Ranchi

Jun 19 2024, 10:08

विधानसभा चुनाव को लेकर इंडी गठबंधन और एनडीए की तैयारी शुरू,दोनों दल बिछा रहे हैं अपने मोहरे,दोनों को है अपनी जीत की उम्मीद

झारखंड डेस्क

 झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर तरकश में तीर सजाए जाने लगे हैं। विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' की राज्य में सरकार होने के कारण नेतृत्व करने वाली पार्टी जेएमएम को सरकारी तौर पर अब तक हुए काम पर भरोसा है। 

जेएमएम के सीनियर लीडर और हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद सरकार की सूबेदारी कर रहे चंपाई सोरेन ने बचे काम पूरा करने के लिए हर विभाग के अधिकारियों को रेस कर दिया है। खाली पड़े पदों पर नियुक्तियों के सीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं तो ढांचागत सुविधाओं के विकास कार्यों पर जोर दिया है। जो काम चल रहे हैं, उनकी गति तेज करने और जो काम होने हैं उन्हें हर हाल में सितंबर तक पूरा करने को सीएम ने कहा है।

 हेमंत की गिरफ्तारी को इंडिया'बनाएगा हथियार

इस बीच इंडिया ब्लॉक के नेताओं को राज्य सरकार के काम पर जितना भरोसा ह, उससे अधिक वे हेमंत सोरेन की जमीन घोटाले में गिरफ्तारी को मुद्दा बनाने की तैयारी में हैं। जेएमएम की कमान व्यावहारिक तौर पर हेमंत सोरेन नवनिर्वाचित विधायक पत्नी कल्पना सोरेन ने संभाल ली है। पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं से मिल रही हैं। 

क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। विपक्षी गठबंधन की बैठक में शिरकत करने लगी हैं तो हाल ही संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में इंडिया ब्लाक को दो से बढ़ा कर उन्होंने पांच सांसदों तक पहुंचा दिया है। कहने को इंडिया ब्लाक में शामिल कांग्रेस के नेता इसका श्रेय राहुल गांधी को दे रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि चुनावी बेड़ा पार लगाने की जिम्मेवारी कल्पना ने ही अपने कंधों पर ली थी।

 कल्पना के साथ इंडिया ब्लाक के नेता आदिवासी-मूलवासी की बड़ी आबादी को यह बताने की कोशिश करेंगे कि कैसे भाजपा के इशारे पर ईडी ने आदिवासी सीएम हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया। इससे सहानुभूति लहर पैदा करने की कल्पना कोशिश करेंगी। लोकसभा चुनाव में इसका आंशिक लाभ उन्हें मिला भी है।

कल्पना का सीएम बनना विंधानसभा चुनाव तक टला

पति हेमंत सोरेन के जेल जाने के पहले ही कल्पना सोरेन को सीएम बनाए जाने की तैयारी हो चुकी थी। पर, पार्टी में किसी तरह की खटपट से बचने के लिए उन्हें हेमंत ने विधानसभा उपचुनाव जीतने तक इंतजार तक टाल दिया।

 अब तो वे बाजाप्ता निर्वाचित विधायक बन गई हैं। चाहतीं तो किसी भी वक्त सीएम पद की शपथ ले सकती थीं। पार्टी में उनके नाम पर विरोध करने वाले भी किनारे हो गए हैं। जेठानी सीता सोरेन बीजेपी संग चली गई तो लोबिन हेम्ब्रम और चमरा लिंडा जैसे पार्टी के विधायक लोकसभा चुनाव में बागी बनते ही किनारे कर दिए गए। 

कल्पना की राह के कील-कांटे साफ हो चुके हैं। इसके बावजूद हेमंत सोरेन की सलाह मान कर कल्पना ने विधानसभा चुनाव तक इंतजार करना ही बेहतर समझा है। यानी चंपाई सोरेन झारखंड के सीएम चुनाव तक तक तो पक्का बने रहेंगे। हेमंत सोरेन से ऐसी आश्वस्ति मिलने के बाद ही चंपाई सोरेन ने कामकाज की गति बढ़ा दी है। वे लगातार अलग-अलग विभागों की समीक्षा कर रहे हैं और अधिकारियों को काम में तेजी लाने का निर्देश जारी कर रहे हैं।

एनडीए तीन मुद्दों पर लड़ेगा असेंबली चुनाव

‘इंडिया’ के मुकाबले एनडीए ने तीन मुद्दों पर चुनाव लड़ने की योजना बनाई है। इसमें पहला मुद्दा है भ्रष्टाचार। झारखंड में मनरेगा घोटाला, खनन घोटाला, जमीन घोटाला, टेंडर कमीशन घोटाला, शराब घोटाला और सत्ता की दलाली की संस्कृति को एक साथ भ्रष्टाचार का कंबिनेशन बनाया है। एनडीए की कोशिश होगी कि सरकार के संरक्षण में हुए या हो रहे घोटालों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। यह भी बताने की एनडीए पूरी कोशिश करेगा कि जिसे राज्य की कमान जनता ने सौंपी, वही भ्रष्टाचार का किंगपिन निकल गया। भाजपा का दूसरा मुद्दा होगा घुसपैठियों को राज्य सरकार का संरक्षण। संताल परगना क इलाकों में जिस तरह बांग्लादेशी घुसपैठियों ने अपनी शरण स्थली बना ली है, उससे डेमोग्राफी में बड़ा बदलाव आया है। एनडीए का आरोप है कि राज्य सरकार जानते हुए भी इसकी खुली छूट दे रखी है। तीसरा मुद्दा नियोजन का है। राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं और रिक्तियों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। सरकार के साढ़े चार साल बीत गए, पर नियुक्तियों का मामला ज्यादातर घोषणाओं तक ही सीमित रह गया। भाजपा इसे राज्य के युवाओं के साथ छल मानती है।

Ranchi

Jun 19 2024, 09:30

झारखंड में लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत,21 या 22 जून तक झारखंड के कुछ हिस्सों में मॉनसून दाखिल हो सकता है

रांची : झारखंड में लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. जी, हां मौसम विभाग की माने तो मॉनसून के आने के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि 21 या 22 जून तक झारखंड के कुछ हिस्सों में मॉनसून दाखिल हो सकता है. इसके संताल के रास्ते झारखंड में आने के संकेत हैं. झारखंड में मॉनसून आने के पांच-छह दिनों में पूरे राज्य में मॉनसून की बारिश होने लगेगी. इसके बाद ही लोगों को गर्मी से राहत मिल सकेगी.फिलहाल, पलामू प्रमंडल के साथ मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में भीषण लू चल रही है. पलामू प्रमंडल के गढ़वा, डालटनगंज के अलावा रामगढ़ समेत राज्य के कई जिलों में लू की स्थिति रही. बोकारो जिले में गर्म हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे दर्ज की गयी. मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद के अनुसार, दक्षिणी-पूर्व मॉनसून के झारखंड में आने के संकेत मिलने लगे हैं. मॉनसून का सकारात्मक असर दिख रहा है. अगले तीन-चार दिनों में झारखंड के कुछ हिस्सों में मॉनसून की बारिश हो सकती है. इसके बाद तापमान में तीन से चार डिग्री सेसि की गिरावट आ सकती है।

Ranchi

Jun 19 2024, 09:28

रांची विवि स्नातकोत्तर उर्दू विभाग की पूर्व अध्यक्ष व उर्दू साहित्यकार डॉ कहकशां परवीन का निधन,दी गयी श्रद्धांजलि* .

रांची : रांची विवि स्नातकोत्तर उर्दू विभाग की पूर्व अध्यक्ष व उर्दू साहित्यकार डॉ कहकशां परवीन (रोजी) का इलाज के क्रम में गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में सोमवार देर रात निधन हो गया. वे लगभग 66 वर्ष की थीं. डोरंडा स्थित परासटोली की रहनेवाली डॉ परवीन 21 नवंबर 1996 में विवि सेवा में आयी थीं. वे डोरंडा कॉलेज में भी उर्दू विभागाध्यक्ष रह चुकी थीं. रांची विवि पीजी उर्दू विभाग से 28 फरवरी 2023 को सेवानिवृत्त हुई थीं. हाल ही में झारखंड लोक सेवा आयोग की अनुशंसा पर रांची विवि सिंडिकेट द्वारा सात शिक्षकों को एसोसिएट प्रोफेसर से असिस्टेंट प्रोफेसर में पदावनत होने वालों में एक डॉ परवीन भी थीं. तबीयत बिगड़ने पर डॉ परवीन को एयर एबुंलेंस से इलाज के लिए रांची से मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनका पेट का ऑपरेशन हुआ था. निधन के बाद कारगो एयर चार्टर से डॉ परवीन का पार्थिव शरीर पटना ले जाया गया. जहां 19 जून को उनकी ससुराल शाहगंज स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया जायेगा. डॉ परवीन के निधन पर रांची विवि स्नातकोत्तर उर्दू विभाग के अध्यक्ष डॉ मो रिजवान अली ने दुख व्यक्त किया. इधर फेडरेशन ऑफ रिटायर्ड यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज टीचर एसोसिएशन ऑफ झारखंड (फुर्टाज) ने डॉ परवीन के दुख पर शोक व्यक्त किया है. डॉ बब्बन चौबे की अध्यक्षता में ऑनलाइन शोक सभा में डॉ हरिओम पांडेय, डॉ राम एकबाल तिवारी, डॉ कुंदन ठाकुर आदि शामिल थे.

Ranchi

Jun 18 2024, 21:07

देवघर में चुनाव परिणाम समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट पर, झामुमो की इंट्री, कहा बैठक से पहले भाजपा करे पुलिस को सूचित

बीजेपी ने कहा झामुमो अपनी चिंता करे, हमारी चिंता करने की जरूरत नहीं

रांची : लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा का अंदरूनी कलह बाहर निकल कर सामने आया है तो झामुमो ने कहा कि जिस तरह देवघर और दुमका में समीक्षा बैठक के दौरान भाजपायों ने आपस में उलझा इससे उनकी अंदरूनी कलह सामने निकलकर आई। 

दरअसल लोकसभा चुनाव होने के बाद भाजपा की ओर चुनाव परिणाम की समीक्षा की जा रही थी। इसके तहत सोमवार को पार्टी के महामंत्री और राज्यसभा सासंद आदित्य साहू और उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय देवघर पहुंचे थे। 

देवघर के एक निजी होटल में बैठक के दौरान वह रण क्षेत्र में तब्दील हो गया और मारपीट होने लगी। बस क्या था इन्हीं सारी मुद्दों को लेकर झमुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा में अंदरूनी सहमति नहीं है लोग एक दूसरे से ही उलझ जाते हैं। अब तो भाजपा को कभी समीक्षा बैठक करना हो तो पहले पुलिस को सूचना अवश्य दे दे। 

 

झारखंड मुक्ति मोर्चा के इस सवाल को लेकर जब हमने भाजपा से बात की तो भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवपूजन मेहता ने कहा कि झामुमो को हमारी चिंता करने की जरूरत नहीं है वह पहले अपने पार्टी को देख ले। झामुमो के लोग ही अपने विधायक के ऊपर मुकदमे दर्ज करते हैं । इनको भी समीक्षा बैठक में पहले गोली चलने तक की नौबत आई थी।

 वही घर की बहु पार्टी पर ही गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़कर बाहर निकल गई। 

बरहाल यह राजनीतिक है यहां आरोप प्रत्यारोप के दौर जारी रहेंगे लेकिन इसी बीच इन माननीय को यह ख्याल रखना चाहिए कि हमें जनता की सेवा किस तरह करना चाहिए। देश को सही दिशा और दशा की ओर ले जाना चाहिए। 

 काफी देर तक पूरा होटल रण क्षेत्र बना रहा. मामले में देवघर विधायक नारायण दास का आरोप है कि गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के समर्थकों ने देवघर के बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की है.

Ranchi

Jun 18 2024, 19:45

सांसद दीपक प्रकाश व विधायक नवीन जायसवाल का शिलान्यास पट तोड़े जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया अधिकारीयों का पुतला दहन

रांची : रांची के हरमू स्थित समुदायिक भवन में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश व विधायक नवीन जायसवाल के शिलान्यास पट को झारखंड राज्य हाउसिंग बोर्ड के कर्मियों के द्वारा तोड़ दिया गया। जिसके विरोध में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा सैकड़ो की संख्या में हरमू चौक स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय पहुँचकर घेराव किया साथ ही एमडी का पुतला दहन किया.

पुतला दहन का नेतृत्व कर रहे युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर हाउसिंग बोर्ड द्वारा भाजपा नेताओं के शिलान्यास पट को तोड़ा जा रहा है जिसे युवा मोर्चा बर्दास्त नही करेगी।

उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड पुनः उस शिलान्यास पट को उसी जगह स्थापित करे। अन्यथा युवा मोर्चा उग्र आंदोलन करेगी।

भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ आए हुए स्थानीय महिलाओं ने भी इसका विरोध जताते हुए कहा कि हाउसिंग बोर्ड के द्वारा आए हुए कर्मचारी ने शिलान्यास पट को तोड़ा और मारपीट के साथ अभद्र व्यवहार किया।

अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या जमीन सामुदायिक भवन के नाम पर आवंटित है या या नहीं यह तो जांच का विषय है। आखिरकार झारखंड आवास बोर्ड के अधिकारी क्यों यहां लगे शिलान्यास पट को तोड़ा।

Ranchi

Jun 17 2024, 20:40

गढ़वा जिला युवा कांग्रेस ने गढ़वा में किया शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन


रिपोर्ट - जयंत कुमार 

गढ़वा :- झारखंड के गढ़वा जिला युवा कांग्रेस कमेटी के द्वारा केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। देश में NEET UG 2024 की परीक्षा में हुए भ्रष्टाचार, पेपर लिक, ग्रेस मार्क, एक ही सेंटर से 8-8 छात्रों का टॉप करना। जैसे मुद्दे को लेकर जम कर नारे बाजी की और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। 

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अभिजित कमल ने कहा कि बिहार, रांची, हजारीबाग, गुजरात समेत देश के अन्य जगहों से लगातार छापेमारी के दौरान संदिग्ध वस्तुओं का मिलना ये साबित हो रहा है कि परीक्षा में पेपर लीक की बात सत्य है। इस धांधली में राजनीतिक समीकरण की भी बु आ रही है। 

देश में हुए ऐसे भ्रष्टाचार के बावजूद नव नियुक्त केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के द्वारा कोई भी शख्त क़दम नहीं उठाया जा रहा है, जिसके विरोध में आज गढ़वा जिला युवा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिजित कमल के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस युवा हाथो में तखती लिए धर्मेंद्र प्रधान मुर्दाबाद, NTA होश में आओ जैसे नारे लगाए। गढ़वा जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अभिजित कमल ने कहा की मोदी सरकार के विफलता का प्रभाव सबसे ज्यादा छात्रों पर पड़ रहा है। ये 2 करोड़ नौकरी जैसे जुमले देने वाले लोग युवाओं को पकोड़ा तलने की सलाह देते हैं क्योंकि प्रतियोगी परीक्षा में धांधली पर अंकुश लगाने में नाकाम हैं। 

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। भारतीय युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकार और भविष्य की लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी और इस तानाशाही और भ्रष्ट भाजपा सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर कर देगी। वही कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस कमेटी के प्रखंड अध्यक्ष उगेंद्र नाथ चौबे, डंडा प्रखंड अध्यक्ष राम सनेश महतो, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ऋषभ चंद्रवंशी, जिला महासचिव आसिफ खान, सहित कई युवा नेता मौजूद थे।

Ranchi

Jun 17 2024, 15:20

पश्चिमी सिंहभूम पुलिस मुठभेड़ में एक महिला सहित चार नक्सली ढेर, दो गिरफ्तार


रांची डेस्क

पश्चिमी सिंहभूम : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के जंगलों में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच सोमवार सुबह से ही मुठभेड़ शुरू हुआ। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ, सुरक्षा बलों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया है। इसमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। साथ ही कई हथियार भी बरामद हुए है।

 इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के जवानों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक एरिया कमांडर है। एक हार्डकोर महिला नक्सली है। सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन के बाद ये कामयाबी मिली है।

वही मारे गए नक्सलियों में से तीन पर झारखंड सरकार ने इनाम घोषित कर रखा था। मारे गए नक्सलियों में 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर सिंगराई उर्फ मनोज, पांच लाख का इनामी सबजोनल कमांडर कांडे होनहागा और दो लाख का इनामी एरिया कमांडर सूर्या शामिल है।

Ranchi

Jun 17 2024, 14:15

कुर्बानी के पर्व बकरीद पर मस्जिदों व ईदगाहों में अदा की गई नमाज, विधि व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के अधिकारी मुश्तैद


रांची : आज 17 जून को पूरे देश भर में मनाई जा रही है बकरीद। कुर्बानी के पर्व बकरीद के अवसर पर रांची के मस्जिदों में सुबह बकरीद की नमाज अदा की गई। मौलाना की तकरीर के बाद लोगो ने नमाज अदा की।

रांची के डोरंडा ईदगाह में सुबह 8 बजे मौलाना अलकमा सिबली ने नमाज पढ़ाया। मैलाना ने बताया कि बकरीद का पर्व लोगों को इस बात का संदेश देता है कि हर इंसान को किसी न किसी मौके पर चाहत की कुर्बानी देनी चाहिए। किसी भी मनुष्य को घमंड, लालच और द्वेष रहित होकर अपने जीवन को रब के आगे समर्पित कर देना चाहिए।

त्यौहार को लेकर रांची में कोई अनहोनी घटना न हो इसके लिए रांची एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर हिंदपीढ़ी समेत कई इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। वही हिंदपीढ़ी इलाके में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए कैंप कर रहे हैं। साथ ही मस्जिदों और ईदगाहों पर सुरक्षा बल के जवानों को लगाया गया है। रांची पुलिस अफवाहों को लेकर सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। रांची के सभी संवेदनशील जगहों पर रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गयी है।

Ranchi

Jun 16 2024, 22:22

झारखंड सरकार अब किसानों के 2 लाख रुपये तक का कर्ज करेंगे माफ,की इसकी घोषणा


राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति के पदाधिकारियों के साथ कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने की बैठक 

रांची :- झारखंड में पहले हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ने किसानों के 50 हजार तक के ऋण माफ कर रही थी वहीं अब चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ने किसानों के लिए 2 लाख रुपए तक के ऋण माफ करने का ऐलान किया है। बता दे कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कई विभागों की समीक्षा बैठक की थी इसी बैठक में किसानों के हित को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

 कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा है कि किसानों के दो लाख रुपये तक के लोन माफ किये जाएंगे। इसके लिए उन्होंने सभी बैंकों से प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा है। 31 मार्च 2020 तक किसानों द्वारा लिया गया 50 हजार से लेकर दो लाख तक के ऋण को वन टाईम सेंटलमेंट के माध्यम से माफ किये जायेंगे। इसके लिये सभी बैंकों से प्रस्ताव आमंत्रित किया गया है। नेपाल हाउस स्थित सभागार में राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति के पदाधिकारियों के साथ केसीसी लोन सहित कृषि कार्य के लिए किसानों द्वारा लिए गये ऋण की माफी योजना को लेकर बैठके चली।

बैठक में मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अपने वादे के मुताबिक ऐसे किसानों को राहत दी है, जो बैंक ऋण की वजह से चिंताग्रस्त रहते थे। राज्य के करीब 4 लाख 73 हजार से ज्यादा किसानों के 50 हजार रुपये तक के ऋण माफ किये जा चुके हैं। इस मद में सरकार द्वारा 1900 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि बैंकों को दी गयी है। लोन लेने वाले एससी/एसटी और कमजोर वर्ग के किसानों के ऋण माफ किये जाने का निर्णय भी बैठक में लिया गया। साथ ही देवघर को-ऑपरेटिव ग्रेन बैंक, लिमिटेड, देवघर द्वारा 14 हजार 346 ऋणी किसानों के कर्ज को भी माफ करने पर विचार किया गया। 

कृषि मंत्री ने सभी बैंकों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वैसे किसानों के खाते, जो एनपीए हो चुके हैं, उन खातों को बंद करने के लिए राज्य सरकार के पास प्रस्ताव भेजें, ताकि किसानों को ऋणमुक्त किया जा सके। ऐसे ऋणी, जिनकी मौत हो चुकी है तथा जिनके खाते एनपीए हो गये हैं, वैसे किसानों के लिए सक्षम साक्ष्य प्रस्तुत करने के उपरांत उन्हें भी बिना केवाईसी के लाभुकों की श्रेणी में शामिल किया जायेगा।

Ranchi

Jun 16 2024, 19:12

JPSC Mains 2024: 22 जून से शुरू होगी जेपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा


रांची:- जेपीएससी की 11वीं, 12वीं तथा 13वीं सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 22 जून से आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा 24 जून तक दो पालियों में होगी। सात हजार अभ्यर्थियों के लिए जेपीएससी ने रांची जिला में 15 परीक्षा केंद्र बनाये हैं। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने शनिवार से एडमिट कार्ड जारी कर दिया है।

कुल 342 पदों पर नियुक्ति के लिए 22 जून को प्रथम पाली में प्रथम पत्र व द्वितीय पाली में द्वितीय पत्र, 23 जून को प्रथम पाली में तृतीय पत्र व द्वितीय पाली में चतुर्थ पत्र, 24 जून को प्रथम पाली में पांचवें पत्र तथा द्वितीय पाली में छठे पत्र की परीक्षा लेगा। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दिन के एक बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। प्रत्येक पाली की परीक्षा तीन घंटे की होगी। 

अभ्यर्थी जेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर एडमिट कार्ड के साथ उपस्थिति पत्रक भी डाउनलोड कर सकते है। मुख्य परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन में भाषा एवं साहित्य विषय के लिए चयनित विषय के आधार पर ही प्रवेश पत्र निर्गत किये गये हैं। इसके आधार पर ही मुख्य परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जायेगी।