाकर सत्येंद्र पाल को बधाई दिया।

जिला अध्यक्ष दिनेश चौधरी ने कहा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के द्वारा 10 जून से 25 जून तक संगठन सृजन अभियान चला कर बहुजन चौपाल करने की घोषणा किया । बहुजन चौपाल के माध्यम से ग्राम पंचायत से ले कर बूथ स्तर पर संगठन का गठन करने का निर्देश दिया। जिला प्रभारी और कोरांव विधानसभा प्रभारी डा कमलेश गौतम ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जारी दिशा निर्देश का पूरे विधानसभा में पालन कर पार्टी की नीतियों और अपने नेता सांसद भाई चंद्रशेखर आजाद जी के संघर्ष को घर घर पहुंचा कर पार्टी को मजबूत कर जनता की आवाज बनेगा।

नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष को बधाई देने वालो में जिला अध्यक्ष दिनेश चौधरी,जिला प्रभारी डा कमलेश गौतम, जिला उपाध्यक्ष दिनेश गौतम,जिला कोषाध्यक्ष विनय चौधरी,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कृष्णकांत गौतम,रमेश कुशवाहा,श्रीनाथ गुप्ता,एड.लवकुश कोल,शिवम् राव,सूर्यपाल,राजीतराम आदिवासी समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

परिषदीय स्कूलों के बच्चों ने समर कैम्प में सीखे नए हुनर, समर कैम्प का हुआ समापन

विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रयागराज। शासन के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों में पहली बार आयोजित समर कैंप में बच्चों ने पढ़ाई के साथ नए हुनर सीखे और जमकर गतिविधि का आनंद लिया। 21 मई से 10 जून तक चल रहे समर कैंप में जसरा के शिक्षक होरीलाल दिवाकर जसरा ब्लाक के विभिन्न स्कूलों में जाकर बच्चों को जादू के द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वृक्ष लगाओ धरती बचाओ,पढ़ना बहुत जरूरी, इत्यादि को बताते हुए जादू के द्वारा बच्चों को जागरूक किया।

इसी कड़ी में समर कैंप के समापन के अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय सरसेड़ी विद्यालय में जादू के द्वारा कबूतर उड़ाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात सिखाते हुए उन्होंने बताया कि कोई जादू नहीं होता है,विज्ञान का दूसरा नाम जादू है। जो पढ़ा लिखा है उसके लिए विज्ञान है, जो अनपढ़ है उसके लिए जादू है। इसीलिए पढ़ो,लिखो और सभी लोग विज्ञान के जादूगर बनो। पेप्सी को गायब करना, तिरंगा झंडा निकालना, बर्फ का पानी बनाना,नोट बनाना, नोट गायब करना,टॉफी बनाना, मोमबत्ती से छाता बनाना इत्यादि जादू के आश्चर्यजनक करतब दिखाएं। समर कैम्प के सफल आयोजन में खंड शिक्षा अधिकारी जसरा अखिलेश वर्मा ने सभी शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं शिक्षकों का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अलका शर्मा, विजय प्रकाश, बृजेश पटेल, नेहा सिंह, राज कुमारी, सुमंत तिवारी सहित दर्जनों अभिभावक मौजूद रहे।

मुक्त विश्वविद्यालय दृश्य श्रव्य माध्यम की तरफ आगे बढ़ रहा- प्रोफेसर सत्यकाम

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के सरस्वती परिसर स्थित लोकमान्य तिलक शास्त्रार्थ सभागार में वर्तमान परिप्रेक्ष्य में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा संभावनाएं एवं चुनौतियां विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य सत्यकाम ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के आयाम निरंतर व्यापक होते जा रहे हैं।

वैश्वीकरण के दौर में जब अर्थव्यवस्था निर्धारक भूमिका निभा रही है, ऐसे में व्यक्ति के समक्ष अपनी आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ शिक्षा में प्रगति करना एक चुनौती बनता जा रहा है। इस परिस्थिति में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा व्यक्ति को उसके शैक्षिक उन्नति का अवसर प्रदान करती है। कुलपति ने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा विभिन्न पद्धतियों का एक मिला-जुला रूप है। इसमें वर्तमान समय में आॅडियो विजुअल प्रणाली प्रमुखता से उभर कर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि आॅडियो विजुअल पद्धति के प्रयोग के माध्यम से मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा ज्ञान के वैश्विक प्रसार की ओर अग्रसर है। मुक्त विश्वविद्यालय अब दृश्य श्रव्य माध्यम की तरफ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने सभी शिक्षकों को स्वयंप्रभा चैनल के लिए कार्यक्रम तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से विश्वविद्यालय की ख्याति अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होगी। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम के कार्यकाल के एक वर्ष के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर शिक्षकों ने कहा कि विश्वविद्यालय को हमेशा आगे बढ़ाने में यहां के विद्वान कुलपतियों का विशेष योगदान रहा है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के विद्वान प्रोफेसर सत्यकाम के नेतृत्व में मुक्त विश्वविद्यालय ने विगत एक वर्ष में महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। जिनमें स्व अध्ययन पाठ्य सामग्री लेखन तथा यूजीसी द्वारा 12 बी की मान्यता मिलना प्रमुख है। निश्चय ही उनके नेतृत्व में यह विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा संस्थानों के लिए नए मानक स्थापित करेगा।

इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम के सम्मान में शिक्षकों ने उन्हें अभिनंदन पत्र भेंट किया। समारोह का संचालन डॉ आनंदानंद त्रिपाठी तथा संगोष्ठी की विषयवस्तु प्रोफेसर एस कुमार ने प्रस्तुत की। अभिनंदन पत्र का वाचन डॉ त्रिविक्रम तिवारी ने तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर सत्यपाल तिवारी ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर आशुतोष गुप्ता, प्रोफेसर पीके स्टालिन, प्रोफेसर छत्रसाल सिंह, प्रोफेसर श्रुति, प्रोफेसर जे पी यादव आदि उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी डा. प्रभात चन्द्र मिश्र ने दी।

लाइनमैन को पैसा न मिलने से नहीं चढ पाया गरीब किसान का ट्रांसफार्मर

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज :– तहसील क्षेत्र स्थित गौहनिया बाजार के एक किसान का सोशल मीडिया पर एक स्टेटमेंट वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो ने बिजली विभाग की पोल खोल दी,जिससे हड़बड़ाए गौहनिया पावर हाउस के जेई अवधेश वर्मा और लाइनमैन पंकज कुमार द्वारा उस खबर का खंडन करवाने के लिए किसान पर दबाव बनाया जाने लगा। धमकी देते हुए कहा कि आप पावर हाउस आकर हम लोगों के पक्ष में बयान दे दो तभी आपका ट्रांसफार्मर लग पाएगा।ईमानदार किसान ने अपने स्वाभिमान को बचाते हुए झूठा बयान देने से इंकार कर दिया,तो लाइनमैन पंकज के द्वारा ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रांसफॉर्मर लेकर गाड़ी सुबह 9 बजे से खड़ी थी, लेकिन लाइनमैन द्वारा ट्रांसफार्मर न लगाए जाने पर 3 बजे ट्रांसफार्मर लेकर वापस लौट गई।ट्रांसफार्मर वापस लौटने के बाद किसान के द्वारा मीडिया को सूचना दी गई कि मेरे ऊपर दबाव बनाया जा रहा है,कि आप पहले इस खबर का खंडन करें,तभी आपका ट्रांसफार्मर लग पाएगा । किसान की धान की नर्सरी भी ट्रांसफार्मर न लगने से नष्ट हो रही है,जिससे बिजली विभाग के तानाशाही रवैए से क्षेत्र के हजारों किसान भ्रष्टाचार से परेशान हैं।किसान की आय दुगनी करने वाली सरकार बिजली विभाग के कर्मचारियो पर ऐसे ही मेहरबान रहेगी या फिर गरीब किसान मजदूर को न्याय मिलेगा। अब चाहे जो भी हो, लेकिन इस दौरान गौहनिया पॉवर हाउस लगातार सुर्ख़ियों में रहा है। जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा असंतोष है।

नाला निर्माण नहीं हुआ तो , सैकड़ों बीघा खेत होंगे जलमग्न, की गई शिकायत

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज :– लालापुर क्षेत्र के पंडुवा गांव में प्रयागराज पावर जनरेशन कंपनी का कैनाल यमुना नदी के किनारे पर बनाया गया है । जिससे प्रयागराज पावर प्लांट शंकरगढ़ में पानी की आपूर्ति की जाती है । वर्ष 2009 में कैनाल का काम शुरू होने से पहले कैनाल के बीच से गांव के खेतों से निकलने वाले बरसात के पानी का बहाव होता था । जब कैनाल का निर्माण शुरू हुआ तो अधिकारियों ने पानी के बहाव को बाउंड्रीवाल के बगल से नाला बना कर पक्का कर दिया । जिससे किसानों के खेत व गांव का पानी आसानी से निकल कर यमुना नदी में चला जाता था । पिछले वर्ष बरसात के दौरान कंपनी के द्वारा बनाया गया नाला टूट गया,साथ ही बाउंड्रीवाल भी टूट गई ।ग्रामीण वसीम अहमद, फुहैल अहमद, किसान नेता राकेश तिवारी ने उपजिलाधिकारी बारा को शिकायती पत्र देकर बताया कि कंपनी ने अपनी बाउंड्रीवाल को सही कर लिया परंतु नाला पर मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जिससे बरसात में जलभराव होने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। उपजिलाधिकारी बारा संदीप तिवारी ने बताया कि प्रयागराज पावर प्लांट के प्रबंधक को समस्या के निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया है ।

रोग निवारण एवं प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का सशक्त माध्यम है योग- कुलपति

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा के तत्वावधान में सोमवार को रोग निवारण में योग, वैज्ञानिक शोध एवं निष्कर्ष विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय वेबीनार का आयोजन किया गया। इस वेबीनार में योग के माध्यम से रोग निवारण के वैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देश पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2025 तक योग पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का श्रृंखलाबद्ध आयोजन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में आज आयोजित वेबीनार की अध्यक्षता कर रहे कुलपति आचार्य सत्यकाम ने योग को रोगों के निवारण एवं प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी संतुलित रखा जा सकता है।

मुख्य वक्ता डॉ. नीता कुमार, वैज्ञानिक एफ, आईसीएमआर नई दिल्ली ने अपने व्याख्यान में योग के माध्यम से रोगों के निवारण पर आधारित वैज्ञानिक शोधों और उनके निष्कर्षों को साझा किया। उन्होंने अष्टांग योग में यम के पांचों अंग , नियम के पांचों अंग, सहित सभी अंगों पर हुए योग पर शोध और निष्कर्षो पर वृहद चर्चा की।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवन में संतोष, आशावादी विचार, जीवन में सकारात्मकता और आत्म विश्वास आदि का प्रभाव जीवन स्तर को उच्च बनाने मे सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने बताया कि योग द्वारा आज की बेतरतीब जीवन पद्धति से उत्पन्न हुए गंभीर रोगों जैसे कैंसर, डाइबिटीज, उच्च व निम्न रक्तचाप को भी नियंत्रित किया जा सकता है। विभिन्न रोगों के उपचार में योग की प्रभावशीलता को लेकर किए गए शोधों के परिणाम अत्यंत उत्साहजनक हैं।

कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर एस कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। आयोजन सचिव अमित कुमार सिंह ने योग कार्यक्रमों को जन जन तक पहुंचाने की अपील की।इस वेबीनार में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उक्त जानकारी जन संपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने दी।