किसानों का भारत बंद आज, शंभू बॉर्डर पर पुलिस और किसानों में झड़प, पुलिस ने जारी किया प्रदर्शनकारियों का वीडियो
#farmersprotestbharat_bandh
किसान संगठनों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। दिनभर चलने वाला ये विरोध प्रदर्शन सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। किसान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक देशभर की मुख्य सड़कों पर चक्का जाम में शामिल होंगे। पंजाब में आज ज्यादातर स्टेट और नेशनल हाईवे चार घंटे के लिए बंद रहेंगे। देश की 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियन से जुड़े करोड़ों की संख्या में मजदूरों ने भी राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
शंभू बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच झड़प
भारत बंद के बीच शंभू बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच झड़प की खबर आ रही है.। पुलिस ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें प्रदर्शनकारी किसान सुरक्षाबलों पर पथराव करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले बुधवार को भी शंभू बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच झड़प हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे थे। इससे किसानों में अफरा तफरी मच गई थी।
भारत बंद को लेकर नोएडा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गुरुवार को कहा कि शुक्रवार को किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर जिले भर में धारा 144 लागू की जाएगी, जिसमें अनधिकृत सार्वजनिक सभाओं पर रोक भी शामिल है। पुलिस ने दिल्ली जाने और आने वाले यात्रियों को नोएडा में किये गये यातायात परिवर्तन को लेकर आगाह किया और लोगों को असुविधा से बचने के लिए जहां तक संभव हो मेट्रो सेवा का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
केंद्र और किसानों के बीच कोई समाधान नहीं
इससे पहले तीन केंद्रीय मंत्रियों और प्रदर्शनकारी किसान यूनियनों के नेताओं के बीच गुरुवार देर रात यहां मैराथन बैठक बिना किसी समाधान के समाप्त हो गई। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि चर्चा “सकारात्मक” थी और बातचीत का एक और दौर रविवार को होगा। किसान नेताओं ने कहा कि वे पंजाब और हरियाणा के बीच दो सीमा बिंदुओं पर डटे रहेंगे। हालांकि तब तक शांति बनाए रखने पर सहमति बनी है। बैठक में यह तय किया गया कि रविवार की बैठक तक शंभू बॉर्डर पर किसान आगे नहीं बढ़ेंगे और हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री की तरफ से भी सीजफायर पर सहमति बनी। इससे पहले किसानों के साथ 8 और 12 फरवरी को दो बैठकें बेनतीजा रह चुकी है।








Feb 16 2024, 11:30
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.3k