अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन का हमास के साथ पुतिन पर हमला, बोले-दोनों ही लोकतंत्र के दुश्मन, ऐसे अत्याचारियों से मुंह नहीं मोड़ सकते
#american_president_joe_biden_attack_on_russia_putin_and_hamas
![]()
इजराइल और हमास के बीच दो हफ्तों से जंग जारी है। इस दौरान अमेरिका लगातार इजराइल के साथ खड़ा है और हमास को आतंकवादी करार दे रहा है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन इजराइल भी पहुंचे। अपनी यात्रा से लौटने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ओवल ऑफिस से राष्ट्र के नाम अपना संबोधन दिया।
राष्ट्र के नाम संदेश में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में, मेरे लिए बंधक बने अमेरिकियों की सुरक्षा से बढ़कर कोई प्राथमिकता नहीं है। इजराइल में, मैंने ऐसे लोगों को देखा जो मजबूत, दृढ़, लचीले और गुस्से में भी हैं, सदमे में हैं और गहरे दर्द में हैं। मैंने फिलिस्तीनी प्राधिकरण के राष्ट्रपति अब्बास से भी बात की और दोहराया कि संयुक्त राज्य अमेरिका फिलिस्तीनी लोगों के सम्मान और आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए प्रतिबद्ध है। कई अन्य लोगों की तरह, मैं फिलिस्तीनी जीवन की दुखद हानि से दुखी हूं। इसमें गाजा के अस्पताल में विस्फोट भी शामिल है, जो इजराइलियों द्वारा नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि हम हर निर्दोष की जान जाने पर शोक मनाते हैं। हम निर्दोष फिलिस्तीनियों की मानवता को नजरअंदाज़ नहीं कर सकते जो केवल शांति से रहना चाहते हैं और एक अवसर चाहते हैं।
अपने संबोधन में बाइडन ने कहा कि हमास और रूस दोनों लोकतंत्र को नष्ट करने पर तुले हैं। साथ ही उन्होंने यूक्रेन और इस्राइल को अमेरिका के हितों के लिए महत्वपूर्ण बताया और दोनों देशों को सहायता देने पर बात की। बाइडन ने कहा, हमास और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अलग-अलग खतरों का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन उनकी मंशा एक जैसी है- दोनों अपने पड़ोसी लोकतंत्र को पूरी तरह से नष्ट करना चाहते हैं। बाइडन ने कहा कि अमेरिका एक महान राष्ट्र के रूप में अपनी जिम्मेदारी के तौर पर इस तरफ के पक्षपातपूर्ण हिंसक राजनीति को बढ़ने नहीं दे सकता है। हम हमास जैसे आतंकवादियों और पुतिन जैसे तानाशाहों को जीतने नहीं दे सकते और न ही ऐसा होने देंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान यूक्रेन में रूस का समर्थन कर रहा है। साथ ही मध्य पूर्व क्षेत्र में हमास और अन्य आतंकवादी समूहों को ईरान का समर्थन हासिल है। इसलिए उसे जवाबदेह ठहराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और क्षेत्र में हमारे साझेदार देश मध्य पूर्व के लिए बेहतर भविष्य बनाने के लिए काम कर रहे हैं। ताकि मध्य पूर्व अधिक स्थिर हो सके और अपने पड़ोसियों से बेहतर तरीके से जुड़े। भारत-मध्य पूर्व-यूरोप रेल कॉरिडोर जैसी नवीन परियोजनाओं के माध्यम से इस दिशा में काम कर रहा हो।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यूक्रेन और इजराइल की मदद के लिए बड़े पैमाने पर फंडिंग वाली बात पर कहा कि यह वैश्विक नेता के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका के भविष्य के लिए एक निवेश है, जो कई पीढ़ियों तक अमेरिकी सुरक्षा को लाभ देगा। अमेरिकी नेतृत्व ही दुनिया को एक साथ रखता है। अमेरिकी मूल्य हमें एक ऐसा भागीदार बनाते हैं जिसके साथ अन्य देश काम करना चाहते हैं।
Oct 20 2023, 11:59