Bihar

Feb 11 2024, 09:47

मौसम अलर्ट : राजधानी पटना समेत प्रदेश के इन जिलों में अगले दो-तीन दिनों में मघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना, न्यूनतम तापमान में होगी वृद्धि

डेस्क : भीषण ठंड के बाद पिछले कुछ दिनों से बिहारवासियों को बड़ी राहत मिली है। दिन में धूप खिलने से ठंड का प्रकोप कम हुआ है। हालांकि सुबह-शाम थोड़ी ठंड का अहसास अब भी हो रहा है। 

इसी बीचे मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में पटना, गया सहित दक्षिण बिहार के 19 जिलों में हल्की बारिश, मेघगर्जन व वज्रपात की संभावना जताई हैं। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

शनिवार को राजधानी सहित 24 शहरों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री के नीचे रहा। गया अति शीतलहर की चपेट में रहा। प्रदेश का सबसे ठंडा जिला 5.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गया रहा। पटना सहित 25 शहरों का न्यूनतम और 30 का अधिकतम पारा चढ़ा। पटना के अधिकतम तापमान में 0.4 और न्यूनतम में 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान बढ़ने और तेज धूप से लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि सुबह और शाम ठंड लग रही थी।

न्यूनतम तापमान में होगी बढ़ोत्तरी

मौसम विभाग के अनुसार रविवार से अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। वहीं अधिकतम तापमान में अगले 5 दिनों के दौरान कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, जबकि की शनिवार या रविवार की रात में बांका, जमुई, नवादा, गया और औरंगाबाद जिले के एक या दो स्थानों पर शीतलहर होने की संभावना है।

पछुआ का प्रवाह

प्रदेश के अधिकतर शहरों में सतही पछुआ हवा का प्रवाह जारी है। एक चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण गुजरात एवं आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से औसत 1.5 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है। जिस कारण अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा।

Bihar

Feb 09 2024, 10:59

बड़ी खबर : लैंड फॉर जॉब मामले में लालू परिवार को बड़ी राहत, राबड़ी, मीसा और हेमा को मिली अंतरिम जमानत

डेस्क : अभी-अभी राजद सुप्रीमो लालू परिवार के लिए बड़ी राहत वाली खबर आई है। लैंड फॉर जॉब मामले में पूर्व सीएम राबड़ी देवी, राजद राज्यसभा सांसद व लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती और छोटी बेटी हेमा यादव की अंतरिम जमानत मंजूर हो गई है। 

दिल्ली की राउज एवेन्यु कोर्ट ने आज शुक्रवार को इस मामले में सुनवाई करते हुए राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव सहित अन्य आरोपियों को अंतरिम जमानत मंजूर किया है। 

कोर्ट ने 1 लाख रुपए के बांड पर सभी को अंतरिम जमानत दी है। साथ ही मामले की अगली सुनवाई 28 फरवरी को मुकर्रर की है।

Bihar

Feb 09 2024, 10:10

राजद पर जदयू राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन का बड़ा प्रहार परिवारवादियों का लोकतंत्र की दुहाई देना हास्यास्पद जनता अब नहीं आने वाली उनके झांसे मे

डेस्क : जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने राजद पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होने कहा है कि सत्ता में रहते हुए जनता, संविधान और लोकतंत्र का मजाक उड़ा कर रख देने वाले परिवारवादियों को लोकतंत्र की दुहाई देना हास्यास्पद है। 

इन्हें लगता है कि लोकतंत्र की माला जपने से इनके प्रमुख परिवारों का भला हो जाएगा और इनके युवराज सत्ता में आ जाएंगे। पर, उन्हें जानना चाहिए कि अब जनता जागरूक हो चुकी है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र के खतरे में होने का दावा करने वाले इन परिवारवादियों ने इमरजेंसी का दौर भी देखा है। उस समय सरकार के खिलाफ आंदोलन करना तो दूर बोलने तक की मनाही थी। खुद राजद प्रमुख लालू प्रसाद को भी इन्हीं वजहों से जेल जाना पड़ा था। 

लेकिन, आज यह लोग न केवल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर अशब्दों का प्रयोग करते हैं, बल्कि सरकार पर सीना ठोक कर गलत आरोप भी लगाते हैं।

Bihar

Feb 09 2024, 09:47

10 फरवरी से बोध गया में बीजेपी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का होगा आयोजन, 12 फरवरी को विश्वास मत के दौरान सीधे विधानसभा पहुंचेंगे भाजपा विधायक

डेस्क : 12 फरवरी को बिहार विधान सभा में प्रदेश की नई एनडीए सरकार का विश्वास मत होना है। इससे पहले बिहार भाजपा की ओर से 10 व 11 फरवरी को दिवसीय बोधगया में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इसमें पार्टी के सभी विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे। 

12 फरवरी को विश्वास मत के दौरान भाजपा विधायक सीधे यहां पहुंचेंगे। राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा विधायकों को एकजुट रखने का प्रयास बताया जा रहा है। हालांकि भाजपा ने इस तरह बात को सिरे से खारिज किया है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि बजट सत्र के पहले हर साल विधायकों के लिए प्रशिक्षण शिविर लगता है। इसमें विधायकों को बताया जाएगा कि सदन में जनहित के मुद्दे को कैसे उठाएं। साथ ही पार्टी की नीतियों का ख्याल रखने हुए सदन में अपनी बात मुखरता से उठाएं। 

शिविर को भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया संबोधित करेंगे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा मंत्री डॉ. प्रेम कुमार सहित अन्य वरिष्ठ नेता का भी संबोधन होगा। 

प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने वाले विधायकों और विधान पार्षदों के लिए बोधगया में होटल आदि बुक करा लिए गए हैं।

Bihar

Feb 09 2024, 09:20

मौसम का मिजाज : 11 फरवरी से हवा के रुख में बदलाव के आसार, पुरवा हवा चलने से ठंड से मिलेगी राहत

डेस्क : राजधानी पटना सहित प्रदेश के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से तेज पछुआ हवा के कारण दिन में धूप के बावजूद ठंडी में बढ़ोत्तरी हुई है। हालांकि इसमें अब बदलाव के आसार है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 फरवरी रविवार से से हवा के रुख में बदलाव के आसार हैं। 

पुरवा हवा चलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी। इससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। वहीं शुक्रवार से पछुआ की रफ्तार थमेगी पर अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में क्रमिक गिरावट जारी रहेगी। इस कारण सुबह और शाम लोगों को ठंड का एहसास होगा। रविवार से पुरवा हवा के प्रभाव से तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राजधानी सहित प्रदेश के 26 शहरों के न्यूनतम और 21 के अधिकतम तापमान में कमी आई। वहीं भागलपुर, नवादा, अररिया, डेहरी और कैमूर के न्यूनतम और किशनगंज, फारबिसगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पुपरी, भोजपुर, औरंगाबाद के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। 10 शहरों का न्यूनतम पारा दस डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 7 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी और सबसे गर्म शहर 24.1 डिग्री सेल्सियस के साथ मधुबनी रहा। 

पछुआ 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। राजधानी सहित प्रदेश के अधिकतर शहरों में हल्के से मध्यम स्तर की धूप खिली रही। पूर्णिया का 9.9, बांका का 9.8, मधुबनी का 8.4, गया का 9, वाल्मीकिनगर का 7.5, मोतिहारी का 7, गोपालगंज 9.2, पुपरी 7.4, अररिया 9.4 और पूसा का 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

Bihar

Feb 08 2024, 17:28

राजद पर जमकर बरसे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, किया यह बड़ा एलान

डेस्क : विपक्ष में रहते हुए बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी लगातार राजद पर हमले थे। वहीं सत्ता में आने और डिप्टी सीएम बनने के बाद उन्होंने एकबार फिर राजद पर जोरदार हमला बोला है। साथ यह बड़ा एलान किया है कि राजद के कार्यकाल में जितने भी काम हुए है। उनकी जांच होगी।  

आज पटना के एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे सम्राट चौधरी ने राजद और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब से उनकी सरकार गई है। उनकी बोलती बंद हो गई है। खुद को गरीबों का नेता बतानेवाले लालू प्रसाद को यह बताना चाहिए कि डेढ़ साल की उम्र में तेजस्वी यादव अरबपति कैसे बन गए।

सम्राट चौधरी ने कहा कि जो काम हमलोगों ने किया था, उसका क्रेडिट वह लोग लेना चाहते थे। उनको क्रेडिट दिया जा सकता है कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का। जिसके कारण बिहार का विकास ठप हो गया।

वहीं उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जितने कार्य किए गए हैं। उन सभी की जांच होगी। एक-एक फाइल खोली जाएगी और जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।

Bihar

Feb 08 2024, 17:14

बिहार से राज्यसभा के 6 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया की आज से हुई शुरुआत, जानिए किसकी जीत है पक्की और किसे होगा नुकसान

डेस्क : राज्य सभा की बिहार से रिक्त हो रही छह सीटों के लिए आज गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। जेडीयू के अनिल प्रसाद हेगड़े और वशिष्ठ नारायण सिंह, बीजेपी के सुशील कुमार मोदी, राजद के मनोज कुमार झा और अहमद अशफाक करीम के साथ कांग्रेस अखिलेश प्रसाद सिंह का कार्यकाल पूरा हो रहा है। बिहार से इन सांसदों की रिक्त हो रही इन्हीं छह सीटों के लिए चुनाव होंगे। 

आज गुरुवार से इन 6 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया का काम शुरू हो गया है। नामांकन की अंतिम तारीख 15 फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी और नाम वापसी की तारीख 20 फरवरी तक है। 27 फरवरी को चुनाव होगा और उसी दिन शाम में 5:00 बजे काउंटिंग भी होगी।

भाजपा को इस बार 2 सीटों पर जीत मिलनी तय है। वहीं 45 विधायक होने के नाते जदयू को एक सीट का नुकसान होना तय है। वही दूसरी ओर राजद के 78 विधायक हैं जिस कारण फिर से लालू यादव की पार्टी के दो राज्य सभा सांसद फिर से जीत जाएंगे।

गौरतलब है कि राज्यसभा का चुनाव जीतने के लिए कम से कम 37 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। ऐसे में विधान सभा में दलीय स्थिति देखें तो कुल 243 सीटें हैं। इसमें राजद के सर्वाधिक 79 विधायक हैं। वहीं भाजपा के 78, जदयू के 45, कांग्रेस के 19, वामदलों के 16 (भाकपा माले 12, भाकपा 2 और माकपा 2 ) हम के 4 जबकि एक निर्दलीय विधायक हैं। एक विधायक एआईएमआईएम का है।

Bihar

Feb 08 2024, 09:44

होम गार्ड के समादेष्टा संवर्ग में बड़े पैमान पर पदाधिकारियों का तबादला, बिप्रसे के 127 अधिकारियों को उच्चतर प्रभार, अधिसूचना जारी

डेस्क : गृह विभाग ने बिहार गृह रक्षा वाहिनी के समादेष्टा संवर्ग के 17 पदाधिकारियों का तबादला किया है। इनमें 10 को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। राज्य के कई जिलों में नए अग्निमशन पदाधिकारी सह समादेष्टा की प्रतिनियुक्ति की गई है। पटना समेत करीब आधा दर्जन प्रमंडलीय समादेष्टा भी बदल गए हैं। विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

अनिल कुमार सिंह और जयंत प्रताप सिंह को बिहार गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय में उप-महासमादेष्टा बनाया गया है। पटना के वरीय जिला समादेष्टा सह अग्निशमन पदाधिकारी मनोज कुमार नट को पटना का वरीय प्रमंडलीय समादेष्टा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

राणा अमरेन्द्र कुमार दीपक को गया का जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ गया के प्रमंडलीय समादेष्टा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अनुज कुमार को मुंगेर और जमुई, संदीप कुमार को सहरसा, सुपौल और मधेपुरा, अखिलेश कुमार ठाकुर को बेगूसराय, खगड़िया और लखीसराय, अविनाश कुमार को सिवान और गोपालगंज, तृप्ति सिंह को मोतिहारी और मनीष कुमार को बेतिया के जिला समादेष्टा सह जिला अग्निमशन पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। रवि कुमार एवं अमन कुमार सिंह को गृह रक्षा वाहिनी के पटना मुख्यालय में जिला समादेष्टा बनाया गया है।

बक्सर के विनोद कुमार यादव को भोजपुर, ममता कुमारी को पूर्णिया और अररिया का जिला समादेष्टा एवं पूर्णिया के प्रमंडलीय समादेष्टा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

डा. अशोक कुमार को केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान बिहटा के समादेष्टा के साथ बिहटा के अग्निशमन प्रशिक्षण अकादमी के प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। छपरा के प्रमंडलीय समादेष्टा को वैशाली के जिला समादेष्टा सह अग्निमशन पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार मिला है।

वहीं बिहार प्रशासनिक सेवा (बिप्रसे) के 127 अधिकारियों को नई व्यवस्था के तहत उच्चतर पद का प्रभार सौंपा गया है। इसमें मूल कोटि के 80 अधिकारी को उप सचिव स्तर और 37 अधिकारियों को उप सचिव का उच्चतर प्रभार दिया गया है। जबकि चार अधिकारियों की प्रोन्नति संयुक्त सचिव और अपर सचिव स्तर पर की गयी है। वहीं, दो अधिकारी को विशेष सचिव स्तर में प्रोन्नति प्रदान की गई है।

Bihar

Feb 08 2024, 09:38

शिक्षक भर्ती के तीसरे चरण में लागू होगा नया आरक्षण कानून

डेस्क : इस बार बीपीएससी की ओर से जारी तीसरे चरण की नियुक्ति परीक्षा में नए आरक्षण नियमावली से रिक्तियों को भरा जाएगा। बिहार में पहली बार शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में नया आरक्षण कानून लागू होगा। पूर्व के दो चरणों की परीक्षा में पहले से चले आ रहे आरक्षण नियम का पालन किया गया था।

आयोग के सचिव रवि भूषण ने बताया कि बिहार में पहली बार शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में नए आरक्षण नियम का पालन किया जाएगा। हालांकि सबसे पहले कृषि विभाग के अंतर्गत आई रिक्तियों में नए आरक्षण नियम के अनुसार आवेदन लिया गया है। इसका लाभ आरक्षित क्षेणी के वर्ग में आने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा।

आयोग की ओर से तीसरे चरण की नियुक्ति प्रक्रिया की विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि अभी रिक्तियों की संख्या नहीं भेजी गई है। उम्मीद है इस सप्ताह रिक्तियां प्राप्त हो जाएंगी। कितने विषयों की परीक्षा होगी। इसकी जानकारी भी शिक्षा विभाग से पत्र प्राप्त होने के बाद ही चलेगा। हालांकि इस बार विषयों की संख्या कम होगी। इस बार सिर्फ दो विभाग शिक्षा विभाग और एससी-एसटी कल्याण विभाग के अंधीन वाले विद्यालयों में रिक्तियां निकाली जाएंगी।

नए आरक्षण नियमावली के हिसाब से ईबीसी के अभ्यर्थियों को 25 0, पिछड़ा वर्ग के को 18 , एससी को 20, एसटी को दो प्रतिशत और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को दस प्रतिशत का लाभ मिलेगा। जानकारी के अनुसार इस बार 87 हजार रिक्तियों में सबसे अधिक रक्तियां उच्च माध्यमिक में आने की संभावना है। राज्य में सैकड़ों विद्यालयों को उत्क्रमित करके उच्च माध्यमिक में बदला गया है। इन में शिक्षकों की कमी है। सबसे कम रिक्तियां पहली से पांचवीं में आने की उम्मीद है। आवेदन दस से 23 फरवरी तक होगा।

Bihar

Feb 07 2024, 15:41

सीएम नीतीश कुमार की खासियत है कि वह जो कहते हैं, उसे हर हाल में पूरा करते हैं : राजीव रंजन

डेस्क : जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खासियत है कि वह जो कहते हैं, उसे हर हाल में पूरा करते हैं।

राजीव रंजन ने कहा कि उन्होंने बिहार लघु उद्यमी योजना की घोषणा की थी और महज चंद दिनों में इसे शुरू भी कर दिया। यह बिहार से गरीबी मिटाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धिता को दिखाता है। 

कहा कि इस योजना के तहत सरकार राज्य के 94 लाख से अधिक परिवारों को स्वरोजगार के लिए दो-दो लाख रुपये दिये जाएंगे। इस राशि से किए जाने वाले स्वरोजगार के लिए 62 उद्योग भी चिह्नित किए गए हैं। 

इनमें लकड़ी आधारित उद्योग, निर्माण उद्योग, हस्तशील्प, टेक्सटाइल, खाद्य प्रसंस्करण आदि उद्योग शामिल हैं। लोग इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठा सकें, इसके लिए सरकार उन्हें प्रशिक्षण भी दिलाएगी। इस योजना का लाभ समाज के सभी वर्गों के गरीबों को मिलेगा। 

नीतीश सरकार के कामों का ही परिणाम है कि 2005 से लेकर अभी-तक बिहार के 44 प्रतिशत से अधिक लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं।