दिल्ली समेत 20 राज्यों में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक, कड़ाके की ठंड के बीच इन राज्यों में बारिश बढ़ सकती है मुसीबत
#today_effect_of_fog_in_20_states_including_delhi
![]()
उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। कोहरे और शीतलहर के डबल अटैक से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई इलाकों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक जमाने वाली सर्दी का प्रकोप दिख रहा है। देश के आधे से अधिक हिस्से को भीषण ठंड और घने कोहरे से राहत नहीं मिली है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख से लेकर सिक्किम, पश्चिम बंगाल, मेघालय और मणिपुर समेत 20 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।
आज दिल्ली में हो सकती है बारिश
सर्दी का सितम ऐसा है कि सोमवार दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा और तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही अब मौसम विभाग ने आज (9 जनवरी) राजधानी में हल्की बारिश की चेतावनी दी है, जिससे तापमान और गिर सकता है।इसका असर ट्रेनों और विमान सेवाओं समेत यातायात के तमाम साधनों पर पड़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मंगलवार को बारिश हो सकती है। सुबह के वक्त हल्का कोहरा भी रहेगा।
बारिश के बाद तापमान बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद मौसम साफ हो सकता है। अनुमान है कि दिल्ली के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़त हो सकती है। दिल्ली में 14 जनवरी तक सुबह के समय हल्की से मध्य स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, अधिकतम तापमान बढ़कर 19 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 11 जनवरी तक बढ़कर आठ डिग्री तक पहुंच सकता है। उसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। संभावना है कि 14 जनवरी तक इसमें दो डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू कश्मीर समेत तमाम जगहों पर भीषण ठंड
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में ऊना, सुंदरनगर व सोलन में भीषण ठंड पड़ रही है। जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में तो पारा माइनस में चला गया है।पंजाब में कई जगहों पर सोमवार को धूप निकली लेकिन सर्द हवाओं ने पीछा नहीं छोड़ा। लुधियान और अमृतसर में खूब ठंड पड़ रही है। वहीं हरियाणा के अंबाला में तो 4.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
Jan 09 2024, 12:00