उत्तराखंड सरकार ने निकाली नई नीति, अब अपनी निजी जमीन पर भी बना सकते हैं हेलीपैड और हेलीपोर्ट, लीज पर लेगी सरकार

Image 2Image 3

उत्तराखंड में अब हवाई सेवाओं को बेहतर करने पर जोर दिया जा रहा है। अब उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों पर हेलीपैड बनाया जाएगा। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीपैड बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ाए जाने हैं। अब इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

ये हेलीपैड कहां बनने हैं, इसके लिए जल्द ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) निजी क्षेत्र से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआइ) आमंत्रित करने जा रहा है। इसके तहत यूकाडा बताएगा कि किन क्षेत्रों में हेलीपैड बनाने की जरूरत है। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों स्वयं अथवा सरकार के सहयोग से हेलीपैड बनाने के आवेदन दे सकेंगे।

प्रदेश सरकार लगातार हेली सेवाओं का विस्तार कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में हेली सेवा देना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए तमाम प्रयास भी किए गए, लेकिन भूमि संबंधी दिक्कतों के चलते इसमें आशातीत सफलता नहीं मिल पाई है। कारण यह कि जहां भी हेलीपैड अथवा हेलीपोर्ट बनाने के लिए सरकारी भूमि देखी जा रही है, वहां वन क्षेत्र की समस्या सामने आ रही है।

सरकार ने बनाई नई नीति

वन क्षेत्र पड़ने की समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने हाल ही में निजी क्षेत्र के जरिये हेलीपैड अथवा हेलीपोर्ट बनाने के लिए नई नीति बनाई है। इस नीति के अनुसार कोई भी व्यक्ति स्वयं अथवा किसी भूमि को लीज पर लेकर हेलीपोर्ट बना सकता है। इसके लिए सरकार की ओर से 50 प्रतिशत सब्सिडी दिए जाने का प्रविधान किया गया है।

15 साल के लिए सरकार को दे सकते हैं लीज

इसके साथ ही यह व्यवस्था भी की गई है कि यदि कोई स्वयं हेलीपैड अथवा हेलीपोर्ट बनाने में सक्षम नहीं है तो वह सरकार को यह भूमि 15 वर्ष की लीज पर दे सकता है। इसके लिए उसे वार्षिक शुल्क के साथ ही इससे होने वाले लाभ का एक हिस्सा भी दिया जाएगा। 15 वर्ष बाद उसे वह भूमि व हेलीपोर्ट वापस मिल जाएगा। हेलीपैड कहां बनाए जाने हैं, इसके लिए यूकाडा जगह तय कर आवेदन आमंत्रित करेगा।

 

अब इस नीति को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस कड़ी में प्रदेश सरकार जनवरी में उन स्थानों के लिए ईओआई जारी करने की तैयारी कर रही है जहां हेलीपैड बनाने की आवश्यकता अधिक महसूस की जा रही है। इससे इन स्थानों पर हेली सेवाओं का संचालन शुरू किया जा सकेगा।

 लोगों ने दिखाई रुचि

यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि निवेशक सम्मेलन में भी कुछ व्यक्तियों ने हेलीपोर्ट बनाने में रुचि दिखाई है। ऐसे में अगले माह स्थानों की सूची जारी कर ईओआई आमंत्रित किए जाएंगे।

तेजी से पांव पसार रहा कोरोना, 24 घंटे में आए कोरोना के 797 नए मामले, 5 लोगों की हो गई मौत

#corona_virus_in_india

कोविड के मामले भारत में तेजी से बढ़ रहे हैं।एक तरफ नए साल के जश्न मनाने की तैयारियों में जुटा हुआ है तो वहीं दूसरी तरफ देशभर में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में खतरा और बढ़ता नजर आ रहा है।पिछले 24 घंटों में कोविड के 797 नए मामले सामने आए हैं। इससे कोविड संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या 4091 हो गई है। एक दिन में कोविड के इतने ज्यादा केस 225 दिनों के बाद आए हैं, इसके पहले इससे ज्यादा केस 19 मई को मिले थे।

Image 2Image 3

कोविड के मामलों में इतनी ज्यादा वृद्धि ठंड की वजह से भी दिख रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक इन 24 घंटों में कोविड की वजह से अलग-अलग राज्यों में 5 लोगों की मौतें हुई हैं। केरल में कोविड की वजह से 2, महाराष्ट्र, पुडुचेरी और तमिलनाडु से 1-1 मौतें हुई हैं। 19 मई को देश में 865 नए मामले देखने को मिले थे और 5 दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक में आ गई थी।

वहीं देश में कोरोना का नया वैरिएंट जेएन.1 का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। अभी तक पूरे देश में जेएम.1 के 157 मिले हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 78 केस केरल में दर्ज हुए हैं। जबकि गुजरात में नए वेरिएंट के 34 मरीज मिले हैं। गोवा 18 केस रिपोर्ट किए जा चुके हैं। कर्नाटक में सब वैरिएंट जेएन.1 के 8 मामले दर्ज हुए हैं। जबकि महाराष्ट्र में 7 और राजस्थान के 5 मरीजों में नया सब वेरिएंट मिला है। तमिलनाडु में 4 और तेलंगाना में दो मामले दर्ज हुए हैं।

सीट शेयरिंग पर गठबंधन में रार! महाराष्ट्र में उद्धव ने मांगीं 23 सीटें, कांग्रेस ने ठुकराई उद्धव की डिमांड

#india_alliance_seat_sharing_struggle_in_maharashtra 

Image 2Image 3

2024 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एकजुटता का दावा कर रहे विपक्षी दलों के गठबंधन में आए दिन नया बवाल खड़ा हो रहा है। एनडीए गठबंधन का मुकाबला करने के लिए बने 28 दलों के 'इंडिया' गठबंधन में अब तक सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया है। इससे पहले ही क्षेत्रीय पार्टियों ने अपनी डिमांड रखना शुरू कर दिया है।इसी कड़ी में अब सीट बंटवारे को लेकर महाराष्ट्र में रार होता दिख रहा है।शिवसेना यूबीटी सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने राज्य की 48 में से 23 सीटों की बड़ी हिस्सेदारी की मांग कर ली है। जिससे कांग्रेस और यहां तक कि शरद पवार की पार्टी भी सकते में आ गई। इससे पहले गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साफ कर दिया कि वे लोकसभा चुनाव में राज्य में किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेंगी। अब महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना ने भी सीटों की डिमांड रख कर गठबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी है।

शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में हम टूट के बावजूद सबसे बड़ी पार्टी हैं। हम 23 सीटों पर चुनाव लड़ते आए हैं। पिछले चुनाव में हम इनमें से 18 सीटों पर जीते थे। इस बार भी हम इतने ही सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी (शरद पवार गुट) मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

राज्य कांग्रेस के नेताओं ने शिवसेना यूबीटी के दावे को यह कहते हुए खारिज कर दिया है कि उनकी पार्टी जुलाई 2022 में विभाजित हो गई है और इसके कई सांसद अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ हैं, इसलिए पार्टी को इतने सारी संसदीय सीटें नहीं दी जा सकतीं हैं।कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्थिति अब बदल गई है और शिवसेना (यूबीटी) को इस बारे में सोचना चाहिए।संजय निरुपम ने कहा कि उन्हें पता चला कि शिवसेना (यूबीटी) महाराष्ट्र में 48 में से 23 सीटें मांग रही है। उन्होंने कहा कि सीटों का बंटवारा एक जटिल विषय है, इसके बारे में निर्णय इतनी आसानी से नहीं लिया जा सकता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन में सभी दलों को एक साथ लड़ने और बीजेपी को हराने की जरूरत है, तो हमें अंदरूनी कलह को रोकना होगा।

इसके बाद इस बयान पर भी पलटवार सामने आया। संजय राउत ने कहा कि यह तय करना कांग्रेस का काम नहीं है कि पार्टी टूट गई है। इतना ही नहीं संजय राउत ने यह भी कहा कि भले ही कई सांसदों और विधायकों ने पार्टी छोड़ दी हो, लेकिन पार्टी के मतदाता अभी भी ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट के साथ हैं। राउत ने कहा कि राज्य कांग्रेस के सभी बड़े या छोटे फैसले दिल्ली में लिए जाते हैं, इसलिए हमने इंडिया ब्लॉक के चौथे सम्मेलन के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी से बात की है। हमने महाराष्ट्र लोकसभा सीट आवंटन पर चर्चा के लिए अपना विचार व्यक्त किया और कांग्रेस नेताओं ने इसका स्वागत किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं के साथ कोई आधिकारिक चर्चा नहीं हुई है, और इस स्तर पर राज्य में विशिष्ट सीटों के लिए व्यक्तिगत दावों पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

बता दें कि 2019 में अविभाजित शिवसेना बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का हिस्सा थी। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी अब महा विकास अघाड़ी (एमवीए) का हिस्सा है, जिसमें कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सहयोगी हैं। इसके बाद, जून 2022 में, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने 40 अन्य विधायकों के साथ, पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह कर दिया और बीजेपी में शामिल हो गए, जिससे उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी।

चीन-पाकिस्तान की भी अब खैर नहीं! 5 सालों में 50 सैटेलाइट लॉन्च करेगा भारत, सीमा पर होगी निगेहबानी

#india_planning_to_launch_50_satellites_isro 

Image 2Image 3

बीते कुछ सालों में भारत ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में काफी तरक्की की है।भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी खुद को लगातार मजबूत कर रहा है। इस साल देश ने चंद्रयान 3 की उपलब्धि हासिल की है। भारत अब सैटेलाइट की मदद से खुफिया जानकारियों को इकट्ठा करेगा। इसके लिए अंतरिक्ष में 50 सैटेलाइट भेजने की योजना है। ये 50 सैटेलाइट भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ओर से भेजे जाएंगे। इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने ये जानकारी दी।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बंबई के वार्षिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी समारोह ‘टेकफेस्ट’ को संबोधित करते हुए सोमनाथ ने कहा कि बदलावों का पता लगाने, आंकड़ों के विश्लेषण के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से संबंधित और डेटा आधारित प्रयासों के मामले में उपग्रहों की क्षमता बढ़ाना अहम है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत राष्ट्र बनने की भारत की आकांक्षा को साकार करने के लिए, इसके उपग्रह बेड़े का वर्तमान आकार पर्याप्त नहीं है और इसे ‘‘आज की क्षमता के मुकाबले दस गुना’’ होना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि अंतरिक्षयान देश की सीमाओं और पड़ोसी क्षेत्रों पर नजर रखने में सक्षम हैं। सोमनाथ ने कहा, ‘‘यह सब उपग्रहों से देखा जा सकता है। हम इसे संभालने के लिए उपग्रह प्रक्षेपित कर रहे हैं, लेकिन अब सोचने का एक अलग तरीका है और हमें इसे और अधिक महत्वपूर्ण तरीके से देखने की जरूरत है क्योंकि (किसी भी) राष्ट्र की शक्ति उसकी यह समझने की क्षमता है कि उसके आसपास क्या हो रहा है।

इसरो प्रमुख सोमनाथ ने कहा, हमने अगले पांच वर्षों में 50 उपग्रहों को अंतिम रूप देने के लिए उनको असेंबल कर लिया है और इसे अगले पांच वर्षों से अधिक समय में इस विशेष भू-खुफिया जानकारी संग्रह में सहायता के लिहाज से भारत के लिए भेजा जा रहा है।इसरो प्रमुख के मुताबिक सैटेलाइट को अगल-अलग कक्षाओं में स्थापित किया जाएगा. इसके सहारे हजारों किलोमीटर के दायरे के सेना की गतिविधियों और तस्वीरों को देखा जा सकेगा।

भारत के पास फिलहाल 54 उपग्रहों का बेड़ा है। सोमनाथ का कहना था कि यह कम से कम दस गुना होना चाहिए। इस तरह इसरो प्रमुख का कहना था कि भारत को तकरीबन 550 उपग्रहों का बेड़ा तैयार करने की आवश्यकता है। तभी जाकर भारत अपनी निगेहबानी अच्छी तरह कर पाएगा।

उत्तर भारत में कोहरे और शीतलहर का कहर, ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित, लोगों की बढ़ी मुश्किलें

#dense_fog_and_cold_in_delhi_ncr_punjab_up_haryana

Image 2Image 3

दिल्लीपंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड और कोहरे का सितम जारी है। घने कोहरे की वजह से आज भी ट्रेन और फ्लाइट सेवाओं पर असर पड़ा है। पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में अगले 5 दिन तक घना कोहरे रहने की संभावना जताई है। आईएमडी ने दिल्ली और इससे सटे हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए 31 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में गिरावट का संकेत दिया है। पारे में गिरावट के सथा ही पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं दिल्ली में भी सिहरन पैदा कर सकती हैं।

मौसम विभाग ने घने कोहरे में गाड़ी चलाते वक्त फॉग लाइट का इस्तेमाल करने को कहा है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 और 31 दिसंबर को हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इतना ही नहीं 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक यूपी, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

घने कोहरे के कारण यातायात काफी प्रभावित हो रहा है। कोहरे के चलते सड़क पर कुछ न दिखने से दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं।वहीं, दूसरी ओर घने कोहरे के कारण भारी संख्या में हवाई उड़ानों और ट्रेन प्रभावित हो रही हैं। गुरुवार को 60 से अधिक उड़ानों के रूट डायवर्ट किए गए और कई उड़ानें देरी से चल रही हैं। ज्यादातर दिल्ली आने वाली उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और इंदौर सहित अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया है।

अयोध्या के राम मंदिर में 7 दिन तक चलेगा प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान, पीएम मोदी समेत सिर्फ ये 5 लोग होंगे गर्भगृह में मौजूद

#pran_pratistha_of_ram_mandir_to_go_on_for_7_days

अयोध्या में प्रभु रामलला के नवनिर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसको लेकर विशेष कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। मंदिर के उद्घाटन समारोह को लेकर अयोध्या को अलग ही लुक दिया गया है। पूरे शहर को सजाया गया है। दुनिया भर के राम भक्त राम मंदिर उद्घाटन को लेकर उत्साह से भरे हुए हैं।अयोध्या में 7 दिनों तक वृहद स्तर पर अनुष्ठान प्रक्रिया चलेगी, जिसकी शुरुआत 16 जनवरी से होगी। 22 जनवरी को श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के करकमलों से श्रीराम अपने दिव्य एवं भव्य मंदिर में विराजमान होंगे।

Image 2Image 3

प्राण प्रतिष्ठा पूजन के साथ ही भगवान को सोने के वस्त्र धारण कराए जाएंगे। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भी गर्भगृह में केवल पांच लोग रहेंगे। इस यज्ञ के यजमान के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के गर्भगृह में उपस्थित रहेंगे। उनके अलावा यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, संघ प्रमुख मोहन भागवत, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास इस कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहेंगे।

राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य यजमान पीएम नरेंद्र मोदी होंगे। राम जन्मभूमि के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी ही रामलला की प्रतिमा से पर्दा हटाएंगे। इसके बाद वह भगवान की आंखों में काजल भी लगाएंगे। इसके बाद रामलला की प्रतिमा का सोने के वस्त्र धारण कराए जाएंगे और 56 भोग लगाया जाएगा। इस सबसे पहले राम लला को नगर भ्रमण कराया जाएगा।

प्राण-प्रतिष्ठा के वक्त पर्दा बंद रहेगा और भगवान राम की प्रतिमा की पट्टी हटाने के बाद सबसे पहले प्रभु राम को आईना दिखाया जाएगा। सबसे पहले रामलला अपना चेहरा देखेंगे। दलपूजा के लिए आचार्यों की 3 टीम बनाई गई है। पहले दल का नेतृत्व स्वामी गोविंद देव गिरि करेंगे। वहीं दूसरे दल का नेतृत्व शंकराचार्य विजयेंद्र सरस्वती करेंगे जो कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य हैं। तीसरी टीम में काशी के 21 विद्वान होंगे।

बीजेपी में गुलामी, हमारी पार्टी में लोकतंत्र', नागपुर रैली में राहुल गांधी ने भरी हुंकार

#congresshaintayyarhumrallyinnagpurrahulgandhionrss_bjp

कांग्रेस पार्टी के 139वें स्थापना दिवस पर आज आरएसएस के गढ़ नागपुर में बड़ी रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रैली रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में विचार और सत्ता की लड़ाई चल रही है। देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है। साथ ही राहुल गांधी ने बीजेपी को लेकर बड़ा दावा किया। कांग्रेस सांसद ने बीजेपी के एक नेता के हवाले से कहा कि बीजेपी में ऑर्डर ऊपर से आता है। चाहे अच्छा लगे या न लगे, उसे मानना होता है।

Image 2Image 3

देश में असल लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच-राहुल गांधी

कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस के अवसर पर ‘हैं तैयार हम’ रैली में कांग्रेस सांसद और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, देश में इस समय विचारधारा की लड़ाई चल रही है, लोगों को लगता है कि यह राजनैतिक लड़ाई है, जो सही है लेकिन इस लड़ाई की नींव विचारधारा है। बहुत सारी पार्टियां एनडीए और इंडिया गठबंधन में है लेकिन असल में लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी विचारधारा कहती है कि देश की लगाम जनता के हाथों में होना चाहिए। देश को जैसे वर्षों पहले चलाते थे वैसे नहीं चलाना चाहिए। देश की लड़ाई आम जनता ने लड़ी थी। राजा-महराजाओं ने नहीं लड़ी थी। उनका तो अंग्रेजों के साथ पार्टनरशिप था। राजा-महराजाओं और अंग्रेजों के बीच पार्टनरशिप के खिलाफ कांग्रेस ने संघर्ष किया था।

आरएसएस और बीजेपी के लोग संविधान के खिलाफ थे-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, हमसे सवाल किया जाता है कि कांग्रेस ने क्या किया? आजादी से पहले देश में आते तो 500 से 600 से राजा मिलते और अंग्रेज मिलते। हिंदुस्तान की जनता को इस देश में कोई अधिकार नहीं था। गरीब व्यक्ति की जमीन राजा को अगर अच्छी लगी तो एक सेकेंड में इसे लेकर वो चला जाता था। सारे के सारे अधिकार की रक्षा संविधान ने की है। इसको बाबासाहेब आंबेडकर, महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू ने बनाया। आरएसएस और बीजेपी के लोग संविधान के खिलाफ थे, आज झंडा फहराते हैं, लेकिन कई सालों तक तिरंगे को सैल्यूट नहीं मारते थे।

बीजेपी में गुलामी चलती है-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी के कई सांसद हमसे मिलते हैं, वे हमें अपना दर्द बताते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि कुछ दिन पहले एक बीजेपी का सांसद मुझे लोकसभा में मिला। बहुत सारे लोग पहले कांग्रेस में थे। ये भी था। ये मुझे छुप के मिला, क्योंकि उसे बात करनी थी। उसके चेहरे पर टेंशन थी। उसने कहा कि बीजेपी में रहकर सहा नहीं जाता। शरीर बीजेपी में लेकिन दिल कांग्रेस में है। उसने कहा, बीजेपी में गुलामी चलती है। जो ऊपर से कहा जाता है वही करना पड़ता है। राजा पहले आदेश देते थे, वैसे चल रहा है। बीजेपी में कोई चॉइस नहीं होती है। जबकि हमारी कांग्रेस पार्टी में कोई भी सीनियर- जूनियर नेता से अपनी बात कह सकता है। हमारे यहां नीचे से ऊपर तक अपनी बात कहने की पूरी आजादी है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि कार्यकर्ता मुझसे भी अपनी बात कहते हैं। अगर मुझे उनकी बात पसंद नहीं आती तो मैं यह जरूर कह देता हूं कि मैं आपकी बात से सहमत नहीं हूं लेकिन हम अपने कार्यकर्ता- नेताओं की आवाज बंद नहीं करवाते।

सवाल पूछने पर पटोले हो गए आउट-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, 'हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने पीएम मोदी से जीएसटी पर एक सवाल पूछा था। इसके बाद पटोले आउट हो गए। यह उनकी सोच है। वे सवाल पूछने वाले किसी भी नेता को पसंद नहीं करते। उन्हें किसी की सलाह पसंद नहीं है। उन्हें वही लोग पसंद हैं, जो केवल उनकी हां में हां रखें। ऐसी राजनीति में न पड़े वालों को वे खामोश करवा देते हैं।

*संजय राउत का विवादित बयान, बोले-बीजेपी सरकार ने रामलला को किडनैप कर रखा है*

#sanjayrautattackonbjpoverram_mandir 

Image 2Image 3

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा आयोजन का आमंत्रण ना मिलने पर संजय राउत ने कहा, यूपी में बीजेपी की सरकार है और केंद्र में बीजेपी की सरकार है। ऐसा लगता है कि उन्होंने भगवान श्रीराम को किडनैप कर रखा है। हम क्या उनके बुलावे का इंतज़ार कर रहे हैं?

बीजेपी कौन होती है रामलला का निमंत्रण देने वाली-राउत

संजय राउत ने कहा कि पूरे देश में विपक्ष के नेताओं से पुछ जा रहा है कि क्या आपको न्योता आया..क्या आपको न्योता आया…ये सब क्या है? वहां बीजेपी की सत्ता है। मुझे लगता है की प्रभू श्री राम को एक तरह से किडनैप कर लिया गया है। हम क्या बीजेपी के न्योते का इंतजार में बैठे हैं। राउत ने कहा कि बीजेपी कौन होती है रामलला का निमंत्रण देने वाली? बीजेपी के राजनीतिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद हम अयोध्या जाएंगे। 

अयोध्या में जो हो रहा है वो बीजेपी का प्रोग्राम-राउत

शिशसेना नेता ने कहा कि ये देश का राष्ट्रीय कार्यक्रम नहीं है। बीजेपी के प्रोग्राम में कौन जाए। अयोध्या में जो हो रहा है वो बीजेपी का प्रोग्राम है। ये कोई राम लल्ला के लिए प्रोग्राम नहीं है। अगर ऐसा नहीं होता तो वहां पूरे देश को बुलाया जाता, लेकिन बीजेपी यह देख रही है कि एनडीए के लोग कौन हैं, चमचे कौन हैं। भगवान के दरबार में... हिंदू संस्कृति में ये सब नहीं होता है। राउत ने कहा कि प्रभू श्रीराम सभी के हैं। वहां सही समय पर जायेंगे। जिसका अयोध्या के संघर्ष में चार आने का योगदान नहीं है, वो संसद का उद्धाटन कर रहें है, मंदिर का उद्धाटन कर रहें हैं।

बीजेपी का न तो राम से नाता है और न ही उनके विचार से-राउत

राउत ने आगे कहा कि बीजेपी का न तो राम से नाता है और न ही उनके विचार से नाता है। राउत ने आगे कहा कि भगवान राम पर जो राजनीति कर रहें है, उनका भगवान राम से कोई रिश्ता नहीं है। ये चुनावी जुमला है।

22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा

बता दें अयोध्या में 22 जनवरी 2024 में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम है। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इसमें प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे। प्रतिष्ठा समारोह के बाद 24 जनवरी से उत्तर भारत की परंपरा के अनुसार 48 दिनों तक मंडल पूजा होगी। वहीं, 23 जनवरी से आम लोग रामलला के दर्शन कर सकेंगे।

कतर से आई राहत भरी खबर, आठ पूर्व नौसैनिकों को फांसी की सजा पर रोक

#qatar_eight_ex_navy_indian_officer_death_sentence_commuted 

कतर में नौसेना के 8 पूर्व अफसरों को मौत की सजा सुनाए जाने के मामले में भारत को बड़ी सफलता हासिल हुई है। कतर की अदालत ने 8 पूर्व नेवी अधिकारियों की मौत की सजा में फांसी पर रोक लगा दी गई है।भारत सरकार की अपील पर सभी आठ लोगों की मौत की सजा पर रोक लगा दी गई है।भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमने दहरा ग्लोबल मामले में कतर की अपील अदालत के आज के फैसले पर गौर किया है, जिसमें सजाएं कम कर दी गई हैं। हम विस्तृत फैसले की प्रतीक्षा कर रहे हैं। 

Image 2Image 3

विदेश मंत्रालय ने बताया कि मामले को लेकर कतर में स्थित कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के दौरान अदालत ने सजा कम कर दी। विदेश मंत्रालय ने कहा, विस्तृत आदेश की कॉपी का इंतजार है। हमारी कानूनी टीम आठों भारतीयों के परिवारों के अगले कदम को लेकर संपर्क में हैं। सुनवाई के दौरान एंबेसडर और अधिकारी कोर्ट में मौजूद रहे।मंत्रालय ने आगे कहा कि हम आठों लोगों के परिवार के साथ शुरुआत से खड़े रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ये सही नहीं होगा कि हम इसके बारे में ज्यादा बोले।

बता दें कि कतर में नेवी के जिन 8 भारतीयों की मौत की सजा सुनाई गई थी, वे सभी वहां अल दहरा कंपनी में काम करते थे। कतर की अदालत ने अक्टूबर माह में इन सभी को मौत की सजा सुनाई थी। तब से ही विदेश मंत्रालय लगातार इन पूर्व अधिकारियों की मदद में जुटा हुआ था और मामले पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी। पिछले माह ही विदेश मंत्रालय को इन पूर्व अधिकारियों तक काउंसलर पहुंच हासिल हुई। इसके बाद इस मामले में दोबारा अपील की गई।

ये सभी ऑफिसर भारतीय नौसेना में अलग-अलग पोस्ट पर काम कर चुके हैं। उनके ऊपर इजरायल के लिए जासूसी करने का आरोप है। इन 8 लोगों में प्रतिष्ठित ऑफिसर भी शामिल हैं। इन्होंने कभी प्रमुख भारतीय युद्धपोतों की कमान संभाली थी। फिलहाल डहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजीज एंड कंसल्टेंसी सर्विसेज के लिए काम कर रहे थे। ये एक प्राइवेट फर्म है, जो कतर के सशस्त्र बलों को ट्रेनिंग और इससे जुड़ी सर्विस मुहैया करती है।

संसद सुरक्षा में चूक का मामला: आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की तैयारी में दिल्ली पुलिस, कोर्ट में दी अर्जी

#delhi_police_wants_polygraphy_test_of_the_accused_parliament_security_breech 

दिल्ली पुलिस संसद में घुसपैठ के आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की तैयारी में है। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली की पटियाला कोर्ट में अर्जी दी है। पुलिस की अर्जी पर 2 जनवरी को कोर्ट सुनवाई करेगा। अभी सभी आरोपी 5 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में हैं।

Image 2Image 3

13 दिसंबर को संसद में हुई सुरक्षा के चूक के मामले में जांच लगातार जारी है। दिल्ली पुलिस ने पांचों आरोपियों सागर शर्मा, नीलम आजाद और अमोल शिंदे, ललित झा, मुकेश कुमावत, और मनोरंजन डी को पटियाला हाउस में पेश किया है, साथ ही आरोपियों के पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की अर्जी दाखिल की है। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली की पटियाला कोर्ट से इजाजत मांगी है। पटियाला हाउस कोर्ट में 2 जनवरी को मामले की अगली सुनवाई होनी है।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों से पूछा जाए कि क्या वह पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए तैयार हैं। लीगल रिमांड काउंसिल ने कहा वह अभी दिल्ली में उपलब्ध नहीं है। कोर्ट ने कहा कि लीगल रिमांड काउंसिल से आरोपियों की बात करना जरूरी है, वह अभी कोर्ट में उपलब्ध नहीं है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि हमारी जांच में देरी होगी, इसलिए किसी दूसरे लीगल रिमांड काउंसिल को बुला लिया जाए। इस बीच, आरोपियों के लिए वकील लीगल रिमांड काउंसिल ने अर्ज़ी की कॉपी की मांग की। कोर्ट ने कहा जब आप अदालत में आएंगे तो आपको अर्ज़ी की कॉपी दे दी जाएगी। कोर्ट ने कहा अगर आरोपी अपने परिवार के किसी सदस्य से बात करना चाहते हैं, तो उसके लिए उचित अर्जी दाखिल करें।

दरअसल, 13 फरवरी को संसद पर हमले की 22वीं बरसी थी। लोकसभा की कार्यवाही दो युवक दर्शक दीर्घा से सदन में कूद गए थे। ये युवक नारेबाजी कर रहे थे, तभी एक युवक ने अपने जूते से स्प्रे निकालकर पीले रंग की गैस का छिड़काव किया था। इस दौरान सदन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। हालांकि, कुछ सांसदों ने इन दोनों युवकों को पकड़ लिया था और इन्हें सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया था। इन दोनों युवकों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी के तौर पर हुई थी। जब सदन में ये दो युवक घुसे थे, तभी सदन के बाहर पुलिस ने नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए एक महिला नीलम देवी और एक युवक अमोल शिंदे को गिरफ्तार किया था। दोनों पीले रंग की गैस स्प्रे कर रहे थे। इन चार आरोपियों के अलावा पुलिस ने दो और युवकों ललित झा और महेश कुमावत को गिरफ्तार किया था। ललित झा संसद में सेंधमारी के वक्त सदन के बाहर ही था। उसने सदन के बाहर प्रदर्शन करने वाले आरोपियों का वीडियो बनाया था और इसे व्हाट्सऐप के जरिए अपने एक साथी को भेजा था। इतना ही नहीं ललित के पास सभी आरोपियों के मोबाइल भी थे, उसने इन्हें राजस्थान ले जाकर जला दिया था। पुलिस ने ललित की मदद के आरोप में महेश को गिरफ्तार किया था।