lucknow

Apr 23 2024, 10:23

एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकरा ट्रक में घुसी बस, चार की मौत, 18 घायल
लखनऊ । लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर कन्नौज के पास पांच बजे गोरखपुर से सवारियों को लेकर दिल्ली जाते समय निजी बस डिवाइडर से टकराने के बाद आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में चार की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई। चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है।


*40 सवारियां लेकर दिल्ली निजी बस जा रही थी*


मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे गोरखपुर से 40 सवारियां लेकर दिल्ली निजी बस जा रही थी। जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव के पास 208 किलोमीटर पर अचानक चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार बस डिवाडर से टकराने के बाद आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला।

*मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई*

इसके बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 18 घायलों का उपचार किया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और एसपी अमित कुमार आनंद मौके पर पहुंच गए। एसपी ने बताया कि मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है। पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है।

lucknow

Apr 22 2024, 16:29

प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर लोकसभा चुनाव : योगी
लखनऊ । यूपी के अलीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्षों के कार्यकाल के बाद जनता जनार्दन का जिस प्रकार आशीर्वाद मिल रहा है उससे स्पष्ट है कि पहले चरण की यूपी की सभी आठ सीटों पर भाजपा का कमल खिलने जा रहा है।

विपक्ष का खाता नहीं खुलेगा। हम सबके लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर 2024 का लोकसभा चुनाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने अलीगढ़ के लिए सबकुछ किया। राजा महेन्द्र प्रताप के नाम पर विश्वविद्यालय दिया है। कॉरिडोर दिया है। पांच सौ सालों के बाद आप सब ने अयोध्या में भगवान राम का सूर्य तिलक होते देखा है। अलीगढ़ की जनता तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प के साथ मतदान करेगी।

lucknow

Apr 22 2024, 16:28

अयोध्या और काशी ने लक्ष्य पा लिया है, अब ब्रज की बारी है : योगी

लखनऊ । यह पूरा क्षेत्र ब्रज भूमि का भाग है। गिरिराज महराज की यहां बड़ी कृपा है। दुनिया यहां के रज-रज में कृष्ण कन्हैया का दर्शन करती है। सौभाग्य है कि इस धरती पर रहकर जीवन यापन कर आप सभी लोग भारत माता की सेवा करने में लगे हैं। अयोध्या और काशी ने अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया है। अब ब्रज भूमि का भी नंबर आने वाला है। विकास के लिए अब आपको तरसाने की कोई हिम्मत नहीं कर पाएगा। अब आगरा में भी एयरपोर्ट बन रहा है। आगरा भी गंगाजल का सेवन कर रहा है।

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने सोमवार को फतेहपुर सीकरी के किरावली में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, फतेहपुर सीकरी के सांसद एं प्रत्याशी राजकुमार चाहर को फिर से सदन भेजने की अपील की। मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि घर-घर जाइए, मतदान का प्रतिशत बढ़ाइए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस माटी के लाल आरकेएस भदौरिया वायु सेनाध्यक्ष के बाद भाजपा संग मिलकर आपके लिए कार्य करने को तत्पर हैं।


*विपक्षियों को पांच साल की छुट्टी दीजिए और बोलिए- जाओ, खूब फातिहा पढ़ो*


मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, सपा-बसपा के लोग माफिया व अपराधी को गले का हार बनाकर बेटी-व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगा रहे थे। यह लोग माफिया की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ रहे हैं। चुनाव में इन्हें बोल दीजिए, वोट तो कमल पर जाएगा, तुम लोगों को पांच साल की छुट्टी दे रहे हैं, जाओ-खूब फातिहा पढ़ो। हम अयोध्या में रामलला का दर्शन करा रहे हैं तो माफिया का राम-नाम सत्य भी करा रहे हैं। भाजपा सरकार है तो यह अद्भुत संयोग है। हमारा नारा राष्ट्रवाद है, जातिवाद नहीं। जाति व परिवार की बात करने वाले देश को कमजोर करना चाहते हैं।



*रामनवमी पर पीएम भले अयोध्या में नहीं थे पर मन अयोध्या में ही था*

योगी ने कहा कि रामनवमी के दिन भगवान राम का सूर्य तिलक हुआ था। एक तरफ कांग्रेस, सपा-बसपा के लोग कहते थे कि क्या प्रमाण है कि राम का जन्म अयोध्या में हुआ। य़ह कहते थे कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं थे, जैसे लगता था कि इस सृष्टि के पहले कांग्रेस, सपा-बसपा, ही पैदा हो गई थी। पीएम मोदी का प्रताप है कि इन लोगों का झूठ फेल हो गया और रामलला का मंदिर भी बन गया। पीएम मोदी ने ही अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास किया और प्राण-प्रतिष्ठा भी की। सूर्य तिलक के समय पीएम भले ही अयोध्या में नहीं थे, लेकिन उनका मन अयोध्या में ही था। 500 वर्ष बाद रामलला को अपनी जन्मभूमि पर ही जन्मोत्सव मनाने का अवसर प्राप्त हुआ। भारत ने साबित कर दिया कि जो भी कौम विरासत का सम्मान करेगा, उसे दुनिया में सम्मान मिलेगा।

*पाकिस्तान की आबादी से अधिक लोग भारत में गरीबी रेखा से उठे*


मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक तरफ विरासत का सम्मान तो दूसरी तरफ विकास के कार्य भी हो रहे हैं। 1947 में पाकिस्तान भारत से अलग हुआ था। भारत में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन मिल रहा है और पाकिस्तान में 23 करोड़ जनता भूखों मर रही है। पाकिस्तान की आबादी से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दस वर्ष में गरीबी रेखा से उठाकर खुशहाल व स्वावलंबी जीवन दिया गया। कांग्रेस व सपा वाले गरीबों के हकों पर डकैती डालने के लिए जनधन अकाउंट नहीं खोलते थे। गरीब सर्दी में ठिठुरता था तो बरसात में भूखों सो जाता था, लेकिन मोदी जी के राज में 'सबका साथ-सबका विकास' के आधार पर योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सुविधा सबको, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं।


*आपके सांसद पूरे देश में किसानों के लिए कार्य कर रहे हैं*

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने विरासत व विकास का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया है। पीएम कृषि सिंचाई योजना, पीएम किसान बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि के पीछे पीएम मोदी का नेतृत्व-मार्गदर्शन है तो संगठन के माध्यम से देश में ले जाने का कार्य भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व आपके सांसद राजकुमार चाहर कर रहे हैं। आपके लिए गौरव की बात है कि आपके सांसद पूरे देश के किसानों के लिए कार्य कर रहे हैं। आपका दायित्व बनता है कि राम-कृष्ण पर प्रश्न खड़े करने वालों, गंगाजल के लिए तरसाने वालों को वोट के लिए तरसा दीजिए।


इस अवसर पर पूर्व वायुसेनाध्यक्ष आरकेएस भदौरिया, केंद्रीय मंत्री/आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल, यूपी की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्या, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष गिरिराज सिंह कुशवाहा, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, धर्मपाल सिंह, छोटेलाल वर्मा, राजेश चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह आदि मौजूद रहे।

lucknow

Apr 22 2024, 16:26

इस बार चूक गई जनता तो महंगाई, बेरोजगारी से हो जाएगी हालत खराब : अखिलेश यादव

लखनऊ/रांची। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को झारखण्ड के रांची दौरे पर पहुंचे। उन्होंने इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन की संयुक्त रूप से आयोजित उलगुलान महारैली को सम्बोधित किया।उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत विशेष है। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को हर हालत में हटाना है। अगर देश की जनता इस बार भाजपा को हटाने से चूक गयी तो महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार वर्तमान हालात से भी ज्यादा खराब हो जाएंगे। इनके पास देश की जनता को बताने के लिए कुछ नहीं बचा है।


उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। इलेक्टोरल बांड के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया है। हजारों करोड़ रुपये की चुनावी चंदा के नाम पर वसूली की है। तमाम कम्पनियों को डराकर वसूली की। कोरोना के समय वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी वसूली कर ली है। जबसे इलेक्टोरल बांड का मामला बाहर आया है, भाजपा के नेता घबराये हुए हैं। उनके पास भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है।अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने युवाओं की नौकरी छीनी है। हर साल दो करोड़ नौकरी देने का झूठा वादा किया। लेकिन कोई वादा पूरा नहीं किया। आज देश में 80-90 फीसदी पढ़ा-लिखा नौजवान बेरोजगार है। भाजपा सरकारों में भर्ती परीक्षाओं के तमाम पेपर लीक हुए। जबसे भाजपा की सरकार आयी है। नौजवानों, किसानों, आदिवासियों की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले जुमलेबाजी करने वाले भाजपा के लोग जनता को झूठी गारन्टी दे रहे हैं। देश की जनता को भाजपा की गारन्टी नहीं, बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के संविधान की गारन्टी चाहिए। इंडिया गठबंधन जनता को संविधान की गारन्टी देता है। संविधान की गारन्टी में सब कुछ है। इंडिया गठबंधन संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई लड़ रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हार के डर से झारखण्ड के मुख्यमंत्री रहे हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को झूठे मामलों में जेल भिजवाया। भाजपा यह न भूले कि उसने शेर को भले ही गिरफ्तार कराया है लेकिन उनकी दहाड़ को नहीं गिरफ्तार करा पाई है। यह जो दहाड़ पूरे देश में जा रही है वह ऐलान कर रही कि बदलाव होना तय है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने झारखण्ड और आदिवासियों के साथ बहुत अन्याय किया है। यह भगवान बिरसामुंडा की धरती है। यह भाजपा को हराकर दिल्ली की सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया हो गया है। किसान, नौजवान सहित सभी लोग एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मतदान कर रहे हैं। भाजपा की सरकार अब बचने वाली नहीं है। इस दौरान महारैली को इंडिया गठबंधन की सभी पार्टियों के नेताओं ने सम्बोधित किया।

lucknow

Apr 22 2024, 16:25

यूपी में गुंडागर्दी कतई नहीं होने दी जाएगी : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर मंत्री डॉ. संंजय निषाद पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने कि सपा बहादुर अखिलेश यादव की पार्टी के गुंडों ने निषाद पार्टी के मुखिया कैबिनेट मंत्री डॉक्टर संजय निषाद पर जानलेवा हमला किया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ कठोर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यूपी में गुंडागर्दी की वापसी क़तई नहीं होने दी जाएगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गांधी परिवार के राजतंत्र के खिलाफ कभी बिगुल बजाने वाले नेता आज खुद इस परिवार की गोद में बैठकर लोकतंत्र का राग अलाप रहे हैं। मौर्य अबकी बार 400 पार का नारा एक बार फिर बुलंद किया।

lucknow

Apr 22 2024, 16:24

कट्टरपंथियों के साथ खड़ी है कांग्रेस : ब्रजेश पाठक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब कट्टरपंथियों के साथ खड़ी है। विगत कई सालों से कांग्रेस अपने रास्ते से भटक गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 10 साल देश की सेवा की। मोदी के नेतृत्व में विकास के अनेक कार्य हुए। दस वर्ष के कार्यकाल में एक भी भ्रष्टाचार का चिन्ह भाजपा पर नहीं लगा।



ब्रजेश पाठक प्रदेश भाजपा कार्यालय पर विभिन्न दलों से आए कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद बोल रहे थे। प्रदेश कार्यालय में ब्रजेश पाठक के समक्ष पूर्व सांसद संतोष कुमार सिंह, पूर्व विधायक अशोक सिंह, पूर्व विधायक पहलवान सिंह, चौधरी सरदार सिंह, सरिता सिंह और करुणाकर पाण्डेय भाजपा में शामिल हुए। इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी, बसपा के वरिष्ठ नेता कुंवर वकील चंद्र और भगवान बख्श सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।



इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा अवध क्षेत्र कमलेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री शिव भूषण, प्रदेश मंत्री शंकर सिंह लोधी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित और सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

lucknow

Apr 22 2024, 16:23

अलीगढ़ में पीएम मोदी ने राहुल गांधी और अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- आपकी मेहनत की कमाई पर कांग्रेस अपना पंजा मारना चाहती है
लखनऊ। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खतरनाक इरादों से लोगों को आगाह कर रहा हूं। कांग्रेस की नजर आपकी कमाई पर है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि उनकी सरकार आई तो वह सबकी सम्पत्ति की जांच कराएंगे। वह आपकी सम्पत्ति लेकर लोगों में बांट देंगे। यह मैं नहीं कह रहा हूं, यह कांग्रेस का घोषणा पत्र कह रहा है। सरकार के नाम पर कांग्रेस आपकी सम्पत्ति छीन लेगी। यह माओवादी सोच है। यह कम्युनिस्टों की सोच है। आपकी मेहनत की कमाई पर कांग्रेस अपना पंजा मारनी चाहती है। माताओं, बहनों का मंगलसूत्र अब सलामत नहीं रहेगा, यह कांग्रेस कहती है। इन परिवारवादी लोगों ने देश के लोगों को लूटकर अपना बड़ा साम्राज्य बना लिया है। किसी गरीब को उसमें से कुछ नहीं दिया है। उल्टे वे गरीबों से छीनना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली बार जब मैं अलीगढ़ आया था, तब मैंने आप सबसे अनुरोध किया था कि सपा और कांग्रेस के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की फैक्टरी में ताला लगा दीजिए। आपने ऐसा ताला लगाया कि दोनों शहजादों को इसकी चाबी नहीं मिल रही है। अलीगढ़ की जनता से प्रार्थना करने और आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। अच्छे भारत और विकसित भारत की चाबी भी आपके पास ही है। अब देश को गरीबी, भ्रष्टचार, परिवारवादी राजनीति से पूरी तरह से मुक्त कराने का समय आ गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले बार्डर पर आए दिन गोले दगते थे। आतंकी बम फोड़ते थे। अयोध्या और काशी को नहीं छोड़े। हर बड़े शहर में बम धमाका। अब उस सीरियल बम धमाके पर ब्रेक लग गया है। अब मोदी-योगी का कमाल है कि यह सब बंद हो गया है। पहले अलीगढ़ में भी आए दिन कर्फ्यू लगता था। अब ऐसा नहीं है।

मोदी ने कहा कि दंगे, हत्या, गैंगवार, फिरौती सपा की पहचान थी। इसी से उनकी राजनीति चलती थी। एक समय था कि बेटियां बाहर निकल नहीं सकती थीं। आज योगी सरकार में कोई गुंडा सिर नहीं उठा सकता है। पहले हज कोटा कम होता था। उसमें भी घूसखोरी चलती थी। ज्यादातर पैसे वाले लोग ही जा पाते थे। हमारी सरकार ने हज का कोटा ही नहीं बढ़ाया बल्कि प्रक्रिया को आसान भी बनाया। पहले अकेली महिलाएं हज करने नहीं जा सकती थीं। हमने उसे भी दुरुस्त किया। आज बहुत सी मुस्लिम माताएं-बहनें हमें आशीर्वाद दे रही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अलीगढ़ के लाखों लोगों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज की सुविधा मिल रही है। मोदी ने गारंटी दी है कि आपके परिवार के 70 साल से अधिक उम्र के लोगों की चिंता यह बेटा (मोदी) करेगा। मोदी ने कहा कि गरीब को घर मिला, राशन मिला, इलाज मिला। यह सब आपके एक वोट ने किया। इस अच्छे कार्य का पुण्य आपको भी मिल रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार की तमाम योजनाओं का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अलीगढ़ से सतीश गौतम और हाथरस से अनूप बाल्मीकि को जिताने की अपील की। मोदी ने कहा कि आप यह वोट भले ही यहां सतीश गौतम या अनूप बाल्मीकि को देंगे, लेकिन जब कमल का बटन दबाएंगे तो यह वोट सीधे मोदी को मिल जाएगा।

lucknow

Apr 21 2024, 11:03

मुरादाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रहे सर्वेश सिंह को सियासत विरासत में मिली थी, जानिये पूरा राजनीतिक इतिहास

लखनऊ । पूर्व सांसद और यूपी के मुरादाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रहे सर्वेश सिंह को सियासत विरासत में मिली थी। उनके पिता रामपाल सिंह 1962 से 1989 तक राजनीति में सक्रिय रहे। वह चार बार ठाकुरद्वारा से विधायक और एक बार अमरोहा से सांसद चुके गए थे। पिता से राजनीति के गुर विरासत में मिलने के बाद सर्वेश सिंह 1991 में सक्रिय राजनीति में आए थे। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के रतूपुरा गांव निवासी सर्वेश सिंह का जन्म 23 दिसंबर 1952 हुआ था। उन्होंने 26 मई 1983 को कुंवरानी साधना सिंह से शादी की थी। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। 1991 में उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। तब भाजपा के टिकट पर ठाकुरद्वारा की अपनी पैतृक सीट से लड़े और विधायक बने।

बता दें कि 2007 तक सर्वेश सिंह इस सीट पर विधायक रहे। 2007 में इस सीट पर बसपा के विजय यादव ने जीत दर्ज की थी। सर्वेश सिंह ने 2009 में लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुरादाबाद लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन वह मोहम्मद अजहरुद्दीन से हार गए थे। उन्होंने 2012 में फिर से ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें मुरादाबाद लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया और उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. एसटी हसन को 87,504 वोटों के अंतर से हराया था। 2019 में भाजपा ने उन्हें फिर से प्रत्याशी बनाया गया था लेकिन बसपा-सपा गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. एसटी हसन से चुनाव हार गए थे। 2024 में चौथी बार भाजपा ने सर्वेश सिंह को मुरादाबाद लोकसभा चुनाव मैदान में उतारा था। एक दिन पहले 19 अप्रैल को ही मुरादाबाद में मतदान हुआ था। उन्होंने भी मतदान किया था। सर्वेश सिंह के बेटे सुशांत सिंह बढ़ापुर विधानसभा से भाजपा के विधायक हैं। सर्वेश सिंह 1991 से लेकर राजनीति में सक्रिय रहे।

ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से भाजपा अंतिम बार 2012 में जीती थी। तब सर्वेश सिंह विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 2014 लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीत गए। तब उन्हें विधायक पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद से ठाकुरद्वारा सीट पर उपचुनाव हुए लेकिन भाजपा के प्रत्याशी राजपाल सिंह चौहान चुनाव हार गए। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को हार मिली। 2022 में भाजपा ने इस सीट पर अजय प्रताप सिंह को मैदान में उतारा लेकिन वे भी जीत दर्ज नहीं कर पाए। सर्वेश सिंह के बाद यहां से भाजपा का कोई प्रत्याशी नहीं जीत पाया है।

lucknow

Apr 21 2024, 09:23

भाजपा उम्मीदवार कुंवर सर्वेश सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

लखनऊ। मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया कि पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के निधन से स्तब्ध हूं। ये भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है।

उन्होंने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों और उनके समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि मुरादाबाद में लोकसभा के प्रथम चरण में शुक्रवार को मतदान हुआ था। कुंवर सर्वेश सिंह ने मतदान किया था। इसके बाद उनकी तबियत बिगड़ी तो परिजन ने उन्हें दिल्ली ले आए और एम्स में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान शनिवार की देर सायं उनका निधन हो गया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुरादाबाद भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत तथा मुरादाबाद के पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। सर्वेश सिंह का गोलोकवासी होना मुरादाबाद ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं प्रभु श्रीराम चंद्र जी से कामना करता हूँ कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके समर्थकों व शोक संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सर्वेश कुमार सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक कद्दावर शख्सियत के तौर पर जाने जाते थे। उन्होंने विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी। वह ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से पांच बार विधायक और 2014 में सांसद रहे। सर्वेश कुमार सिंह 1991, 1993, 1996, 2002 और 2012 में ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव जीता था। इलाके में सर्वेश कुमार सिंह बेहद लोकप्रिय थे।

lucknow

Apr 19 2024, 20:38

लोस चुनाव : उप्र की आठ सीटों पर तीन बजे तक 47.44 फीसदी मतदान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आठ निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार की सुबह सात बजे से शांतिपूर्ण मतदान जारी है। इन सीटों पर तीन बजे तक 47.44 प्रतिशत मतदान हुआ है।

यह जानकारी उप्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से दी गई है। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें सहारनपुर लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा मतदान 53.31 प्रतिशत हुआ है।

उल्लेखनीय है कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 के प्रथम चरण का मतदान सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा है। इस दौरान तीन बजे तक शुरूआती नौ घंटों में उप्र की आठ लोकसभा सीटों पर कुल 47.44 प्रतिशत प्रतिशत मतदान हुआ है।

सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के चलते मतदान बूथों पर लगातार मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। मतदान के शुरूआती छह घंटों की रुझान को देखते हुए चुनाव आयोग ने बेहतर मतदान प्रतिशत होने की संभावना जताई है।