Dumka

Aug 27 2024, 20:45

दुमका : संप की 7 लाख 32 हज़ार 906 महिलाओं के बैंक खाते में 73 करोड़ 29 लाख रुपए हस्तांतरित, बीपीएल परिवारों का बकाया बिजली बिल होगा माफ
दुमका : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर राज्यभर की महिलाओं में जो उत्साह एवं खुशी देखने को मिल रहा है, वह अदभुत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का ये उत्साह हमें हर मुसीबतों तथा चुनौतियों से लड़ने की ताकत देता है। आपकी उम्मीदों और भरोसे से हम हर चुनौतियों का डटकर मुकाबला करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। सीएम हेमंत सोरेन मंगलवार को जामा प्रखंड के  पांजनपहाड़ी मैदान में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत संताल परगना प्रमंडल स्तरीय सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी को जो मजबूत और सशक्त करेगा, वही राज्य आगे बढ़ेगा। राज्य के विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी हर हाल में जरूरी है।  यही वजह है कि हमारी सरकार आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।  हमारी सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है ।
सीएम श्री सोरेन ने समारोह का विधिवत उदघाटन के बाद संप के सभी छह जिलों दुमका सहित देवघर, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़ के सात लाख 32 हज़ार 906 महिलाओं के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 73 करोड़ 29 लाख रुपए  हस्तांतरित किया। इस अवसर पर सीएम ने गरीबी रेखा से नीचे रहनेवाले परिवारों का बिजली बकाया बिल माफ करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से चार वर्ष पहले कई ऐसे गांव थे, जहां के लोगों ने कभी ब्लॉक ऑफिस तक नहीं देखा था। डीसी- एसपी ऑफिस के बारे में जिन्हें कोई जानकारी तक नहीं  थी। उनके दरवाजे पर आज पूरी सरकार पहुंच रही है। जिन गांवों में जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है। जहां आवागमन की कोई सुविधा नहीं है, वहां आज बीडीओ- सीओ,  डीसी- एसपी से लेकर विभागों के  सचिव पहुंच कर आपकी समस्याओं को न सिर्फ सुन रहे हैं बल्कि उसका समाधान कर रहे हैं । कहा कि  जिन समस्याओं का निदान तत्काल संभव नहीं है, उसकी जानकारी सरकार तक पहुंचा रहे हैं ताकि उस दिशा में ठोस कदम उठाया जा सके। सरकार की योजनाओं से कोई वंचित नहीं रहे, इसी सोच के साथ कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों को मजबूत किए बगैर राज्य मजबूत नहीं बन सकता है। यही वजह है कि हमारी सरकार रांची हेडक्वार्टर की बजाय गांव- देहात से चल रही है। "आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार" कार्यक्रम के तहत गांव-गांव टोले -टोले में शिविर लगाकर सरकार की योजनाओं से समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी जोड़ने का काम किया गया। यह कार्यक्रम निरंतर चलेगा। हमारा प्रयास आपकी हर समस्या का समाधान करना है
सीएम ने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार कई योजनाएं लेकर आई है। विशेषकर आज मौसम में जिस तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है, उसमे किसानों को पारंपरिक खेती के अलाव वैकल्पिक कृषि के लिए आगे  आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना और मुख्यमंत्री पशुधन योजना जैसी अनेकों योजनाएं हैं, जिससे जुड़कर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में हमारी सरकार  ने इस राज्य और यहां के आदिवासी- मूलवासी, दलित, पिछड़े,अल्पसंख्यक, किसान- मजदूर, बूढ़े- बुजुर्ग,महिला युवा समेत हर वर्ग- तबके के लिए जो कार्य किए हैं, उसने विकास का नया आयाम गढ़ा है। आज राज्य का कोई भी बूढ़ा बुजुर्ग पेंशन से वंचित नहीं है। किसानों के दो लाख रुपए तक के लोन माफ किए गए हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले इसके लिए उत्कृष्ट विद्यालय खोले गए हैं। यहां के बच्चे पढ़- लिख कर आगे बढ़ें, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत उन्हें आर्थिक सहयोग किया जा रहा है। बच्चियों की पढ़ाई आर्थिक तंगी से छूटे नहीं, इसके लिए उन्हें सावित्रीबाई किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ा गया है। इसी तरह की अनेकों योजनाएं हैं जो राज्य  वासियों को आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त कर रही है।
मुख्यमंत्री ने  संताल परगना प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में 7 लाख 32  हज़ार 906 लाभुकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 73 करोड़ 29 लाख 6 हज़ार रुपए सम्मान राशि के रूप में हस्तांतरित कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया।  इनमे दुमका की 1 लाख 58 हज़ार 724, देवघर जिले की  50 हज़ार 152, साहिबगंज जिले की 1 लाख 20 हज़ार 78,  गोड्डा जिले की  1 लाख 58 हज़ार 289, पाकुड़ जिले की 1 लाख 20 हज़ार 110 और जामताड़ा जिले की 1 लाख 25 हज़ार 543  बहन- बेटियां शामिल  हैं। कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बेबी देवी, मंत्री हफीजुल हसन,मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री इरफान अंसारी, सांसद नलिन सोरेन, विधायक  प्रदीप यादव, विधायक  बसंत सोरेन, विधायक बादल, विधायक दिनेश विलियम मराण्डी, विधायक कल्पना सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा, प्रमंडलीय आयुक्त लाल चंद दादेल तथा  संताल परगना प्रमंडल अंतर्गत आने वाले जिलों के  उपायुक्त एवं  पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 27 2024, 15:14

दुमका : सीएम मईया सम्मान योजना के तहत प्रमंडल स्तरीय सम्मान समारोह का सीएम ने किया उदघाटन
7 लाख 32 हजार महिला लाभुकों को मिलेगा फायदा दुमका : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका के पंदन पहाड़ी मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत संताल परगना प्रमण्डलीय स्तरीय सम्मान समारोह का विधिवत उदघाटन किया।

समारोह में संताल परगना के दुमका सहित सभी छह जिलों के लाभुक मौजूद है। समारोह में संताल परगना की करीब सात लाख 32 हजार लाभुकों को सीएम मईया सम्मान योजना के तहत राशि जारी की जाएगी। हर महिला लाभुक को एक हजार रूपये प्रति महीने दी जाएगी।

मौके पर मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी, सत्यानंद भोक्ता, दीपिका पांडेय, हफीजुल हसन सहित झामुमो सांसद नलिन सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, प्रदीप यादव, बादल पत्रलेख, बसंत सोरेन भी मौजूद है।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 25 2024, 21:13

दुमका : बीपी मंडल की 107 वीँ जयंती पर सड़क से सदन तक संघर्ष करने का संकल्प, झारखण्ड पिछड़ा मोर्चा व संप पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा ने लिया संकल्प

 

दुमका : मंडल आयोग के अध्यक्ष बीपी मंडल की 107 वीं जयंती पर झारखण्ड पिछड़ा मोर्चा और संताल परगना पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा ने पिछड़ी जाति के संवैधानिक हक़ और अधिकार के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने का एलान किया है। 

पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में रविवार को सिदो कान्हू मुर्मू इंडोर स्टेडियम में मंडल आयोग के अध्यक्ष बीपी मंडल की 107 वी जयंती के अवसर पर पिछड़ा वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बीपी मंडल की तस्वीर पर माल्यार्पण एवम् पुष्पगुच्छ अर्पित कर किया गया।

मोर्चा के संरक्षक दिवाकर महतो ने मोर्चा के बीते वर्षों का संगठन के संघर्ष और उपलब्धियों की लेखा जोखा पेश किया और संगठन के अध्यक्ष असीम मंडल के योगदान को देखते हुए मोर्चा की ओर से उन्हें सम्मानित किया। दिवाकर महतो ने कहा कि झारखंड गठन से पहले बिहार के समय पिछड़े वर्ग के लिए 27 % आरक्षण मिलता था, परन्तु झारखंड अलग राज्य बनने के बाद की सरकार ने संविधान प्रदत्त अधिकारों में कटौती कर 14% कर दिया गया।पुनः रघुवर सरकार के द्वारा पिछड़ों को दो वर्गों में बांटकर ओबीसी 1 को आठ तथा ओबीसी 2 को छह प्रतिशत कर संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया गया।

अध्यक्ष असीम मंडल ने कहा अबिलंब झारखंड राज्य में जाति जनगणना कराकर जनसंख्या के आधार पर समुचित आरक्षण दिये जाने, पंचायत को ईकाई मानकर अनुसुचित क्षेत्र का निर्धारण कर पिछड़े जातियों मुखिया, प्रमुख, जिला परिषद के अध्यक्ष पदों पर चुनाव लड़ने की अधिकार सुनिश्चित करने तक की लड़ाई सड़क से लेकर से संसद तक किया जायगा।

सभास्थल में जिसकी जितनी संख्या भारी, उनकी उतनी भागीदारी का नारा लगता रहा। प्रधान महासचिव डॉ अमरेन्द्र यादव ने कहा कि कोलेजियम पद्धति को समाप्त कर समाज के सभी वर्गों को न्यायपालिका में समुचित भागीदारी सुनिश्चित करने, पिछड़ा वर्ग आयोग के अनुसंशा के आलोक में तत्काल पिछड़े वर्ग को 36% आरक्षण देने संबंधी लड़ाई जारी रहेगा।

अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देने संबंधी मांगों पर ध्वनि मतों से समर्थन कर अविलंब मांगपत्र सभी स्तरों को भेजने की सहमति बनी। शिक्षाविद अनन्त लाल खिरहर ने बीपी मंडल के जीवन और पिछड़ों के लिए किये गये कार्यों को विस्तार से सभा के समक्ष प्रस्तुत किया।

केन्द्रीय महासचिव रंजित जायसवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि निकाय एवम् पंचायत चुनाव व्यवस्था में त्रिपल टेस्ट कराकर चुनाव आरक्षण को सामंजित कर पिछड़ों को उचित हक देना होगा।

महासचिव सीताराम मंडल एवं दयामय माजि, अजित मांझी और बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष शिवनारायण दर्वे, डा० हनीफ, अर्जुन पंडित, गौतम दर्वे, राम कुमार दर्वे, सुबल चन्द्र महतो, पूर्व मुखिया प्रमोद मंडल, भीम आर्मी के श्रवण कुमार, निरंजन दास, बिहारी यादव, पवित्र मंडल , जयकांत जायसवाल, अतुल्य पंजियारा, प्रेम यादव, अनिता दास, सीमा गोराय, शाहिना परवीन, सचिन कुशवाहा, अनुसुचित एकता मंच के जितेश दास, प्रमुख मरीक, जयदेव गोराय, राजेश रंजन यादव, अजय मंडल, नवनीत शेखर, सुधाकर मंडल, आसियाना खातुन, सवाना परवीन, गौरी देवी, अम्बिका देवी, अशोक मांझी, राजेन्द्र महतो, नारायण बैध, राजेन्द्र प्रसाद,भीम आर्मी के पवन कुमार, दिलीप दास ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एकजुट होकर लंबी लड़ाई लड़ने की अपनी प्रतिबद्धता जतायी। धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक दिवाकर महतो ने किया।

मौके पर केंद्रीय कमेटी के प्रदीप सिंह, प्रमोद पंडित, अशोक कुमार राउत, अशोक यादव, बिनोद यादव, धनंजय यादव, बिनोद यादव, सुबोध यादव भी मौजूद थे। ईधर, कन्वेंशन सेंटर के प्रशाल में रविवार को झारखंड पिछड़ा मोर्चा दुमका के बैनर तले मंडल आयोगके अध्यक्ष बीदेंश्वरी प्रसाद मंडल की जयंती पर पिछड़ा अधिकार महा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता मोर्चा के संयोजक सुधीर कुमार मंडल ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ बीपी मंडल के तस्वीर पर सभी लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। सुधीर मंडल ने कहा कि झारखंड राज्य गठन हुए 24 वर्ष बीतने जा रहा है और इन 24 वर्षों में झारखंड राज्य में बारी -बारी से एनडीए और यूपीए ने सरकार बनाई परंतु पिछड़ा वर्ग का किसी भी राजनैतिक दल ने सुधि तक नहीं ली। एकीकृत बिहार के समय में हम पिछड़ी जातियों को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलता था परंतु राज्य अलग होते ही झारखंड में पिछड़ी जातियों का आरक्षण 27 प्रतिशत से घटाकर 14 प्रतिशत कर दिया एवं जिला रोस्टर में दुमका सहित 7 जिला में पिछड़ी जाति का आरक्षण शून्य कर दिया गया जो बहुत ही दुर्भाग्य की बात है।

मोर्चा के नेता राधेश्याम वर्मा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जो सरकार पिछड़ा समाज के हित व आरक्षण नहीं देंगे तो उस सरकार को हमलोग उखाड़ फेकना है। वरुण यादव ने कहा कि हमें सभी राजनैतिक दलों से मोहभंग कर पिछड़ा वर्ग के हित के लिए सड़क से लेकर संसद तक एकजुट होकर लड़ाई लड़नी हैं तभी हमलोगों को अधिकार मिलेगा। मंच संचालन जयप्रकाश यादव एवं धन्यवाद ज्ञापन भीम प्रसाद मंडल ने किया।

कार्यक्रम को प्रेम केशरी, इंद्रकांत यादव, शोभा देवी, गोकुल बिहारी सेन, जगदीश राय, प्रमोद जयसवाल, नंदकिशोर भंडारी, चंद्रकिशोर सिंह, राजीव गुप्ता, शोभानंद ठाकुर, सदानंद बाबा, ओम मांझी, राजेश मंडल, भरत मंडल, संजय मंडल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद कन्वेंशन सेंटर से मुख्य बाजार तक अधिकार रैली निकाली गई। मौके पर संदीप कुमार जय बमबम, तीर्थनाथ मंडल, प्रशांत मंडल, मोहम्मद कलाम कदारी, राजेश कुमार गुप्ता, घनश्याम साह, राजकिशोर भगत, महादेव मंडल, आनंदी राउत, छोटेलाल मंडल, जितेंद्र साह, संजय जयसवाल, गदाधर दास, धन्नजय मंडल, धर्मराज, लक्ष्मी नारायण साह, लंबोदर यादव, सुभाष मंडल, नरसिंह महतो, लक्ष्मी यादव, प्रफुल्ल मंडल, लक्ष्मीनारायण साह, प्रदीप कुमार दर्वे, निर्मल कुमार रक्षित, रामयश यादव, सुनील यादव,मोहन राउत, मुकेश, संदीप, दिपेश, छोटू, रवि, कलावती देवी, चंपा देवी, रूपा देवी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 25 2024, 21:04

बड़ी खबर: दुमका : तमिलनाडु में फंसे 11 मजदूर! परिजनों ने लगाया बंधक बनाये जाने का आरोप, एसपी ने सकुशल वापसी का दिया भरोसा

दुमका : झारखण्ड की उपराजधानी दुमका के 11 मजदूरों को तमिलनाडु में बंधक बनाये जाने की सूचना है। मामले में पीड़ित मजदूरों के परिजनों ने रविवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार से मिलकर बंधक बनाये गए मजदूरों के सकुशल वापसी की गुहार लगायी है।

 परिजनों का आरोप है कि दुमका एवं आसपास जिले के कुल 11 मजदूरों को तमिलनाडु में बंधक बना लिया गया है और मजदूरों को छोड़ने के एवज में पैसे की मांग की जा रही है। पैसे नहीं देने की सूरत में मजदूरों के साथ मारपीट की जा रही है। परिजन अब तक 25 हजार रूपये भेज चुके है।

एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि मामले की हर पहलु पर जाँच की जा रही है और मजदूरों के सकुशल वापसी का प्रयास किया जा रहा है। एसपी ने कहा कि जिले के अमड़ा पहाड़ी और आसपास के 11 युवक काम की तलाश में तमिलनाडु गए है। उन युवकों को वहाँ रोक लिया गया है और कुछ लोगों द्वारा फोन करके पैसा मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने मिलकर शिकायत की है। मामले में विधि सम्मत कार्रवाई कर हर पहलु पर जाँच की जा रही है। 

जानकारी के मुताबिक बीते 22 अगस्त को दुमका के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सात और आसपास के जिले के चार मजदूरों को किसी साड़ी कंपनी में काम दिलाने के बहाने गांव के ही एक मैठ (बिचौलिया) द्वारा तमिलनाडु ले जाया गया था। वहाँ फंसे दीपक पहाड़िया के भाई विक्रम पहाड़िया ने कहा कि सभी मजदूर आज ही तमिलनाडु पहुँचे थे लेकिन तमिलनाडु के किस शहर या गांव में मजदूरों को ले जाया गया है, इससे परिजन अनभिज्ञ है।

 बाद में मजदूरों के परिजनों को किसी अंजान शख्स द्वारा फोन करके पैसे की मांग की गयी। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका से करीब 25 हजार रूपये भेज दिया। बाद में फिर से पैसे की मांग होने लगी तब परिजनों ने एक स्थानीय समाजसेवी राजू पुजहर के सहयोग से एसपी के पास पहुँचे और मजदूरों के सकुशल वापसी की गुहार लगायी। राजू पुजहर के मुताबिक बंधक बनाये गए मजदूरों का फोन छिन लिया गया है और उनलोगों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। किसी अंजान शख्स द्वारा फोन करके पैसे की मांग की जा रही है। पैसे नहीं देने पर मारपीट की धमकी दी जा रही है।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 24 2024, 20:23

दुमका : लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा ने सीएम का पुतला फूंका, कहा - सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों का किया हनन


दुमका : राजधानी रांची में बीते शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा आक्रोश रैली के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला फूंका। पार्टी जिलाध्यक्ष गौरव कांत के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं ने सीएम हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिलाध्यक्ष गौरव कांत ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इशारे पर झारखंड पुलिस ने सबसे पहले रांची में युवा आक्रोश रैली में शामिल होनेवाले युवाओं को रैली में जाने से रोका। बाद में रैली में पहुंचे युवाओं के साथ अत्याचार किया गया। कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है लेकिन हेमंत सरकार ने पुलिस का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन किया है।उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की नीतियों और तानाशाही रवैये के विरोध में प्रदेशभर में इसी तरह का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

मौके पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य निवास मंडल, जिला महामंत्री पवन केसरी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण किशोर प्रसाद, पिंटू साह, मार्शल ऋषिराज टुडू, मीडिया प्रभारी पिंटू अग्रवाल, मीडिया सहप्रभारी नवल किस्कू, जिला मंत्री सोनी हेंब्रम, नगर अध्यक्ष अमित रक्षित, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज साह, टिंकू गण, ओम केसरी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मनोज साह, युवा मोर्चा अध्यक्ष रूपेश मंडल, महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता साह, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष श्रीधर दास, सुजीत यदुवंशी, प्रवीण सिंह, गांदो मंडल अध्यक्ष गणपति पाल, मणिलाल गिरी, युवा मोर्चा महामंत्री अमन राज, लंबोदर दास, कार्यालय मंत्री दिनेश सिंह, कमल दास, सुधीरपाल, जितेंद्र पांडे, चंदन यादव, दीपांशु कोचगावे, दिवाकर राणा, जमील अख्तर, बैजनाथ यादव, रूप लाल राय, कुश कुमार पाल, रतन मरांडी, जिया लाल राय, ध्यान मुर्मू, संजय राणा, जिया पाल लाल राणा आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 24 2024, 20:21

दुमका : पिछड़ा वर्ग महासम्मेलन सह जयंती समारोह की तैयारी पूरी, बीपी मंडल की जयंती पर समारोह का आयोजन

दुमका : मंडल (पिछड़ा वर्ग) आयोग के निर्माता और अध्यक्ष बीपी मंडल के 107वीं जयंती पर सिदो कान्हू मुर्मू इंडोर स्टेडियम में संताल परगना पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में रविवार को पिछड़ा वर्ग महासम्मेलन सह जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा।

समारोह की तैयारियों को लेकर मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष असीम कुमार मंडल की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित एक बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सक्रिय सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई। 

अध्यक्ष श्री मंडल ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए व्यापक तैयारियां की गई है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से काफी तादाद में ओबीसी समर्थक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। 

मोर्चा के केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारी एवं प्रखंड कमेटी के पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। केंद्रीय प्रधान महासचिव डॉ अमरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि मोर्चा द्वारा हर साल 25 अगस्त को पिछड़ों के मसीहा बीपी मंडल की जयंती पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है । इस साल भी इंडोर स्टेडियम में रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा सम्मेलन के माध्यम से अपने हक और अधिकार के लिए एकजुटता के साथ प्रस्ताव पारित करेंगे जिसमें जातिगत जनगणना कराकर पिछड़ा वर्ग को आबादी के अनुरूप सभी क्षेत्रों में आरक्षण लागू करना, पिछड़ा वर्ग आयोग की अनुशंसा के आलोक में तत्काल नौकरियों में 36% आरक्षण देने, जिला रोस्टर में दुमका सहित सात जिलों का नौकरियों में 36% आरक्षण देने, हर प्रखण्ड एवं जिला मुख्यालयों में पिछड़े वर्ग के छात्र छात्राओं लिए हॉस्टल का निर्माण कराने सहित अन्य मांगे शामिल है। बैठक में महासचिव रंजीत जयसवाल, दयामय माजी, बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष शिवनारायण दर्वे, कोषाध्यक्ष अजीत कुमार मांझी, जयकांत जायसवाल, प्रदीप सिंह, पवित्र कुमार मंडल, रमेश साह, नारायण बैध मिथलेश मंडल सहित अन्य उपस्थित थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 21 2024, 17:22

दुमका : भाजयुमो की युवा आक्रोश रैली 23 को, कार्यकर्ताओं ने रैली को सफल बनाने का लिया संकल्प

*

दुमका : भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा 23 अगस्त को रांची में होने वाली युवा आक्रोश रैली को कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सफल बनाने का संकल्प लिया है। भाजपा के जिला कार्यालय में हुई एक बैठक में रैली को सफल बनाने  पर चर्चा की गई। 

बैठक की अध्यक्षता पार्टी के नगर अध्यक्ष अमित रक्षित ने की।

बैठक में दुमका विधानसभा प्रभारी सत्येंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लुईस मरांडी एवम दुमका भाजपा के सभी प्रदेश से लेकर शक्तिकेंद्र स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

प्रदेश उपाध्यक्ष लुईस मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रैली के जरिये युवाओं के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं को सामने लाया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। 

बैठक में राजीव मिश्रा, कुणाल झा, नवल किस्कू, बिक्की राउत, दीपेन झा, मंटू ठाकुर, मुन्ना पांडे, मलय नाग, गुड्डू चौधरी, बिजय साह, राजकुमार चौरसिया, सुबीर लायक, बिशाल रक्षित, रोहित तिवारी, गौतम केसरी, राजकुमार, अमर सिंह, सोमनाथ तिवारी, ओम केसरी, अमिता रक्षित आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 20 2024, 21:40

दुमका : झामुमो एवं पिछड़ा संघर्ष मोर्चा ने भारत बंद का किया समर्थन, कल बुलायी गयी है बंदी


दुमका : सामाजिक संगठनों द्वारा बुधवार को बुलाये गए भारत बंद के समर्थन में झामुमो कार्यकर्त्ता भी सड़कों पर उतरेंगे। वहीं संताल परगना पिछड़ा संघर्ष मोर्चा ने भी बंद का समर्थन किया है। 

झामुमो के जिला संयोजक मंडली सदस्य शिव कुमार बास्की ने मंगलवार को कहा कि बीते दिनों एससी एसटी के आरक्षण में वर्गीकरण पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिये फैसले के विरोध में सामाजिक संगठनों द्वारा बुधवार को बुलाये गए सम्पूर्ण भारत बंद का पार्टी आलाकमान ने समर्थन देने का निर्णय लिया है।

 उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड कमेटी को अपने अपने प्रखंड में भारत बंद कार्यक्रम में शामिल होकर सक्रिय रूप से अपना समर्थन देने का निर्देश दिया गया है। 

इधर संताल परगना पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा संताल परगना की एक बैठक मोर्चा के संरक्षक दिवाकर महतो के राखाबनी स्थित आवास पर हुई। केंद्रीय अध्यक्ष असीम कुमार मंडल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भारत बंद का समर्थन देने का निर्णय लिया गया। 

केंद्रीय प्रधान महासचिव डॉ अमरेंद्र कुमार यादव ने मोर्चा के तमाम पदाधिकारी एवं सदस्यों से भारत बंद को सफल बनाने का निर्देश दिया। मौके पर रंजीत जयसवाल, दयामय माजी, बिहारी यादव, प्रदीप सिंह, जयकांत जायसवाल, पवित्र कुमार मंडल सहित मोर्चा के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 20 2024, 19:51

दुमका : लाल हेब्रम मेमोरियल फुटबॉल चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला कल, भुरकुंडा व बंगाल की टीम ने सेमीफाइनल में बनायी जगह


दुमका : संताल परगना महाविद्यालय के पीजी ग्राउंड में लाल हेमब्रम मेमोरियल फुटबॉल चैम्पियनशिप के दूसरे दिन मंगलवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में एकता क्लब भुरकुंडा ने मुर्मू ब्रदर दुमका को 3 -0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली। वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में पश्चिम बंगाल की अक्षय 11 ने गोड्डा कॉलेज की टीम को 3 -0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। 

बुधवार को लाल हेमब्रम मेमोरियल फुटबॉल चैम्पियनशिप के पहले सेमीफाइनल मैच में तेतुलिया एफसी निरसा धनबाद और सरना एफसी बीरभूम के बीच भिड़ंत होगी तो वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला अक्षय 11 और एकता क्लब भुरकुंडा के बीच खेला जाएगा। इससे पूर्व चैम्पियनशिप के दूसरे दिन के मैच का उदघाटन विधायक प्रदीप यादव ने किया। 

विधायक श्री यादव में संताल परगना कॉलेज के संस्थापक लाल हेमब्रम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। 

गौरतलब है कि महाविद्यालय के संस्थापक लाल हेमब्रम की पुण्यतिथि पर बीते सोमवार को तीन दिवसीय फुटबॉल चैम्पियनशिप का शुभारंभ पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी ने किया था। 

मौके पर अध्यक्ष दिनेश टुडू, सचिव अनूप हांसदा, इमानुयल, राजीव, श्यामदेव हेमब्रम, ठाकुर हांसदा, सुलिश, बिमल, राजेंद्र, उपेंद्र सहित सभी छात्रावास के छात्रनायक मौजूद थे।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

Dumka

Aug 17 2024, 20:13

दुमका : कोलकाता की महिला रेजिडेंट डॉक्टर की हत्या के विरोध में दूसरे दिन भी चिकित्सकों की हड़ताल जारी, निजी क्लिनिक में भी लटका ताला
दुमका : कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला रेजिडेंट चिकित्सक के साथ हुई दुष्कर्म एवं हत्या के विरोध में दुमका के पीजेएमसीएच के चिकित्सक शनिवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। आईएमए के आह्वान पर उनका समर्थन निजी चिकित्सकों ने किया और निजी क्लीनिक में भी ताला लटका रहा। केवल आपात सेवा में मरीजों की जांच की गई। घटना के विरोध में चिकित्सको का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा।
सुबह नौ बजते ही अस्पताल में मरीजों का आना शुरू हो गया था। चिकित्सक भी ओपीडी बंद कर धरना की तैयारी में जुटे हुए थे।

इसी दौरान जो भी कराहता हुआ मरीज अस्पताल पहुंचा तो चिकित्सकों ने इमरजेंसी में ले जाकर उनकी जांच की। पहले से हड़ताल की सूचना होने के बाद भी रोज की तरह मरीज जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। यहां आकर पता चला कि आज भी ओपीडी बंद रहेगा। बहुत से लोग अपने मरीज को लेकर चले गए। हड़ताल के बाद भी गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों की आपात सेवा में जांच की गई।

वहीं पूरा अस्पताल भर जाने के बाद चिकित्सकों ने धरना प्रदर्शन शुरू किया। चिकित्सकों का कहना था कि महिला चिकित्सक के हत्यारे को फांसी दी जाए और लोगों की सेवा करने वाले चिकित्सकों को सुरक्षा दी जाए। धनबाद से पहुँचे आइएमए के राष्ट्रीय सदस्य डा. सुशील विजय ने कहा कि हत्यारे को ऐसी सजा दी जाए, जिससे समाज में एक संदेश जाए कि इस तरह की हरकत करने वालों का क्या अंजाम होता है। कोलकाता सरकार ने लापरवाही बरती है। हम तो कोलकाता हाईकोर्ट के शुक्रगुजार हैं, जिसने सीबीआइ जांच का आदेश दिया है। इस घटना में और अपराधियों के शामिल होने की संभावना है। कहा कि अब केस सीबीआइ के हाथ में हैं, इसलिए एक भी आरोपित बच नहीं पाएगा। उन्होंने चिकित्सकों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की। हड़ताल में आइएमए के अध्यक्ष डीएन पांडे, सचिव तुषार ज्योति के अलावा सभी सीनियर व जूनियर चिकित्सक शामिल थे।

इधर आइएमए के आह्वान पर निजी क्लीनिक के संचालकों ने क्लीनिक बंद रखा। यहां तक एक भी जांच घर नहीं खुला। मरीज इलाज की बजाय दवा दुकानों पर दवा खरीदकर काम चलाते रहे। हमेशा मरीजों से गुलजार रहने वाला नापितपाड़ा सुनसान नजर आया। इधर, दुमका लैब एसोसिएशन ने भी घटना के विरोध में संस्थान को बंद रखा। सभी संस्थान के संचालक ने दो मिनट का मौन रखा और इस घटना की निंदा की।

(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)