पुरुष और महिला मतदाताओं के बीच कम हुआ अंतर
![]()
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। निर्वाचन आयोग की पहल पर चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में पुरूष व महिला मतदाता के बीच अंतर कम हुआ है। करीब दो महीने तक महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए चले अभियान का असर रहा कि जिले में प्रति एक हजार पुरूष मतदाताओं पर महिलाओं की संख्या 921 पहुंच गई। 27 अक्तूबर 2023 से पूर्व एक हजार पुरूषों पर महिलाओं की संख्या 887 थी।
इसमें करीब 34 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि अब भी पुरूषों से आधी आबादी पीछे ही है।
2011 की जनगणना के मुताबिक प्रति एक हजार पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 950 है। मतलब एक हजार पुरुषों पर 50 महिलाएं कम। मतदाताओं की संख्या की बात करें तो यह आंकड़ा और नीचे खिसक जाता है। प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या 921 ही है, हालांकि अक्तूबर 2023 से करीब 34 अंक की वृद्धि हुई अन्यथा यह आंकड़ा 887 पर ही ठिठक गया था, जबकि 2021 में 827 ही रहा।
मतदाता लिंगानुपात की स्थिति जिला निर्वाचन कार्यालय की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों में साफ हुई। निर्वाचन विभाग का मानना है कि आने वाले समय में स्थिति और बेहतर होगी।
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में डीएम और सीडीओ की पहल का असर दिखा। इससे काफी हद तक सुधार हुआ और 34 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। लोकसभा चुनाव से पूर्व स्थिति और ठीक होगी। - संजय श्रीवास्तव, सहायक निर्वाचन अधिकारी




Dec 27 2023, 10:44
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k