lucknow

Aug 22 2024, 15:42

यूपी में 15 लाख महिलाओं ने खाकी पहनने की दिखाई रुचि,करीब 12 हजार का होना है चयन
लखनऊ । यूपी पुलिस बल में शामिल होने के लिए युवक ही नहीं बल्कि युवतियां बेताब हैं। इसीलिए सिपाही बनकर खाकी पहनने के लिए 15 लाख महिलाओं ने रुचि दिखाई है, जिनमें से करीब 12 हजार का चयन होना है। इसके साथ ही यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या तकरीबन 50 हजार हो जाएगी। इस भर्ती के बाद प्रदेश पुलिस में महिलाओं की 20 फीसदी दावेदारी भी पूरी हो जाएगी। बता दें कि प्रदेश पुलिस में वर्तमान में करीब 37 हजार महिलाएं कार्यरत हैं, जिसमें से 35 हजार नागरिक पुलिस में हैं।

महिलाओं को पुलिस में नौकरी देने में बिहार सबसे आगे

जानकारी के लिए बता दें कि देश भर के पुलिस बल में यदि महिला और पुरुष कर्मियों के अनुपात पर गौर करें तो बिहार पहले स्थान पर है। यूपी में वर्तमान में करीब 12 फीसदी महिलाकर्मी हैं। सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती में महिलाओं के लिए 20 फीसदी आरक्षण का नियम है, जिसके बाद 12 हजार महिलाओं को खाकी पहनने का मौका मिलेगा। इससे प्रदेश पुलिस में महिलाओं की संख्या करीब 50 हजार तक पहुंच जाएगी। वहीं, भर्तियों के बाद यूपी पुलिस बल में महिलाओं का अनुपात भी बढ़ जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद प्रदेश पुलिस में महिलाओं का अनुपात करीब 12 फीसदी से बढ़कर 15 फीसदी हो जाएगा। वहीं पीएसी में तीन महिला वाहिनियों के लिए होने वाली भर्तियों के बाद यह अनुपात 20 फीसदी तक हो जाएगा।

एक पद के 83 उम्मीदवार, करीब 48 लाख आवेदन मिले

पुलिस भर्ती बोर्ड को सिपाही सीधी भर्ती के लिए करीब 48 लाख आवेदन मिले हैं। सिपाही के एक पद के लिए करीब 83 दावेदार हैं। आवेदन करने वालों में करीब 35 लाख पुरुष व 15 लाख महिलाएं हैं। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं ने पुलिस का हिस्सा बनने के लिए आवेदन किया है। महिला सिपाही के एक पद के लिए 125 दावेदार हैं।यदि पुलिस बल में महिलाओं के अनुपात की बात करें तो बिहार सबसे आगे है। बिहार में 25.3 फीसदी महिला पुलिसकर्मी हैं। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में 19.2 फीसदी और तामिलाडु में 18.5 फीसद महिलाकर्मी हैं। पिछले कई वर्षों से प्रदेश पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास हो रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया के लटकने से इसे पूरा नहीं किया जा सका।

इतनी महिलाओं को सिपाही बनने का मिलेगा मौका

पुलिस भर्ती बोर्ड के अनुसार 15 लाख आवेदन सिपाही बनने के लिए महिलाओं ने किए हैं। जिसमें 12 हजार महिलाओं को प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। वर्तमान में 35200 महिलाकर्मी नागरिक पुलिस में कार्यरत हैं। 2500 महिलाकर्मी प्रदेश पुलिस बल की अन्य शाखाओं में कार्यरत है। 50 हजार तक महिलाकर्मी हो जाएंगी हालिया भर्ती प्रक्रिया के बाद। इस प्रकार से देखा जाए तो फिलहार अभी 3.10 लाख पुलिसकर्मी वर्तमान में प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा हैं।


23, 24, 25 एवं 30 और 31 अगस्त कई जिलों में  होगी परीक्षाएं

उत्तर प्रदेश में पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती के पदों पर 23, 24, 25 एवं 30 और 31 अगस्त कई जिलों में परीक्षाएं होगी। इन परिक्षाओं को नकलविहिन एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराये जाने के लिए  पुलिस महानिदेशक यूपी प्रशांत कुमार ने मातहतों को कड़े निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत परीक्षा केन्द्रों के आवागमन मार्ग पर स्थित सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील करा ले। नये सीसीटीवी कैमरे भी पर्याप्त संख्या में अधिष्ठापित कराये। चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर ड्रोन कैमरों से चेकिंग हो। उक्त परीक्षा के परिप्रेक्ष्य में सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर परीक्षा केन्द्रों का स्वयं एवं प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों के साथ स्थलीय भ्रमण करे। परीक्षा केन्द्रों पर भीड न लगने दे।

आपत्तिजनक सामग्री ले जाने पर पूर्णता प्रतिबंध

परीक्षा केन्द्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यन्त्रों का प्रयोग एवं परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन, आईटी गैजेट्स एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री ले जाने पर पूर्णता प्रतिबंध है, इसका सख्ती से पालन कराया जाये। परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश स्थलों पर अभ्यर्थियों की तलाशी में सहयोग के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी (महिला/पुरुष कर्मी) तैनात किये जाए। सोशल मीडिया सेल व जनपदीय अभिसूचना तंत्र को और अधिक सकिय व सतर्क कर दिया जाय। परीक्षा से सम्बन्धित समस्त अफवाहों व अन्य सोशल मीडिया पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेकर अपेक्षित विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उपरोक्त निदेर्शों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाय।

दूसरे राज्य के युवाअों में भी भर्ती में शामिल होने का दिख रहा क्रेज

यूपी पुलिस में 60,244 पदों पर होने वाली सिपाही नागरिक पुलिस की सीधी भर्ती का क्रेज देश के अन्य राज्यों के युवाओं में भी देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि 26 राज्यों एवं 8 केंद्र शासित प्रदेशों से 6,30,481 युवाओं ने भी आवेदन किया है। 23 अगस्त से शुरू होने वाली भर्ती परीक्षा में बड़ी तादाद में अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी शामिल होंगे।सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए सबसे ज्यादा बिहार के युवाओं ने आवेदन किया है। इसके बाद मध्य प्रदेश और राजस्थान के अभ्यर्थी हैं। हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के भी युवा इसमें शामिल होंगे। केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़, दादर एवं नगर हवेली, गोवा, दमन एवं दीव, पुडुचेरी के भी अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा केंद्र तक आने-जाने का बस का नहीं लगेगा किराया

दूसरे राज्यों के अभ्यर्थी भी यूपी में आने के बाद अपने परीक्षा केंद्र वाले जिले में जाने के लिए निशुल्क बस यात्रा का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें एडमिट कार्ड की दो प्रतियां साथ रखनी होंगी, जो टिकट का कार्य करेंगी। परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए उन्हें बस का किराया नहीं देना होगा। अभ्यर्थियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिलों को डीजीपी मुख्यालय और भर्ती बोर्ड की ओर से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को आवागमन, ठहरने आदि के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। खासकर महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने को कहा गया है।

lucknow

Aug 22 2024, 15:40

कुख्यात अनिल भाटी समेत 11 अपराधियों की बदली जेल, शासन ने जारी किया आदेश
लखनऊ । शासन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी अनिल भाटी व रवि नागर समेत 11 अपराधियों की जेल बदले जाने का निर्णय किया है। कारागार विभाग ने प्रशासनिक आधार पर 11 अपराधियों को दूसरी जेलों में स्थानांतरित किए जाने का आदेश जारी कर दिया है।गौतमबुद्धनगर की जिला जेल में बंद गैंगस्टर अनिल भाटी उर्फ सोनू भाटी को जिला कारागार अंबेडकरनगर और रवि नागर उर्फ रवि काना को जिला कारागार बांदा भेजे जाने का आदेश दिया गया है।

गौतमबुद्धनगर जिला जेल में ही बंद कुख्यात जोगेन्द्र उर्फ जुगला को जिला कारागार बहराइच भेजे जाने का आदेश दिया गया है।इसके अलावा उप कारागार देवबंद (सहारनपुर) में बंद कुर्बान को जिला जेल लखीमपुर खीरी, युवराज उर्फ घोलू को जिला जेल आगरा, नौशाद को जिला कारागार कानपुर देहात व अरविंद को जिला कारागार उरई (जालौन) भेजे जाने का आदेश दिया गया है।

जिला जेल चित्रकूट में बंद माफिया अतीक अहमद (अब मृत) के करीबी रहे फरहान अहमद को केंद्रीय कारागार इटावा भेजा जाएगा। वहीं जिला जेल गाजीपुर में बंद अफरोज खां उर्फ चुन्नू को केंद्रीय कारागार बरेली, मु.शाहिद को केंद्रीय कारागार आगरा व सुरेन्द्र शर्मा ड्राइवर को जिला जेल बुलंदशहर स्थानांतरित किए जाने का आदेश दिया गया है।

lucknow

Aug 22 2024, 12:06

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का शुभारंभ सीएम योगी करेंगे, बृजभूमि को 583 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात,हेमा मालिनी प्रस्तुत कर

लखनऊ । तीर्थनगरी मथुरा में 5251वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर हैं। महामहोत्सव का शुभारंभ 25 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में गुब्बारा उड़ाकार करेंगे। सीएम यहां आने के बाद 583 करोड़ रुपये की 137 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसमें मुख्य रूप से बरसाना रोप-वे का उद्घाटन शामिल रहेगा। 25 की रात को विश्राम के बाद 26 को जन्माष्टमी पर जन्मस्थान पर दर्शन कर यहां से रवाना होंगे। इसी के साथ ब्रज मंडल में 5 बड़े मंच, 19 छोटे मंच और 20 प्रमुख मार्गों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हो जाएगा।

प्रख्यात कथक डांसर डॉ. यास्मीन सिंह की पायल की झंकार भी सुनने को मिलेगी

सांसद हेमा मालिनी 25 अगस्त को पांच्जन्य प्रेक्षागृह में सीएम व अन्य भक्तों के समक्ष यशोदा कृष्ण नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगी। उनके साथ मुंबई के कलाकारों की भी टोली होगी। हेमा मालिनी की यह प्रस्तुति करीब 40 मिनट की रहेगी।जन्मोत्सव समारोह में कन्हैया मित्तल के सुरों का जादू बिखरेगा। प्रख्यात कथक डांसर डॉ. यास्मीन सिंह की पायल की झंकार भी सुनने को मिलेगी। इसके अलावा मथुरा, वृंदावन समेत ब्रज के अन्य स्थानों पर 19 छोटे मंचों पर ब्रज के कलाकार अपनी कला का मंचन कर तालियां बटोरेंगे।

मुथरा में सुरक्षा व्यवस्था के किये जा रहे कड़े इंतजाम

एसएसपी शैलेश पांडे का कहना है, ''श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में होने वाले उत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। व्यापक इंतजाम किए गए हैं...श्री कृष्ण जन्मस्थान पर एक प्रमुख कार्यक्रम होता है।'' वृन्दावन के बांकेबिहारी मंदिर में भी लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं...सभी स्थानों पर भक्तों का तांता लगा रहता है, जिसके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है...श्रीकृष्ण जन्मस्थान के पूरे क्षेत्र को विभाजित कर दिया गया है. 3 जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है और ड्यूटी सौंपी गई है...हम श्रद्धालुओं से अनुरोध करते हैं कि वे पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था का पालन करें और सुरक्षा में सहयोग करें।

lucknow

Aug 22 2024, 11:36

उपचुनाव की  संघ ने संभाली कमान, कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर हुआ विचार विमर्श

लखनऊ । यूपी में लोकसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद से ही भाजपा के भीतर मचे घमासान को थामने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने अब कमान संभाल ली है। इसी कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ और संघ के सह सर कार्यवाह अरुण कुमार की मौजूदगी में सरकार, संघ और भाजपा संगठन के बीच समन्वय को लेकर एक बड़ी बैठक हुई। जिसमें सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ ही उप चुनाव की रणनीति, निकायों और बोर्डों में पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्ति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में तय हुआ है कि उप चुनाव में भाजपा के साथ संघ कार्यकर्ताओं को भी तैयारियों में भागीदार बनाया जाए।

सूत्रों के मुतबिक सीएम आवास पर करीब ढाई घंटे तक हुई बैठक में सबसे अधिक चर्चा सरकार और संगठन के कद को लेकर छिड़ी रार को लेकर हुई। संघ की ओर से इस बात पर चिंता जताई जताई गई कि अगर यही स्थिति रही तो आगे के सियासी सफर में सबसे अधिक नुकसान भाजपा को उठाना पड़ सकता है। सूत्रों का कहना है कि संघ ने नेताओं को ऐसी स्थिति से बचने की सलाह दी है। बैठक में उप चुनाव के साथ ही सरकार और संगठन के आपसी समन्वय पर खास चर्चा हुई और यह कहा गया है कि पार्टी के सभी बड़े नेताओं की यह जिम्मेदारी है कि यदि कहीं पर आपसी मतभेद या मनभेद की स्थिति हो तो उसे आमने-सामने बैठकर समाधान कर लिया जाए।

इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल रायबरेली रोड स्थित प्रकृति सदन भी गए थे. जहां पर क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार के साथ बैठक करके सीएम आवास पर होने वाली बैठक के संबंध में चर्चा की।बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल, क्षेत्र प्रचारक पूर्वी अनिल कुमार और क्षेत्र प्रचारक पश्चिमी महेन्द्र भी मौजूद रहे।

lucknow

Aug 22 2024, 11:35

13 आईएएस अफसरों की जिम्मेदारियों में किया गया बदलाव, जानिये किसे क्या मिला
लखनऊ । प्रदेश सरकार ने 13 आईएएस अफसरों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर दिया। प्रतीक्षा में चल रहीं मिनिष्ती एस को वित्त विभाग में सचिव बनाया गया है। आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और वहां की संभागीय खाद्य नियंत्रक अनिता यादव को प्रतीक्षारत कर दिया गया है।प्रतीक्षारत चल रहे के. विजयेंद्र पांडियन को आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, आयुक्त एवं निदेशक हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड, स्टेट स्पिनिंग कंपनी लिमिटेड, स्टेट यार्न कंपनी लिमिटेड, सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड और उत्तर प्रदेश वित्त निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

ग्रेटर नोएडा की एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।गोंडा की सीडीओ एम. अरून्मोली को आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष (वीसी) बनाया गया है। अलीगढ़ की सीडीओ व वहां की संभागीय खाद्य नियंत्रक आकांक्षा राणा को विशेष कार्याधिकारी, कुंभ मेला प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई।


बहराइच की सीडीओ राम्या आर को विशेष सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ के संयुक्त प्रबंध निदेशक मुकेश चंद्र को बहराईच का सीडीओ, कुशीनगर की संयुक्त मजिस्ट्रेट अंकिता जैन को गोंडा का सीडीओ, प्रतापगढ़ के सीडीओ नवनीत सेहारा को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड का संयुक्त प्रबंध निदेशक, प्रतीक्षारत चल रहे अरविंद सिंह को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद, बुलंदशहर की संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. दिव्या मिश्रा को प्रतापगढ़ का सीडीओ और कानपुर नगर की संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रखर कुमार सिंह को अलीगढ़ का सीडीओ बनाया गया है।

lucknow

Aug 21 2024, 15:53

एससी-एसटी और ओबीसी के आरक्षण के साथ कोई खिलवाड़ न करें भाजपा, कांग्रेस व अन्य दलः मायावती

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने नेशनल कन्फेडरेशन आफ दलित एंड आदिवासी आर्गनाइजेशन के बुधवार को भारत बंद का समर्थन किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एससी-एसटी और ओबीसी को आरक्षण का मिला संवैधानिक हक डा. भीमराव अम्बेडकर के अनवरत संघर्ष का परिणाम है। भाजपा, कांग्रेस व अन्य पार्टियां इसकी अनिवार्यता एवं संवेदनशीलता के साथ कोई खिलवाड़ न करें।

मायावती ने एक्स पोस्ट में कहा कि बसपा का भारत बंद को समर्थन, क्योंकि भाजपा व कांग्रेस आदि दलों के आरक्षण विरोधी षड्यंत्र एवं इसे निष्प्रभावी बनाकर अन्ततः खत्म करने की मिलीभगत के कारण एक अगस्त 2024 को एससी-एसटी के उपवर्गीकरण एवं इनमें क्रीमीलेयर संबंधी सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरुद्ध इनमें रोष एवं आक्रोश है। इसको लेकर इन वर्गों के लोगों द्वारा भारत बंद के तहत सरकार को ज्ञापन देकर संविधान संशोधन के जरिए आरक्षण में हुए बदलाव को खत्म करने आदि की मांग जबरदस्त है। एससी-एसटी के साथ ही ओबीसी समाज को भी आरक्षण का मिला संवैधानिक हक इन वर्गों के सच्चे मसीहा डा. भीमराव अम्बेडकर के अनवरत संघर्ष का परिणाम है, जिसकी अनिवार्यता व संवेदनशीलता को भाजपा, कांग्रेस व अन्य पार्टियां समझकर इसके साथ भी कोई खिलवाड़ न करें।

lucknow

Aug 21 2024, 15:52

पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर डीजीपी प्रशांत कुमार का मातहतों को कड़ा निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस-2023 सीधी भर्ती के पदों पर 23, 24, 25 एवं 30 और 31 अगस्त कई जिलों में परीक्षाएं होगी। इन परिक्षाओं को नकलविहिन एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराये जाने के लिए बुधवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने मातहतों को कड़े निर्देष दिए हैं।डीजीपी ने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत परीक्षा केन्द्रों के आवागमन मार्ग पर स्थित सीसीटीवी कैमरों को क्रियाषील करा ले। नये सीसीटीवी कैमरे भी पर्याप्त संख्या में अधिष्ठापित कराये। चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर ड्रोन कैमरों से चेकिंग हो।

राजपत्रित अधिकारियों एवं मजिस्ट्रेट की संयुक्त रूप से रहेगी ड्यूटी

उक्त परीक्षा के परिप्रेक्ष्य में सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर परीक्षा केन्द्रों का स्वयं एवं प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों के साथ स्थलीय भ्रमण करे। परीक्षा केन्द्रों पर भीड न लगने दे। परीक्षा केंद्रों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल उपलब्धक कराया जाये।डीजीपी ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर आने जाने के लिए प्रर्याप्त साधन की व्यवस्था करायी जाए। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, होटल पर भीड़ प्रबंधन और यातायात को बनाये रखने के लिए अभी से तैयारी कर ले। राजपत्रित अधिकारियों एवं मजिस्ट्रेट की संयुक्त रूप से ड्यूटी लगायी जाये।

परीक्षा केन्द्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यन्त्रों का प्रयोग प्रतिबंधित

जिन थाना क्षेत्रों में परीक्षा केन्द्र बनाये गये है, वहॉ यूपी-112 पीआरवी के वाहनों के चार्ट में परीक्षा केन्द्र के आस-पास के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानां तैनात रहे।परीक्षा के दृष्टिगत असामाजिक तत्वों का चिन्हीकरण करते हुए अभिसूचना विभाग, एसटीएफ तथा जनपदीय पुलिस द्वारा परस्पर उच्च स्तरीय समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाये। परीक्षा केन्द्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यन्त्रों का प्रयोग एवं परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन, आईटी गैजेट्स एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री ले जाने पर पूर्णता प्रतिबंध है, इसका सख्ती से पालन कराया जाये।

परीक्षा केंद्रों पर तलाशी के लिए तैनात रहेंगे महिला व पुरुष कर्मी

परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश स्थलों पर अभ्यर्थियों की तलाशी में सहयोग के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी (महिला/पुरुष कर्मी) तैनात किये जाए।सोशल मीडिया सेल व जनपदीय अभिसूचना तंत्र को और अधिक सकिय व सतर्क कर दिया जाय। परीक्षा से सम्बन्धित समस्त अफवाहों व अन्य सोशल मीडिया पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेकर अपेक्षित विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाय।

lucknow

Aug 21 2024, 15:51

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अखिलेश यादव और भीम आर्मी ने भारत बंद का किया समर्थन, शांतिपूर्ण आंदोलन की अपील
लखनऊ। समाजवादी पार्टीके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति आरक्षण मामले में भारत बंद का समर्थन किया है। उनके साथ ही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) एवं भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी बुधवार को बंदी का समर्थन में कूद गई है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एससी-एसटी आरक्षण को लेकर दलित और आदिवासी समाज ने भारत बंद के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (एक्स) पर बुधवार को एससी-एसटी आरक्षण को लेकर लिखा कि आरक्षण की रक्षा के लिए जन-आंदोलन एक सकारात्मक प्रयास है। ये शोषित-वंचित के बीच चेतना का नया संचार करेगा और आरक्षण से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ के ख़िलाफ़ जन शक्ति का एक कवच साबित होगा। शांतिपूर्ण आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकार होता है।

बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने पहले ही आगाह किया था कि संविधान तभी कारगर साबित होगा, जब उसको लागू करने वालों की मंशा सही होगी। सत्तासीन सरकारें ही जब धोखाधड़ी, घपलों-घोटालों से संविधान और संविधान द्वारा दिये गये अधिकारों के साथ खिलवाड़ करेंगी तो जनता को सड़कों पर उतरना ही होगा। जन-आंदोलन बेलगाम सरकार पर लगाम लगाते हैं।

वहीं भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रमुख एवं नगीना से सांसद चन्द्रशेखर आजाद ने पोस्ट कर लिखा कि आज का ये जनआंदोलन केन्द्र व राज्य सरकारों के लिये स्पष्ट सन्देश है कि अब बहुजन समाज ‘फूट डालो राज करो’ की साजिश को कामयाब नहीं होने देगा।

एक तरफ एससी-एसटी में क्रीमीलेयर खोजते हो। दूसरी तरफ हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक में हमारे जजों को गायब कर देते हों। एनएफसी बताकर आरक्षित वर्ग की सीटें खाली छोड़ देते हो। एकल पद बताकर आरक्षण खत्म कर देते हो और अब हमें आपस में लड़ाने की साजिश भी करते हो।

कान खोलकर सुन लो आरक्षण और संविधान विरोधियों धन-धरती और राजपाट में संख्याबल के आधार पर जो हमारा हक बैठता है, अब वो देना ही होगा। मैंने संसद में ललकारा था, आज समाज सड़कों पर ललकार रहा है। बहुत हुआ, अब बहुजनों के अधिकारों पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष किसी भी तरह का हमला हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।

मैं राज्य सरकारों से भी कहना चाहता हूं कि आज बहुजन समाज अपने अधिकारों के लिये मजबूर होकर सड़कों पर आया है, तो राज्य सरकारें भी कानून व्यवस्था मजबूत कर, शांतिपूर्वक आंदोलन में मदद करें, कोई भी सरकार अगर हमारे साथ साजिश करेगी तो उसको भविष्य में अपनी कुर्सी गवानी पड़ेगी मेरे यह शब्द याद रखना। जय भीम, जय भारत, जय मंडल, जय जोहर, जय संविधान।

आगरा में विरोध में निकाली पैदल यात्रा, जमकर की नारेबाजी

ताजनगरी आगरा में एससी-एसटी आरक्षण को लेकर दलित और आदिवासी समाज के भारत बंद के समर्थन में पैदल यात्रा निकाली गई। हाथों में पोस्टर, बैनर, झंडा लेकर भारी संख्या में विरोध करते हुए भीड़ निकली। आरक्षण में उपवर्गीकरण को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए दलित समाज के लोग आरक्षण के समर्थन में सड़कों पर उतरे। जिले के धनौली नारीपुरा में निकला जुलूस के दौरान प्रदर्शन कारियों ने जबरन दुकानें बंद कराई।

lucknow

Aug 21 2024, 15:50

डीजीपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर रखी जा रही निगरानी, पुलिस अलर्ट

लखनऊ । भारत बंद पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार का कहना है कि भारत बंद को लेकर पुलिस सतर्क है। जरूरत के हिसाब से फोर्स लगाई गई। माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही। डीजीपी मुख्यालय से प्रदेश के सभी जिलों की मॉनिटरिंग की जा रही।

उल्लेखनीय है कि भारत बंद को लेकर उप्र पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है। प्रदेशभर के पुलिस बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर मुस्तैदी से तैनात है। इस दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए खुफिया एजेंसियां भी सतर्कता से निगरानी बनाए हुई हैं।

lucknow

Aug 21 2024, 15:49

सीएम योगी ने कहा- पद्म विभूषण कल्याण सिंह 'बाबूजी' के संघर्षशील जीवन से प्ररेणा लेने की जरूरत
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राज्यपाल और मुख्यमंत्री पद्म विभूषण कल्याण सिंह 'बाबूजी' को पुण्यतिथि पर याद कर नमन किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (एक्स) से पोस्ट कर लिखा कि आपका समाज के प्रति संघर्ष हमेशा प्ररेणा के लिए जाना जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने अपने पोस्ट में लिखा कि लोकप्रिय राजनेता, श्री राम मंदिर आंदोलन के अग्रदूत, सुशासन के प्रतीक, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण' श्रद्धेय कल्याण सिंह 'बाबूजी' की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। सेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय एवं जन-कल्याण को समर्पित रहा उनका संघर्षशील जीवन हम सभी के लिए एक प्रेरणा है। श्रद्धेय 'बाबूजी' की पावन स्मृतियों को नमन।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा कि गरीबों, पिछड़ों व वंचितों के अधिकारों के लिए संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले प्रबल संरक्षक, असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणा स्रोत, उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं पद्म विभूषण से सम्मानित श्रद्धेय कल्याण सिंह जी ‘बाबूजी’ की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उनकी पुण्यतिथि पर मनाये जाने वाले हिन्दू गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

इसी तरह उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म विभूषण से सम्मानित श्रद्धेय कल्याण सिंह जी "बाबूजी" की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि कोटि नमन।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने लिखा कि जननेता, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, करोड़ों कार्यकताओं के प्रेरणास्रोत, श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी नायक, सुशासन के संवाहक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म विभूषण से सुसज्जित श्रद्धेय कल्याण सिंह 'बाबूजी' जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। बाबूजी द्वारा राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए किया गया अद्भुत कार्य हम सभी के लिए सदैव वंदनीय रहेगा।