Dumka

Sep 11 2024, 21:15

ब्रेकिंग: गिरफ्त में आया घूसखोर सरकारी अमीन, गोड्डा में 5 हजार घूस लेते हुए अमीन को एसीबी ने किया गिरफ्तार

दुमका : एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बुधवार को गोड्डा से एक सरकारी अमीन को पांच हजार रूपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम घूसखोर सरकारी अमीन नारायण मंडल को गोड्डा अंचल कार्यालय से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद घूसखोर अमीन को दुमका लाया गया और देर शाम न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। 

जानकारी के मुताबिक गोड्डा जिले के बड़ी कल्याणी पंचायत के रतनपुर के रहनेवाले सचीन पूर्व ने सरकारी अमीन नारायण मंडल के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो के पास शिकायत की थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनका जमीन विवाद चल रहा था, जिसके निपटारे के लिए सरकारी अमीन नारायण मण्डल ने 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आवेदक ने रिश्वत देने से इनकार किया और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को इसकी जानकारी दी।

शिकायत के बाद एसीबी द्वारा इस मामले की जांच की गई। जांच में यह पाया गया कि नारायण मण्डल ने वाकई 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया और बुधवार को सरकारी अमीन नारायण मण्डल को आवेदक से रिश्वत लेते हुए अंचल कार्यालय गोड्डा में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार किए गए अमीन की पहचान नारायण मण्डल उर्फ नारायण कुमार मण्डल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अंचल कार्यालय गोड्डा में तैनात थे। गिरफ्तारी के समय टीम के साथ दो स्वतंत्र साक्षी और एक नियमित दंडाधिकारी भी मौजूद थे।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 11 2024, 17:04

दुमका : आयुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण,अधिकारियों को दिया विशेष टास्क

दुमका : झारखण्ड में आनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गयी है। अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का विशेष दिशा निर्देश दिया जा रहा है।

प्रमण्डलीय आयुक्त लालचंद डाडेल ने दुमका, शिकारीपाड़ा एवं लिट्टीपाड़ा विधानसभा अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिया गया। 

निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों में भवन की स्थिति, रैम्प, पेयजल, विद्युत आदि की व्यवस्था का अवलोकन किया गया। इस दौरान आयुक्त द्वारा पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों में कमियों को ससमय दूर करने के लिए जरुरी दिशा-निर्देश दिए गये। 

आयुक्त श्री डांडेल ने कहा कि चुनाव आयोग के निदेश के आलोक में मतदान केंद्रों में दिव्यांग मतदाताओं एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध मतदाताओं के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय।

मौके पर काठीकुंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी ममता मरांडी, गोपीकांदर के बीडीओ गौतम मोदी, आयुक्त के निजी सहायक-सह-सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सौरभ कुमार तिवारी, आयुक्त कार्यालय के विधान चक्रवर्ती, गोपीकांदर के प्रभारी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी विशाल कुमार संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ आदि उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 10 2024, 22:02

दुमका : गाँधी मैदान के गेट पर झूल रहा था मासूम, अचानक गेट टूटने से हुई मौत, विरोध में सड़क जाम

दुमका : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को गांधी मैदान के मुख्य द्वार में लगा लोहे का बड़ा गेट गिर जाने से एक बच्चे की मौत हो गयी, तो वहीं दो बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना से नाराज लोगों ने बिना पोस्टमार्टम के शव को गांधी मैदान के पास बीच सड़क में रखकर तीन घंटे के लिए मार्ग को जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। बाद में मौके पर पहुँचे दुमका के अंचलाधिकारी ने सहायता राशि देकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद नगर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मासूम बच्चे की मौत के बाद मां चिंकी देवी और नानी शकुंतला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां कई बार अस्पताल में बेहोश भी हो गई।

जानकारी के मुताबिक डंगालपाड़ा की महिला चिंकी देवी पति से अलग होकर आशीष के साथ रहती थी। वह दूसरे के घरों में बर्तन मांजकर किसी तरह दोनों का पालन पोषण कर रही थी। दोपहर को उसका बेटा आशीष अपने दो साथियों के साथ गांधी मेदान चला गया।

 वह साथियों के साथ मुख्य द्वार में लगे लोहे के ग्रिल में झूला झूल रहा था। कब्जा गल जाने के कारण अचानक ग्रिल का एक हिस्सा टूट गया और उसके नीचे दब जाने के कारण आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसके दोनों साथी बाल बाल बच गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह से आशीष को ग्रिल के नीचे निकालकर इलाज के लिए आटो से मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा। मरहम पटटी के बाद आशीष ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में मौत होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी नगर थाना को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले मुहल्ले के लोग शव को लेकर चले गए और मुआवजा की मांग को लेकर गांधी मैदान के सामने बीच मार्ग को जाम कर दिया।

 जाम की सूचना मिलने के बाद सीओ अमर कुमार और नगर थाना प्रभारी अमित लकड़ा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जाम करने वालों से बात की। सीओ ने तत्काल बीस हजार रुपया देकर आश्वासन दिया कि मां चिंकी देवी को तत्काल वृद्धापेंशन दी जाएगी। इसके लिए प्रशासन से मिलने वाली हर सहायता प्रदान की जाएगी। उनके इस आश्वासन के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जाम समाप्त कराया।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 10 2024, 19:53

दुमका : जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में सामने आये 374 मामले, अधिकांश मामले जमीन विवाद से जुड़ा, कुछ मामलों का तुरंत किया गया निदान


दुमका : राज्य सरकार की पहल और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर झारखण्ड के दुमका में पुलिस विभाग द्वारा मंगलवार को आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में 374 मामले सामने आये।

 कार्यक्रम के दौरान दुमका नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहनेवाले लोगों की शिकायतें सबसे ज्यादा मिली। जिले के चार स्थानों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें सदर अनुमंडल में 133, जरमुंडी अनुमंडल में 149, मसलिया एवं टोंगरा थाना क्षेत्र से 57 और शिकारीपाड़ा एवं रानेश्वर से 35 लोगों की शिकायत से संबंधित आवेदन विभाग को मिले।


 लोगों की अधिकांश शिकायतें जमीन विवाद से जुड़ी हुई थी। इसके अलावा छेड़खानी, पुराने मामलों में आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना, अनुसन्धान सहित अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल थी। कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों के आवेदन का पंजीकरण कर उन्हें उसकी रिसिविंग रसीद भी दी गयी। कार्यक्रम को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखा और लोगों में पुलिस के प्रति एक विश्वास जगा। 

लोगों ने उचित न्याय की उम्मीद भी जतायी। 

इससे पूर्व कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन झारखण्ड जगुआर एसटीएफ के डीआईजी इंद्रजीत महथा ने की। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा, अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार, एसडीपीओ विजय महतो, डालसा ए सदस्य सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद थे।

डीआईजी इंद्रजीत महथा को दुमका में आयोजित कार्यक्रम का प्रभारी अधिकारी बनाया गया था। डीआईजी इंद्रजीत महथा में कहा कि इस कार्यक्रम से लोगों में न्याय की उम्मीद जगी है और पुलिस लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर तेजी से समाधान करने की पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि सिविल से जुड़े मामलों को संबंधित विभागों को हस्तातंरित कर दिया जाएगा। कुछ मामलों का दो से तीन दिनों के भीतर समाधान कर दिया जाएगा और इसकी सूचना भी शिकायतकर्ता को दे दी जाएगी। जनता की शिकायतों की मॉनिटरिंग एसपी लगातार करेंगे। कहा कि पुलिस मुख्यालय की कोशिश है कि हर महीने इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। 

वहीं दुमका के एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि अधिकांश मामले जमीन विवाद से जुड़े हुए है। सभी शिकायतों को अलग अलग कैटेगरी में बांटकर उन शिकायतों की जाँच एवं त्वरित निदान किया जाएगा। शिकायतकर्ता अपनी शिकायतों को ट्रैक भी कर सकते है जिसकी सूचना पुलिस विभाग देगी। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, साइबर फ़्रॉड से जुड़ी शिकायतों के लिए 1930 डायल और बच्चियों या किसी महिला के साथ छेड़खानी स्वागत जुड़ी शिकायतों के लिए डायल 112 के महत्व की जानकारी भी दी गयी।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 10 2024, 10:24

दुमका : जन शिकायत समाधान कार्यक्रम की तैयारी पूरी, पुलिस के अधिकारी आज सुनेंगे जनता की शिकायतें, ऑन द स्पॉट होगा समाधान


दुमका : सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस और आमलोगों के बीच अविश्वास और दूरी को मिटाने के मकसद से मांगलबार को जिले के चार स्थानों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 


कार्यक्रम के तहत पुलिस के अधिकारी जनता की शिकायतों और समस्याओं को सुनेंगे और उनके आवेदन पर उचित कार्रवाई करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है।

दुमका के सिदो कान्हू मुर्मू इंडोर स्टेडियम में नगर थाना, मुफ्फसिल थाना, गोपीकांदर थाना, काठीकुंड थाना, दिग्घी ओपी एवं मसानजोर ओपी, मसलिया के दलाही पंचायत भवन में मसलिया थाना एवं टोंगरा थाना, जरमुंडी डाक बंगला में जरमुंडी थाना, जामा थाना, तालझारी थाना, हँसडीहा थाना, रामगढ़ थाना एवं सरैयाहाट थाना और शिकारीपाड़ा के राजबाँध मध्य विद्यालय में शिकारीपाड़ा थाना एवं रानेश्वर थाना के अंतर्गत आनेवाले जनता की शिकायत एवं समस्याओं को सुना जाएगा।

पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने रविवार को को इंडोर स्टेडियम दुमका में होने वाले जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के तैयारियों का जाएजा लिया।

पुलिस अधीक्षक श्री खेरवार ने निरीक्षण के क्रम में पुलिस पदाधिकारी को विशेष दिशा निर्देश दिया और सभी पुलिस पदाधिकारी को आमलोगों के साथ विनम्रता से पेश आने को कहा।

एसपी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आयोजन स्थल पर जनता की पुलिस से संबंधित शिकायतों को प्राप्त करना एवं उक्त शिकायतों का पंजीकरण किया जाना है।कहा कि कार्रवाई योग्य शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी ढंग निवारण किया जाएगा। शिकायतों पर पुलिस के द्वारा की गई कार्रवाई की सूचना भी शिकायतकर्ता को भेजी जाएगी। कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में वरीय पदाधिकारियों के संज्ञान में संबंधित विषय को प्रेषित किया जाएगा और साथ ही जिस जन शिकायतों पर कार्रवाई संभव नहीं है, उनकी भी जानकारी शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराया जाएगा।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 08 2024, 21:41

दुमका : विश्वकर्मा समाज का प्रतिभा सम्मान सह विशिष्ट सम्मान समारोह, 80 प्रतिभाशाली बच्चों को किया गया सम्मानित


दुमका : झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज के तत्वावधान में रविवार को जोहार संस्थान के सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह सह विशिष्ट सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष गंगाधर शर्मा ने की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी एवं विशिष्ट अतिथि संगठन के प्रदेश प्रधान महासचिव संतन शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप शर्मा मौजूद थे। 

कार्यक्रम के दौरान पायल कुमारी जरमुंडी, संगीता शर्मा, शिवम शर्मा, अमित शर्मा, हीरालाल शर्मा, आराध्या शर्मासहित 80 बच्चों को सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि डॉ लुईस मरांडी ने कहा कि सभी लोग पढ़ लिखकर इंजीनियर बनते हैं लेकिन विश्वकर्मा समाज जन्म से ही इंजीनियर है। समाज के इतने बच्चे पढ़ाई के क्षेत्र में अच्छा रिजल्ट कर रहा है, इन बच्चों को किसी भी तरह की समस्या हो उनका निदान करने के लिए मेरा घर का दरवाजा हमेशा के लिए खुला है मैं विश्वकर्मा समाज के साथ कंधे से कंधे मिलाकर हमेशा खड़ी रहूंगी।

प्रदेश प्रधान महासचिव संतान शर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के बच्चों को इंजीनियरिंग प्रशासनिक क्षेत्र एवं चिकित्सा के क्षेत्र में जाना चाहिए। जिससे समाज और देश का भला हो सके। जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल ने कहा कि सभी पिछड़ी जाति को एकजुट होकर आरक्षण के लिए संघर्ष के करना होगा। जिला अध्यक्ष गंगाधर शर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के गरीब बच्चों के लिए जो नौवी और दसवी के विद्यार्थी हैं उनके लिए फ्री कोचिंग की व्यवस्था किया जाएगा। जिससे गरीब बच्चों को पढ़ने में किसी तरह की असुविधा न हो और समाज में अपना नाम रोशन कर सके।

प्रदेश महासचिव डॉ विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि यह बच्चे हमारे समाज एवं देश का गौरव है। इन बच्चों को सांचे में ढाल कर समाज का नवनिर्माण का नींव रखना पड़ेगा। जिससे आर्थिक महाशक्ति बन सके। कार्यक्रम को चिकित्सक डॉ मनीष भारती, डॉ शमीम अंसारी, कांग्रेस के श्यामल किशोर सिंह, जिलाध्यक्ष महेश चंद्रवंशी, शुशांत शेखर भूई, दिलीप शर्मा आदि ने संबोधित किया। 

कार्यक्रम में मंच संचालन महिला महासचिव सोनम शर्मा एवं रूबी शर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला महासचिव रवींद्र शर्मा ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश जिला उपाध्यक्ष जयराम शर्मा, प्रदेश महासचिव जयप्रकाश शर्मा, प्रदेश सचिव पवन शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अरुण शर्मा, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष लता शर्मा, महिला महासचिव सोनम शर्मा रूबी शर्मा रेनू शर्मा, बेबी देवी, जरमुंडी प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, मसलिया प्रखंड अध्यक्ष बैजनाथ शर्मा, त्रिभुवनमिस्त्री, प्रकाश शर्मा, हरिहर राणा, कपिल देव शर्मा, संजय शर्मा सहित समाज से जुड़े कई लोग उपस्थित थे।  

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 08 2024, 21:35

दुमका : 65 वी जयंती पर याद किए गए भागवत राउत, नेत्रहीन विद्यालय में बच्चों के साथ काटा गया केक


दुमका : सरदार भागवत राउत विचार मंच और पटेल सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महुआ डंगाल स्थित गायत्री मंदिर परिसर में समाजसेवी एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य भागवत राउत की 65 वी जयंती मनायी गयी। इस अवसर पर भागवत राउत के तैल्यचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया गया।

वहीं भागवत राउत की जयंती पर श्रीअमड़ा स्थित नेत्रहीन विद्यालय में नेत्रहीन बच्चों के साथ बीके जयमाला ने सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मदिन मनाया। संगठन द्वारा नेत्रहीन विद्यालय के साथ नेशनल यूथ ब्लाइंड एसोशियेशन के हॉस्टल में सभी बच्चों के बीच बिस्कुट, चॉकलेट, केक, लड्डू बाटकर सरदार भागवत राउत को याद किया गया।

कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संचालिका बी के जयमाला, बी के रेखा, राधेश्याम बर्मा, दिवंगत भागवत राउत की धर्मपत्नी व जिला परिषद सदस्य चिंता देवी, जय माता दी सेवा समिति के अध्यक्ष राजेश राउत, मंच व संघ के सचिव संदीप कुमार जय बमबम, विजय राउत, बिनोद राउत, राजेश राउत, अमरेश सिन्हा, जगदेव राउत, अशोक राउत, पंकज राउत, संतोष राउत, राकेश सिंह, राजनीकांत राउत, अनुज राउत, रविकांत राउत, कुंदन कुमार, ऋषभ सिंह, दिग्विजय राणा, प्रीतम कुमार, किशन राउत, अक्षत कुमार, संजीव दे कृष्णा, आदर्श लाहा सहित छात्र -छात्राएं एवं अन्य लोग मौजूद थे। 

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 08 2024, 21:29

दुमका : हिजला में सड़क निर्माण कंपनी के वाहनों में लगी आग, मची अफरा-तफरी, एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा


दुमका : मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हिजला में बीती रात सड़क निर्माण से जुड़ी एक कंपनी के वाहनों में अचानक आग लग गयी। आग लगने के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गयी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। 

P

वहीं पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुट गयी है। आग कैसे लगी, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है। आगलगी से करीब 50 लाख से अधिक के नुकसान होने की आशंका जतायी जा रही है। रविवार को पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

दरअसल पथ निर्माण प्रमंडल द्वारा डंगालपाड़ा शिव मंदिर चौक से हिजला भाया हरणाकुण्डी तक करीब साढ़े छह किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। बीते 15 अगस्त से निर्माण कार्य शुरू हुआ है। सड़क का निर्माण करा रही रांची की केएमपी कंपनी के तीन वाहन में शनिवार की रात करीब दो बजे आग लग गई। आग से एक ट्रैक्टर, एक ग्रेडर और एक रोलर पूरी तरह से जल गया। इसकी कीमत करीब 50 लाख रूपये से अधिक बतायी जा रही है। कंपनी के प्रबंधक ने किसी पर शंका जाहिर नहीं करते हुए थाना में शिकायत की है। सड़क निर्माण के देखरेख के लिए कंपनी के प्रबंधक सह मुंशी अशोक कुमार ने बबलू पासवान का मकान किराए पर लिया है। घर के बाहर काम होने के बाद सारे वाहन खड़े होते हैं।

 रात करीब दो बजे कंपनी के कर्मियों ने प्रबंधक को सूचना दी कि तीन वाहन में आग लगी हुई है। मौके पर जाकर देखा तो तीनों वाहन से लपटे उठ रही थी। प्रबंधक ने इसकी सूचना नगर थाना की पुलिस को दी। पुलिस के आने तक कर्मियों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। रविवार की दोपहर को पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने घटना स्थल का जायजा लिया। कर्मियों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी आग लगने का कारण नहीं बता सका। यहां तक रंगदारी जैसी बात से साफ इंकार किया।

कंपनी के प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि जब से काम होना शुरू हुआ है, तब से यहां के लोग काफी खुश है। रोज काम जल्द पूरा करने के लिए कहते हैं। आज तक न तो किसी ने गलत बात की और ना ही रंगदारी की मांग की। किसी ने कुछ देखा भी नहीं है। इसलिए किसी पर आरोप लगाना भी ठीक नहीं है। पुलिस को आवेदन दे दिया है, वह अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।

इधर मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक नितीश कुमार ने कहा कि कंपनी के प्रबंधक ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। स्वयं आग लगने की बात कही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 07 2024, 23:00

दुमका : बांग्लादेशी घुसपैठ मुद्दे पर बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा का 18 को जन आक्रोश प्रदर्शन, कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार

दुमका : संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर बीजेपी अब सड़कों पर उतरेगी। 18 सितम्बर को पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ता जन आक्रोश रैली निकालेंगे और जिला मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्देशित इस कार्यक्रम को लेकर शनिवार को स्थानीय परिसदन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू ने की।

बैठक में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, जामा से पूर्व प्रत्याशी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश मुर्मू तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अंजुला मुर्मू उपस्थित थी।

बैठक के दौरान जन आक्रोश प्रदर्शन की रूपरेखा पर चर्चा की गयी। मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू ने कहा कि संथाल परगना में हो रही बांग्लादेशी घुसपैठ से न केवल क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है। इस घुसपैठ के खिलाफ जनजाति मोर्चा का संघर्ष निर्णायक होगा।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश मुर्मू ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र की अस्मिता और भविष्य की रक्षा के लिए है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा इस चुनौती को हर हाल में समाप्त करेगा और इस घुसपैठ को रोकने के लिए सरकार पर दबाव बनाएगा।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जन आक्रोश प्रदर्शन में क्षेत्र के सभी गांवों और समुदायों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मार्शल ऋषिराज टुडू, जिला मंत्री गुंजन मरांडी, सोनी हेंब्रम, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू, विमल मरांडी, क्रिस्टोफर मुर्मू, मार्टिन मुकेश मरांडी, शिबलाल मुर्मू , सामुएल मुर्मू , रविन्द्र बास्की, इब्राहीम टुडू , सुनील मरांडी , मनोहर हेंब्रम मनोहर मरांडी, रेखा हेंब्रम, सुकलाल सोरेन, परिमल सोरेन, सोनोत हांसदा, विभीषण मुर्मू नरेन्द्र मुर्मू , कांदन हेंब्रम , दिनेश सोरेन जोसेफ मरांडी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 06 2024, 20:11

दुमका : जाँच के साथ लोगों को बताया जा रहा सड़क सुरक्षा का महत्व, 25 वाहनों से एक लाख का दंड, डीटीओ ने की कार्रवाई


दुमका : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नकेल कसने के साथ ही लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए परिवहन विभाग की मुहिम जारी है। जिला परिवहन पदाधिकारी जय प्रकाश करमाली के नेतृत्व में शुक्रवार को रामगढ़ में सघन वाहन जाँच अभियान चलाने के साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। 

इस दौरान करीब 150 छोटी एवं बड़ी वाहनों की जाँच की गयी जिसमें 25 वाहनों से एक लाख छह हजार रूपये जुर्माना वसूला गया। इन वाहन मालिकों में से किसी के पास जरुरी कागजात की कमी थी तो कोई बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट बांधे चल रहा था। जाँच के दौरान एक ट्रेक्टर का सीजर भी काटा गया। डीटीओ श्री करमाली ने कहा कि जाँच के दौरान वाहन मालिकों एवं चालकों को सड़क सुरक्षा का महत्व बताया गया और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गयी। वहीं आमलोगों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर एवं ब्रोशर बांटा गया।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)