होली में परदेश से घर आने वालों को लिए खुशखबरी : रेलवे चलाने जा रहा पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेन, देखिए पूरी लिस्ट

डेस्क : पर्व-त्योहार पर दूसरे राज्यों से बिहार आनेवालों की दुश्वारियां बढ़ जाती हैं। उनका सफर किसी यातना से कम नहीं होता। ट्रेनों में आरक्षित टिकट नहीं मिलता और हवाई किराया सामान्य दिनों के मुकाबले तीन से चार गुना तक बढ़ जाता है। लेकिन उनके लिए एक खुशखबरी है। रेलवे ने बिहार से अलग-अलग राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है।

रेलवे दानापुर से जबलपुर, गया से आनंद विहार, दानापुर-रानीकमलापति, दानापुर-कोटा और पटना से जालना के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाएगा।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि 6 से 31 मार्च तक रविवार को छोड़कर 03697 और 03698 गया-आनंद विहार-गया सुपरफास्ट स्पेशल चलाने का निर्णय लिया गया है। उनके मुताबिक, 6, 10 और 15 मार्च को 07611-07612 जालना-पटना-जालना होली स्पेशल और 11 एवं 12 मार्च को 01705-01706 जबलपुर-दानापुर-जबलपुर होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।

वहीं 12 एवं 15 मार्च और 13 एवं 16 मार्च को क्रमश 01661 और 01662 रानीकमलापति-दानापुर-रानीकमलापति होली स्पेशल चलेगी। इसके अलावा 8 एवं 15 मार्च और 9 एवं 16 मार्च को क्रमश 09817 और 09818 कोटा-दानापुर-कोटा होली स्पेशल चलेगी।

मौसम का हाल : बिहार में हर दिन बदल रहा मौसम का मिजाज, 8 मार्च से कुछ जिलों में हो सकता है बारिश और वज्रपात

डेस्क : बिहार के मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव जारी है। बीते सप्ताह हल्की बारिश के कारण थोड़ी ठंड के बाद एकबार फिर से तापमान में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के किसी भी इलाके में दर्ज नहीं की गई, साथ ही राज्य का मौसम मुख्य तौर पर शुष्क ही रहा। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आने की संभावना है। कुछ जिलो में तेज हवा चलने और आसमान के साफ रहने से मौसम सामान्य बना रहेगा। सुबह और शाम हल्की ठंड का अनुभव होगा।पटना में लोगों को सुबह शाम सर्दी का अहसास हो रहा है। सुबह के 8 बजे के बाद मौसम में तल्खी आनी शुरु हो रही है।

8 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 8 से 9 मार्च के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इसके कारण पटना और बिहार के उत्तरी और मध्य भागों में इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं।बारिश और बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। हालांकि, दिन का तापमान सामान्य रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार बक्सर, अरवल, औरंगाबाद और रोहतास में 6 और 7 मार्च को तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है, जब अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

प्रदेश में तेज हवाओं और आंशिक बादलों के प्रभाव के कारण पटना समेत 28 शहरों में अधिकतम तापमान में कमी आई है। पटना का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि खगड़िया में 32.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ऊँचा तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बिहार बजट सत्र : राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर सीएम नीतीश ने विधान मंडल के दोनो सदनों ने दिया जवाब, जानिए क्या कहा


डेस्क : बिहार बजट के सत्र के आज तीसरे दिने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान सरकार ने विधान मंडल के दोनो सदनो में वाब दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधान परिषद में कहा कि एनडीए ने साथ मिलकर बिहार के लिए खूब काम किया जो आज दिख भी रहा है। हमलोगों ने काम किया था बीच में दू बार इधर-उधर हो गया था..अब तो कभी नहीं इधर-उधर करेंगे। बिहार के विकास के लिए हमलोग काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार का भी इसमें मदद मिल रहा है। विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग बिहार के लिए काम ही नहीं किये वो लोग सदन छोड़कर भाग गये।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जब से हमलोगों को मौका मिला है काम कर रहे है। आजकल लोग तो इधर उधर बोलते हैं इसका कोई मतलब है। पहले कही कुछ नहीं था। महिलाओं के लिए भी कुछ नहीं किया गया था। हमलोगों ने मिलकर काम किया जो आज दिखता है। हमलोगों ने काम किया था बीच में दू बार इधर उधर हो गया था अब तो कभी नहीं हमलोग इधर उधर करेंगे। हमलोग बिहार का विकास कर रहे हैं केंद्र का भी मदद मिल रहा है। जो लोग काम ही नहीं किये वो सदन छोड़कर भाग गये।

नीतीश कुमार ने कहा कि 12 लाख नौकरी और 38 लाख रोजगार हमने दिया। हमने सभी तबकों का विकास किया है। सभी के लिए काम किया। मदरसों की सरकारी मान्यता दी वहां के शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के अनुसार वेतन दिया जा रहा है। 2023 में जातीय आधारित गणना कराये इसमें हमने देखा कि 94 लाख गरीब परिवार पाए गये। गरीबी दूर करने लिए हम लोग काम कर रहे है। प्रगति यात्रा के दौरान कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। वही 28 जिलों में किए गये घोषणाओं से संबंधित कुल 430 योजनाओं की स्वीकृति दी गयी।

सीएम नीतीश ने कहा कि पहले लोग महिलाओं को सुविधा देते थे जी? सब तो हमही लोगों ने महिलाओं के लिए किया है ना जी। अब इतनी संख्या में महिलाएं नौकरी कर रही है। देश में सबसे ज्यादा महिला पुलिस बिहार में है। नौकरियों में महिलाओं की संख्या बढ़ गयी है। स्वयं सहायता समूह में पहले बहुत कम महिलाएं दिखती थी हमलोगों ने इनके लिए काम किया और 2006 में इनका नाम जीविका दीदी दिया। स्वयं सहायता समूहों की संख्या 10 लाख 63 हजार हो गयी और जिविका दीदियों की संख्या एक करोड़ 31 लाख हो गयी। शहरी क्षेत्र में भी 3 लाख 60 हजार जीविका दीदियां है।

सीएम नीतीश ने कहा कि प्रगति यात्रा में स्वीकृत योजनाओं का कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। राज्य सरकार बिहार के विकास के लिए निरंतर काम कर रही है इसमें केंद्र की भी मदद मिल रही है। केंद्र सरकार के द्वारा प्रस्तुत बजट में बिहार के लिए मखाना बोर्ड की स्थापना, नई हवाई अड्डे का विकास, पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए वित्तिय सहायता, पटना आईआईटी के विस्तार की घोषणा की गयी है इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं।

वहीं राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सरकार ने विधानसभा में भी जवाब दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सबसे पहले कहा कि जब हम आए थे उस समय की स्थिति क्या थी? विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि शाम में कोई घर से बाहर नही निकलता था। कुछ पता है यदि नहीं मालूम है तो जरा प्रेस वाले से पूछ लें। पहले क्या स्थिति ऐसी थी कि कही आने जाने का रास्ता तक नहीं था। हमें पहले कही जाने में भारी समस्या होती थी। समाज में कितना विवाद उस समय होता था। हिन्दू मुस्लिम का झगड़ा कितना होता था। पढ़ाई का क्या हाल था? इलाज का पूरा इंतजाम नहीं था। सड़कें भी बहुत कम थी। उस समय बिजली की स्थिति भी बहुत खराब थी। जब हमलोग आए तो हमलोगों ने मिलकर काम किया।

नीतीश ने कहा कि आज राज्य में प्रेम भाईचारा और शांति का माहौल है। हर क्षेत्र में हमने विकास किया। हम लोग आए तो कब्रिस्तानों की घेराबंदी की। आपके सबसे बड़े नेता थे उनका हमसे क्या रिश्ता था इन लोगों के साथ हो गये हों बेकार का काम छोड़ दो। हमलोगों ने 2006 में बात कर कब्रिस्तान की घेराबंदी कराया उसी समय से हिन्दू मुस्लिम का झगड़ा बंद हो गया। भागलपुर के मुसलमानों की बातें सुनी और जो गड़बड़ किया था उस पर कार्रवाई की। हमने 8000 से ज्यादा कब्रिस्तान की घेराबंदी दी। अब कोई झगड़ा झंझट नहीं होता है। 60 साल से पुराने हिन्दूओं के मंदिर की भी घेराबंदी की।

पुलिस बल की संख्या लगातार बढ़ाई गयी। पहले पुलिस बल की संख्या बहुत कम थी. पहले 42851 पुलिस कर्मी थे हमने 1 लाख 10 हजार कर दिया। पटना में शाम के बाद कोई घर से बाहर नहीं निकलता था। अब रात में लड़का लड़की महिला पुरुष सब 11 बजे रात में घर से बाहर घूमते हैं। हमलोगों ने छात्र-छात्राओं के लिए पौशाक योजना शुरू किया। फिर साइकिल योजना चलाई। साइकिल चलाकर अब वो स्कूल जाती है। पहले सरकारी स्कूलों में शिक्षकों कीी संख्या कम थी हमने शिक्षकों की संख्या बढ़ाई। इतनी भारी संख्या में हमने शिक्षकों की बहाली की। हमारे आने के बाद बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था भी सुधरी है। हमलोगों ने स्वास्थ्य में सुधार के लिए बहुत किया है। तुम्हारे पिता को हमहीं बनाये थे वो जब आते थे उस समय नही था इस सब फालतू छोडो तुम्हारे जात वाला भी हमसे कहते थे काहे के लिए कर रहे है।

ये सब कुछ नहीं जानते है। जो गड़बड़ कर रहे थे जो पिछड़ा और अतिपिछड़ा बंद करके सिर्फ पिछड़ा करेंगे हमने उसी समय इसका विरोध किया कहा कि यह सब फालतू बात है। पहले बिजली, पानी की पानी, शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। सात निश्चय के तहत हमने इस पर काम किया। 2020 में यह काम पूरा हो गया। हर घर बिजली, हर घर शौचालय, हर घर नल का जल मुहैया कराया। 2020 में सात निश्चत 2 में भी अनेक काम हो रहे हैं। इंटर पास छात्राओं को 25 हजार और बीए पास छात्राओं को 50 हजार देते हैं। सीएम के जवाब के दौरान विपक्ष के लोग सदन से बाहर निकलने लगे इन्हें देखकर सीएम ने कहा कि अभी भागिये रहे हैं अगला चुनाव होगा तो इन लोगों को कुछों नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए साथ है एक ही साथ रहेंगे।

बिहार बजट सत्र : राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सदन से गायब रहे सीएम और दोनो डिप्टी सीएम, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी किया तीखा कटाक्ष

डेस्क : बीते सोमवार को बजट पेश होने का बाद आज सत्र के तीसरे दिन बजट पर बिहार विधानसभा में राज्यपाल का अभिभाषण हुआ। वहीं उसके बाद उसपर चर्चा हो रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सदन के भीतर राज्यपाल के अभिभाषण पर अपने विचार रखे हैं। सदन में इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों डिप्टी सीएम के गायब रहने पर तेजस्वी ने तीखा तंज कसा। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सच सुनने का कलेजा होना चाहिए। हमको लगा कि सदन में मुख्यमंत्री समेत सभी बीजेपी और जेडीयू के सभी सदस्य मौजूद होंगे लेकिन सदन में कोई मौजूद नहीं है। अगर अब भी आ जाएं तो अच्छा होगा, क्योंकि 2005 से पहले बिहार में कुछ कहां था? संसार की उत्पत्ति को 2005 के बाद हुई है। 

इससे पहले का इतिहास हम जरा उन लोगों को फिर से रिमाइंड कर दें। बहुत जरूरी था कि यहां सभी सदस्य रहते। भाजपा के सदस्य के साथ साथ दोनों उपमुख्यमंत्री भी नहीं दिख रहे हैं। बीजेपी के दोनों डिप्टी सीएम को नहीं लगता है कि यह बजट सत्र महत्वपूर्ण है। या तो उनको लगता होगा कि आज उनकी बड़ी खिंचाई होने वाली है। विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर होता है। 

कहा कि बजट सत्र को बहुत मजबूत सत्र होता है लेकिन मौजूदा सरकार संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने में लगी हुई है। यह बात सच्चाई है और किसी से छीपी नहीं है। हमको लगता है कि पहली बार ऐसा हुआ है कि सदन में न तो मुख्यमंत्री हैं और ना ही दोनों उपमुख्यमंत्री ही मौजूद हैं। 

तेजस्वी ने कहा कि सच सुनने का कलेजा होना चाहिए। उम्मीद है कि लोग अपना कलेजा दिखाएंगे और सदन में उपस्थित रहेंगे। वो लोग भी अच्छी तरह से जानते हैं कि इन लोगों का भंडाफोड़ होना है। 

हालांकि तेजस्वी के इस हमले के बाद मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम सदन में पहुंचे।

बिहार बजट सत्र : विपक्ष के सवाल पर विस अध्यक्ष ने रख दिया ऐसा प्रस्ताव, सभी की बोलती हो गई बंद


डेस्क : बिहार विधान मंडल के बजट सत्र के दौरान आज मंगलवार को सदन के अंदर भारी हंगामा हुआ। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों एक दूसरे का पुराना इतिहास दोहराने लगे।

वहीं विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक बड़ा मजेदार मामला सामने आया है। विधान सभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने विपक्ष से ऐसा सवाल कर दिया कि विपक्षी दलों के सदस्यों की बोलती बंद हो गई। 

दरअसल विधानसभा स्पीकर नंदकिशोर यादव ने सदन में एक प्रस्ताव रखा, जिसको सुनकर विपक्ष निरुत्तर हो गया। स्पीकर ने प्रस्ताव रखा कि विपक्ष के विधायक को अपनी मांग पूरी कराने के लिए बजट के पक्ष में प्रस्ताव देना होगा। इसके बाद विपक्ष के सभी सदस्य हैरान रह गए और चुप्पी साध ली।

दरअसल, गुरुआ के RJD विधायक विनय कुमार सदन में सरकार से सवाल पूछ रहे थे। उच्च शिक्षा के लिए गुरुआ विधानसभा क्षेत्र में सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं होने के कारण आने वाली परेशानियों का जिक्र किया। 30 फीसदी स्टूडेंट्स के उच्च शिक्षा से वंचित होने का हवाला दिया।

इस बजट में भी डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की गई है, इसलिए उन्होंने जल्द डिग्री कॉलेज खोलने का अनुरोध किया। मंत्री ने कहा कि विधायकों की इच्छा को ध्यान में रखते हुए ही इस बजट में नए डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की गई है। स्पीकर ने कहा कि ये मांग तभी पूरी होगी जब विपक्ष के विधायक भी बजट के पक्ष में अपना समर्थन दें।

बिहार बजट सत्र : सदन के अंदर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष मे हुई भिड़ंत, बात दोनो के बाप तक पहुंची


डेस्क : बिहार विधान मंडल के बजट सत्र के दौरान आज मंगलवार को सदन के अंदर भारी हंगामा हुआ। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक हुई. दोनों एक दूसरे का पुराना इतिहास दोहराने लगे. नतीजा रहा कि दोनों ओर से काफी देर तक निजी टीका टिप्पणी होती रही. तेजस्वी ने सत्ता पक्ष की ओर बैठे सदस्यों पर कहा कि विजय चौधरी तो कांग्रेस से आए हैं. इसी तरह सम्राट चौधरी भी हमारे यहां से भाजपा में गए. असली भाजपाई तो बस विजय सिन्हा ही हैं. 

तेजस्वी के इतना कहते ही सम्राट चौधरी अपनी जगह पर खड़े हो गए और उन्होंने अपने और भाजपा के मजबूत रिश्तों पर बोलना शुरू किया. उन्होंने सफाई दी कि तेजस्वी इधर-उधर के बातें कर रहे हैं. इस पर तेजस्वी ने कहा कि आप बताएं कि आपके पिता ने नीतीश कुमार के बारे में क्या क्या नहीं कहा था. आपके पिता ने कहा था कि देश का अगर सबसे... मुख्यमंत्री है तो नीतीश कुमार हैं. सीएम नीतीश के बेटे के बारे में क्या नहीं बोला. 

तेजस्वी के इन आरोपों पर सम्राट ने फिर से अपनी जगह पर खड़े होकर लालू यादव के शासनकाल में भ्रष्टाचार की बातें कहीं. उन्होंने कई प्रकार के आरोप लगाए. इस पर तेजस्वी ने कहा कि आप आखिरी बार किस दल से चुनाव जीते. उनका संकेत सम्राट चौधरी का आखिरी बार राजद के टिकट से विधानसभा चुनाव जीतना था. इन टिप्पणियों को लेकर दोनों के बीच काफी बहस हुई.

बिहार बजट सत्र का आज तीसरा दिन, विपक्ष इस तरह पहुंचे विधान सभा


डेस्क : बिहार विधान मंडल के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। विधानसभा के बजट सत्र में विपक्ष ने सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर रखी है।

बिहार सरकार ने करीब 3.17 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया है। जिसे विपक्षी आरजेडी ने निराशाजनक बताया है और इसका विरोध जता रही है। 

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले आरजेडी विधायक मुकेश रोशन आज लॉलीपॉप और झुनझुना लेकर पहुंचे और कहा कि सरकार ने बिहार की जनता को लॉलीपॉप और झुनझुना थमाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि न तो राज्य की महिलाओं के खाते में पैसे आए और ना ही युवाओं को रोजगार ही मिला। न तो विशेष राज्य का दर्जा बिहार को मिला और ना ही विशेष पैकेज ही मिल सका है। युवाओं को रोजगार देने के लिए बजट में कोई जिक्र नहीं किया गया। वृद्धा पेंशन की राशि को चार सौ से बढ़ाकर 15 सौ रुपए करने की बात कही गई थी लेकिन सरकार ने इस मांग पर कोई विचार नहीं किया।

बिहार बजट सत्र : विपक्ष के सवाल का जवाब नही दे पाए मंत्री, सदन मे सरकार की हुई फजीहत


डेस्क : बिहार विधान मंडल के बजट सत्र की आज तीसरे दिन की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के साथ शुरु हुई। विपक्ष ने सदन के बाहर जमकर हंगामा किया। वही सदन के अंदर सरकार के मंत्री के ही कारण सरकार की फजीहत हुई। 

बजट सत्र के आज तीसरे दिन विधान सभा मे उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब सिवान सदर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के सवाल पर पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा कल्याण मंत्री हरि साहनी सांसत में पड़ गए। उन्हें सवाल का जवाब ही नहीं सूझ रहा था। बाद में विधानसभा अध्यक्ष को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने सवाल को ही स्थगित कर दिया। 

अवध बिहारी चौधरी ने सदन में सवाल उठाया कि क्या कि पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि क्या यह बात सही है कि सिवान जिलान्तर्गत पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए एक भी छात्रावास नहीं रहने के कारण छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, उनके पाठन-पाठन पर भी बुरा असर पड़ता है। 

यदि हां, तो क्या सरकार सिवान जिले में पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए छात्रावास का निर्माण कराने का विचार रखती है? और अगर नहीं तो क्यों? राजद विधायक के इस सवाल का विभागीय मंत्री हरि साहनी को कोई जवाब नहीं सूझ रहा था। वे स्पष्ट उत्तर देने की स्थिति में नजर नहीं आ रहे थे। यह देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सवाल को ही स्थगित कर दिया। 

दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष बार-बार मंत्री को सवाल का स्पेशफिक जवाब देने को कह रहे थे, लेकिन जानकारी के अभाव में विभागीय मंत्री सही जवाब नहीं दे पा रहे थे। इसको देखते हुए स्पीकर ने सवाल को ही स्थगित करना पड़ा।

शराब की तस्करी का धंधेबाजों ने निकाला एक नया तरीका, अब इस तकनीक से कर रहे धंधा

डेस्क : शराब बंदी वाले बिहार मे शराब तस्कर नये-नये तरीके अपना रहे है। अब तस्करी का एक नया तरीका धंधेबाजों ने निकाला है। वॉकी-टॉकी के जरीये शराब की तस्करी की जा रही है।

बीते सोमवार की सुबह नौ बजे मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने राजधानी पटना के राजीव नगर के रोड नंबर सात में छापामारी कर दो वाहनों से लगभग 400 लीटर शराब बरामद की।

मामले में दो कार को भी जब्त किया गया है तथा दोनों चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शराब यूपी के बलिया से पटना मंगाया गया था। 

गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने राजीवनगर रोड नंबर सात में छापामारी की। मौके से एक क्रेटा गाड़ी से वॉकीटॉकी बरामद की गई। वॉकीटॉकी का रेंज तीन किलोमीटर एरिया तक है। बरामद शराब पर केवल यूपी में बिक्री के लिए मुहर लगी है। 

मामले में क्रेटा गाड़ी का चालक रविंद्र कुमार जो राजाबाजार का रहने वाला है। दूसरा इनोवा गाड़ी का चालक अभिनव कुमार जो आरा का रहने वाला है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ में चालकों ने बताया कि मोबाइल इसीलिए इस्तेमाल नहीं किया जाता है क्योंकि इसमें पकड़े जाने की आशंका रहती है। वॉकीटॉफी सुरक्षित है। कुल 45 कार्टून शराब बरामद की गई है। एक गाड़ी में 22 कार्टून मिला है जिसमें 1024 पीस तथा दूसरे गाड़ी में 23 कार्टून मिला है। इसमें 1136 पीस बरामद किया गया है। शराब की कीमत चार लाख बताई जा रही है। वॉकीटॉकी से एक-दूसरी गाड़ी की स्थिति का जायजा लिया जाता था।

बिहार बजट को विशेषज्ञों ने बताया संतुलित, कहा- इन क्षेत्रों मे होगा विकास


डेस्क : बजट सत्र के दूसरे दिन बीते सोमवार को वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने 2025-26 का बजट पेश किया। इस बजट की विशेषज्ञों ने सराहना की है।

कहा है कि बिहार सरकार का यह बजट संतुलित, समावेशी और विकासोन्मुखी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और बुनियादी ढांचे पर जोर देकर राज्य सरकार ने प्रदेश के समग्र विकास का खाका खींचा है। 

पूर्णिया एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत और ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का विकास राज्य के आर्थिक परिदृश्य को और मजबूत करेगा।

महिला केन्द्रित योजनाएं एक सकारात्मक कदम हैं। इससे राज्य की आधी आबादी को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। कृषि क्षेत्र में नई पहल किसानों की स्थिति सुधारने में सहायक साबित होंगी। यह बजट बिहार के आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और ऊर्जा क्षेत्र के लिए आवंटित राशि सराहनीय है। इन पैसों से बिहार के समग्र विकास को गति देने और महिलाओं तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। हालांकि, रोजगार सृजन और टेक्निकल एजुकेशन पर और जोर दिया जाना चाहिए था।