lucknow

Jun 20 2024, 12:42

यूपी में आज से शुरू होगी राज्य पक्षी सारस की गणना,प्रभागीय वनाधिकारी होंगे को-ऑर्डिनेटर

लखनऊ। योगी सरकार ने सारस के संरक्षण के लिए पहल की, जिसके सुखद परिणाम मिलने लगे। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में गुरुवार से राज्य पक्षी सारस की गणना होगी। वर्ष में दो बार (ग्रीष्मकालीन-शीतकालीन) गणना होती है। वर्ष 2024 के लिए गुरुवार से दो दिन तक सारस गणना होगी। यह गणना सुबह-शाम दो बार की जाएगी। इसमें वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही विद्यार्थियों व प्रकृति प्रेमियों का भी सहयोग लिया जाएगा। 2023 में हुई गणना में उत्तर प्रदेश में 19522 सारस पाए गए थे। प्रभागीय वनाधिकारी अपने प्रभाग में पाए गए सारस की संख्या व फोटो पहली जुलाई तक मुख्य वन संरक्षक, ईको विकास, लखनऊ को उपलब्ध कराएंगे।


सारस की गणना वर्ष में दो बार (ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन) होती है। 20 व 21 जून-2024 को ग्रीष्मकालीन सारस गणना की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के को-ऑर्डिनेटर होंगे। वन रक्षक गणना टीम का लीडर होगा। इनके कार्य क्षेत्र में कई वेटलैंड होने पर एक से अधिक टीम गठित की जाए। इसके लिए जनसामान्य को भी जागरूक किया जाएगा। गणना में स्कूल, कॉलेज के बच्चों, प्रकृति प्रेमियों व एनजीओ भी सारस गणना में प्रतिभाग कर सकते हैं। इन्हें प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।


वर्ष 2024 में प्रत्येक गणना स्थल पर सुबह छह से आठ और शाम चार से छह बजे तक गणना होगी। दोनों में जो भी संख्या अधिकतम होगी, उसे ही वास्तविक माना जाएगा। प्रत्येक गणना स्थल की जीपीएस रीडिंग भी होगी। वहीं साल दर साल सारस की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी हुई। कोरोना के बाद प्रदेश में 2021 में 17329 सारस पाए गए। 2022 में यह बढ़कर 19188 हो गए। 2023 में यह संख्या बढ़कर 19522 हो गई। वहीं 2024 में गुरुवार से होने वाली गणना के उपरांत सारस के कुनबे के और बढ़ने की संभावना है।

lucknow

Jun 20 2024, 11:45

भाजपा सरकार में उप्र की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई : अखिलेश यादव

लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। मौसम की मार और लू लगने से लोगों की लगातार मौतें हो रही हैं। बुखार और संक्रामक बीमारियां बढ़ रही हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही हैं। अस्पतालों में दवा, इलाज नहीं मिल रहा है। बड़ी संख्या में मरीज निजी अस्पतालों में इलाज कराने पर मजबूर हैं जहां उनके पैसों की लूट हो जाती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी लखनऊ, गाजियाबाद समेत तमाम जिलों में लोगों की गर्मी लू से मरने की खबरें आ रही है। सरकार का लोगों के दवा इलाज और स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने पर कोई ध्यान ही नहीं है। भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार में शुरू की गयी 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा को बर्बाद कर दिया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में मेडिकल कॉलेज के नाम पर सिर्फ अधूरी बिल्डिंग खड़ी है। वहां न डॉक्टर है और न पैरा मेडिकल स्टाफ और न कोई सुविधा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरी भाजपा सरकार ने लोगों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। उसे आम जनता की कोई चिंता नहीं है। प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेज सरकार की उदासीनता के शिकार हो गये है। बदायूं में समाजवादी सरकार में निर्मित बदायूं मेडिकल कॉलेज बीजेपी सरकार की उदासीनता और बेरुखी के चलते बदहाल हो गया है। यहां मासूम नवजातों की मौतों का सिलसिला जारी है, इलाज की कोई सुचारू व्यवस्था नहीं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा विकास नहीं विध्वंस करती है। समाजवादियों ने जो काम किये थे उनको बिगाड़ना ही भाजपा का मुख्य काम हो गया है। भाजपा सरकार से जनता का भरोसा खत्म हो गया है। भाजपा सरकार पूरी तरह से विफल है।

lucknow

Jun 20 2024, 11:44

मुख्यमंत्री योगी से केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने की शिष्टाचार भेंट

लखनऊ। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राजधानी लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री की हाल में सम्पन्न चुनाव में लगातार बिना रूके और थके देशभर में प्रचार किए जाने पर सराहना की।मुख्यमंत्री ने उन्हें एनडीए सरकार में एक बार फिर से मंत्री बनाए जाने पर बधाई दी। दोनों के बीच इस दौरान स्वस्थ एवं विकास परक जन मुद्दों पर चर्चा की गई।

lucknow

Jun 20 2024, 11:06

लखनऊ समेत कई जिलों में आंधी-बारिश से बिजली गुल, भीषण गर्मी से मिली राहत लखनऊ समेत कई जिलों में आंधी-बारिश से बिजली गुल, भीषण गर्मी से मिली राहत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में बारिश ने लोगों को राहत की उम्मीद बंधाई है। लखनऊ में बुधवार देर रात कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई।वहीं, बहराइच में करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई है। इससे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। जिले में बिजली की समस्या से लोग परेशान हैं लेकिन रात में हुई बारिश ने राहत दी है।इसी तरह श्रावस्ती के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश ने तपिश से राहत दी है।



लखनऊ में बीती रात चली आंधी और हल्की बारिश से कई क्षेत्रों में बिजली के तार गिर गये। गोमती नगर, हजरतगंज प्रमुख इलाकों में देर रात से बिजली गुल हो गयी। सुबह के वक्त विद्युत आपूर्ति नहीं होने से पेयजल समस्या भी सामने आयी।शहर में बीती रात एक बजे अचानक से मौसम में बदलाव हुआ। आंधी चलने लगी तो कुछ मिनटों तक बादलों ने बारिश भी किया। इसी दौरान गोमती नगर के विपुल खण्ड तीन में बिजली गुल हो गयी। वहां रहने वाले लोगों ने माना कि कुछ देर बाद बिजली आ जायेगी लेकिन सुबह आठ बजे तक विद्युत आपूर्ति नहीं हुई।

*बिजली आपूर्ति बहाल को लेकर सड़क पर उतरे लोग*

सुबह के वक्त विपुल खण्ड तीन में विद्युत आपूर्ति बहाल कराने को लोग सड़क पर उतरे। लोगों ने विद्युत विभाग के एसडीओ को फोन से वार्ता की। जिस पर लोगों को एसडीओ ने शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल होने का आवश्वासन दिया। वहीं विद्युत आपूर्ति न होने के कारण विपुल खण्ड के कई मकानों में नल से पेयजल नहीं आ सका है।
हजरतगंज क्षेत्र के एनसीसी कालोनी में रात के वक्त अचानक से विद्युत कटौती हुई। सुबह के वक्त तक विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर लोगों ने इसकी जानकारी की तो तार टूटना सामने आया। इसके बाद विद्युत विभाग से परेशान लोगों ने वार्ता की और तार जोड़ने का कार्य पूर्ण हो सका।

*रात में गुल हुई बिजली सुबह आयी*

शहर के राजाजीपुरम कालोनी में भी बेतहासा विद्युत कटौती हो रही है। बीती रात अचानक से आटो स्टैण्ड क्षेत्र में विद्युत कटौती हुई तो लोग परेशान हो उठे। फिर भी विद्युत विभाग की सक्रियता से सुबह तक विद्युत व्यवस्था ठीक हो गयी। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।मवैया क्षेत्र में सुबह के वक्त लोगों के घरों में कुछ मिनटों तक दूषित पेयजल आया। नल से लगातार जल आने के बाद यह समस्या ठीक हो सकी। देर रात हुई बारिश का असर यहां भी दिखायी पड़ा, परेशान लोगों ने पेयजल स्पलाई के लिए उपयोग हो रही पुरानी पाइपों को बदलने की जलकल विभाग कार्यालय से की है।

*खम्भे पर लगी एलईडी लाइट टूटकर लटक गयी*

देर रात्रि बारिश का असर कैसरबाग क्षेत्र में भी हुआ, जहां भाजपा के महानगर कार्यालय के पीछे बिजली के खम्भे पर लगी एलईडी लाइट टूटकर लटक गयी। विद्युत तारों में स्प्राक को देखकर लोगों ने वहां से दूरी बना ली। बारिश के कारण शहर के विभिन्न स्थानों में तमाम जन समस्या सामने आयी। इसी दौरान शहर के बाहर से आ रहे वाहनों के पालिटेक्निक चौराहे के पास आपस में टकराने की भी घटना हुई।

lucknow

Jun 20 2024, 10:21

भारत के साथ-साथ विदेशों में भी रहने वाले लोग भी मलिहाबादी  दशहरी के दिवाने , बस केवल आम के लिए विदेशों में प्रसिद्ध है मलिहाबाद

शहजाद अहमद खान ,मलिहाबाद, लखनऊ। दशहरी आम ने मलिहाबाद देश ही नहीं विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना ली है। मलिहाबाद की दशहरी अब विदेशों में भी अपनी छटा बिखेर रही है। साथ ही डिमांड पर सऊदी अरब, दुबई, ओमान, कुवैत, लंदन, इटली, जापान, जर्मनी, स्वीडन, आस्ट्रेलिया सहित मास्को के लिये जहाज के माध्यम से भेजी जा रही है।

अगर एक ही जगह आपकी मुलाक़ात सचिन तेंदुलकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, योगी आदित्यनाथ,  अखिलेश यादव, अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय जैसी मशहूर हस्तियों से हो जाए वो भी बिना किसी रोक टोक तो कैसा लगेगा ? शायद यकीन करना मुश्किल हो, लेकिन ये मुमकिन है। जिसके लिये आपको मलिहाबाद स्थित अब्दुल्ला नर्सरी आना पड़ेगा। जो लखनऊ से महज 35 किलोमीटर की दूरी पर पश्चिम दिशा में स्थित है। यह कारनामा नगर पंचायत के मोहल्ला मिर्ज़ागंज निवासी कलीम उल्ला खाँ ने किया है। जिन्होंने कई मशहूर हस्तियों के नाम आम की किस्में विकसित की हैं। आम के ऐसे कारनामे करने के लिये उन्हें पद्मश्री अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है।

       
26 हजार मीट्रिक टन आम विदेश हुआ था निर्यात

मैंगो पैक हाउस से विगत वर्ष दुबई, सऊदी अरब, ओमान, कुवैत, बहरीन, लंदन व आस्ट्रेलिया करीब 26 हजार मीट्रिक टन दशहरी, चौंसा व लंगड़ा प्रजाति के आम का निर्यात किया गया था। मैंगो पैक हाउस पर मौजूद अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि उनके संस्थान से विगत वर्ष आम्रपाली व मल्लिका आम सैंपल के तौर पर रूस के मास्को भेजा गया था। उन्होंने बताया कि 400 ग्राम से अधिक वजन वाला आम 40-45 रुपये के रेट से खरीदा गया था। जहाज के माध्यम से भेजा गया था। इस बार उक्त देशों से मांग आने लगी है। 15 जून शनिवार को आम की पहली खेप एक हजार 500 किलोग्राम जर्मनी के लिये हवाई जहाज से भेजी गयी थी। आम के बड़े बड़े आढ़तियों ने बताया कि विगत वर्ष अच्छी फसल थी जिसके चलते करीब दो लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन हुआ था। लेकिन इस वर्ष आम की फसल बहुत ही कम है। आम के बागों में 30 प्रतिशत ही बागों में आम दिखाई दें रहा है। इसलिये इस वर्ष आम करीब 60-70 लाख मीट्रिक टन होने की सम्भावना है।

एक ही पेड़ में देखने को मिल जाएंगे 350 प्रजाति के आम

अब्दुल्ला नर्सरी में  एक ऐसा पेड़ लगा है जिस पेड़ में 350 से अधिक किस्मों के आम के फल लगे मिल जाएँगे। यह कारनामा कम पढ़े लिखे 84 साल की उम्र में कलीम उल्ला खाँ ने किया है। वह अधिक समय अपनी  प्रयोगशाला में बिताते है। उन्होंने बताया कि आम का भविष्य मलिहाबाद में कम हो रहा है, हमारे बचपन में यहाँ पर दवाओं का कोई ज़िक्र नहीं था, सब पेड़ ज़मीन में लगे थे। आपस में नहीं लगे थे। इस कदर फलते थे कि मिसाल दी जाती थी कि फला की बाग में पत्ते कम हैं और आम ज़्यादा है। लेकिन अब ऐसा नहीं रहा है। बागों में पेड़ एक दूसरे से सटे है। जिससे फसल दिन पर दिन कम होती जा रही है।

इन प्रजातियों की भी मंड़ी में रहेगी दरकार

दशहरी के लिये मलिहाबाद प्रसिध्द है। लेकिन मलिहाबाद में इसके अलावा भी कई ऐसी प्रजातियों के आम है। जिनकी मंड़ी में दरकार रहती है। इन आमों में चौंसा, लखनऊ सफेदा, लंगड़ा, रंगीले आम गुलाब खाश, टामी एटकिन्स, सनसेशन आदि, आम्रपाली, मल्लिका, तैमूरिया, बंबई, जर्दाअमीन सहित दर्जनों आमों की भी मंडी में मांग रहती है।

प्रति वर्ष सैकड़ों बीघा में लगे बागों की हो रही कटान

फलपट्टी क्षेत्र मलिहाबाद के 75 प्रतिशत भू-भाग पर आम के बाग लहलहा रहे है। लेकिन आम की पैदावार व मूल्यों में लगातार हो रही गिरावट के चलते आम बागवान प्रतिवर्ष सैकड़ों बीघे आम के बागों की कटान कराकर खेती करने के साथ रोजगार करने लगे है।

lucknow

Jun 19 2024, 19:41

डीजीपी से फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी  की शिष्टाचार भेंट

लखनऊ । पुलिस महानिदेशक यूपी प्रशांत कुमार से बुधवार को पुलिस मुख्यालय में हिन्दी फिल्म अभिनेता  नवाजुद्दीन सिद्दीकी द्वारा शिष्टाचार भेंट की गयी। शिष्टाचार भेंट के दौरान फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने यूपी पुलिस द्वारा किये जा रहे सराहनीय कार्यो एवं नवाचारों की प्रशंसा करते हुए अपनी आगामी फिल्म में निभायी गयी पुलिस अधिकारी की भूमिका के अनुभव साझा किये गये। इस अवसर पर रेडियो मिर्ची की टीम भी उपस्थित रही।

lucknow

Jun 19 2024, 20:18

यूपी पुलिस की सोशल मीडिया की सजगता से 457 की बची जान

लखनऊ । उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मेटा कम्पनी के सहयोग से एक जनवरी 2023 से 15 जून 2024 के मध्य सोशल मीडिया पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करने वाले 457 व्यक्तियों के प्राणों की रक्षा की गयी। सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट की जानकारी मेटा कम्पनी के सहयोग प्राप्त कर, ऐसे प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक जनवरी 2023 से 15 जून 2024 तक की अवधि में कुल 457 प्रकरणों में प्राप्त अलर्ट का संज्ञान लेकर स्थानीय पुलिस द्वारा पीड़ित एवं उसके परिजन से वार्ता कर 457 व्यक्तियों के प्राणों की रक्षा की गयी।

इस व्यवस्था के तहत फेसबुक अथवा इंस्टाग्राम पर किसी भी व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किये जाने से सम्बन्धित पोस्ट किया जाता है, तो मेटा कम्पनी के मुख्यालय द्वारा पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया सेन्टर को तत्काल फोन एवं ई-मेल के माध्यम से अलर्ट प्रेषित किया जाता है।  मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेन्टर में मेटा कम्पनी से प्राप्त अलर्ट का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई के लिए अलग से डेस्क 24ग्7 कार्यरत है। उक्त डेस्क से यूपी एसटीएफ के सर्वर का इन्टीग्रेशन किया गया है जिसकी मदद से ऐसी पोस्ट करने वाले की तत्काल लोकेशन ज्ञात कर यूपी-112 के साथ-साथ सम्बन्धित जनपद को भी त्वरित कार्रवाई के लिए प्रकरण अग्रसारित किया जाता है।

मुख्यालय द्वारा पीड़ित के मोबाइल की उपलब्ध करायी गयी लोकेशन पर यूपी-112 की पीआरवी/स्थानीय पुलिस द्वारा पहुंच कर पीड़ित एवं उसके परिजनों से सम्पर्क किया जाता है। माह  एक जनवरी 2023 से 15 जून 2024 तक की अवधि में मेटा कंपनी से लगभग 740 अलर्ट प्राप्त हुए, जिनमें से 457 लोगों के प्राणों की रक्षा की गयी है। शेष प्रकरणों में मेटा द्वारा उपलब्ध कराये गए विवरण के आधार पर लोकेशन ज्ञात नहीं हो पाने, प्रकरण अन्य राज्य का होने के साथ-साथ कई ऐसे प्रकरण भी रहे जिनमे प्राप्त लोकेशन अस्पष्ट/घनी बस्ती मे होने व फोन स्विच आॅफ होने के कारण स्थानीय पुलिस, पीड़ित तक नहीं पहुंच पायी।

lucknow

Jun 19 2024, 16:46

अकबरनगर में ढहायी गयी आखिरी मस्जिद, मुस्लिम क्षेत्रों में छा गए मातम

लखनऊ। लखनऊ में अकबर नगर का नाम अब इतिहास के पन्नो में दर्ज हो गया। कुकरैल नदी की जमीन पर बसाये गये अकबर नगर को उजाड़ने का काम अंतिम दौर में पहुंचा तो वहां बची हुई आखिरी मस्जिद भी बीती देर रात ढहा दी गयी।एलडीए के अधिकारियों ने मंगलवार की रात दो बजे के करीब आखिरी मस्जिद के ढहाने के काम को पूरा कराया। आखिरी मस्जिद के गिरते ही आसपास के मुस्लिम क्षेत्रों में मातम छा गया।

बीते अड़तालीस घंटों में दो मस्जिदें और एक मंदिर को तोड़ा गया

नजदीक की दूसरी मस्जिदों में सुबह के वक्त हुई नमाज के बाद अकबर नगर की मोहम्मदी मस्जिद गिराये जाने का मसला चर्चा में बना रहा।अकबर नगर में बीते अड़तालीस घंटों में दो मस्जिदें और एक मंदिर को तोड़ा गया। जेसीबी के माध्यम से पहली मस्जिद को गिराया गया तो दूसरी मस्जिद के लिए बुलडोजर लगाना पड़ा। मंदिर का आकार बेहद छोटा था तो उसे मशीन के माध्यम से उखाड़कर मूर्तियों को हटाया गया।

पुलिसकर्मियों ने अपने तैनाती के स्थान को नहीं छोड़ा

मस्जिदों को ढहाये जाने के कारण अकबर नगर की ओर जाने वाले मार्गों पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। कुछ मिनटों के लिए भी पुलिसकर्मियों ने अपने तैनाती के स्थान को नहीं छोड़ा। अकबर नगर के मसले में मौलाना कौसर हयात के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिये गये बयान के बाद लखनऊ पुलिस ने समूचे इलाके में और भी एहतियात रखा।

अवैध रूप से बने ग्यारह सौ उन्नहत्तर मकानों, एक सौ एक वाणिज्य भवनों के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर अकबर नगर को समतल भूमि में बदला गया। कुकरैल नदी के किनारे बनने वाले रिवरफ्रंट के लिए जमीन को खाली कराया गया। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेश पर एलडीए ने पूरा अभियान अपने हाथों में ले रखा है।

lucknow

Jun 19 2024, 12:39

बाबा की आय में भी 33 फीसदी की हुई वृद्धि,पांच महीने में 2.86 करोड़ भक्तों ने बाबा के दरबार में लगाई हाजिरी

लखनऊ।  श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में साल दर साल श्रद्धालुओं की संख्या और आय में रिकॉर्ड वृद्धि होती जा रही है। श्री बाबा विश्वनाथ के दरबार में सुगमता से दर्शन और सुविधाओं के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। अन्य शहरों से अच्छी कनेक्टिविटी ने भी काशी का समग्र विकास करते हुए धार्मिक पर्यटन को बढ़ाया है। जनवरी से मई 2023 (पांच महीने) के सापेक्ष 2024 में इस अवधि में शिव भक्तों की संख्या में 48.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं इस अवधि के दौरान बाबा की आय में भी 33 फीसदी का इजाफा हुआ है।

बाबा की आय में भी हुई 33 फीसदी की वृद्धि

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के दिव्य और भव्य निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि 1 जनवरी से 31 मई 2023 तक 1,93,32,791 ( एक करोड़ तिरानवे लाख बत्तीस हजार सात सौ इक्यानबे) श्रद्धालुओं ने बाबा का दर्शन किया था, जबकि वर्ष 2024 में 1 जनवरी से 31 मई तक कुल 2,86,57,473 (दो करोड़ छियासी लाख सत्तावन हजार चार सौ तिहत्तर) श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के चौखट पर हाजिरी लगाने पहुंचे। 2023 के मुकाबले वर्ष 2024 में 9,324,682 ( तिरानबे लाख चौबीस हजार छह सौ बयासी) श्रद्धालु अधिक पहुंचे। मिश्र के मुताबिक इस अवधि के दौरान बाबा की आय में भी 33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

अब तक 16.46 करोड़ भक्तों ने किए बाबा के दर्शन

13 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण किया था। इसके बाद से 16 जून तक 16.46 करोड़ भक्त श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में शीश नवा चुके हैं। योगी सरकार के निर्देश पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में ठंड,गर्मी और बरसात में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाता है। काशी में बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या के पीछे डबल इंजन की सरकार में यहां का अनवरत विकास भी शामिल है। अच्छी सड़क, सफाई और सुरक्षा ने पर्यटकों की वाराणसी आने की सभी मुश्किलों को दूर किया है।
बॉक्स

जनवरी से मई 2023 तक श्रद्धालुओं की संख्या - 1, 93,32,791

जनवरी - 4229590
फरवरी - 4004807
मार्च - 3711060
अप्रैल - 4231858
मई - 3155476

जनवरी से मई 2024 तक श्रद्धालुओं की संख्या- 2,86,57,473

जनवरी -  4650272
फरवरी - 3267772
मार्च -  9563432
अप्रैल -  4988040
मई - 618795

lucknow

Jun 19 2024, 12:16

लखनऊ एसपीजीआई में तैनात महिला डॉक्टर की मौत
लखनऊ । एसपीजीआई में तैनात महिला डॉक्टर राजोशी घोराई (30) की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी बृजेश चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि महिला डॉक्टर के सहयोगियों से पूछताछ की। उनसे पता चला है कि महिला डॉक्टर राजोशी घोराई मूलरूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी। सोमवार को राजोशी जब हॉस्टल में थी तभी उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। उन्हें एसपीजीआई में भर्ती कराया और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। फिलहाल इस घटना के बारे में डॉक्टर के परिवार को सूचना दे दी है।