lucknow

Apr 23 2024, 15:55

लोकसभा चुनाव :239.20 लाख रुपये के मादक पदार्थ और नकदी जब्त

लखनऊ। आबकारी, आयकर, पुलिस एवं नार्कोटिक्स विभाग और अन्य प्रवर्तन एजेंसियों ने 22 अप्रैल को 239.20 लाख रुपये कीमत की शराब, ड्रग व नकदी आदि जब्त किया है। इसमें 154.97 लाख रुपये नकद धनराशि, 56.43 लाख रुपये कीमत की 21047.32 लीटर शराब, 27.80 लाख रुपये कीमत की 297572 ग्राम ड्रग जब्त की गयी।



प्रमुख जब्ती में जनपद हमीरपुर की हमीरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 23.09 लाख रुपये नकद, जनपद झांसी की झांसी नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 31.85 लाख रुपये नकद तथा जनपद कानपुर नगर की आर्य नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 71 लाख रुपये नकद धनराशि पकड़ी गयी। इसके अतिरिक्त जनपद बिजनौर की चांदपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 22.32 लाख रुपये अनुमानित कीमत की 279000 ग्राम ड्रग पकड़ी गयी।



मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 22 अप्रैल तक कुल 31898.16 लाख रुपये कीमत की शराब, ड्रग, बहुमूल्य धातुएं व नगदी आदि जब्त किए गये। इसमें 3123.56 लाख रुपये नकद धनराशि, 4279.08 लाख रुपये कीमत की शराब, 21177.55 लाख रुपये कीमत की ड्रग, 2161.59 लाख रुपये कीमत की बहुमूल्य धातुएं एवं 1156.38 लाख रुपये कीमत की अन्य सामग्री जब्त की गई।

lucknow

Apr 23 2024, 15:17

आतंकियों के मुकदमे वापस लेकर उन्हें सम्मानित करती थी सपा : सीएम योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अमरोहा में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज कहीं जोर से पटाखे की आवाज़ आती है तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है, यही होता है भय बिन होय न प्रीत। यही होता है सशक्त नेतृत्व, कांग्रेस के समय ये लोग आंखों में चश्मा लगा कर चुप्पी साधकर बैठ जाते थे।

मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने तो इससे भी ज्यादा बेशर्मी की, जिन लोगों ने रामजन्मभूमि और काशी संकटमोचन मंदिर पर आतंकी हमले किये थे, उनके मुकदमे वापस ले कर उन्हें सम्मानित कर रहे थे। ये लोग किस मुंह से सुरक्षा की बात करेंगे।

उन्होंने कहा कि अमरोहा से दिल्ली की दूरी 165 किमी है। यह दूरी तय करने में आज़ादी के बाद से 2014 तक 5-6 घण्टे लगते थे। आज मोदी के नेतृत्व में यहां हाईवेज़ बनवाकर मात्र दो घण्टे दूरी कर दी गयी है। अब तो अमरोहा को हम गंगा एक्सप्रेस वे से भी जोड़ रहे हैं। अब लखनऊ जाना होगा तो चार घण्टे में पहुंच जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सपा के दौर में देश के संसाधनों पर लूट का अधिकार एक ही परिवार को प्राप्त था, चाहे दिल्ली हो या सैफई। उस समय के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने यही कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। अगर ऐसा है तो पाल, सैनी और लोग कहां जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र कहता है कि ये शरीयत कानून लागू करेंगे। पीएम मोदी ने तीन तलाक हटा दिया तो ये लोग कहते हैं कि ये फिर से शरीयत कानून लागू करेंगे। मुख्यमंत्री योगी ने अमरोहा की जनता से भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।

lucknow

Apr 23 2024, 15:16

यूपी में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर देगी भाजपा
लखनऊ। लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में हुए कम मतदान ने सत्तापक्ष व विपक्ष की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले समय प्रदेश में गर्मी और बढ़ेगी ऐसे में अगर वोटर निकालने को लेकर रणनीति नहीं बनाई गयी तो इससे नुकसान हो सकता है। इसलिए मतदान प्रतिशत घटने से चिंतित भाजपा ने बूथस्तर पर खास रणनीति बनाई है।
चुनाव से पहले बूथ अध्यक्षों व सेक्टर प्रमुखों के साथ होने वाली बैठकों में अधिक से अधिक मतदान कराने के विषय पर चर्चा हो रही है। पन्ना प्रमुख व बूथ कमेटियों के सदस्यों की जिम्मेदारी रहेगी कि वह एक —एक वोटर से संपर्क करेंं।

मतदान के दिन इसका भी ध्यान रखना होगा कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रह जाये। बुजुर्गों को बूथ तक पहुंचाने का काम भी भाजपा के कार्यकर्ता करेंगें पन्ना प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ एक-एक वोटर से संपर्क करेंगे। मतदान से पहले दो से तीन बार मतदाताओं से संपर्क करने की रणनीति भाजपा ने बनाई है। वहीं बाहर रहने वाले वोटर्स को घर बुलाने का प्रयास भी स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता कर रहे हैं।भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने कहा कि भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर 370 वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगे हैं।

lucknow

Apr 23 2024, 15:15

यूपी दूसरे चरण की वो सीटें जहां कभी सपा-बसपा और कांग्रेस का खाता ही नहीं खुला, जानिये

लखनऊ। 18वीं लोकसभा के चुनाव के दूसरे चरण में उप्र की आठ संसदीय सीटों अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा पर 26 अप्रैल को चुनाव होने हैं। दूसरे चरण में पांच सीटें ऐसी हैं जहां अब तक समाजवादी पार्टी  और बहुजन समाज पार्टी का खाता नहीं खुला है। दो सीटें ऐसी भी हैं जहां कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल पाई है।मेरठ सीट पर सपा पार्टी का अब तक खाता नहीं खुला है। बसपा इस सीट पर 2004 में जीती थी। उसके बाद बसपा को जीत नसीब नहीं हुई। कांग्रेस इस सीट पर अंतिम बार 1999 के आम चुनाव में जीती थी। भाजपा इस सीट पर कुल पांच बार जीत चुकी है। 2009 से लगातार इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। 2024 के चुनाव में भाजपा चौथी बार की जीत की तैयारी में है।

बागपत पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व0 चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि है। जाटलैण्ड की अहम सीट बागपत पर अब तक 14 चुनाव हो चुके हैं। इस सीट पर अब तक सपा और बसपा का खाता नहीं खुला है। इस सीट के संसदीय इतिहास में 1971 और 1996 के चुनाव में कांग्रेस दो बार यहां जीत दर्ज करा चुकी है। इस सीट को चौधरी परिवार का गढ़ माना जाता है।2009 में नई बनी गाजियाबाद सीट पर सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। 2009, 2014 और 2019 के आम चुनाव में ये सीट भाजपा की झोली में गई। पिछले चुनाव में सपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। भाजपा के विजय कुमार सिंह ने 5 लाख से ज्यादा मतों के अंतर से सपा प्रत्याशी को हराया था।

इसी तरह 2009 में अस्तित्व में आई गौतमबुद्ध नगर सीट पर पहली बार बसपा ने जीत दर्ज की। इस सीट पर सपा और कांग्रेस का खाता अब तक नहीं खुला है। 2014 और 2019 के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार डॉ. महेश शर्मा ने यहां शानदार जीत हासिल की। पिछले चुनाव में बसपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर थी।भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा संसदीय सीट पर 17 आम चुनाव हो चुके हैं। लेकिन इस सीट पर अब तक सपा और बसपा का खाता नहीं खुला है। दोनों दल यहां अपना खाता खोलने के लिए जोर-आजमाइश कर रहे हैं। भाजपा ने ये सीट अब तक 6 बार जीती है। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को 2009 में यहां जीत नसीब हुई थी। कांग्रेस आखिरी बार 2004 में यहां जीती थी। पिछले दो चुनाव से इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी मतों के बड़े अंतर से जीत रही है। इस बार भाजपा उम्मीदवार हेमामालिनी जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में हैं।

बुलंदशहर सुरक्षित सीट होने के बावजूद इस सीट पर बसपा का अब तक खाता नहीं खुला है। इस सीट पर 1991 से 2004 तक लगातार भाजपा का कब्जा रहा। 2009 में सपा ने यहां जीत दर्ज की। 2014 के आम चुनाव में भाजपा ने जीत के साथ वापसी की। तब से ये सीट भाजपा के कब्जे में है। भाजपा इस सीट को अब तक 7 बार जीत कर रिकार्ड बना चुकी है। कांग्रेस यहां 40 साल पहले आखिरी बार 1984 के आम चुनाव में जीती थी।

ऐसा लगता है मानो तालानगरी अलीगढ़ में सपा की किस्मत को ही ताला लगा हुआ है। इस सीट पर सपा अब तक जीत नसीब नहीं हुई है। 1991 से लगातार चार चुनाव में भाजपा ने यहां जीत का झंडा गाड़ा। 2004 के आम चुनाव में भाजपा की जीत का सिलसिला कांग्रेस ने जीत के साथ तोड़ा। 2009 में बसपा को यहां सफलता मिली। 2014 में भाजपा ने जीत के साथ शानदार वापसी की, तब से इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। कांग्रेस आखिरी बार 1984 के आम चुनाव में यहां से जीती थी।

lucknow

Apr 23 2024, 10:26

चित्रकूट में सिपाही ने सरकारी रायफल से गोली मार जान दी, पत्नी ने भी की आत्महत्या

लखनऊ । देवकली निवासी मयंक कुमार पटेल जीआरपी झांसी में कांस्टेबल पद पर तैनात था। ‌प्रथम चरण के मतदान में उनकी ड्यूटी बिजनौर में लगी थी। वहां से वह सरकारी रायफल लेकर रविवार को अपने गांव आ गया। ‌ सोमवार को सारा दिन अपने परिवार के साथ रहा।


रात में एक बजे पिता को बताया कि पत्नी कुसुम ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को सूचना दी जाती उसके पहले मयंक ने परिवार वालों से कहा कि वह चुनाव ड्यूटी में है इसलिए जा रहा है। सरकारी रायफल लेकर घर से 100 मीटर दूर गोली मार ली।

lucknow

Apr 23 2024, 10:23

एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकरा ट्रक में घुसी बस, चार की मौत, 18 घायल
लखनऊ । लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर कन्नौज के पास पांच बजे गोरखपुर से सवारियों को लेकर दिल्ली जाते समय निजी बस डिवाइडर से टकराने के बाद आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में चार की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई। चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है।


*40 सवारियां लेकर दिल्ली निजी बस जा रही थी*


मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे गोरखपुर से 40 सवारियां लेकर दिल्ली निजी बस जा रही थी। जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव के पास 208 किलोमीटर पर अचानक चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार बस डिवाडर से टकराने के बाद आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला।

*मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई*

इसके बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 18 घायलों का उपचार किया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और एसपी अमित कुमार आनंद मौके पर पहुंच गए। एसपी ने बताया कि मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है। पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है।

lucknow

Apr 22 2024, 16:29

प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर लोकसभा चुनाव : योगी
लखनऊ । यूपी के अलीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्षों के कार्यकाल के बाद जनता जनार्दन का जिस प्रकार आशीर्वाद मिल रहा है उससे स्पष्ट है कि पहले चरण की यूपी की सभी आठ सीटों पर भाजपा का कमल खिलने जा रहा है।

विपक्ष का खाता नहीं खुलेगा। हम सबके लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर 2024 का लोकसभा चुनाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने अलीगढ़ के लिए सबकुछ किया। राजा महेन्द्र प्रताप के नाम पर विश्वविद्यालय दिया है। कॉरिडोर दिया है। पांच सौ सालों के बाद आप सब ने अयोध्या में भगवान राम का सूर्य तिलक होते देखा है। अलीगढ़ की जनता तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प के साथ मतदान करेगी।

lucknow

Apr 22 2024, 16:28

अयोध्या और काशी ने लक्ष्य पा लिया है, अब ब्रज की बारी है : योगी

लखनऊ । यह पूरा क्षेत्र ब्रज भूमि का भाग है। गिरिराज महराज की यहां बड़ी कृपा है। दुनिया यहां के रज-रज में कृष्ण कन्हैया का दर्शन करती है। सौभाग्य है कि इस धरती पर रहकर जीवन यापन कर आप सभी लोग भारत माता की सेवा करने में लगे हैं। अयोध्या और काशी ने अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया है। अब ब्रज भूमि का भी नंबर आने वाला है। विकास के लिए अब आपको तरसाने की कोई हिम्मत नहीं कर पाएगा। अब आगरा में भी एयरपोर्ट बन रहा है। आगरा भी गंगाजल का सेवन कर रहा है।

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने सोमवार को फतेहपुर सीकरी के किरावली में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, फतेहपुर सीकरी के सांसद एं प्रत्याशी राजकुमार चाहर को फिर से सदन भेजने की अपील की। मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि घर-घर जाइए, मतदान का प्रतिशत बढ़ाइए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस माटी के लाल आरकेएस भदौरिया वायु सेनाध्यक्ष के बाद भाजपा संग मिलकर आपके लिए कार्य करने को तत्पर हैं।


*विपक्षियों को पांच साल की छुट्टी दीजिए और बोलिए- जाओ, खूब फातिहा पढ़ो*


मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, सपा-बसपा के लोग माफिया व अपराधी को गले का हार बनाकर बेटी-व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगा रहे थे। यह लोग माफिया की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ रहे हैं। चुनाव में इन्हें बोल दीजिए, वोट तो कमल पर जाएगा, तुम लोगों को पांच साल की छुट्टी दे रहे हैं, जाओ-खूब फातिहा पढ़ो। हम अयोध्या में रामलला का दर्शन करा रहे हैं तो माफिया का राम-नाम सत्य भी करा रहे हैं। भाजपा सरकार है तो यह अद्भुत संयोग है। हमारा नारा राष्ट्रवाद है, जातिवाद नहीं। जाति व परिवार की बात करने वाले देश को कमजोर करना चाहते हैं।



*रामनवमी पर पीएम भले अयोध्या में नहीं थे पर मन अयोध्या में ही था*

योगी ने कहा कि रामनवमी के दिन भगवान राम का सूर्य तिलक हुआ था। एक तरफ कांग्रेस, सपा-बसपा के लोग कहते थे कि क्या प्रमाण है कि राम का जन्म अयोध्या में हुआ। य़ह कहते थे कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं थे, जैसे लगता था कि इस सृष्टि के पहले कांग्रेस, सपा-बसपा, ही पैदा हो गई थी। पीएम मोदी का प्रताप है कि इन लोगों का झूठ फेल हो गया और रामलला का मंदिर भी बन गया। पीएम मोदी ने ही अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास किया और प्राण-प्रतिष्ठा भी की। सूर्य तिलक के समय पीएम भले ही अयोध्या में नहीं थे, लेकिन उनका मन अयोध्या में ही था। 500 वर्ष बाद रामलला को अपनी जन्मभूमि पर ही जन्मोत्सव मनाने का अवसर प्राप्त हुआ। भारत ने साबित कर दिया कि जो भी कौम विरासत का सम्मान करेगा, उसे दुनिया में सम्मान मिलेगा।

*पाकिस्तान की आबादी से अधिक लोग भारत में गरीबी रेखा से उठे*


मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक तरफ विरासत का सम्मान तो दूसरी तरफ विकास के कार्य भी हो रहे हैं। 1947 में पाकिस्तान भारत से अलग हुआ था। भारत में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन मिल रहा है और पाकिस्तान में 23 करोड़ जनता भूखों मर रही है। पाकिस्तान की आबादी से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दस वर्ष में गरीबी रेखा से उठाकर खुशहाल व स्वावलंबी जीवन दिया गया। कांग्रेस व सपा वाले गरीबों के हकों पर डकैती डालने के लिए जनधन अकाउंट नहीं खोलते थे। गरीब सर्दी में ठिठुरता था तो बरसात में भूखों सो जाता था, लेकिन मोदी जी के राज में 'सबका साथ-सबका विकास' के आधार पर योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सुविधा सबको, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं।


*आपके सांसद पूरे देश में किसानों के लिए कार्य कर रहे हैं*

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने विरासत व विकास का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया है। पीएम कृषि सिंचाई योजना, पीएम किसान बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि के पीछे पीएम मोदी का नेतृत्व-मार्गदर्शन है तो संगठन के माध्यम से देश में ले जाने का कार्य भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व आपके सांसद राजकुमार चाहर कर रहे हैं। आपके लिए गौरव की बात है कि आपके सांसद पूरे देश के किसानों के लिए कार्य कर रहे हैं। आपका दायित्व बनता है कि राम-कृष्ण पर प्रश्न खड़े करने वालों, गंगाजल के लिए तरसाने वालों को वोट के लिए तरसा दीजिए।


इस अवसर पर पूर्व वायुसेनाध्यक्ष आरकेएस भदौरिया, केंद्रीय मंत्री/आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल, यूपी की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्या, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष गिरिराज सिंह कुशवाहा, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, धर्मपाल सिंह, छोटेलाल वर्मा, राजेश चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह आदि मौजूद रहे।

lucknow

Apr 22 2024, 16:26

इस बार चूक गई जनता तो महंगाई, बेरोजगारी से हो जाएगी हालत खराब : अखिलेश यादव

लखनऊ/रांची। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को झारखण्ड के रांची दौरे पर पहुंचे। उन्होंने इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन की संयुक्त रूप से आयोजित उलगुलान महारैली को सम्बोधित किया।उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत विशेष है। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को हर हालत में हटाना है। अगर देश की जनता इस बार भाजपा को हटाने से चूक गयी तो महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार वर्तमान हालात से भी ज्यादा खराब हो जाएंगे। इनके पास देश की जनता को बताने के लिए कुछ नहीं बचा है।


उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। इलेक्टोरल बांड के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया है। हजारों करोड़ रुपये की चुनावी चंदा के नाम पर वसूली की है। तमाम कम्पनियों को डराकर वसूली की। कोरोना के समय वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी वसूली कर ली है। जबसे इलेक्टोरल बांड का मामला बाहर आया है, भाजपा के नेता घबराये हुए हैं। उनके पास भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है।अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने युवाओं की नौकरी छीनी है। हर साल दो करोड़ नौकरी देने का झूठा वादा किया। लेकिन कोई वादा पूरा नहीं किया। आज देश में 80-90 फीसदी पढ़ा-लिखा नौजवान बेरोजगार है। भाजपा सरकारों में भर्ती परीक्षाओं के तमाम पेपर लीक हुए। जबसे भाजपा की सरकार आयी है। नौजवानों, किसानों, आदिवासियों की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले जुमलेबाजी करने वाले भाजपा के लोग जनता को झूठी गारन्टी दे रहे हैं। देश की जनता को भाजपा की गारन्टी नहीं, बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के संविधान की गारन्टी चाहिए। इंडिया गठबंधन जनता को संविधान की गारन्टी देता है। संविधान की गारन्टी में सब कुछ है। इंडिया गठबंधन संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई लड़ रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हार के डर से झारखण्ड के मुख्यमंत्री रहे हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को झूठे मामलों में जेल भिजवाया। भाजपा यह न भूले कि उसने शेर को भले ही गिरफ्तार कराया है लेकिन उनकी दहाड़ को नहीं गिरफ्तार करा पाई है। यह जो दहाड़ पूरे देश में जा रही है वह ऐलान कर रही कि बदलाव होना तय है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने झारखण्ड और आदिवासियों के साथ बहुत अन्याय किया है। यह भगवान बिरसामुंडा की धरती है। यह भाजपा को हराकर दिल्ली की सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया हो गया है। किसान, नौजवान सहित सभी लोग एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मतदान कर रहे हैं। भाजपा की सरकार अब बचने वाली नहीं है। इस दौरान महारैली को इंडिया गठबंधन की सभी पार्टियों के नेताओं ने सम्बोधित किया।

lucknow

Apr 22 2024, 16:25

यूपी में गुंडागर्दी कतई नहीं होने दी जाएगी : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर मंत्री डॉ. संंजय निषाद पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने कि सपा बहादुर अखिलेश यादव की पार्टी के गुंडों ने निषाद पार्टी के मुखिया कैबिनेट मंत्री डॉक्टर संजय निषाद पर जानलेवा हमला किया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ कठोर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यूपी में गुंडागर्दी की वापसी क़तई नहीं होने दी जाएगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गांधी परिवार के राजतंत्र के खिलाफ कभी बिगुल बजाने वाले नेता आज खुद इस परिवार की गोद में बैठकर लोकतंत्र का राग अलाप रहे हैं। मौर्य अबकी बार 400 पार का नारा एक बार फिर बुलंद किया।