Dumka

Sep 07 2024, 23:00

दुमका : बांग्लादेशी घुसपैठ मुद्दे पर बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा का 18 को जन आक्रोश प्रदर्शन, कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार

दुमका : संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर बीजेपी अब सड़कों पर उतरेगी। 18 सितम्बर को पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ता जन आक्रोश रैली निकालेंगे और जिला मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्देशित इस कार्यक्रम को लेकर शनिवार को स्थानीय परिसदन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू ने की।

बैठक में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, जामा से पूर्व प्रत्याशी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश मुर्मू तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अंजुला मुर्मू उपस्थित थी।

बैठक के दौरान जन आक्रोश प्रदर्शन की रूपरेखा पर चर्चा की गयी। मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू ने कहा कि संथाल परगना में हो रही बांग्लादेशी घुसपैठ से न केवल क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है। इस घुसपैठ के खिलाफ जनजाति मोर्चा का संघर्ष निर्णायक होगा।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश मुर्मू ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र की अस्मिता और भविष्य की रक्षा के लिए है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा इस चुनौती को हर हाल में समाप्त करेगा और इस घुसपैठ को रोकने के लिए सरकार पर दबाव बनाएगा।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जन आक्रोश प्रदर्शन में क्षेत्र के सभी गांवों और समुदायों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मार्शल ऋषिराज टुडू, जिला मंत्री गुंजन मरांडी, सोनी हेंब्रम, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू, विमल मरांडी, क्रिस्टोफर मुर्मू, मार्टिन मुकेश मरांडी, शिबलाल मुर्मू , सामुएल मुर्मू , रविन्द्र बास्की, इब्राहीम टुडू , सुनील मरांडी , मनोहर हेंब्रम मनोहर मरांडी, रेखा हेंब्रम, सुकलाल सोरेन, परिमल सोरेन, सोनोत हांसदा, विभीषण मुर्मू नरेन्द्र मुर्मू , कांदन हेंब्रम , दिनेश सोरेन जोसेफ मरांडी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 06 2024, 20:11

दुमका : जाँच के साथ लोगों को बताया जा रहा सड़क सुरक्षा का महत्व, 25 वाहनों से एक लाख का दंड, डीटीओ ने की कार्रवाई


दुमका : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नकेल कसने के साथ ही लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए परिवहन विभाग की मुहिम जारी है। जिला परिवहन पदाधिकारी जय प्रकाश करमाली के नेतृत्व में शुक्रवार को रामगढ़ में सघन वाहन जाँच अभियान चलाने के साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। 

इस दौरान करीब 150 छोटी एवं बड़ी वाहनों की जाँच की गयी जिसमें 25 वाहनों से एक लाख छह हजार रूपये जुर्माना वसूला गया। इन वाहन मालिकों में से किसी के पास जरुरी कागजात की कमी थी तो कोई बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट बांधे चल रहा था। जाँच के दौरान एक ट्रेक्टर का सीजर भी काटा गया। डीटीओ श्री करमाली ने कहा कि जाँच के दौरान वाहन मालिकों एवं चालकों को सड़क सुरक्षा का महत्व बताया गया और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गयी। वहीं आमलोगों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर एवं ब्रोशर बांटा गया।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 06 2024, 17:29

दुमका : टीवीएस ने पेश की ऑल न्यू जूपिटर 110, नई टेक्नोलॉजी व कई फीचर्स से लैस जूपिटर-110 ग्राहकों का बनेगा अटूट साथी -अनुराग

दुमका : नेक्स्ट जेनरेशन के इंजन और भविष्य के लिहाज से कई फीचर्स से लैस टीवीएस की 113 सीसी की ऑल न्यू टीवीएस जूपिटर 110 अब दुमका की सड़कों पर भी दौड़ती दिखेंगीं।

 टीवीएस मोटरसाइकिल के अधिकृत विक्रेता भालोटिया बाइक्स में शुक्रवार को नई टेक्नोलॉजी से लैस और स्कूटी श्रृंखला में नये सिरे से तैयार ऑल न्यू टीवीएस जूपिटर लांच की गयी। टीवीएस मोटर कंपनी के एरिया मैनेजर अनुराग सिंह ने इस स्कूटर को लांच किया। 

मौके पर टेरिटरी मैनेजर सौम्या मल्लिक, अधिकृत विक्रेता संजय भालोटिया एवं राकेश भालोटिया, सेल्स ऑफिसर दीपक कुमार सहित अनिल मंडल, ओम, सौरभ आदि उपस्थित थे।

एरिया मैनेजर अनुराग सिंह ने कहा कि कंपनी की यह नई पेशकश ग्राहकों को खुश रहने के साथ ही टीवीएस जूपिटर ब्रांड के प्रति उनका प्रेम बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि न्यू टीवीएस जूपिटर 110 के डिजाइन को ज्यादा से ज्यादा आरामदायक बनाने और नई टेक्नोलोजी के साथ तराशा गया है। यह स्कूटर इनफिनिटी लाइट बार, एलईडी हेंडलैम्प, हल्का वजन, कॉम्पैक्ट और फ्यूचरिस्टिक हाई परफॉर्मेंस वाला इंजन, आइगो असिस्ट आदि से सुसज्जित है। 

कहा कि इसमें डबल हेलमेट स्पेस की सुविधा है और सुरक्षा व नये तकनीक से साथ ज्यादा माइलेज देनेवाला स्कूटर है। साथ ही इसमें ऑटो स्टार्ट स्टॉप कार्यक्षमता और इंटिग्रेटेड स्टार्टर जेनरेटर के साथ इग्निशन सिस्टम है जिसका उद्देश्य ओवरटेकिंग और चढ़ाई के दौरान बैटरी से बिजली का इस्तेमाल कर परफॉर्मेंस को बढ़ाना है। 

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 05 2024, 19:06

दुमका : बूथ सशक्तिकरण पर भाजपा नगर की बैठक, मजबूत बूथ संरचना ही चुनावी जीत की नींव - डॉ लुईस

  दुमका: भाजपा दुमका नगर
की गुरुवार को पार्टी के जिला कार्यालय में हुई बैठक में बूथ समितियों का सत्यापन एवं बूथ सशक्तिकरण पर चर्चा की गयी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के नगर अध्यक्ष अमित रक्षित ने की। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री एवं दुमका नगर प्रभारी डॉ. लुईस मरांडी भी मौजूद थी।

डॉ. लुईस मरांडी ने बूथ सशक्तिकरण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत बूथ संरचना ही किसी भी चुनावी जीत की नींव होती है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को और सशक्त बनाएं ताकि आने वाले चुनावों में पार्टी को  अच्छी सफलता मिल सके।


नगर अध्यक्ष अमित रक्षित ने कहा कि बूथ समितियों का सत्यापन और उनकी मजबूती सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। बैठक में बूथ समितियों के सत्यापन की योजना बनाई गई और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर सहमति बनी। साथ ही बूथ स्तर पर होने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

  बैठक में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बिट्टू, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू, महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता साह, अजय गुप्ता, सुनील गुप्ता, कुणाल झा, अमर सिंह, विशाल रक्षित, आयुष यादव, मनोज रक्षित, आनंद कुमार राजू, राजीव रंजन, नरेंद्र प्रसाद साह, ओम  केसरी, अखिलेश सिंह, मो  जमील अख्तर, गोपाल कुमार साह सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 04 2024, 20:02

दुमका : काठीकुंड के बड़तल्ला में आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम, डीसी ने लिया जायजा


दुमका : जिले के काठीकुंड प्रखंड के बड़तल्ला पंचायत सचिवालय में बुधवार को आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने जायजा लिया। उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाएं हर योग्य व्यक्ति तक ससमय पहुंचे, इसी संकल्प के साथ जिला प्रशासन निरंतर काम कर रहा है।

जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार लाभुकों को चिन्हित करते हुए योजनाओं का लाभ देने का काम कर रहे हैं। कहा कि 30 अगस्त से 15 सितंबर तक आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है।

कहा कि कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन तथा प्रखंड के अधिकारी आपके पंचायत तक पहुँचकर आपकी समस्याओं को दूर करने का कार्य करेंगे। 

उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व है कि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाकर योग्य लाभुकों को योजना का लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे लोग दूरी के कारण प्रखंड कार्यालय तथा मुख्यालय नहीं पहुंच पाते हैं।प्रखंड कार्यालय तथा मुख्यालय पहुंचने के लिए दिन भर के सारे कामों को छोड़ना पड़ता है। 

इसलिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है ताकि आपके पास पहुँचकर आपकी समस्याओं को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोगों के लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है लेकिन जागरूकता के अभाव में लोग योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

 कार्यक्रम के दौरान स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा योजनाओं का लाभ लें। 

उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लाभुक को प्रशासन के समक्ष लाने का कार्य करें ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जा सके। बड़तल्ला में आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा कैम्प लगाकर लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किये जा रहे थे ताकि उन्हें कल्यणकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके। इस दौरान उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने स्टॉल का निरीक्षण किया एवं सांकेतिक रूप से चार लाभुकों के बीच झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 03 2024, 22:25

दुमका : दिव्यांग नाबालिग के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार, एसपी ने कहा - आरोपी के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

दुमका : झारखण्ड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

 मामले में पुलिस ने आरोपी सतीश हांसदा को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं पीड़िता को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मेडिकल जाँच कराया गया। पीड़िता की स्थिति फिलहाल सामान्य बतायी जाती है। मामले में आरोपी के खिलाफ शिकारीपाड़ा थाना में कांड संख्या 82/24 के अंतर्गत बीएनएस की धारा 65 (2) एवं पॉस्को के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को मंगलवार की शाम न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। 

पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि पीड़िता की माँ ने आरोपी के खिलाफ शिकारीपाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। आरोपी पश्चिम बंगाल के वीरभूम के मोहम्मद बाजार का रहनेवाला सतीश हांसदा है। आरोपी सतीश शिकारीपाड़ा के एक गाँव में अपने एक रिश्तेदार के घर घूमने आया था।

 कहा कि बीते सोमवार को आरोपी ने दिव्यांग नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद फरार होने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से आरोपी को धर दबोचा गया। कहा कि पुलिस पूरे मामले की हर बिंदु पर जाँच कर रही है और दोषी को कड़ी सजा दिलायी जाएगी। पीड़िता की स्थिति फिलहाल ठीक है। 

पीजेएमसीएच के अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अनुकरण पूर्ति ने कहा कि पीड़िता की मेडिकल जाँच के लिए बोर्ड का गठन किया गया है। पीड़िता दिव्यांगता की वजह से बोलने में असमर्थ है। फिलहाल पीड़िता की स्थिति सामान्य है। वहीं समाजसेवी अमन राज ने कहा कि पीड़िता बहुत ही गरीब परिवार से और दिव्यांग है। पूरे मामले की उचित जाँच कर आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Sep 01 2024, 21:18

दुमका : झामुमो विधायक बसंत सोरेन का मना जन्मदिन, पार्टी ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन

दुमका : झामुमो विधायक बसंत सोरेन का जन्मदिन रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर झामुमो नगर कमेटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें विधायक बसंत सोरेन भी मौजूद रहे । रक्तदान शिविर पर कार्यकर्ताओं द्वारा 25 यूनिट रक्तदान किया गया। विधायक श्री बसंत ने कहा कि रक्तदान महादान है और ऐसे कार्यक्रम होते रहने चाहिए जिससे लोगों में जागरूकता फैले।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर प्रभारी रवि यादव ने की। मौके पर शिव कुमार बास्की, शिवेंदु चक्रवर्ती, दिनेश मुर्मू, आनंद गुटगुटिया,पराक्रम शर्मा, आदित्य श्रीवास्तव, सूरज सिंह , कुणाल राज, गौरव झा, ईश्वर कुमार, तुषार मिश्रा, कृति रंजन मुखर्जी, सोनू दास, ऋतिक गोस्वामी, सोनू शेख, मनोज रजक, रंजीत ठाकुर, राहुल दास, सुफल रजवार, पप्पू राउत, गौरव कुमार दास, बाल गोविंद राय, माणिक मिर्धा, इंदु चौबे, गीता देवी, कृष्णा देवी समेत कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 30 2024, 21:29

दुमका : पेट्रोल पंप के बाहर कंटेनर की चपेट में आये दंपति की मौत, कंटेनर जब्त, चालक फरार


दुमका : जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के इंदरबनी पेट्रोप पंप के पास कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की देर शाम की है। हादसे के बाद भाग रहा चालक कंटेनर को मसानजोर के समीप छोड़कर भाग गया जिसे मसानजोर पुलिस ने जब्त कर लिया है।

दंपति की मौत के बाद नाराज लोगों ने दुमका-सिउड़ी मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस लोगाें को समझा बुझाकर शव कब्जे में लेने का प्रयास कर रही है।

शव की पहचान मृतक 59 वर्षीय बाबूराम हेम्ब्रम और पत्नी बसंती सोरेन के रूप में हुई है। बाबूराम शिकारीपाड़ा के सरायदाहा गांव का रहने वाला था और मसलिया के प्लस टू विद्यालय में शिक्षक था। बताया जाता है कि विद्यालय से आने के बाद शिक्षक पत्नी बसंती सोरेन के साथ कहीं जा रहे थे। उन्होंने पेट्रोल पर बाइक में तेल भरवाया। तेल लेने के बाद जैसे ही पंप से बाहर सड़क की ओर आए, तभी मसानजोर की ओर जा रहे कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। पहिया के नीचे आने के बाद भी चालक दंपति को रौंदता हुआ भाग निकला। हादसे के बाद लोगों ने दुमका - सिउडी मुख्य मार्ग को जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी हरि प्रसाद साह मौके पर पहुंचे। 

ग्रामीणों ने बताया कि चालक मसानजोर की भागा है। थाना प्रभारी से सूचना मिलने के बाद मसानजोर पुलिस ने सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी का कहना है कि लोगाें को शांत कराकर शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया जा रहा है।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 30 2024, 20:15

दुमका : 3 का कटा सीजर, एक हाइवा जब्त, 42 हजार फाइन, डीटीओ ने चलाया सघन वाहन जाँच अभियान

दुमका : जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में शुक्रवार को काठीकुण्ड प्रखंड के सामने सघन वाहन जाँच अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब एक सौ से अधिक वाहनों की जाँच की गयी। जाँच के दौरान बिना लाइसेंस के चल रहे एक हाइवा गाड़ी को जब्त कर लिया गया जबकि तीन वाहनों का कागजात के अभाव में सीजर काटा गया। डीटीओ जयप्रकाश करमाली ने बताया कि जाँच की प्रक्रिया करीब दो घंटे तक चली। इस दौरान विभिन्न वाहनों से करीब 42 हजार रूपये का फाइन भी काटा गया। 

उन्होंने कहा कि कई वाहन चालक के पास कागजात की कमी थी। वाहन चालकों को स्पीड पर नियंत्रण और पूरी कागजात के साथ सड़क पर वाहनों के परिचालन का सख्त निर्देश दिया गया है। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार, काठीकुण्ड थाना प्रभारी सहित विभागीय कर्मी मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 30 2024, 10:19

दुमका : वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुँचा नया ट्रांसफार्मर, रविवार तक जलापूर्ति सेवा बहाल होने की संभावना


दुमका : उपराजधानी दुमका में पानी की किल्लत से रविवार तक निजात मिलने की संभावना है। बीते चार दिनों से शाहरवासियों को लगातार पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। कुरुवा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में मौजूद ट्रांसफार्मर के जल जाने की वजह से शहरी जलापूर्ति योजना ठप हो गयी है।

 लोग पानी के लिए हलकान है और इधर से उधर भटकना पड़ रहा है। शुक्रवार की सुबह नया ट्रांसफार्मर आने से जलापूर्ति सेवा की रविवार तक बहाल होने की उम्मीद जतायी जा रही है। शुक्रवार को नये ट्रांसफार्मर को इनस्टॉल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी जिसमें करीब 24 घंटे तक का वक्त लगने की संभावना है। उसके बाद जलापूर्ति सेवा को बहाल करने में कुछ घंटों का समय लगेगा। 

नगर परिषद के विशेष कार्यपालक पदाधिकारी शितांशु खालको के मुताबिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में मौजूद ट्रांसफार्मर में आयी खराबी की वजह से जलापूर्ति सेवा ठप हो गयी है। शुरुआती दौर में ट्रांसफार्मर में आयी तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने का प्रयास किया गया लेकिन असफल रहा। 

अब नये ट्रांसफार्मर के इनस्टॉल के बाद ही जलापूर्ति सेवा बहाल होगी। कहा कि फिलहाल टेंकर से पानी की आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है। नगर परिषद को सूचना देकर लोग इस व्यवस्था का लाभ ले सकते है। 

इधर, जलापूर्ति योजना के ऑपरेशन और मैंटनेन्स से जुड़े संवेदक अशोक राउत का कहना है कि प्लांट में विकल्प के तौर पर एक अन्य ट्रांसफार्मर रहना चाहिए ताकि चालू ट्रांसफार्मर में किसी तरह की खराबी आने के बाद विकल्प के तौर पर मौजूद ट्रांसफार्मर को चालू किया जा सके लेकिन विकल्प के तौर पर मौजूद ट्रांसफार्मर की मरम्मति के बाद उसे संबंधित संवेदक द्वारा अब तक चालू नहीं किया गया और प्लांट में यूँ ही पड़ा हुआ है।

 इस संबंध में नगर परिषद को पूर्व में ही सूचना दी जा चुकी है। जिस ट्रांसफार्मर में खराबी आयी है वो जलापूर्ति योजना के चालू होने के बाद से ही चल रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल नया ट्रांसफार्मर प्लांट तक पहुँच चुका है जिसकी इनस्टॉल की प्रक्रिया एक्सपर्ट के द्वारा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि बास्कीचक में इंटेक वेल और कुरुवा में मौजूद ट्रीटमेंट प्लांट में लगी कई उपकरणों को बदलने या मरम्मति की जरूरत है चूंकि ये काफी पुराने और जर्जर हो चुके है। 

अगर समय रहते इसपर ध्यान नहीं दिया गया तो आनेवाले दिनों में कभी भी समस्या उत्पन्न हो सकती है। 

गौरतलब है कि शहरी जलापूर्ति योजना पर शहर की एक बड़ी आबादी निर्भर है। कुरुवा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के समीप एक अन्य जलापूर्ति योजना निर्माणाधीन है हालांकि धीमी गति से चल रही उक्त योजना के निर्माण कार्य पूरा होने में वक्त लग सकता है। फिलहाल शहरी जलापूर्ति योजना ही शहर की एक बड़ी आबादी की प्यास बुझा रहा है लेकिन इस योजना का समय रहते जीर्णोद्धार नहीं किया गया तो कभी भी समस्या उत्पन्न होने पर लोगों को लंबे समय के लिए पानी की किल्लत से जूझना पड़ सकता है लेकिन जनहित से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर ना तो विभाग गंभीर है और ना ही स्थानीय जनप्रतिनिधि। 

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)